तीन दिवसीय हाड़ौती फूड एक्सपो-2026 का आयोजन कोटा में 24 दिसंबर से

0
39

देशभर की 100 से अधिक कंपनियां अपने उत्पादों का करेंगी प्रदर्शन: माहेश्वरी

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ एवं कोटा नमकीन व्यापार समिति के संयुक्त तत्वावधान में कोटा की अर्थव्यवस्था को नई गति देने तथा व्यापार एवं उद्योग को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से पहली बार 24 से 26 दिसंबर 2026 तक करणी पैलेस, कोटा में तीन दिवसीय भव्य हाड़ौती फूड एक्सपो–2026 का आयोजन किया जाएगा।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि इस फूड एक्सपो का मुख्य उद्देश्य कोटा की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करना तथा खाद्य एवं कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से शहर में फूड एवं एग्रो इंडस्ट्रीज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होता है। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली कंपनियों को यहां के बाजार, व्यापारिक संभावनाओं एवं औद्योगिक वातावरण की जानकारी प्राप्त होती है।

माहेश्वरी ने पत्रकारों को बताया कि खाद्य पदार्थ एवं कृषि आधारित उद्योग आज व्यवसाय का एक बड़ा केंद्र बन चुके हैं। हाड़ौती क्षेत्र कृषि उत्पादन के मामले में राजस्थान में अग्रणी है। इस आयोजन में देशभर के प्रमुख उत्पादकों एवं उद्योगपतियों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि वे यहां निवेश कर नए उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार कर सकें।

उन्होंने कहा कि कोटा की कचौरी एवं नमकीन की पहचान आज देशभर में स्थापित हो चुकी है। राज्य सरकार द्वारा कोटा कचौरी एवं नमकीन को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया भी चल रही है। जीआई टैग मिलने से कोटा के इन विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और बाजार उपलब्ध होगा।

माहेश्वरी ने कहा कि किसी भी शहर का व्यापार तभी प्रगति करता है, जब वहां के व्यापारी एवं व्यापारिक संगठन एकजुट होकर सामूहिक विकास की दिशा में कार्य करते हैं। कोटा व्यापार महासंघ शहर के व्यापारिक जगत का एक महत्वपूर्ण संगठन है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक प्रदर्शनी आयोजित करना नहीं है, बल्कि कोटा में खाद्य उद्योग को बढ़ावा देना, स्थानीय व्यापारियों एवं उद्यमियों को नई संभावनाएं उपलब्ध कराना तथा कोटा की पहचान एक महत्वपूर्ण व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में मजबूत करना है।

कोटा नमकीन व्यापार समिति के संस्थापक रामनाथ अग्रवाल एवं अध्यक्ष जगदीश गांधी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खाद्य उद्योग से जुड़ी विभिन्न कंपनियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर सकें तथा व्यापार विस्तार के नए अवसरों का लाभ उठा सकें।

उन्होंने बताया कि एक्सपो में खाद्य पदार्थों, नमकीन, स्नैक्स, मसालों एवं अन्य खाद्य उत्पादों से संबंधित कंपनियां भाग लेंगी। इससे निर्माताओं, वितरकों, डीलरों एवं व्यापारियों को आपस में जुड़ने, नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने तथा अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस एक्सपो में देशभर की 100 से अधिक अग्रणी फूड, नमकीन, मसाला एवं पैकेजिंग कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने बताया कि कोटा का नमकीन उद्योग देशभर में प्रसिद्ध है, लेकिन अब समय है इसे अगले स्तर पर ले जाने का। हमारा लक्ष्य की कोटा फूड इंडस्ट्री का भी हब बने
टीपीएन सॉल्यूशन के निदेशक जितेंद्र गोयल ने बताया कि इस तीन दिवसीय एक्सपो में 10 हजार से अधिक व्यापारी, उद्यमी एवं आमजन के पहुंचने की संभावना है। इससे कोटा के स्थानीय व्यापार एवं व्यवसाय को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि उनका यह एक्सपो कोटा के उद्यमियों, रिटेलर्स एवं खाद्य उत्पादों से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस भव्य आयोजन के लिए उनकी कंपनी द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यह आयोजन कोटा के व्यापार एवं उद्योग को नई गति और नई दिशा प्रदान करेगा।

व्यापार महासंघ के महासचिव माहेश्वरी का सम्मान

कोटा नमकीन व्यापार समिति की ओर से व्यापारियों के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहने वाले कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष काका हरविंदर सिंह, अग्रसेन बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष महेंद्र कांकरिया तथा कोटा नमकीन व्यापार समिति के सचिव प्रमोद पुरसवानी, कोषाध्यक्ष सुनील मित्तल सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान हाड़ौती फूड एक्सपो–2026 का पोस्टर भी लॉन्च किया गया।