कोटा। जिले में लिंग परिवर्तन का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक महिला शारीरिक शिक्षक ने अपना लिंग परिवर्तन कराया है। अब उनकी पहचान महिला शिक्षिका के बजाय पुरुष शिक्षक के रूप में होगी। शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने भी इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
दरअसल, महिला शारीरिक शिक्षक मंदोदरी चौधरी ने नियमों के तहत अपना लिंग परिवर्तन कराने के लिए आवेदन किया था। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें इसकी अनुमति मिल गई। इसके बाद अब मंदोदरी चौधरी की पहचान रुद्र जाट के नाम से होगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने बताया कि मंदोदरी चौधरी से रुद्र जाट बने शारीरिक शिक्षक की पोस्टिंग कोटा के नांता इलाके में स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय में है। आवेदन मिलने के बाद मंदोदरी चौधरी ने लिंग परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके बाद शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर उन्हें रुद्र जाट के नाम से पहचान देने की अनुमति दी।
यह आदेश राजस्थान सेवा नियम, 1991 के नियम 8ए के अंतर्गत राजकीय निर्णय संख्या 5 में किए गए प्रावधानों के अनुसार जारी किया गया है। अब स्कूल के विद्यार्थी भी उन्हें मैडम की जगह सर कहकर संबोधित करेंगे। वहीं, कोटा शिक्षा विभाग के सीबीईओ महिला अधिकारी नवीन अरोड़ा ने बताया कि शिक्षा विभाग में इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है।
मंदोदरी चौधरी से रुद्र जाट बने शारीरिक शिक्षक का जन्म 25 फरवरी 1997 को हुआ था। उन्हें बचपन से ही खेलों में काफी रुचि थी। इसी वजह से उन्होंने शारीरिक शिक्षक बनने की पढ़ाई की। रुद्र वर्ष 2019 से सरकारी नौकरी में हैं।
रुद्र को पहचानने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें लड़कों की तरह रहना पसंद था। कई बार लोग उन्हें लड़का समझ लेते थे। हालांकि, किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वह वास्तव में अपना लिंग परिवर्तन कराकर पुरुष के रूप में पहचान स्थापित करेंगे।

