यात्री सुविधाओं और रेल विकास कार्यों को गति दी जाए: महाप्रबंधक

0
4

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की प्रगति देखी, यूबीए कवच का भी लिया जायजा

कोटा। कोटा मंडल के दो दिवसीय निरीक्षण के दूसरे दिन पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने कोटा–विक्रमगढ़ आलोट सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में आने वाले स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के साथ सुरक्षा मानकों का पूरा पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने रामगंज मंडी, भवानी मंडी, सुवासरा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन मास्टर परिचालन कक्ष, टिकट बुकिंग कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया, पोर्च, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और फुट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति के साथ भविष्य में तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण की संभावनाओं के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली।

विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर मंदसौर के सांसद सुधीर कुमार गुप्ता और विधायक हरदीप सिंह डंग से महाप्रबंधक ने मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र से संबंधित रेल सुविधाओं और विकास कार्यों पर चर्चा हुई।

जनप्रतिनिधियों ने नई ट्रेनों की सुविधा, ट्रेनों के ठहराव, नए स्टेशन भवन, रोड ओवर ब्रिज (ROB), फुट ओवर ब्रिज (FOB) सहित विभिन्न रेल परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े विषय महाप्रबंधक के समक्ष रखे।

महाप्रबंधक ने विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के यार्ड में मोटराइज्ड क्रॉसओवर प्वाइंट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इसके संचालन, विफलता और रखरखाव से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मालगाड़ी में यूबीए कवच तकनीक का निरीक्षण
वापसी के दौरान रामगंज मंडी से रावठा रोड स्टेशन के बीच महाप्रबंधक ने मालगाड़ी में यूबीए कवच तकनीक का निरीक्षण किया। उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली और परिचालन में उपयोगिता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास, पुनर्विकास और यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों को गति के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाओं और आधुनिक तकनीक का लाभ जल्द मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा, अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल, मुख्य परियोजना प्रबंधक सौरभ मिश्रा सहित सभी शाखाधिकारी एवं संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।