Forex Reserves : भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 672 अरब डॉलर के पार पहुंचा

0
2

मुंबई। Foreign exchange reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign exchange reserves) में एक बार फिर से बढ़ोतरी दिखी है। यूं तो बीते सप्ताह देश के फॉरेन करेंसी एसेट या एफसीए भंडार (FCA Reserves) में तीन अरब डॉलर से ज्यादा की गिरावट हुई है।

लेकिन इसी सप्ताह सोने की वैल्यू में चार अरब डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी होने से कुल मिला कर विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ गया है। इससे सप्ताह पहले अपने विदेशी मुद्रा भंडार में करीब 10 अरब डॉलर की गिरावट हुई थी।

भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 19 जून 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $963 million की बढ़ोतरी हुई है।

इससे एक सप्ताह पहले इसमें $9.985 Billion की कमी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर $672.587 billion का हो गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार $728.494 billion के ऑल टाइम हाई पर था।

FCA भंडार में भारी कमी
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 19 जून 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $3.072 Billion की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $846 million की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार घट कर $541.217 billion का रह गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी
आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम काफी बढ़े हैं। इससे रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $4.110 Billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $10.754 billion की भारी गिरावट हुई थी। अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू बढ़ कर $107.930 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।

एसडीआर में मामूली गिरावट
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) मामूली 52 मिलियन डॉलर की गिरावट हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें 66 मिलियन डॉलर की गिरावट हुई थी। इस समय अपना कुल एसडीआर $18.647 Billion का है। इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में भी 22 मिलियन डॉलर की कमी हुई है। इसमें एक सप्ताह पहले भी 11 मिलियन डॉलर की कमी दर्ज की गई थी। इस समय अपना आईएमएफ रिजर्व $4.793 billion का है।