कोटा। दीपावली की खुशियों में महंगाई का बोझ आड़े न आए और हर परिवार को त्योहार की खरीदारी में गुणवत्ता के साथ किफायत का भरोसा मिले, इसी उद्देश्य से कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने शहरवासियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
दीपोत्सव पर भंडार ने मिठाइयों, नमकीन, ब्रांडेड ग्रीन पटाखों / आतिशबाजी की विशाल रेंज बाजार से रियायती दरों पर उपलब्ध कराई है। खास बात यह है कि लोकप्रिय ब्रांड के पटाखों पर एमआरपी से 60 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। वहीं काजू कतली 900 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है।
भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि शहरवासियों को वर्षों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना भंडार की प्राथमिकता रही है।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आठ विशेष बिक्री केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां ग्रीन आतिशबाजी, 75 सेंटीमीटर की फुलझड़ियां, फँसी पटाखे और कॉक सहित अन्य लोकप्रिय ब्रांड के पटाखों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है। राजेश बिरला ने कहा कि सहकारिता का वास्तविक अर्थ आमजन के हितों की रक्षा करना और उन्हें बाजार की प्रतिस्पर्धा के बीच उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि दीपावली जैसे बड़े पर्व पर हर परिवार की इच्छा होती है कि वह अपने घर में मिठाई, आतिशबाजी और अन्य जरूरी सामान लेकर आए, लेकिन बढ़ती कीमतें कई बार त्योहार की खरीदारी को प्रभावित करती हैं। उपभोक्ता भंडार इसी अंतर को पाटने का प्रयास कर रहा है। हमारा संकल्प है कि आम उपभोक्ता को गुणवत्ता और कीमत के बीच समझौता न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां तभी सार्थक है, जब उनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। इसी सोच के साथ भंडार ने इस बार उत्पादों की विविधता बढ़ाने के साथ विशेष रियायती दरों पर बिक्री की व्यवस्था की है।
भंडार के तीनों सुपरमार्केट महावीर नगर तृतीय, स्टेशन क्षेत्र और सब्जीमंडी में दीपावली की सामग्री उपलब्ध है। इसके अलावा घोड़ेवाले चौराहे पर नागरिक सहकारी बैंक के समीप, प्रधान कार्यालय कैनाल रोड, तलवंडी में दाऊदयाल जोशी आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास, कॉमर्स कॉलेज रोड, वी-मार्ट के पास रजत सिटी तथा महाराणा प्रताप सर्किल कुन्हाड़ी में विशेष काउंटर लगाए गए हैं।
यहां बीकाजी, बिकानो और हल्दीराम जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के भुजिया, चिवड़ा, लोंग व अजवाइन सेव, गाठिया, पपड़ी, मीठे सेव सहित अनेक प्रकार की मिठाइयाँ और नमकीन उपलब्ध हैं।संस्था अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने बताया कि गुणवत्ता और उचित मूल्य के कारण कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने हर वर्ष ग्राहकों का भरोसा कायम रखा है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में एक करोड़ रुपये के पटाखे, 10 लाख रुपये की मिठाइयां तथा करीब 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री हुई थी। इस वर्ष दीपोत्सव पर पटाखों की बिक्री का लक्ष्य 1.25 करोड़ रुपये तथा मिठाई, नमकीन और ड्राईफ्रूट्स की बिक्री का लक्ष्य 30 लाख रुपये रखा गया है।
अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समिति, कोटा एवं कोटा भंडार महाप्रबंधक बीना बैरवा ने कहा कि उपभोक्ता भंडार का उद्देश्य आमजन को शुद्ध उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध कराना है। संस्था उपभोक्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए सहकारिता की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है।

