नई दिल्ली। Stock Market Update : वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की।बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 229 अंक ऊपर 78514 के लेवल पर पहुंच गया है।
इस इंडेक्स में इन्फोसिस 3.34 प्रतिशत की उछाल के साथ टॉप गेनर है। जबकि, टाइटन में भी 3 प्रतिशत से अधिक की तेजी है। टीसीएस 2.31 और टेक महिंद्रा 1.72 प्रतिशत ऊपर ट्रेड कर रहे हैं। एचसीएल टेक में भी 1.58 प्रतिशत की बढ़त है।
सुबह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 176 अंक ऊपर 78461 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स ने मंगलवार के कारोबार की शुरुआत 34 अंक चढ़कर 24464 के लेवल से की।
पिछले चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स कुल 1,806.4 अंक यानी 2.36 प्रतिशत चढ़ चुका है, जबकि निफ्टी में 564.6 अंक यानी 2.36 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। इससे 4 दिन में निवेशकों को करीब 9 लाख करोड़ का फायदा हुआ है।
आईटी, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव बना रहा, जिससे व्यापक बाजार का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा।
सुबह 10:30 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 240.02 अंक यानी 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 78,525.09 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 65.25 अंक यानी 0.27 फीसदी मजबूत होकर 24,495.60 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान निवेशकों का रुख प्रमुख लार्जकैप शेयरों की ओर देखने को मिला, जिससे प्रमुख सूचकांकों को सहारा मिला।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव
मुख्य सूचकांकों में तेजी के बावजूद व्यापक बाजार में कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.55 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स भी 0.44 फीसदी तक फिसल गया। इससे साफ संकेत मिलता है कि निवेशक फिलहाल चुनिंदा बड़ी कंपनियों के शेयरों में निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं।
आईटी सेक्टर ने दिखाई सबसे ज्यादा मजबूती
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो आईटी सेक्टर सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहा। निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा हेल्थकेयर और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे इन सेक्टरों के इंडेक्स मजबूती के साथ कारोबार करते रहे।
मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली
दूसरी ओर, मेटल सेक्टर पर दबाव बना रहा। सेक्टोरल इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट इसी सेक्टर में दर्ज की गई। धातु कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के चलते निफ्टी मेटल इंडेक्स अन्य सेक्टरों की तुलना में कमजोर नजर आया।
रुपये में मजबूती, डॉलर के मुकाबले बढ़ा मूल्य
शेयर बाजार के साथ-साथ भारतीय मुद्रा में भी मजबूती देखने को मिली। मंगलवार के शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे मजबूत होकर 95.28 पर पहुंच गया।
अमेरिकी बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद
सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुए। Dow Jones Industrial Average करीब 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 53,055.91 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।
वहीं, S&P 500 में 0.72 प्रतिशत और Nasdaq Composite में 1.12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी बाजारों की मजबूती का असर मंगलवार को भारतीय बाजार की धारणा पर भी देखने को मिल सकता है।
कच्चे तेल में तेजी, सोना-चांदी में नरमी
कमोडिटी बाजार की बात करें तो कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। निवेशक वैश्विक मांग और सप्लाई से जुड़े संकेतों पर नजर बनाए हुए हैं। इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज (ICE) पर जुलाई डिलीवरी वाला क्रूड ऑयल वायदा 72.33 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था।
दूसरी ओर, सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी में हल्की कमजोरी देखने को मिली। गोल्ड फ्यूचर्स में करीब 0.32 प्रतिशत और सिल्वर फ्यूचर्स में 0.63 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

