व्यापार एवं उद्योग जगत ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु को देश का गौरव बताया

0
238

कोटा। शहर के व्यापार एवं उद्योग जगत द्वारा एक समारोह आयोजित कर महान व्यक्तित्व की धनी राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित प्रथम आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है।

इस अवसर पर कोटा में व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक वार्ड पार्षद से राष्ट्रपति पद तक पहुंचने का सफर उनके सेवा कार्य कर्मशीलता एवं संघर्ष की कहानी है। उनके हाड़ौती प्रवास के दौरान मुझे पूरा एक दिन उनके साथ रहने का मौका मिला था। मैंने पाया कि ऐसी सरल, विद्वान एवं विलक्षण प्रतिभा की धनी राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर देश का गौरव बढ़ाएगी।

भाटिया एंड कंपनी के निदेशक प्रेम जे भाटिया ने कहा द्रोपदी मुर्मू के जीवन संघर्ष की कहानी देश वासियों के लिए एक प्रेरणा सोत्र है। दी एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल, अध्यक्ष राजकुमार जैन ने कहा कि द्रोपदी मुर्मू ने देश सेवा के साथ के देश के हर कोने की भौगोलिक स्थिति का अवलोकन किया है।

उनका कोटा प्रवास भी यहां की भौगोलिक स्थिति, सेंड स्टोन, कोटा स्टोन, धनिया एवं कृषि उत्पादन के बारे में जानकारी प्राप्त करना था। क्योकि झारखंड में कोयला खनन बहुतायत में होता है जिससे उन्हें यहां के खनन का अवलोकन करना था।

ऐसी विद्वान महिला के राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित होने पर देश को नई दिशा मिलेगी। समारोह में दी एसएसआई एसोसिएशन के सचिव अनीश बिरला, व्यापारियों और उद्यमियों के साथ भाटिया एंड कंपनी के समस्त स्टाफ कर्मचारियों ने भी बधाई दी।