विजेताओं को दीपावली मिलन समारोह में किया जाएगा सम्मानित
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की साधारण सभा की बैठक सोमवार को छावनी स्थित एक होटल में संपन्न हुई। बैठक में कोटा शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ-साथ हाड़ौती के पर्यटन विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि दीपावली केअवसर पर शहर के बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा होटल एवं रिसोर्ट में आकर्षक सजावट और स्वच्छता को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत शहर के विभिन्न बाजारों में आकर्षक सजावट और स्वच्छता के आधार पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बाजारों की व्यापारिक संस्थाओं का चयन किया जाएगा। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बाजारों के व्यापार संघो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार शहर के व्यक्तिगत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा शहर के होटल एवं रिसोर्ट के लिए भी आकर्षक सजावट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा तीन होटल-रिसोर्ट का चयन कर उन्हें प्रथम द्वितीय तृतीय प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
सभी विजेताओं को होटल फेडरेशन द्वारा आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। माहेश्वरी ने बताया कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस प्रतियोगिता को प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य कोटा शहर को स्वच्छ, सुंदर, अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित पार्किंग सुविधाओं से युक्त एवं हरियाली से परिपूर्ण बनाना है।
होटल फेडरेशन ने यह भी घोषणा की कि जो बाजार एवं व्यापारिक संघ वर्षभर अपने क्षेत्रों में स्वच्छता, सुंदरता, व्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था एवं हरियाली बनाए रखेंगे, उन्हें दीपावली पर आयोजित सजावट प्रतियोगिता में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इससे शहर में स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित बाजारों की संस्कृति को निरंतर प्रोत्साहन मिलेगा।
बैठक में हाड़ौती के पर्यटन विकास को गति देने के लिए देश-विदेश में आयोजित ट्रेवल मार्ट में सक्रिय भागीदारी निभाने की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया। फेडरेशन का उद्देश्य हाड़ौती के ऐतिहासिक, धार्मिक, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
माहेश्वरी ने बताया कि पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, प्रचार सामग्री एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का उपयोग किया जाएगा, ताकि देश-विदेश के पर्यटकों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि हाल ही में जयपुर में आयोजित राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट तथा कोटा में आयोजित टेंट एक्सपो के दौरान होटल फेडरेशन ने विशेष पांडाल लगाकर हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया था।
इसके साथ ही फेम टूर के माध्यम से विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटरों को हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों से परिचित करवाने की पहल भी की गई आगामी समय में वेडिंग प्लानर्स एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी फेम टूर के माध्यम से कोटा आमंत्रित कर यहां के पर्यटन स्थलों, होटल एवं रिसोर्ट का भ्रमण करवाने की योजना बनाई गई है।
इससे हाड़ौती को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। बैठक में आगामी पर्यटन आयोजनों में भागीदारी को लेकर भी चर्चा की गई।
इसके अंतर्गत 3 से 5 नवंबर तक लंदन में वर्ल्ड ट्रेवल मार्ट, 26 से 28 नवंबर तक पुणे में इंटरनेशनल इंडियन ट्रेवल मार्ट तथा 3 से 5 दिसंबर तक हैदराबाद में होने वाले इंटरनेशनल इंडियन ट्रेवल मार्ट में भागीदारी निभाने के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान किया गया।
सजावट प्रतियोगिता के लिए चयन समिति गठित
फेडरेशन का प्रयास है कि इन आयोजनों के माध्यम से हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को व्यापक प्रचार-प्रसार मिले, अधिक से अधिक टूर ऑपरेटर एवं पर्यटन व्यवसायी इस क्षेत्र से जुड़ें तथा कोटा एवं हाड़ौती में पर्यटकों की आवक बढ़े। बैठक में दीपावली सजावट प्रतियोगिता के लिए चयन समिति का भी गठन किया गया।
बैठक में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, उपाध्यक्ष अलौकिक जैन, सचिव कौशल बंसल, एडवाइजर बोर्ड के सदस्य निखिलेश सेठी, अनिल मुंदड़ा, गणपत लाल शर्मा, कपिल सिद्धार्थ तथा सदस्य अरुण चतुर्वेदी, आकाशदीप आर्य, पवन मूंदड़ा, विजय माहेश्वरी एवं रौनक श्रृंगी सहित अनेक होटल एवं रिसोर्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।

