कोटा। Changes set in 2026: राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (सेट-2026) के आयोजन की जिम्मेदारी इस वर्ष कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है।
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के लिए आयोजित की जाने वाली SET 2026 की तिथि में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। सीटेट परीक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सेट-2026 अब पूर्व निर्धारित 6 सितंबर के स्थान पर 13 सितंबर 2026 को कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें –कॉलेज में सहायक प्रोफेसर बनने की राह खुली
दो और विषय जोड़े
इस वर्ष राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) में जनसंचार एवं पत्रकारिता तथा संस्कृत (पारंपरिक) विषयों को पहली बार शामिल किया गया है। इसके साथ ही कोटा विश्वविद्यालय अब कुल 37 विषयों में परीक्षा आयोजित करेगा।
लेटेस्ट अपडेट देखने के लिए यूनिवर्सिटी के इस लिंक पर क्लिक करें
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि यह निर्णय यूजीसी-नेट के विषयों के अनुरूप लिया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को इन दोनों विषयों को शामिल किए जाने के लिए अनेक आवेदन एवं मांग-पत्र प्राप्त हो रहे थे।
विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन विषयों को जोड़ा गया है, जिससे प्रदेशभर के अभ्यर्थियों को अधिक विषयों में पात्रता परीक्षा देने का अवसर मिलेगा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे।
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
परीक्षा के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से लिए जाएंगे। जिसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं है। अभ्यर्थी कोटा विश्वविद्यालय की वेबसाइट तथा एसएसओ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क सामान्य एवं ओबीसी क्रीमीलेयर वर्ग के लिए 1500 रुपये, ओबीसी नॉन-क्रीमीलेयर एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 1200 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग वर्ग के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है।
परीक्षा पद्धति
सेट-2026 का आयोजन यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) पद्धति से किया जाएगा। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में शिक्षण एवं शोध अभिक्षमता, तार्किक क्षमता तथा सामान्य बौद्धिक दक्षता से संबंधित 50 प्रश्न होंगे, जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र में अभ्यर्थी द्वारा चयनित विषय से संबंधित 100 प्रश्न शामिल होंगे। दोनों प्रश्नपत्रों के लिए कुल 300 अंक निर्धारित किए गए हैं तथा परीक्षा अवधि तीन घंटे होगी। परीक्षा में किसी प्रकार का नकारात्मक अंकन नहीं किया जाएगा और प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक प्रदान किए जाएंगे।

