Wednesday, July 8, 2026
Home Blog Page 102

सैमसंग ला रहा है कम कीमत में प्रीमियम फीचर्स के साथ नया Galaxy A27 फोन

नई दिल्ली। सैमसंग A-सीरीज हमेशा से ही बजट और मिड-रेंज यूजर्स के बीच काफी पॉपुलर रही है। सैमसंग ने इस साल की शुरुआत में गैलेक्सी A37 और गैलेक्सी A57 मॉडल के साथ अपनी गैलेक्सी A सीरीज को एक्सपेंड किया था।

अब कंपनी इस सीरीज में एक और नया फोन जोड़ने की तैयारी कर रही है जो Samsung Galaxy A27 होगा। हाल ही में Galaxy A27 की ऑफिशियल लिस्टिंग सामने आई है, जिससे इसके कई अहम फीचर्स और स्पेसिफिकेशन का खुलासा हुआ है। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि यह फोन जल्द ही मार्केट में लॉन्च हो सकता है।

इससे पहले भी कई लीक इसके डिज़ाइन और मुख्य स्पेसिफिकेशन्स के बारे में संकेत दे चुके हैं। इसमें स्नैपड्रैगन 6 जनरेशन 3 चिपसेट और 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा होने की संभावना है। गैलेक्सी A27 पिछले साल के सैमसंग गैलेक्सी A26 का सक्सेसर माना जा रहा है।

सैमसंग की ब्राजील वेबसाइट पर दिखा गैलेक्सी A27। सैमसंग की वेबसाइट पर इसकी उपस्थिति से संकेत मिलता है कि स्मार्टफोन का लॉन्च बहुत दूर नहीं है। इसमें सेल्फी कैमरे के लिए डिस्प्ले पर होल-पंच कटआउट और पीछे तीन कैमरे होने की उम्मीद है। इस हैंडसेट में सैमसंग का की आइलैंड फीचर होने की भी संभावना है।

संभावित फीचर्स
कैमरा सेंसर: सैमसंग के इस फोन 50MP का मेन कैमरा मिलने की उम्मीद है, जो अच्छी क्वालिटी की फोटो क्लिक कर सकता है। इसके साथ ही इसमें अन्य कैमरा सेंसर भी दिए जा सकते हैं, जो 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 2MP का डेप्थ कैमरा मिलने की उम्मीद है। सेल्फी के लिए भी इसमें 12MP का अच्छा फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है, जिससे वीडियो कॉलिंग और सोशल मीडिया के लिए फोटो बेहतर आएंगे।

प्रोसेसर : Samsung Galaxy A27 में Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर दे सकती है, जिससे फोन रोजमर्रा के काम आसानी से कर सके। मल्टीटास्किंग, सोशल मीडिया और हल्की गेमिंग के लिए यह फोन एक अच्छा ऑप्शन बन सकता है। इस फोन में बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है, जो पूरे दिन आराम से चल सकती है। इसके साथ फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी दिया जा सकता है, जिससे फोन जल्दी चार्ज हो जाएगा।

आगामी गैलेक्सी A27 5G को IMEI डेटाबेस और Geekbench वेबसाइट पर भी देखा गया है, जिसका मॉडल नंबर SM-A276B है। इसमें 6GB रैम और Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम होने की उम्मीद है। बताते चलें कि गैलेक्सी A26 पिछले साल मार्च में भारत में 24,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया था।

चुनाव बाद बंगाल में फिर से हिंसा; दफ्तर जले, 2 कार्यकर्ताओं की मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आते ही राज्य में राजनीतिक हिंसा का भयंकर दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कई प्रमुख इलाकों से आगजनी, भारी तोड़फोड़ और हत्या की खौफनाक खबरें लगातार सामने आ रही हैं।

आक्रोशित भीड़ ने लेनिन की मूर्ति को तोड़ दिया है और कांग्रेस ने टीएमसी के एक दफ्तर पर अपना कब्जा जमा लिया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता आपस में बुरी तरह से भिड़ गए हैं, जिससे चारों तरफ तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। चुनाव आयोग ने राज्य में इस बढ़ती राजनीतिक हिंसा को बेहद गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को सख्त से सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट आदेश दिए हैं।

इस चुनावी हिंसा की आग में मुख्य रूप से आसनसोल, कोलकाता, न्यू टाउन और बीरभूम जैसे संवेदनशील इलाके सबसे ज्यादा झुलस रहे हैं। मंगलवार को भड़की इस भीषण हिंसा में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता को अपनी जान गंवानी पड़ी है।

न्यू टाउन इलाके में भाजपा की एक विजय रैली निकल रही थी, उसी दौरान हुए विवाद में भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। वहीं, बीरभूम जिले के नानूर इलाके में टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

इसका सीधा आरोप भाजपा के कार्यकर्ताओं पर लगाया गया। इसके अलावा पूरे राज्य में कई जगहों पर विशेष रूप से टीएमसी के दफ्तरों को निशाना बनाया गया है और उनमें जमकर आगजनी की गई है।

उपद्रवियों ने कैसे मचाया भारी उत्पात?
आसनसोल उत्तर के कोर्ट मोड़ इलाके में टीएमसी पार्षद मौसमी बोस के दफ्तर को देर रात आग के हवाले कर दिया गया। आग इतनी भयंकर थी कि पूरा दफ्तर जलकर खाक हो गया और पास की एक दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा।

स्थानीय भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को देकर आग पर काबू पाया। इसी तरह, कोलकाता के कसबा इलाके में रूबी क्रॉसिंग के पास और टॉलीगंज में भी भीड़ ने भाजपा के झंडे लेकर टीएमसी नेताओं के दफ्तरों में भारी तोड़फोड़ की। सिलीगुड़ी में भी टीएमसी कार्यालय में आग लगाने की घटना का वीडियो सामने आया है, जिससे राज्य में कानून व्यवस्था पर गहरे सवाल उठ रहे हैं।

इस खौफनाक हिंसा को लेकर टीएमसी और भाजपा के बीच तीखी बयानबाजी और भारी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। टीएमसी सांसद सागरिका घोष और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा चुनाव जीतने के बाद सरेआम गुंडागर्दी पर उतर आई है और हमारे उम्मीदवारों तथा कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले कर रही है।

दूसरी तरफ, वरिष्ठ भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने इन सभी गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तोड़फोड़ में किसी भाजपा कार्यकर्ता का हाथ नहीं है, बल्कि यह टीएमसी की अपनी अंदरूनी गुटबाजी और चुनाव के नतीजों से उपजी गहरी हताशा का ही सीधा नतीजा है।

हिंसा रोकने के निर्देश दिए
चुनाव के बाद राज्य भर में भड़की इस भारी हिंसा पर चुनाव आयोग ने बेहद सख्त और कड़ा रुख अपनाया है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला, डीजीपी सिद्धार्थ नाथ गुप्ता और केंद्रीय सुरक्षा बलों को स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लेने के सख्त निर्देश दिए हैं। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया है कि राज्य में हिंसा और उपद्रव करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ यानी शून्य सहनशीलता की नीति सख्ती से अपनाई जाए। इसका सीधा मतलब यह है कि शांति भंग करने वाला व्यक्ति चाहे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के तुरंत और सबसे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

हिम्मत है तो ले जाओ सस्‍ता तेल, इराक दे रहा हर बैरल पर 30 डॉलर का डिस्‍काउंट

नई दिल्‍ली। होर्मुज स्‍ट्रेट के रास्ते तेल की सप्लाई में अभी भी बाधा है। इसके कारण इराक अब खरीदारों को देश से कच्चा तेल (क्रूड) लेने पर भारी डिस्‍काउंट दे रहा है।

इराक ने उन खरीदारों के लिए कीमतों में भारी कटौती की है जिनके पास इस महीने लोड होने वाले कच्चे तेल के कार्गो के लिए लंबी अवधि के अनुबंध यानी टर्म कॉन्‍ट्रैक्‍ट हैं।

हांलांकि, इसमें एक पेंच है। वह यह है कि तेल टर्मिनलों से तेल लेने के लिए इन शिपमेंट को अभी भी होर्मुज स्‍ट्रेट से होकर गुजरना होगा। ये टर्मिनल फारस की खाड़ी (पर्शियन गल्‍फ) के काफी अंदर स्थित हैं। यह ऐसे समय में हो रहा है जब क्षेत्रीय तनाव काफी बढ़ा हुआ है।

ब्लूमबर्ग के अनुसार, सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनी SOMO की ओर से 3 मई को जारी एक दस्तावेज के मुताबिक, ओपेक का यह सदस्य देश अपने बेंचमार्क ‘बसरा मीडियम’ ग्रेड पर प्रति बैरल 33.40 डॉलर तक की भारी छूट दे रहा है। इस नोटिस में महीने के दौरान अलग-अलग समय-सीमाओं पर लागू होने वाली छूट के अलग-अलग स्तरों का ब्‍योरा दिया गया है।

जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाले डेटा से पता चलता है कि अप्रैल में इराक के दक्षिणी बसरा बंदरगाह से केवल दो टैंकरों ने कच्चा तेल लोड किया। यह मार्च के 12 टैंकरों की तुलना में भारी गिरावट है। खाली जहाजों को होर्मुज के रास्ते खाड़ी में प्रवेश करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।

सामान्य परिस्थितियों में यह बंदरगाह महीने में 80 तक लोडिंग का काम संभालता है। हालांकि, इराक तुर्की के रास्ते एक पाइपलाइन के जरिए तेल का निर्यात जारी रखे हुए है। लेकिन, इसकी मात्रा समुद्री मार्ग से होने वाले शिपमेंट की तुलना में काफी कम है

तेल की सप्लाई है बाधित

  • फरवरी के अंत में संघर्ष बढ़ने के बाद से होर्मुज स्‍ट्रेट के रास्ते शिपिंग बुरी तरह प्रभावित हुई है।
  • सोमवार को अमेरिका-ईरान के बीच फिर से हुई झड़पों ने चार हफ्ते के संघर्ष-विराम की स्थिरता को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
  • इराक ने पहले उत्पादन में कटौती करने का कदम उठाया था।
  • कारण था कि जब खाड़ी से निर्यात बाधित हुआ तो तेल भंडारण सुविधाएं तेजी से भर गई थीं।

iPhone 17 पर ₹11000 का जबरदस्त डिस्काउंट, जानिए ऑफर

नई दिल्ली। iPhone 17 Price Drops: लंबे समय से iPhone खरीदने का सोच रहे थे तो iPhone 17 अब Flipkart की Sasa Lele Sale में काफी सस्ते दाम पर मिल रहा है। सेल में फोन को खरीदने पर आप 11,000 रुपए की बचत कर पाएंगे।

बता दें कि फ्लिपकार्ट की यह सेल 9 मई से शुरू हो रही है। Flipkart Plus और Black मेंबर्स को 24 घंटे पहले एक्सेस मिल जाएगा, यानी वे 8 मई से ही इस डील का फायदा उठा सकते हैं।

इस सेल के दौरान iPhone 17 को 71,900 रुपए में ख़रीदा जा सकता है। यह कीमत सीधे डिस्काउंट की वजह से नहीं, बल्कि बैंक ऑफर्स, कैशबैक और एक्सचेंज बोनस को मिलाकर मिलती है।

Flipkart की वेबसाइट के अनुसार सेल के दौरान iPhone 17 को सेल में 71,900 में उपलब्ध कराया जाएगा। आपको बता दें कि भारत में लॉन्च के समय यह डिवाइस 82,900 रुपए में लॉन्च हुआ था और अभी भी यह फोन 82,900 रुपए में उपलब्ध है।

फ्लिपकार्ट की सेल में यह फोन आपको 11,000 रुपए तक सस्ता मिलेगा। ध्यान दें कि iPhone 17 की सेल कीमत में बैंक ऑफर, एक्सचेंज बोनस और कुछ कूपन शामिल होंगे, लेकिन Flipkart ने अभी तक पूरी डील का खुलासा नहीं किया है।

Gold Price Today: एमसीएक्स पर 6000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने में भी उछाल

नई दिल्ली। Gold Price May 6, 2026 : ग्लोबल मार्केंट में सकारात्मक संकेतों के बीच आज सुबह एमसीएक्स पर सोने के भाव में 1% से अधिक की तेजी दर्ज की गई। कमजोर डॉलर और कच्चे तेल की गिरती कीमतों ने इस उछाल को बल दिया। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष समाधान को लेकर बढ़ती उम्मीदों से तेल के दाम में गिरावट आई है।

एमसीएक्स गोल्ड ₹1,51,740 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से लगभग ₹2,000 (1% से अधिक) अधिक है। दूसरी ओर एमसीएक्स सिल्वर ₹2,50,724 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था, जो ₹6,300 (लगभग 3%) की तेजी दर्शाता है। पिछले सत्र में गोल्ड ₹1,49,838 प्रति 10 ग्राम (0.3% की बढ़त) और सिल्वर ₹2,44,420 प्रति किलोग्राम (0.2% की बढ़त) पर बंद हुए थे।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: ब्रेंट क्रूड 2% लुढ़ककर $110 प्रति बैरल से नीचे आ गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ संभावित शांति समझौते का संकेत देने के बाद होर्मुज स्ट्रेट से तेल सप्लाई फिर से शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।

डॉलर इंडेक्स में गिरावट: डॉलर इंडेक्स 0.20% कमजोर हुआ, जिससे विदेशी मुद्राओं में खरीदारों के लिए सोना सस्ता हो गया। इसलिए डिमांड बढ़ी और सोने के रेट में उछाल देखने को मिल र

मुद्रास्फीति की चिंता कम: इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के अनुसार, “मिडिल-ईस्ट में तनाव कम होने के संकेतों से तेल की कीमतें गिर रही हैं, जिससे मुद्रास्फीति की आशंका घटी है और सोने में तेजी आ रही है।”

MCX के आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी 2026 , जिस दिन अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था, उस दिन के बाद से घरेलू स्पॉट गोल्ड की कीमतें 7% नीचे आ चुकी हैं। हाई एनर्जी प्राइसेज ने महंगाई की आशंका बढ़ा दी थी, जिससे केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरें लंबे समय तक उच्च बनाए रखने की संभावना बन गई थी।

गोल्ड-सिल्वर के लिए सलाह
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने आज के सत्र के लिए गोल्ड का सपोर्ट लेवल $4,535 और $4,500 प्रति औंस रखा है। प्रतिरोध $4,622 और $4,681 प्रति औंस है। जबकि, चांदी का सपोर्ट लेवल $72 और $70 और प्रतिरोध $75.50 और $77.40 डॉलर प्रति औंस है।

एमसीएक्स पर गोल्ड के लिए सपोर्ट लेवल ₹1,49,100 और ₹1,48,400 प्रति 10 ग्राम है और प्रतिरोध ₹1,50,500 और ₹1,51,800 प्रति 10 ग्राम है। सिल्वर का सपोर्ट लेवल ₹2,41,400 और ₹2,38,800 प्रति किलो है। प्रतिरोध ₹2,48,000 और ₹2,51,500 प्रति किलो है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-ईरान वार्ता पर बारीकी से नजर रखना जरूरी है। यदि समझौता होता है तो तेल की कीमतें और गिर सकती हैं, जिससे सोने पर दबाव बढ़ सकता है। फिलहाल कमजोर डॉलर और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं सोने को सपोर्ट कर रही हैं। निवेशक तय समर्थन स्तरों पर खरीदारी पर विचार कर सकते हैं।

Stock Market: सेंसेक्स 500 अंक चढ़कर 77551 पर और निफ्टी 24200 के पार

नई दिल्ली। Stock Market, May 6, 2026: वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में आज मजबूती देखने को मिली। तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका तथा ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीद ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिसका असर बाजार पर साफ दिखा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को कुछ समय के लिए रोका जा रहा है। यह पहल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से पहुंचने वाले जहाजों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई थी। अब अमेरिका यह देखना चाहता है कि क्या ईरान के साथ किसी समझौते की संभावना बन सकती है।

इसी पॉजिटिव माहौल के चलते निफ्टी 50 और सेंसेक्स दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। निफ्टी 50 करीब 174 अंकों की तेजी के साथ 24,207 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि सेंसेक्स में भी 500 अंकों से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई और यह 77,551 के आसपास ट्रेड करता दिखा।

निफ्टी 50 में आज महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स जैसे इंडेक्स ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। इन कंपनियों में खरीदारी का रुझान देखने को मिला, जिससे बाजार को बढ़त मिली।

वहीं व्यापक बाजार की बात करें तो मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स लगभग 0.91 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 1.01 प्रतिशत ऊपर कारोबार करते दिखे। इससे संकेत मिलता है कि सिर्फ बड़ी कंपनियों ही नहीं बल्कि छोटे और मझोले शेयरों में भी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो, पीएसयू बैंक और मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी रही। दूसरी ओर एफएमसीजी, रियल्टी और हेल्थकेयर सेक्टर थोड़ा दबाव में नजर आए और इनका प्रदर्शन कमजोर रहा।

इस पूरे माहौल के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी एक बड़ी वजह रही। ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 1.7 प्रतिशत गिरकर 107.98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। तेल की कीमतों में नरमी से भारत जैसे आयातक देशों को राहत मिलती है, जिससे बाजार का मूड बेहतर होता है।

‘हिमालयन गोल्ड’ के कृत्रिम उत्पादन और तकनीक पर कार्यशाला का आयोजन

कोटा। कोटा विश्वविद्यालय के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग द्वारा मंगलवार को औषधीय गुणों से भरपूर ‘कॉर्डिसेप्स’ यानी ‘हिमालयन गोल्ड’ के कृत्रिम उत्पादन और तकनीक पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता सी.एम.एच.ओ. (संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग) आर. के. लवानिया ने कॉर्डिसेप्स के औषधीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वैश्विक स्वास्थ्य क्षेत्र में इसकी मांग निरंतर बढ़ रही है।

डॉ. पल्लवी शर्मा द्वारा संचालित इस सत्र में विभाग की डॉ. नेहा चौहान और डॉ. श्वेता गुप्ता ने तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बताया कि कॉर्डिसेप्स का उत्पादन पूरी तरह से नियंत्रित वातावरण में किया जाता है, जिसके लिए प्रयोगशाला में 180C से 220C के स्थिर तापमान और लगभग 70-80 प्रतिशत की आर्द्रता को बनाए रखना अनिवार्य होता है।

इसके सेटअप के लिए लैमिनार एयर फ्लो, ऑटोक्लेव और विशेष लाइटिंग व्यवस्था वाले इनक्यूबेशन रूम की आवश्यकता होती है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को ब्राउन राइस तैयार करने से लेकर, उच्च गुणवत्ता वाले कल्चर के चयन, स्पॉनिंग (बीजारोपण) और माइसेलियम की वृद्धि के लिए अनुकूल परिस्थितियों के प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया गया।

कार्यशाला में यह भी बताया गया कि किस प्रकार लगभग 60 से 70 दिनों के चक्र में इस मशरूम की खेती कर इसे सुखाकर और सुरक्षित पैकेजिंग के माध्यम से बाजार में उतारा जा सकता है। कॉर्डिसेप्स (हिमालयन गोल्ड) की बहुमुखी उपयोगिता इसे चिकित्सा और वाणिज्यिक क्षेत्रों में अत्यंत महत्वपूर्ण बनाती है।

मुख्य रूप से, इसका उपयोग पारंपरिक और आधुनिक दवाओं में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, शारीरिक सहनशक्ति में सुधार करने और थकान को कम करने के लिए एक शक्तिशाली ‘एनर्जी बूस्टर’ के रूप में किया जाता है। इसके औषधीय गुणों में एंटी-कैंसर, एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-एजिंग तत्व शामिल हैं, जो हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, किडनी की कार्यक्षमता को सहारा देने और श्वसन संबंधी विकारों के उपचार में सहायक होते हैं।

चिकित्सा के अतिरिक्त, कॉर्डिसेप्स का उपयोग उच्च गुणवत्ता वाले न्यूट्रास्यूटिकल्स, हेल्थ सप्लीमेंट्स और सौंदर्य प्रसाधनों के निर्माण में भी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इसकी बढ़ती मांग के कारण यह सूक्ष्मजीव विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान और उच्च-मूल्य वाले कृषि व्यवसाय के लिए एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है जिसके व्यावहारिक प्रशिक्षण से छात्रों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता कार्यक्रम 7 मई को, कोटा ब्लड बैंक सोसायटी की पहल

कोटा। Thalassemia awareness program: विश्व थैलेसीमिया दिवस की पूर्व संध्या पर कोटा ब्लड बैंक सोसायटी द्वारा शहर में जन-जागरूकता के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

सोसायटी के सचिव राजकुमार जैन ने बताया कि थैलेसीमिया जैसी गंभीर आनुवंशिक बीमारी के प्रति समाज को जागरूक करने और नियमित रक्तदान के महत्व को रेखांकित करने के लिए यह पहल की जा रही है।

यह कार्यक्रम 7 मई, गुरुवार को सायं 5:30 बजे केएसटी परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि नई पीढ़ी में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो सके।

राजकुमार जैन ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया के कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, आमजन को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध हो सके।

इस संबंध में वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सी.बी. दास गुप्ता ने बताया कि थैलेसीमिया एक गंभीर रक्त विकार है, जिसमें शरीर पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बना पाता।

उन्होंने कहा कि अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण (बीएमटी) इस रोग का स्थायी उपचार है और 2 से 7 वर्ष की आयु में इसके परिणाम अधिक प्रभावी रहते हैं। इसके अलावा, जीन थेरेपी तथा ‘हैप्लो डोनर’ जैसे आधुनिक उपचार विकल्प भी उपलब्ध हैं।

कोटा ब्लड बैंक सोसायटी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर इस जनहित अभियान को सफल बनाएं। संस्था का मानना है कि सामूहिक प्रयासों से ही थैलेसीमिया मुक्त समाज की दिशा में सार्थक कदम उठाया जा सकता है।

जेपी मार्केट में अतिक्रमण की समस्या का होगा समाधान: एडीएम सिटी

कोटा। जेपी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल दीपचंदानी, सचिव दीपक धींगरा व पदाधिकारियों ने जेपी मार्केट में अतिक्रमण की समस्या से कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी को अवगत कराया।

प्रतिनिधियों ने बाजार में हो रही अव्यवस्था एवं अतिक्रमण से व्यापारियों को हो रही समस्याओं से अवगत करा कर शीघ्र समाधान करवाने का आग्रह किया। महासचिव अशोक माहेश्वरी ने जे पी मार्केट मे व्याप्त अतिक्रमण की समस्या की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कमिश्नर एवं एडीएम सिटी से वार्ता कर शीघ्र समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा।

उन्होने बताया कि पूर्व मे भी इस क्षेत्र से भारी मात्रा मे अतिक्रमण हटा कर सफाई करवाई गयी थी, लेकिन फिर अतिक्रमण होने से यह समस्या पैदा हो गई। उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान करने की बात कही, जिससे व्यापारियों को बड़ी राहत मिली।

इसके उपरांत, जेपी मार्केट एसोसिएशन के सदस्यों ने एडीएम सिटी अनिल सिंघल से भी मुलाकात कर अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया। एडीएम सिटी सिंघल ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही आवश्यक निर्देश प्रदान किए एवं समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। प्रशासन एवं व्यापार संघ के इस सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रवैये से बाजार क्षेत्र में संतोष एवं विश्वास का वातावरण बना है।

कोटा महोत्सव पर्यटन कैलेंडर में शामिल हो व बारां में पर्यटन कार्यालय खुले

पर्यटन विभाग की कमिश्नर से होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान की अपील

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में राजस्थान पर्यटन विभाग की कमिश्नर रुकमणी रियार से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्थापित पर्यटन इकाइयों के कन्वर्जन से जुड़े नियमों में सरलीकरण एवं शिथिलता प्रदान किए जाने की मांग रखी। कोटा संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हाड़ौती क्षेत्र में कई होटल एवं रिसॉर्ट इकाइयों को पर्यटन इकाइयों में शामिल किए जाने में जटिल नियमों एवं प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आग्रह किया कि इन नियमों को सरलीकरण एवं लचीला बनाया जाए, जिससे ये इकाइयां राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को दिए गए उद्योग के दर्जे का लाभ और छूट प्राप्त कर सकें।

माहेश्वरी ने पिछले दो वर्षों से आयोजित हो रहे कोटा महोत्सव को राज्य के पर्यटन कैलेंडर में शामिल करने की भी मांग की, ताकि इस आयोजन का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार -प्रसार हो सके। इसके साथ ही हाड़ौती क्षेत्र के संतुलित पर्यटन विकास के लिए बारां जिले में पर्यटन कार्यालय खोलने का भी प्रस्ताव रखा गया।

इससे बारां क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का विकास होगा तथा निवेशकों को पर्यटन नीति से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान ने जनवरी 2026 में आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में राजस्थान पर्यटन विभाग की कमिश्नर रुकमणी रियार एवं उनकी टीम द्वारा तीन दिवसीय इस आयोजन मे अपना पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

साथ ही, आगामी “कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 (2027)” की प्रस्तावित कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर कमिश्नर रुक्मणी रियार ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देकर वहां की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ किया जाएगा।