बिटकॉइन की कीमत में 8 महीने की सबसे बड़ी गिरावट, निवेशक निकाल रहे पैसा

0
16

नई दिल्ली। Bitcoin Crash: दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार 60,000 डॉलर के स्तर से नीचे गिर गया। इसके साथ ही बिटकॉइन में जारी गिरावट और तेज हो गई है। अक्टूबर में 1.26 लाख डॉलर से अधिक के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद से यानी 8 महीने में यह अपनी कीमत का आधे से ज्यादा हिस्सा गंवा चुका है।

शनिवार सुबह बिटकॉइन में करीब 7 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई और इसकी कीमत 59,101 डॉलर तक पहुंच गई। बाद में यह 59,743.21 डॉलर के आसपास कारोबार करता देखा गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, बिटकॉइन पर दबाव का एक बड़ा कारण तरलता में बदलाव है, खासकर संस्थागत निवेशकों की ओर से निवेश कम किया जाना।

कहां निवेश कर रहे लोग
निवेशकों की पूंजी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रक्षा, ऊर्जा और बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों की ओर बढ़ रही है, जिससे क्रिप्टोकरेंसी बाजार से पूंजी निकल रही है। विश्लेषकों का कहना है कि सोने और एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बढ़ती दिलचस्पी ने भी क्रिप्टोकरेंसी की मांग को प्रभावित किया है। इसके अलावा, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं को लेकर निवेशकों के बदले हुए नजरिए का भी क्रिप्टो बाजार पर असर पड़ा है।

ट्रंप के चुनाव जीतने के बाद आई थी तेजी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा चुनाव जीतने के बाद बिटकॉइन निवेशकों की पहली पसंद बन गया था और इसकी कीमत रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। हालांकि, अब वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, संस्थागत निवेश में कमी और बदलती निवेश प्राथमिकताओं के कारण इस प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में लगातार दबाव देखने को मिल रहा है।