Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 113

Stock Market: सेंसेक्स 951 अंक से ज्यादा लुढ़का, निवेशकों के तीन लाख करोड़ स्वाहा

नई दिल्ली। Stock Market, April 30, 2026: एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार गुरुवार (30 अप्रैल) को गिरावट में खुले। शेयर बाजार खुलते ही बुरी तरह लुढ़क गया। बाजार खुलने के कुछ ही देर में सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा गिर गया। वहीं निफ्टी 50 में 300 अंकों से ज्यादा की गिरावट आई। बाजार की इस गिरावट से निवेशकों को सुबह-सुबह बड़ा नुकसान हो गया।

सुबह 9:30 बजे बीएसई सेंसेक्स 951.32 अंकों की गिरावट के साथ 76,545.04 पर था। वहीं निफ्टी 50 में भी बड़ी गिरावट आई। यह 307.20 अंक गिरकर 23,870.45 पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार में गिरावट के कारण बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा गिरकर 465 लाख करोड़ रुपये रह गया।

एक दिन पहले बढ़त के बाद दोनों इंडेक्स में मुनावसूली देखी जा रही है। सरकारी और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में बिकवाली से बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ा है। साथ ही ऑटो स्टॉक्स में गिरावट ने भी बाजार की चाल पर नेगेटिव असर डाला है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 77,014 पर खुला। बुधवार को यह 77,496 पर बंद हुआ था। सुबह 9:20 बजे यह 727.04 अंक या 0.94 फीसदी की गिरावट लेकर 76,769.32 पर ट्रेड कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 23,996 पर खुला और इसी के साथ फिर 24 हजार के लेवल के नीचे चला गया। सुबह 9:20 बजे यह 249.50 अंक या 1.03 फीसदी की गिरावट के साथ 23,926 पर ट्रेड कर रहा था।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

एशियाई बाजारों में गिरावट
एशियाई बाजारों में गुरुवार को गिरावट देखने को मिली। जापान का निक्केई और टॉपिक्स दोनों दबाव में रहे, जबकि कोस्पी में मामूली बढ़त और कोस्डैक में गिरावट रही। जापान का निक्केई 225 1.10% और टॉपिक्स 1.48% गिर गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.06% बढ़ा, जबकि कोस्डैक 0.25% गिर गया। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने कम खुलने का संकेत दिया।

गिफ्ट निफ्टी
गिफ्ट निफ्टी करीब 67 अंकों की छूट पर कारोबार कर रहा है, जो घरेलू बाजार के लिए कमजोर शुरुआत का संकेत देता है।

वॉल स्ट्रीट का हाल
अमेरिकी बाजारों में फेड नीति और टेक कंपनियों के नतीजों के बाद मिला-जुला रुख रहा। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 280.12 अंक या 0.57% गिरकर 48,861.81 पर आ गया, जबकि एसएंडपी 500 2.82 अंक या 0.04% गिरकर 7,135.98 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 9.44 अंक या 0.04% बढ़कर 24,673.24 पर बंद हुआ।

होर्मुज बना बड़ा फैक्टर
भू-राजनीतिक मोर्चे पर तनाव बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान पर दबाव तब तक जारी रहेगा, जब तक परमाणु समझौता नहीं होता। होर्मुज में जारी गतिरोध ने वैश्विक ऊर्जा संकट को और गहरा कर दिया है।

Wheat: सरकारी खरीद एवं निर्यात कोटा में वृद्धि से गेहूं के भाव में तेजी का अनुमान

नई दिल्ली। Wheat Price: केन्द्र सरकार ने गेहूं की खरीद का लक्ष्य 303 लाख टन से 42 लाख टन बढ़ाकर 345 लाख टन नियत किया है और गेहूं के निर्यात कोटे को भी 25 लाख टन से दोगुना बढ़ाकर 50 लाख टन निर्धारित कर दिया है। उद्योग- व्यापार समीक्षकों का कहना है कि इन दोनों निर्णयों का मुख्य उद्देश्य गेहूं की कीमतों पर दबाव को घटाना और बाजार पर सकारात्मक मनोवैज्ञानिक प्रभाव डालना है।

सरकार ने 2025-26 के रबी सीजन हेतु गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जो 2024-25 सीजन के समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल से 160 रुपए ज्यादा है। लेकिन गेहूं का थोक मंडी भाव इससे नीचे चल रहा है।

दरअसल फ्लोर मिलर्स- प्रोसेसर्स एवं व्यापारी-स्टॉकिस्ट किसानों से ऊंचे दाम पर गेहूं खरीदने के इच्छुक तो हैं मगर सरकार की क्षण-क्षण बदलती नीतियों से उन्हें डर लगता है। सरकार अक्सर गेहूं पर भंडारण सीमा (स्टॉक लिमिट) लगा देती है जिससे स्टॉकिस्टों को नीचे दाम पर अपना माल बेचने के लिए विवश होना पड़ता है। इस बार भी दहशत का माहौल है क्योंकि मिलर्स एवं स्टॉकिस्टों को पहले ही भारी आर्थिक नुकसान हो चुका है।

भारतीय गेहूं का निर्यात ऑफर मूल्य अंतर्राष्ट्रीय बाजार में फिलहाल प्रतिस्पर्धी स्तर पर नहीं है इसलिए निर्यातकों को आर्डर भी नहीं मिल रहे हैं। हो सकता है कि आगामी समय में बांग्ला देश, वियतनाम, नेपाल एवं म्यांमार सहित अन्य निकटवर्ती देश भारत से गेहूं की खरीद का प्रयास करे।

इसके अलावा दक्षिण कोरिया, ताईवान, इंडोनेशिया एवं मलेशिया तथा थाईलैंड जैसे देश पशु आहार निर्माण में उपयोग के लिए भारत से हल्की क्वालिटी के गेहूं की खरीद कर सकते हैं बशर्तें इसका भाव अन्य आपूर्तिकर्ता देशों की तुलना में आकर्षक हो।

जहां तक सरकारी खरीद का सवाल है तो यह नियत लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल है। गेहूं की सरकारी खरीद में हल्की क्वालिटी के माल की भागीदारी 30-35 प्रतिशत तक देखी जा रही है।

मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में खरीद की गति बहुत धीमी है। राजस्थान में तो गेहूं की खरीद पर भारी-भरकम बोनस भी देने की घोषणा हो चुकी है।

16 देशों के टूर ऑपरेटर्स ने कोटा-बूंदी के पर्यटन स्थल को बताया वर्ल्ड क्लास

होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन ने किया विदेशी मेहमानों का परम्परागत सत्कार

कोटा। राज्य के विशेष भ्रमण कार्यक्रम के तहत होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के प्रयासो से बुधवार को कोटा बूंदी भ्रमण पर आए 16 देशों से विदेशी टूर ऑपरेटर्स कोटा-बूंदी के पर्यटन स्थल देख हुए अभीभूत हुए। इस दौरान सभी विदेशी मेहमानों का बूंदी स्थित होटल में पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ोती भ्रमण के दौरान मलेशिया, सिंगापुर ऑस्ट्रेलिया, रूस, इंडोनेशिया, वियतनाम, इटली, चीन, श्रीलंका, कंबोडिया, थाईलैंड, जापान, स्वीडन, न्यूज़ीलैंड, भूटान एवं नेपाल आदि देशों के टूर ऑपरेटर्स शामिल थे।

मुख्य रूप से टोमेटो ट्रैवल एंड ट्रेडिंग चोई बुम चुल वीथस ट्यूर ऑपरेशन लिमिटेड के यूनसोड पार्क सन केचर्स हॉलिडे टीम के हैनिगेंग लेक होम वॉक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के रॉबर्ट टेन एवीजी ट्रैवल्स से जाना एमसी ब्राइड टाना सोर्स पॉल्यूश साइन मालवीय ट्रैवल्स लिमिटेड से एलिसा लैंग्वेज थे, जिनको बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों तारागढ़ दुर्ग, रानी जी की बावड़ी सहित अन्य कई ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण कराया गया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, बूंदी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप चांदवानी, उपाध्यक्ष मुकेश श्रृंगी, सचिव लोकेश सुखवाल, कोषाध्यक्ष भगवान मंडावरा, रोहित पटौदी एवं नारायण मंडावरा सहित पूरी टीम ने पर्यटकों को इन स्थलों के इतिहास एवं महत्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

बूंदी की अद्वितीय स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य एवं ऐतिहासिक धरोहरों को देखकर सभी विदेशी टूर ऑपरेटर्स अभिभूत हो गए। उन्होंने बूंदी को एक उत्कृष्ट पर्यटन नगरी बताते हुए विदेशी पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक का केन्द्र बताया।

इसके पश्चात कोटा भ्रमण के दौरान सभी विदेशी टूर ऑपरेटर्स को चंबल रिवर फ्रंट एवं सिटी पार्क जैसे आधुनिक एवं विश्व स्तरीय पर्यटन स्थलों का अवलोकन कराया गया। इन स्थलों की भव्यता, स्वच्छता एवं विकसित संरचना ने सभी को प्रभावित किया।

विदेशी प्रतिनिधियों ने इन पयर्टन स्थलो की सराहना करते हुए इन्हें विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बताया और कहा कि आने वाले समय में हाड़ौती क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।

उन्होंने कहा कि हम लोग स्वदेश जाकर यहां के पर्यटन स्थलों के बारे में मार्केटिंग करेंगे और भारत देश के भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों को हाड़ोती भ्रमण के लिए भी प्रेरित करेंगे और यहां के सुंदर पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध करवाएंगे।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने इस अवसर पर सभी अतिथियों को हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन पर आधारित सेवीनियर दी तथा हाडोती के पर्यटन की विशेषताओं से अवगत कराया। साथ ही सभी विदेशी टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती का स्मृति चिन्ह एवं बूंदी दुर्ग की तस्वीर, शील्ड एवं किट प्रदान किए गए।

भ्रमण के दौरान सभी टूर ऑपरेटरों को हाड़ौती के पारंपरिक व्यंजनों भी परोसे गये सभी विदेशी टूर ऑपरेटर्स होटल फेडरेशन द्वारा की गई मेहमान नवाजी और आतिथ्य सत्कार से गदगद हुए।

नृसिंह जयंती आज: किशोरपुरा मंदिर में सजेगा फूल बंगला, होंगे दुर्लभ मुखौटे के दर्शन

कोटा। किशोरपुरा गेट स्थित करीब 300 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक नरसिंह मंदिर भगवान के जयकारों से गुंजायमान रहा। उत्सव के तीसरे दिन, बुधवार को मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रातःकाल भगवान का पंचामृत स्नान कराया गया। जिसके पश्चात प्रभु का मनमोहक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिया।

पुजारी मयंक शर्मा ने बताया कि प्राकट्य दिवस पर प्रातः 7 बजे भगवान का पंचामृत से महाअभिषेक किया जाएगा। जिसके पश्चात चंदन का विशेष लेप लगाया जाएगा। प्रातः 8 बजे से प्रभु का विशेष श्रृंगार होगा। भगवान का दिव्य ‘फूल बंगला’ सजाया जाएगा। साथ ही, दुर्लभ ‘मुखौटा दर्शन’ भी होंगे। जो सुबह 11 बजे से आम भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा।

दोपहर 12 बजे विशेष आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को मंदिर की ओर से ‘नरसिंह पवित्रा’ यानी रक्षा कवच वितरित किए जाएंगे। जो भक्तों की सुरक्षा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। शाम 5 बजे से आम भंडारे का आयोजन होगा।

चार दिवसीय आयोजन का समापन शाम 7 बजे 101 बत्तियों की महाआरती के साथ होगा। जिसमें भगवान को ‘छप्पन भोग’ अर्पित कर महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंकज मेहता, जगदीश जिंदल, रामगोपाल अग्रवाल, हेमराज जिंदल सहित समाज के कई प्रतिष्ठित पदाधिकारी एवं ट्रस्टी उपस्थित रहेंगे।

अर्जी, चंदन लेप और पवित्रा की प्राचीन परंपरा
मंदिर के पुजारी मयंक शर्मा ने बताया कि यह कोटा का एकमात्र ऐसा प्राचीन मंदिर है, जहां तत्कालीन कोटा महाराज स्वयं पूजा-अर्चना करने आया करते थे। उन्होंने मंदिर के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मुखौटे के दर्शन वर्ष में एक दिन ही होते हैं।भगवान नरसिंह पर चढ़ाया गया चंदन का लेप अत्यंत चमत्कारी और आरोग्य प्रदान करने वाला माना जाता है। मान्यता है कि लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे व्यक्तियों के माथे पर यदि इस चंदन का तिलक लगाया जाए, तो उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार होने लगता है। इसके साथ ही, मंदिर की एक अनूठी परंपरा के अनुसार श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं और समस्याएं कागज पर लिखकर भगवान के चरणों में ‘अर्जी’ के रूप में अर्पित करते हैं। जिनके शीघ्र निवारण का अटूट विश्वास भक्तों में है।

लोकसभा अध्यक्ष की अनुशंसा पर इटावा व सांगोद में नए न्यायालय स्थापित

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने की थी घोषणा, न्यायिक सुविधाओं का होगा विस्तार

कोटा। कोटा जिले के इटावा और सांगोद क्षेत्र में न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विधि एवं विधिक कार्य विभाग की अधिसूचना के अनुसार दोनों स्थानों पर नए न्यायालय तुरंत प्रभाव से स्थापित किए गए है, जिससे लोगों को अब नजदीक ही न्याय मिल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि इन न्यायालयों की घोषणा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने की थी। अधिसूचना के अनुसार इटावा में वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय तथा सांगोद में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय सृजित एवं स्थापित किये गये है।

नए न्यायालय बनने से इटावा और सांगोद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी और मामलों के निस्तारण में भी तेजी आएगी। स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उपयोगी कदम बताया है। इससे न्यायिक प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ होगी।

Kota Mandi: मिलर्स की लिवाली से कोटा मंडी में सोयाबीन के भाव 100 रुपये उछला

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को मिलर्स की लिवाली से गेहूं 40 रुपये और सोयाबीन के भाव 100 रुपये उछल गए। कमजोर उठाव से धान 200 रुपये ढीला रहा।एनसीडीईएक्स पर वायदा मंदा रहने से धनिया 200 रुपये लुढ़क गया। लहसुन एवरेज 500 रुपये ऊंचा बिका। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब पौने दो लाख कट्टे और लहसुन की 10000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे –

गेहूं नया मिल लस्टर 2440 से 2475, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2475 से 2550, बेस्ट टुकड़ी 2550 से 2700, अलसी 7200 से 7800, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1850, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 2100 से 2350 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3601, धान (1509) 3400 से 3800, धान (1847) 3200 से 4001, धान (1718-1885) 4000 से 4400, धान (पूसा-1) 3000 से 4000, धान (1401-1886) 4100 से 4250, धान दागी 1500 से 3600 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 6220, सोयाबीन बीज क्वालिटी 6000 से 6300, सरसों 6400 से 6801, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7400, उड़द 4500 से 7600, चना देशी 4800 से 5250, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5251, चना डंकी पुराना 4000 से 4600, चना काबुली 5500 से 6700 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 2500 से 14500, मैथी नयी 5800 से 6600, धनिया बादामी 11000 से 11500, धनिया ईगल 11500 से 12500, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।

भगवान आपको उतना ही देता है, जितना आप डिजर्व करते हैं: नितिन विजय

कोटा। मोशन एजुकेशन के फाउंडर और एजुकेटर नितिन विजय ने कहा कि एक बार लक्ष्य तय कर उसको पाने की दिशा में ईमानदार प्रयास शुरू कर दो। अपनी कमियां दूर कर लगातार मेहनत करते रहो, सफलता जरूर मिलेगी।

नितिन विजय बुधवार दोपहर मोशन के ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित कर रहे थे। फाउंडेशन डिवीजन के कार्यक्रम में चेयरमैन सुरेंद्र विजय, डायरेक्टर डॉ.स्वाति विजय और सीनियर फेकल्टीज ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर अनुशासित तैयारी के लिए प्रेरित किया।

शाम को जेईई- नीट डिवीजन के ओरिएंटेशन हुए। इस दौरान विद्यार्थियों को मोशन के एकडमिक सिस्टम से परिचित करवाया गया। इसमें संस्थान के अकादमिक सिस्टम, टेस्ट पैटर्न और तैयारी की रणनीति की जानकारी दी।

फाउंडेशन डिवीजन के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नितिन विजय ने कहा- यह स्पष्ट होना चाहिए कि आप क्या बनना चाहते हैं और वहां तक पहुंचने का रास्ता क्या है। करियर चुनने से पहले विद्यार्थियों को यह समझना चाहिए कि उनकी रुचि किस क्षेत्र में है, उस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं या नहीं और जिस मुकाम तक पहुंचना है उसके अनुरूप स्वयं को कैसे तैयार करना है। केवल लक्ष्य तय कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके अनुरूप अपनी दिनचर्या, आदतें और कौशल विकसित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सफल लोगों में एक समानता होती है-वे अपनी कमियों को पहचानते हैं और उन्हें दूर करने के लिए लगातार मेहनत करते हैं। यदि विद्यार्थी अपनी कमजोरियों को ईमानदारी से पहचानकर उन पर काम करें, तो सफलता दूर नहीं रह सकती। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक वातावरण में रहने और अच्छे मित्रों का चयन करने की सलाह देते हुए कहा कि दो-चार अच्छे साथियों के साथ पढ़ाई करने से प्रतिस्पर्धा और प्रेरणा दोनों बनी रहती हैं।

जेईई और नीट अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए नितिन विजय ने कहा कि आईआईटी और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कठिन नहीं, बल्कि अलग प्रकार की है। इसके लिए विद्यार्थी को खुद को उस स्तर का बनाना पड़ता है।

दरअसल, भगवान आपको उतना ही देता है, जितना आप डिजर्व करते हैं, इसलिए तैयारी में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत क्लास अटेंड करने, नियमित टाइम-टेबल बनाने और पूरी ऊर्जा के साथ पढ़ाई में जुटने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी आज मेहनत करते हैं, वे भविष्य में बेहतर जीवन जीते हैं, जबकि जो आज समय गंवाते हैं उन्हें आगे चलकर संघर्ष करना पड़ता है।

अपने संबोधन में नितिन विजय ने एक उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे डॉक्टर बीमारी का इलाज तभी कर सकता है जब मरीज सही लक्षण बताए, उसी प्रकार शिक्षक भी तभी सही मार्गदर्शन कर सकता है जब विद्यार्थी अपनी समस्या स्पष्ट रूप से बताए।

केवल यह कह देना कि नंबर नहीं आ रहे, पर्याप्त नहीं है; विद्यार्थी को यह बताना होगा कि किस विषय, किस चैप्टर या किस टॉपिक में कठिनाई है। सही प्रश्न पूछने पर ही सही समाधान मिलता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी कमजोरियों को छिपाने के बजाय उन्हें पहचानें, शिक्षकों से साझा करें और निरंतर सुधार की प्रक्रिया अपनाएं-यही सफलता का सबसे प्रभावी रास्ता है।

ज्वाइंट डायरेक्टर और जेईई डिवीजन के हेड रामरतन द्विवेदी, नीट डिविजन के हेड अमित वर्मा, डिप्टी डायरेक्टर निखिल श्रीवास्तव श्रीवास्तव, सीनियर फैकल्टी और कंटेंट हेड जयंत चित्तौड़ा भी इस दौरान मौजूद थे।

कोटा मंडल के 41 स्टेशनों पर रेलवे टिकट बुकिंग एजेंट के लिए आवेदन करें

10वीं पास युवकों से दो अलग-अलग अधिसूचनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का अच्छा अवसर सामने आया है। कोटा मंडल के कुल 41 स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) की नियुक्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। नियुक्त एजेंट रेलवे स्टेशन पर काउंटर चलाकर यात्रियों को अनारक्षित टिकट (UTS) जारी करेंगे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह नियुक्ति दो अधिसूचनाओं के अंतर्गत की जा रही है। अधिसूचना 02/2026 के तहत 35 स्टेशनों रामगंज मंडी, हिंडौन सिटी, बूंदी, न्यू कोटा, चौमहला, लाखेरी, दरा, अंता, थुरिया, धौरमुई जाघिना, अरनेठा, पिपलोद रोड, घाट का बराना, गुड्ला, बिजौरा, मुड़ेसीरामपुर, जाजमपट्टी, डुमरिया, लूनी रिच्छा, सुन्दलक, छजावा, चौड़ाखेड़ी, जालिंद्री, श्री कल्याणपुरा, डाडदेवी, बस्सी बेरिसाल, जूनाखेड़ा, झालरापाटन, जुलमी, पारसोली, रावठा रोड, केशोली, रोहलखुर्द, कुश्तला और मखोली पर तथा अधिसूचना 03/2026 के तहत 6 स्टेशनों — भवानी मंडी, सोगरिया, गरोठ, अलनिया, नाथूखेड़ी और रणथम्भौर पर नियुक्ति की जाएगी।

पात्रता : आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा न्यूनतम योग्यता 10वीं पास होनी चाहिए। आवेदक उसी जिले का मूल निवासी हो जिसमें संबंधित स्टेशन स्थित है। एक अभ्यर्थी केवल एक स्टेशन के लिए आवेदन कर सकता है।

महत्वपूर्ण तिथियाँ : अधिसूचना 02/2026 — अंतिम तिथि 05 मई 2026 (मंगलवार), दोपहर 13:00 बजे तक अधिसूचना 03/2026 — अंतिम तिथि 18 मई 2026 (सोमवार), दोपहर 13:00 बजे तक

आवेदन पत्र एवं विस्तृत जानकारी पश्चिम मध्य रेलवे की वेबसाइट www.wcr.indianrailways.gov.in पर Tenders → Active Tenders अनुभाग में उपलब्ध है।

Stock Market: सेंसेक्स 609 अंक उछलकर 77496 पर बंद, निफ्टी 24170 के पार

नई दिल्ली। Stock Market Closed, April 29, 2026: एशियाई बाजारों से पॉजिटिव संकेत लेते हुए भारतीय शेयर बाजारों ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बुधवार (29 अप्रैल) को मजबूती के साथ बंद हुए।  सेंसेक्स 0.79 प्रतिशत या फिर 609.45 अंक की उछाल के साथ 77496.36 अंक पर बंद हुआ है।

वहीं, निफ्टी 0.76 प्रतिशत या फिर 181.95 अंक की उछाल के साथ 24177.65 अंक पर बंद हुआ है। बता दें, सेंसेक्स का इंट्रा-डे हाई 77,982.51 और निफ्टी का इंट्रा-डे हाई 24334.70 अंक रहा है।

सेंसेक्स की 30 में 22 कंपनियों के शेयरों में आज बुधवार को तेजी के साथ बंद हुआ है। आईटीसी के शेयर 3.79 प्रतिशत, टेक महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी 3-3 प्रतिशत तक की तेजी के साथ बंद हुआ है। दूसरी तरफ इंडिगो, एनटीपीसी, बजाजफिनसर्व के शेयरों भी गिरावट देखने को मिली है।

तिमाही नतीजों के दम पर ब्लू-चिप शेयरों में खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिला। आईटी स्टॉक्स और इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर में खरीदारी ने भी बाजार को ऊपर खींचा। हालांकि, कारोबार के अंतिम घंटे में थोड़ी मुनाफावसूली भी देखने को मिली।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 77,245 अंक पर खुला। जबकि मंगलवार को यह 76,886 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 77,982 अंक तक चढ़ गया था। अंत में 609.45 अंक या 0.79 फीसदी की बढ़त लेकर 77,496.36 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 24,096 पर खुला और खुलते ही 24,100 के पार चला गया। वहीं, इंट्रा-डे ट्रेड में 77,496. 24,334 अंक के हाई तक चला गया था। अंत में 181.95 अंक या 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ 24,177 पर बंद हुआ।

Infosys Result: इंफोसिस टॉप-10 से बाहर हुई, निवेशकों के 2 लाख करोड़ रुपये डूबे

नई दिल्ली। देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस के लिए 2026 का साल किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। कंपनी का मार्केट कैप इस साल अबतक 2 लाख करोड़ रुपये घट चुका है। जिसकी वजह से मार्केट कैप के लिहाज से इंफोसिस देश की सबसे बड़ी 10 कंपनियों की लिस्ट से बाहर हो गई है।

इंफोसिस के शेयरों में आज बुधवार को 2 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। जिसकी वजह से यह स्टॉक 1178 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया है। इंफोसिस का मार्केट कैप 4.76 लाख करोड़ रुपये है। मौजूदा समय में यह देश की 11वीं सबसे वैल्यूएबल कंपनी है।

बता दें, इंफोसिस के शेयरों की कीमतों में इस साल अबतक 29 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। 2025 के अंत में इंफोसिस का मार्केट कैप 6.8 लाख करोड़ रुपये था। सरकारी बीमा कंपनी एलआईसी शेयर बाजार की टॉप 10 कंपनियों में अपनी जगह बनाने में सफल रही है। एलआईसी का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है।

टॉप 10 वैल्यूएबल कंपनियां

  1. रिलायंस इंडस्ट्रीज – 19.02 लाख करोड़ रुपये
  2. एचडीएफसी बैंक – 12.08 लाख करोड़ रुपये
  3. भारती एयरटेल – 11.41 लाख करोड़ रुपये
  4. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया – 10.09 लाख करोड़ रुपये
  5. आईसीआईसीआई बैंक – 9.21 लाख करोड़ रुपये
  6. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज – 8.96 लाख करोड़ रुपये
  7. बजाज फाइनेंस – 5.73 लाख करोड़ रुपये
  8. लार्सन एंड टुब्रो – 5.60 लाख करोड़ रुपये
  9. हिंदुस्तान यूनिलीवर – 5.41 लाख करोड़ रुपये
  10. लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया – 5.19 लाख करोड़ रुपये

इंफोसिस के तिमाही नतीजे
आईटी कंपनी ने दी जानकारी में बताया है कि चौथी तिमाही के दौरान कुल रेवन्यू 46402 करोड़ रुपये रहा है। जोकि तिमाही दर तिमाही के आधार पर 2 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सालाना आधार पर 13.40 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 27.80 प्रतिशत बढ़ा है। इस बार यह 8501 करोड़ रुपये रहा है। जोकि अनुमान से अधिक है।

बीते 1 साल में कैसा रहा
पिछले 6 महीने में इस आईटी कंपनी के शेयरों की कीमतों में 22 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। वहीं, एक साल में इंफोसिस के शेयरों का भाव 21 प्रतिशत गिरा है। बता दें, 5 साल में यह स्टॉक 13.30 प्रतिशत निगेटिवट रिटर्न दिया है।