नई दिल्ली। Forex Reserve: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 30 अक्टूबर को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.691 अरब डॉलर घटकर 717.056 अरब डॉलर रह गया।
इससे पिछले हफ्ते भी इसमें 1.269 अरब डॉलर की कमी आई थी और यह 719.748 अरब डॉलर पर आ गया था। विदेशी मुद्रा भंडार में यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब सितंबर की शुरुआत में यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था।
RBI के मुताबिक, 4 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। उस दौरान विदेशों में रहने वाले भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती स्वैप सुविधा के तहत बैंकों ने रिकॉर्ड 133 अरब डॉलर जुटाए थे।
हालांकि, इसके बाद से विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार कमी आ रही है। जानकारों के मुताबिक, इसकी एक बड़ी वजह FCNR(B) के तहत जुटाए गए संसाधनों का इस्तेमाल है। इसके अलावा रुपये को सहारा देने के लिए RBI की ओर से डॉलर की बिक्री भी भंडार घटने की वजह मानी जा रही है।
सोने और विदेशी मुद्रा एसेट्स में भी गिरावट
30 अक्टूबर को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा एसेट्स 2.088 अरब डॉलर घटकर 591.118 अरब डॉलर रह गए। इसी दौरान सोने के भंडार की वैल्यू 55.9 करोड़ डॉलर घटकर 102.591 अरब डॉलर रह गई। स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) में भी 4.7 करोड़ डॉलर की कमी आई और यह 18.558 अरब डॉलर पर आ गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत की रिजर्व पोजिशन 30 लाख डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर हो गई।

