Gatka: घंटे भर चले नॉन-स्टॉप हैरतअंगेज कारनामों ने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए

0
11

कोटा। Gatka event in Kota Dussehra: राष्ट्रीय दशहरा मेला मंगलवार को सिख संगत की गरिमामयी उपस्थिति से निहाल हो उठा। विजयश्री रंगमंच पर मगंलवार को सिख विरासत की पारंपरिक और साहसिक युद्ध कला ‘गतका’ का हैरतअंगेज प्रदर्शन आयोजित किया गया। रंगमंच पर वीर खालसा गतका ग्रुप के युवाओं और बच्चों ने अपनी वीरता, शौर्य, पराक्रम और रोमांच का ऐसा अनूठा संगम पेश किया कि पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र अरदास के साथ किया गया, जिसके बाद पैंतरा के तहत सिख वीरों ने अपने पारंपरिक शस्त्रों—गोलिया, फरीसोटी, चक्कर, बैत, डांग, गुर्ज, कीलों के पट्टे और कृपाण को सलामी दी।

नीले वेशधारी युवाओं ने जब कई मीटर लंबी और मोटी गतका छड़ों व भारी-भरकम तलवारों के साथ वार-प्रतिवार का प्रदर्शन किया, तो दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए। लगभग 50 मिनट तक चले इस नॉन-स्टॉप प्रदर्शन के दौरान हजारों की संख्या में मौजूद दर्शक अपनी जगह से टस से मस नहीं हुए।

प्रदर्शन का सबसे रोमांचक क्षण तब आया जब वीर खालसा गतका ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य ने अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर जमीन पर लेटे पांच युवा सदस्यों के सिर पर रखे नारियल को हथौड़े से सटीकता के साथ फोड़ा।

इस अदम्य साहस और कौशल को देखकर पूरा दशहरा मैदान ‘बोले सो निहाल.. सत श्री अकाल’ और ‘वाहे गुरुजी दा खालसा, वाहे गुरुजी दी फतह’ के नारों से गूंज उठा तथा चारों ओर निशान साहिब के झंडे लहराते दिखाई दिए।

​इस आयोजन में बाबा लक्खा सिंह जी (प्रधान, अगमगढ़, गुरुद्वारा साहिब, बोरगांव, कोटा), तरुमीत सिंह बेदी (प्रधान, कोटा सेंट्रल श्री गुरु सिंह सभा), सुरजीत सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब छावनी), मंगल सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब दादाबाड़ी), जरनैल सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब विज्ञान नगर), अमरजीत सिंह (प्रधान, गुरु सिंह सभा, स्टेशन), अजीत सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब आई.एल.), राजा सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब कोटवाल नगर), गुरदीप सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब), हरविन्दर सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब), रंजीत सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब सोगरिया), बलजीत सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब गुमानपुरा), अवतार सिंह (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब नयापुरा), परमजीत कौर (अध्यक्ष, गुरुद्वारा साहिब आर.के. पुरम), जरनैल सिंह ढिल्लों (प्रधान, गुरुद्वारा साहिब कंसुआ), मनिन्दर सिंह (प्रधान, कोटा सिख वेलफेयर सोसाइटी) तथा समाजसेवी भूपिन्दर सिंह आनंद (लवली) सहित कई प्रमुख हस्तियों ने अतिथि के रूप में शिरकत की। ​कार्यक्रम के दौरान मेला अधिकारी एवं आयुक्त ओपी मेहरा, मेला प्रभारी सत्यनारायण राठौर तथा प्रशासनिक अधिकारी जितेन्द्र बग्गा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।