नई दिल्ली। Stock Market Closed: भारतीय शेयर बाजारों में कारोबारी हफ्ते के पहले दिन जोरदार तेजी देखने को मिली। सोमवार को बेंचमार्क इंडेक्स सवा फीसदी से ज्यादा उछले। गैपअप शुरुआत हुई फिर क्लोजिंग भी धमाकेदार रही। लगातार तीसरे सेशन में बढ़त के साथ बेंचमार्क इंडेक्स बंद हुए।
सेंसेक्स 1.66 प्रतिशत या फिर 1233.25 अंक की तेजी के साथ 75692.78 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 1.68 प्रतिशत या फिर 387.70 अंक की तेजी के साथ 23440.80 अंक पर बंद हुआ है। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 1-1 फीसदी तक उछले। बाजार की तेजी में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 8 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया।
बाजार की तेजी में रिजल्ट्स स्टॉक फोकस में हैं। इसमें हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे आगे है। क्योंकि सितंबर तिमाही में अनुमान से बेहतर नतीजों के चलते शेयरों में 11 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।
यही वजह है कि एनर्जी इंडेक्स 3.9 फीसदी से ज्यादा उछल गया। SBI सिक्योरिटीज के टेक्निकल और डेरिवेटिव्स रिसर्च हेड सुदीप शाह ने कहा कि सोमवार की तेजी में रिलायंस इंडस्ट्रीज की सबसे बड़ी भूमिका रही। कंपनी का शेयर 9.41 फीसदी उछल गया। अप्रैल 2020 के बाद यह रिलायंस के शेयर में एक दिन की सबसे बड़ी तेजी रही।
निफ्टी के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में शामिल रहे। दूसरी ओर, इंफोसिस और आईसीआईसीआई बैंक का प्रदर्शन कमजोर रहा। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑयल एंड गैस, मेटल और पीएसयू बैंक में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। वहीं, आईटी और मीडिया सेक्टर पर दबाव रहा।
बड़ी कंपनियों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी रिकवरी जारी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1.19 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.71 फीसदी बढ़कर बंद हुआ।बाजार में तेजी का दायरा भी मजबूत रहा। निफ्टी 500 में शामिल 391 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 105 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
मार्केट कैप करीब 8 लाख करोड़ रुपये बढ़ा
घरेलू बाजारों में तेजी से निवेशकों को बंपर मुनाफा हुआ है। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 8 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है, जो 482.41 लाख करोड़ रुपये के पास पहुंच गया है। जबकि 30 अक्टूबर को बाजार बंद होने के बाद कुल मार्केट कैप 474.37 लाख करोड़ रुपये था।

