‘हनुमान अंश’ के प्रसंगों ने बांधा दर्शकों को, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा टॉकीज

0
13

पीएम मोदी के जन्मदिन पर राजेश बिरला ने कराई ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग

कोटा। रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट चेयरमैन एवं नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला की पहल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर टॉकीज में ‘हनुमान अंश’ फिल्म का विशेष प्रदर्शन किया गया। फिल्म बच्चों, वृद्धजनों और आमजन सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े 400 से अधिक लोगों को दिखाई गई।

फिल्म के दौरान भगवान श्रीराम और हनुमानजी की भक्ति, समर्पण और आदर्शों को दर्शाने वाले कई प्रसंगों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। प्रभु हनुमानजी के प्रति अटूट आस्था, सेवा और समर्पण के दृश्यों पर दर्शकों ने जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारे लगाए।

राजेश बिरला ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित फिल्मों का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इनके माध्यम से बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कारों तथा सनातन परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है। ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से भी सनातन संस्कृति के प्रति आस्था और भक्ति का भाव जागृत होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘हनुमान अंश’ फिल्म का विशेष प्रदर्शन किया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित होकर राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश आज भी प्रासंगिक है। भगवान श्रीराम के आदर्श और हनुमानजी की निष्ठा और समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने में ऐसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक फिल्में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।