सुल्तानपुर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से होगा सुव्यवस्थित विकास: बिरला

0
5

नगर पालिका क्षेत्र में करीब 14.62 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को सुल्तानपुर कृषि उपज मंडी में रक्षाबंधन तथा विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह में क्षेत्रवासियों को संबोधित किया। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही जनसेवा के लिए नई ऊर्जा देता है।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सुल्तानपुर पंचायत समिति क्षेत्र में करीब 1400 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं और आने वाले समय में विकास की यह गति और तेज की जाएगी। इस अवसर पर बिरला ने नगर पालिका क्षेत्र के करीब 14.62 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

पांच साल में चार गुना विकास का लक्ष्य
बिरला ने कहा कि सुल्तानपुर क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी, पुलिया, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। खरीफ के मौसम में पहली बार नहरों से पानी छोड़ा गया, जबकि पहले किसानों को रबी के मौसम में ही नहर का पानी मिल पाता था। गांधी सागर और राणा प्रताप सागर में पानी की कमी के बावजूद किसानों की जरूरत को देखते हुए मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकारों के साथ समन्वय कर नहरों में पानी छोड़ा गया, ताकि फसलों को नुकसान न हो।

उन्होंने कहा कि नोनेरा बांध से सिंचाई के साथ पेयजल उपलब्ध कराने का काम भी शुरू हो चुका है। आने वाले समय में कोटा-बून्दी के करीब 750 गांवों में घर-घर नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा।

हर वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य
बिरला ने कहा कि सुल्तानपुर नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और गली में सीसी रोड, नालियां, रोड लाइट, पेयजल और सामुदायिक भवन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि आमजन की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना विकास की पहली प्राथमिकता है। बाईपास का काम भी एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र में अनुकूल सरकार होने से विकास के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में भी मदद मिलेगी।

बेटियों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी
बिरला ने कहा कि सुल्तानपुर में जल्द डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जाएगी, जहां देश-दुनिया की ऑनलाइन कोचिंग और अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। बेटियों के लिए सुरक्षित और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर सुल्तानपुर आईटीआई में भी कोचिंग सेंटर और डिजिटल लाइब्रेरी के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। आने वाले समय में हर ग्राम पंचायत के उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने का लक्ष्य है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर , निवर्तमान प्रधान कृष्णा शर्मा, पालिका चेयरमेन हमेलता शर्मा, भाजपा नेता प्रहलाद पंवार, प्रभारी लोकेंद्र सिंह राजावत, सतपाल मान, संतोष खण्डेलवाल, महेन्द्र शर्मा, नरेन्द्र चौहान, आशा त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।