कोटा। दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए कोटा शहर में आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं, बाजारों की सजावट, रोशनी, साफ- सफाई एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलेक्टर पियूष समारिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर निगम की महापौर अनसूया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, नगर निगम के आयुक्त ओपी मेहरा, कोटा विकास प्राधिकरण के सचिव मुकेश चौधरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष मिश्रा सहित कई विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं संस्थाओ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने शहर की विभिन्न समस्याओं की ओर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए पूरे शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का सुझाव दिया।
साथ ही उन्होंने कहा कि प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, मुख्य सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कचरे के ढेरों का तत्काल निस्तारण हो तथा बाजारों में पर्याप्त सफाई कर्मचारी लगाए जाएं। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए, जिससे दीपावली के अवसर पर शहर का सौंदर्य भी बढ़े और आमजन को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
उन्होंने कहा कि व्यापार महासंघ द्वारा शहर के बाजारों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उनकी टीम द्वारा सर्वश्रेष्ठ का चयन कर दीपावली मिलन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम से भी इस तरह की प्रतियोगिताएं रखने का आव्हान किया।
उन्होंने कहा कि बाजारों में कचरा संग्रहण के लिए अतिरिक्त संसाधन एवं सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। नालियों एवं नालों की सफाई करवा कर जलभराव एवं गंदगी की समस्या का समाधान किया जाए। शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक रोशनी एवं सजावट से सुसज्जित किया जाए। दीपावली के दौरान आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग सुगम रखे जाएं।
महासंघ के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र गोयल विचित्र ने कहा कि पुराने कोटा के परकोटे के भीतर स्थित बाजारों की बदहाल स्थिति कायम है। उन्होंने बताया कि मोहन टॉकीज रोड, जीएम प्लाजा, न्यू सर्राफा मार्केट, न्यू क्लॉथ मार्केट सहित आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में कई स्थानों पर सड़कें अत्यंत खराब अवस्था में हैं। जगह-जगह गड्ढे होने से व्यापारियों, ग्राहकों एवं राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहां पर सफाई की व्यवस्था भी नियमित नहीं है
उन्होंने मांग की कि दीपावली से पूर्व इन सभी सड़कों का तत्काल सर्वे करवाकर प्राथमिकता से पेचवर्क कराया जाए, ताकि बाजारों में आने वाले ग्राहकों को आवागमन में परेशानी नहीं हो और दुर्घटनाओं की आशंका भी समाप्त हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि इन बाजारों में कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे रहते हैं तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से शाम के समय परेशानी होती है। अतः इन क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, कचरा संग्रहण की नियमित व्यवस्था करने एवं खराब स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक करवाने की आवश्यकता है
रामपुरा व्यापार समिति के सचिव ऋषभ जैन ने बताया कि कि दीपावली के दौरान पुराने कोटा के बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में पुराने शहर रामपुरा गांधीचौक अग्रसेन बाजार एवं उनके आसपास के व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। यदि इन स्थानों पर यातायात पुलिस कर्मियों की नियमित तैनाती की जाए तथा यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए तो जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।
उन्होंने सुझाव दिया कि प्रमुख बाजारों के प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित किया जाए, अनावश्यक वाहन पार्किंग पर नियंत्रण रखा जाए तथा बाजारों में पैदल आने-जाने वाले ग्राहकों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर इस क्षेत्र में हमें कोई खाली स्थान गाड़ी खाना के पास उपलब्ध करवा दिया जाए तो हम हमारे वाहनों को वहां पर पार्क कर सकते हैं
बैठक मे होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के कोषाध्यक्ष एवं लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने दीपावली से पूर्व औद्योगिक क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाने का सुझाव दिया।

