नई दिल्ली। Stock Market Closed: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को शुरुआती कमजोरी के बाद शानदार रिकवरी देखने को मिली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बाजार ने पिछले 4 सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। मेटल, फार्मा, आईटी और कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, रुपये की कमजोरी और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशकों की चिंताएं पूरी तरह खत्म नहीं हुईं।
कारोबार के अंत में BSE सेंसेक्स 482.92 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,606.75 पर बंद हुआ। वहीं, NSE निफ्टी 50 में 153.20 अंकों यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और यह 22,753.20 के स्तर पर बंद हुआ। दिन की शुरुआत कमजोर रहने के बावजूद दोनों प्रमुख सूचकांकों ने कारोबार के दौरान हुए नुकसान की भरपाई की और दिन के उच्च स्तर के करीब क्लोजिंग दी।
सुबह 9:15 बजे बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 73000 के नीचे खुला। यह पिछले बंद के मुकाबले 133 अंक नीचे 72990 पर ओपन हुआ। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 75 अंकों के नुकसान के साथ 22524 के लेवल से कारोबार की शुरुआत की।

