एक शाम शहीदों के नाम आज, गायक सुरेश वाडकर देशभक्ति गीतों से सजाएंगे मंच

0
17

कोटा। Kota dussehra: ‘राष्ट्रीय मेला दशहरा 2026’ के तहत् शनिवार को सायं 8:30 बजे विजयश्री रंगमंच पर ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि सुरमई शाम को देश के सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक पद्मश्री सुरेश वाडकर अपनी सुरीली आवाज और देशभक्ति से लबरेज गीतों की प्रस्तुतियों से यादगार बनाएंगे।

ख्यातनाम पार्श्वगायक सुरेश वाडकर भारतीय संगीत उद्योग का एक ऐसा नाम हैं, जिन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा के साथ-साथ भोजपुरी, कोंकणी और ओडिया भाषाओं में अपनी गायकी का जादू बिखेरा है।

संगीत के क्षेत्र में उनके अप्रतिम योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा वर्ष 2020 में उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म श्री’ से नवाजा गया था। इसके अलावा, उन्हें वर्ष 2018 में सुगम संगीत के लिए ‘संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार’ तथा वर्ष 2011 में सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक के ‘राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

​’मेघा रे मेघा’ (प्यासा सावन), ‘मेरी किस्मत में तू नहीं शायद’ (प्रेम रोग) और ‘सीने में जलन’ जैसे कालजयी गीतों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले सुरेश वाडकर दशहरा मेले के मंच से देश के अमर शहीदों को अपनी संगीतमय स्वरांजलि अर्पित करेंगे।

मलखंभ का रोमांच आज

राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला परवान चढ़ रहा है। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि शनिवार को शाम 7 बजे विजयश्री रंगमंच पर मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस अनोखे पारंपरिक खेल में भाग लेने वाले प्रतिभावान खिलाड़ी लकड़ी के खंभे के सहारे हवा में कलाबाजी दिखाते हुए कईं प्रकार की अद्भुत और साहसिक योग क्रियाओं का सजीव प्रदर्शन करेंगे।