ईरान 7 दिन में होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को तैयार, जानिए क्या है उसकी शर्त

0
24

तेहरान। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका सैन्य दबाव कम करे और बंदरगाहों की नाकेबंदी हटा ले तो वह सात दिनों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल सकता है। इसे ईरान की ओर से अब तक का सबसे आसान प्रस्ताव माना जा रहा है।

इस बीच ईरान की मिलिट्री सेंट्रल कमांड ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि अमेरिका क्षेत्रीय देशों के समर्थन से मिलिट्री ऑपरेशन फिर से शुरू करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा होने पर तेहरान “बिना किसी सीमा या लिहाज के” जवाबी कार्रवाई करेगा।

ईरान के सीनियर अधिकारी ने कहा, “अमेरिका को यह घोषणा करनी होगी कि वह इस मुद्दे को कूटनीतिक तरीके से सुलझाना चाहता है, इसे आधिकारिक बनाना होगा और फिर इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक समय-सीमा पर सहमत होना होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में ईरान का प्रतिनिधिमंडल न्यूयॉर्क में है और उसे अमेरिका के साथ कूटनीति को फिर से शुरू करने का पूरा अधिकार है।

अधिकारी ने बताया कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, जो मंगलवार सुबह तेहरान से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुए, न्यूयॉर्क में UN मुख्यालय में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात नहीं करेंगे। ईरानी अधिकारी ने कहा कि वाशिंगटन के साथ दुश्मनी खत्म करने के समझौते के विवरण पर न्यूयॉर्क में मध्यस्थों के जरिए चर्चा की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि तेहरान का प्रस्ताव 16 सितंबर को मध्यस्थों के जरिए अमेरिका को भेजा गया था। अधिकारी ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र महासभा अमेरिका के लिए कूटनीति की ओर लौटने का एक सुनहरा मौका है।” उन्होंने कहा कि अगर वाशिंगटन ठोस कदम उठाता है, तो तेहरान कूटनीति को फिर से शुरू करने का स्वागत करेगा।

ईरान से मुलाकात को अमेरिका तैयार
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान ईरान के साथ सार्थक मुलाकात करने को अमेरिका तैयार है। एबीसी न्यूज के कार्यक्रम ‘टुडे शो’ में रूबियो ने कहा, “हम इसके लिए तैयार हैं। मुझे नहीं लगता कि अभी कोई बैठक तय हुई है, लेकिन हम निश्चित रूप से ऐसी किसी चीज़ के लिए तैयार हैं, खासकर अगर इससे कुछ सकारात्मक नतीजा निकलने की उम्मीद हो और आखिरकार उस लक्ष्य को हासिल किया जा सके जिसके लिए यह सब हो रहा है।”