कोटा। जेपी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल दीपचंदानी, सचिव दीपक धींगरा व पदाधिकारियों ने जेपी मार्केट में अतिक्रमण की समस्या से कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी को अवगत कराया।
प्रतिनिधियों ने बाजार में हो रही अव्यवस्था एवं अतिक्रमण से व्यापारियों को हो रही समस्याओं से अवगत करा कर शीघ्र समाधान करवाने का आग्रह किया। महासचिव अशोक माहेश्वरी ने जे पी मार्केट मे व्याप्त अतिक्रमण की समस्या की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कमिश्नर एवं एडीएम सिटी से वार्ता कर शीघ्र समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा।
उन्होने बताया कि पूर्व मे भी इस क्षेत्र से भारी मात्रा मे अतिक्रमण हटा कर सफाई करवाई गयी थी, लेकिन फिर अतिक्रमण होने से यह समस्या पैदा हो गई। उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान करने की बात कही, जिससे व्यापारियों को बड़ी राहत मिली।
इसके उपरांत, जेपी मार्केट एसोसिएशन के सदस्यों ने एडीएम सिटी अनिल सिंघल से भी मुलाकात कर अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया। एडीएम सिटी सिंघल ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही आवश्यक निर्देश प्रदान किए एवं समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। प्रशासन एवं व्यापार संघ के इस सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रवैये से बाजार क्षेत्र में संतोष एवं विश्वास का वातावरण बना है।

