ऊर्जा मंत्री नागर का सांगोद दौरा: कल देंगे 49 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

0
33

चुनाव जीत पर निकली आभार यात्रा, आदर्श नगर पालिका बनाने का किया संकल्प

कोटा। सांगोद नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के उपलक्ष्य में मंगलवार को शहर में भव्य विजय आभार यात्रा निकाली गई। जिसमें राजस्थान सरकार के ऊर्जा विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने मुख्य रूप से भाग लिया।

गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ नगर पालिका भवन से शुरू होकर गांधी चौराहा होते हुए गायत्री चौराहे तक पहुंची इस यात्रा में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा व आतिशबाजी कर ऊर्जा मंत्री, नवनिर्वाचित चेयरमैन चंद्र प्रकाश सोनी, डिप्टी चेयरमैन महेंद्र शर्मा, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा, चुनाव प्रभारी ललित शर्मा और पार्षदों का भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर मंत्री नागर ने ऐतिहासिक जनादेश के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब केंद्र, राज्य और स्थानीय स्तर पर भाजपा का प्रतिनिधित्व होने से सांगोद ‘ट्रिपल इंजन’ की गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा और इसे एक ‘आदर्श नगर पालिका’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

​49 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास कल
अपने तय कार्यक्रम के अनुसार, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर बुधवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विस्तृत प्रवास पर रहेंगे और क्षेत्रवासियों को बुनियादी ढांचे व जनसुविधाओं से जुड़ी बड़ी सौगातें देंगे। मंत्री नागर बुधवार अपराह्न 1:30 बजे पंचायत समिति परिसर, सांगोद में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर कुल 49 करोड़ 71 लाख 69 हजार रुपये की लागत के विभिन्न ग्रामीण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल अति विशिष्ट अतिथि, पंचायत समिति प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं अध्यक्ष तथा उपप्रधान ओम नागर अडूसा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसमें ग्राम पंचायत, जिला परिषद, मनरेगा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के तहत अनेक सड़कों, पुलियाओं व बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा।

खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
बुधवार को अपने प्रवास की शुरुआत ऊर्जा मंत्री प्रातः 11 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कनवास से करेंगे, जहाँ वे 17वीं जिला स्तरीय खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगे। इसके बाद वे गायत्री चौराहा, सांगोद में व्यावसायिक प्रतिष्ठान के शुभारंभ तथा पंचायत समिति परिसर में भारत माता राजीविका महिला सर्वांगीण विकास सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा में भाग लेंगे। दौरे के अंतिम चरण में मंत्री नागर सांगोद नगर में आयोजित श्री गणेश जी की महाआरती में सम्मिलित होंगे तथा रात्रि में ग्राम लसेड़िया कलां पहुँचकर भव्य श्री रामलीला महोत्सव-2026 के आयोजन में शिरकत करेंगे।