मुनि विवर्धन सागर ने ध्यान तेरस पर बताए धर्म और पुरुषार्थ के महत्व

0
19

कोटा। कुन्हाड़ी स्थित ऋद्धि-सिद्धि नगर के चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में शुक्रवार को आयोजित धर्मसभा में गणधर मुनि विवर्धन सागर महाराज ने भगवान महावीर स्वामी के जीवन प्रसंगों के माध्यम से वीतरागता, संयम और नियमों के दृढ़ पालन का महत्व समझाया।

उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर को भगवान महावीर स्वामी का 2553वां निर्वाण कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। महापुरुषों का जीवन हमें धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुनिश्री ने बताया कि भगवान महावीर स्वामी पूर्व पर्याय में पुरुरवा भील थे। जंगल में एक बार उन्हें सागरसेन मुनिराज के दर्शन हुए। मुनिराज के उपदेश और आशीर्वाद से उन्होंने कौवे का मांस सेवन नहीं करने का आजीवन नियम लिया।

कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने संकल्प को नहीं तोड़ा। इसी दृढ़ता के फलस्वरूप मृत्यु के बाद वे सौधर्म स्वर्ग में देव बने। उन्होंने कहा कि जीवन में कैसी भी परिस्थिति आए, धर्म के लिए लिए गए नियमों का पालन दृढ़ता से करना चाहिए।

उन्होंने भरत चक्रवर्ती के पुत्र मरीचि का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि अहंकार के कारण व्यक्ति मोक्षमार्ग से भी विचलित हो सकता है। इसलिए सदैव सम्यक भावना के साथ मोक्षमार्ग पर चलने का पुरुषार्थ करते रहना चाहिए। देव, शास्त्र और गुरु की शरण ही जीवन का उत्तम मंगल है। जो भगवान के चरणों का आश्रय लेते हैं, वे संसार रूपी भवसागर से पार उतरने का मार्ग प्राप्त करते हैं।

मुनिश्री ने बताया कि आज ध्यान तेरस है। इसी दिन भगवान महावीर स्वामी ने ध्यान प्रारंभ कर योग निरोध किया था। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, ध्यान और परोपकार के मार्ग पर आगे बढ़ने तथा किमिच्छक दान की परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया।

मंदिर अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि धर्मसभा में टीकम पाटनी, रामबाबू जैन, अशोक पापड़ीवाल, जयकुमार हरसौरा, निर्मल काला, जम्बू बज, संदीप बंसल, जम्बू हरसौरा एवं सुरेंद्र पहाड़िया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।