कैट वुमन विंग की महिला उद्यमियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
नई दिल्ली/ कोटा। कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारी बैठक शनिवार को नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। देश के विभिन्न राज्यों से आए 200 से अधिक वरिष्ठ व्यापारी नेताओं, उद्योग प्रतिनिधियों एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में सहभागिता की।
बैठक में व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े समसामयिक विषयों, व्यापारियों के हितों, आर्थिक चुनौतियों, डिजिटल व्यापार, एमएसएमई सशक्तिकरण तथा देश के आर्थिक विकास में व्यापार समुदाय की भूमिका पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
साथ ही 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 की तैयारियों एवं उसके सफल आयोजन की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान को देशव्यापी जनआंदोलन के रूप में सफल बनाने का रहा।
बैठक से देशभर के व्यापारियों, बाजार संघों एवं व्यापारिक संगठनों से आह्वान किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर, दुकान, प्रतिष्ठान एवं बाजार राष्ट्रध्वज से सुसज्जित हो तथा राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि देशभर के प्रमुख बाजारों एवं व्यापारिक केंद्रों में विशाल तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक झांकियां, राष्ट्रगान, युवा एवं महिला सहभागिता तथा सामाजिक संगठनों का सहयोग भी शामिल रहेगा।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों, मॉल्स, व्यावसायिक परिसरों एवं बाजारों को तिरंगे की रंगत से सजाया जाएगा ताकि स्वतंत्रता दिवस का उत्साह प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। कैट की सभी राज्य, जिला एवं स्थानीय इकाइयों को इस अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सम्मेलन में यह भी निर्णय लिया गया कि भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 को देश की आजादी के अमृत भाव से जोड़ा जाएगा। भारत मंडपम परिसर को तिरंगे की थीम पर सजाया जाएगा तथा आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल की अवधारणाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
महोत्सव में देशभर के उद्योगपति, व्यापारी, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमी, एमएसएमई इकाइयां, निर्यातक और विदेशी व्यापार प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस अवसर पर सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक व्यापारी की श्रद्धा, सम्मान और कर्तव्य की भावना का प्रतीक है।
देश का व्यापारी समाज सदैव राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और इस अभियान के माध्यम से वह पुनः अपनी राष्ट्रीय प्रतिबद्धता का परिचय देगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित देश के सभी प्रमुख बाजारों में तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विशेष आयोजन स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 भारत में निर्मित उत्पादों, सेवाओं, नवाचारों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई, हस्तशिल्प, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्नोलॉजी तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का देश का सबसे बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार आयोजन होगा।
यह महोत्सव भारत को वैश्विक व्यापारिक शक्ति के रूप में स्थापित करने, निर्यात बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और नए व्यापारिक अवसरों के सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक में भाग लेने वाली कैट वुमन विंग कोटा की जिलाध्यक्ष नीलम विजय ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास में महिलाओं की भूमिका निरंतर बढ़ रही है।
उन्होंने महिला उद्यमियों, महिला व्यापारियों एवं स्व-रोजगार से जुड़ी महिलाओं से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति की सहभागिता से यह अभियान और अधिक प्रभावी तथा प्रेरणादायी बनेगा।
नीलम विजय ने बताया कि कैट वुमन विंग कोटा द्वारा भी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रम, तिरंगा वितरण अभियान, महिला व्यापारियों की सहभागिता बैठकें एवं राष्ट्रभक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहन मिले।
अंत में प्रवीन खंडेलवाल ने देश के सभी व्यापारिक संगठनों, बाजार संघों, महिला उद्यमियों एवं व्यापारियों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

