क्षेत्रीय व्यापार संघ नगर निगम के स्वच्छता अभियान में पूर्ण सहयोग करेंगे: माहेश्वरी
कोटा। तलवंडी विकास समिति द्वारा रविवार को तलवंडी क्षेत्र में नगर निगम के नवनिर्वाचित उपमहापौर विवेक राजवंशी एवं क्षेत्रीय वार्ड पार्षद सुनीता सेन का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट रविंद्र विजय ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व वार्ड पार्षद संजय विजय एवं सुरेंद्र कलवार उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने नगर निगम के उपमहापौर विवेक राजवंशी से आग्रह किया कि दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए शहर के सभी बाजारों एवं मोहल्लों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा दीपावली के अवसर पर शहर के सभी बाजारों में स्वच्छता एवं आकर्षक सजावट करने का आह्वान किया गया है। इस विशेष अभियान के तहत कोटा शहर की सभी व्यापारिक संस्थाएं सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने नगर निगम से भी इस अभियान में विशेष सहयोग प्रदान करने की अपील की।
माहेश्वरी ने कहा कि जिस प्रकार जयपुर में दीपावली के अवसर पर संपूर्ण शहर को आकर्षक रोशनी एवं सजावट से सजाया जाता है, जिसे देखने के लिए देशी-विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, उसी तर्ज पर कोटा को भी सजावट एवं स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन भी इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। यदि कोटा शहर में विशेष सजावट के साथ स्वच्छता का वातावरण तैयार किया जाए तो यहां भी बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है।
उपमहापौर विवेक राजवंशी ने कहा कि हम कोटा शहर को पूर्ण स्वच्छता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। शहर के जिस भी क्षेत्र से स्वच्छता संबंधी शिकायत प्राप्त होती है, उसे दूर करने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि विज्ञान नगर क्षेत्र में फैले कचरे को हटाने के लिए भी निगम की टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आमजन एवं व्यापारियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय जनभागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन शहर को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से नगर निगम भी इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सभी के सामूहिक प्रयासों से कोटा को देश की अग्रणी स्वच्छ नगरी के रूप में स्थापित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा, जिससे शहर के पर्यटन विकास को भी नई गति मिल सकेगी।
समारोह में तलवंडी क्षेत्र के नागरिकों द्वारा नवनिर्वाचित उपमहापौर विवेक राजवंशी एवं क्षेत्रीय वार्ड पार्षद सुनीता सेन का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।

