नई दिल्ली। टोयोटा ने इंडोनेशिया में बिकने वाली अपनी पॉपुलर MPV इनोवा जेनिक्स (Innova Zenix) को अपडेट कर दिया है। भारत में इसी MPV को इनोवा हायक्रॉस के नाम से बेचा जाता है। कंपनी ने इसके हाइब्रिड मॉडल में कई बड़े बदलाव किए हैं।
इसमें अब 12.3-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। इसके अलावा, टॉप मॉडल में कई नए सेफ्टी और कम्फर्ट फीचर्स भी जोड़े गए हैं। इस अपडेट के बाद अब भारतीय ग्राहकों की नजर इनोवा हायक्रॉस के नए मॉडल पर रहेगी। इंडोनेशिया में अपडेटेड इनोवा जेनिक्स के हाइब्रिड मॉडल की शुरुआती कीमत IDR 475.4 मिलियन यानी करीब 24.87 लाख रुपये है।
टोयोटा ने इनोवा जेनिक्स के हाइब्रिड मॉडल के केबिन में सबसे ज्यादा बदलाव किए हैं। अब इसके सभी हाइब्रिड वैरिएंट में 12.3-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा। वहीं, G Hybrid में 10-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है।
इसके अलावा, V Hybrid, V Hybrid Modellista और Q Hybrid Modellista में 12.3-इंच की बड़ी टचस्क्रीन मिलेगी। चुनिंदा वैरिएंट में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और NFC ई-टोल जैसे फीचर्स भी मिलेंगे। टॉप Q Hybrid Modellista में इन-कार वाई-फाई हॉटस्पॉट की सुविधा भी दी गई है।
सेफ्टी फीचर्स
फीचर्स के मामले में टॉप Q Hybrid Modellista को सबसे ज्यादा अपडेट मिला है। इसमें इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट वाली ड्राइवर सीट, दूसरी रो में कैप्टन सीट्स, पावर्ड रिक्लाइन और ओटोमन फीचर दिया गया है। इसके अलावा, इसमें आगे और पीछे DVR कैमरे, 6 एयरबैग, टोयोटा सेफ्टी सेंस और ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। इस वैरिएंट में पैनोरमिक कैमरा भी दिया गया है। जबकि V Hybrid और V Hybrid Modellista में भी पैनोरमिक कैमरा मिलेगा। वहीं, Q वैरिएंट में 18-इंच के अलॉय व्हील और पैर के इशारे से खुलने वाला पावर्ड टेलगेट दिया गया है।
इंजन
टोयोटा इनोवा जेनिक्स में पहले वाला 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 152bhp की पावर और 187Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 113bhp की इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। दोनों को मिलाकर इसका कुल पावर आउटपुट 186bhp है। इसमें e-CVT गियरबॉक्स दिया गया है। ड्राइवर को इसमें Eco, Power और EV जैसे तीन ड्राइविंग मोड मिलते हैं। खास बात यह है कि इसका सेल्फ-चार्जिंग हाइब्रिड सिस्टम है। इसलिए इसे चार्ज करने के लिए अलग से प्लग लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।
कीमत
इंडोनेशिया में अपडेटेड इनोवा जेनिक्स के हाइब्रिड मॉडल की शुरुआती कीमत IDR 475.4 मिलियन यानी करीब 24.87 लाख रुपये है। वहीं, V Hybrid की कीमत करीब 27.05 लाख रुपये और V Hybrid Modellista की कीमत करीब 28.22 लाख रुपये है। इसके टॉप Q Hybrid CVT TSS Modellista वेरिएंट की कीमत IDR 618.4 मिलियन यानी करीब 32.35 लाख रुपये है। हालांकि, ये इंडोनेशिया की कीमतें हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, टोयोटा 26 नवंबर को इनोवा हायक्रॉस के फेसलिफ्ट मॉडल से पर्दा उठा सकती है।

