राजस्थान पर्यटन मंडप में गड़रिया महादेव एवं आमेर महल की शानदार ब्रांडिंग
कोटा। विश्व के सबसे बड़े एवं प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों में शामिल वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट लंदन 2026 में राजस्थान के पर्यटन वैभव के साथ अब हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बन रही है।
लंदन के एक्सेल पवेलियन में 3 से 5 नवंबर तक आयोजित इस आयोजन में राजस्थान पर्यटन मंडप का भव्य उद्घाटन किया गया है। इस मंडप के माध्यम से राजस्थान एवं हाड़ोती की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, शाही वैभव, ऐतिहासिक धरोहरों एवं आधुनिक पर्यटन की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 180 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों एवं 4,000 से अधिक एक्जीबिटर्स की भागीदारी है।
राजस्थान पर्यटन मंडप में जयपुर के विश्व प्रसिद्ध आमेर महल के साथ हाड़ौती के विश्व प्रसिद्ध गड़रिया महादेव को भी प्रमुखता से शोकेस किया गया है। यह हाड़ौती के पर्यटन के लिए गौरव एवं उपलब्धि का विषय है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान पर्यटन मंडप को ‘न्यू एज राजस्थान’ की थीम पर तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत राजस्थान को केवल ऐतिहासिक किलों एवं महलों तक सीमित न रखते हुए आधुनिक लग्जरी पर्यटन, डेस्टिनेशन वेडिंग, एडवेंचर टूरिज्म, वाइल्डलाइफ एवं वेलनेस टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस आयोजन में फेडरेशन ऑफ राजस्थान एवं कोटा डिवीजन भागीदारी निभा रही हैं। माहेश्वरी एवं पाडिया ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा पहली बार हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर विशेष रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
डॉक्यूमेंट्री फिल्मों, आकर्षक चित्रों एवं डिजिटल प्रस्तुतियों के माध्यम से हाड़ौती की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर एवं पर्यटन की विविध संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसमें प्रमुख रूप से चंबल रिवर फ्रंट, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी, कोटा का सिटी पार्क, गढ़ पैलेस, तारागढ़ दुर्ग, गागरोन का ऐतिहासिक किला, रामगढ़ क्रेटर, रामगढ़ विषधारी अभयारण्य, कोलवी की गुफाएं एवं हाड़ौती की अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
विशेष रूप से मुकुंदरा हिल्स एवं चंबल रिवर फ्रंट के अंतर्गत चंबल नदी के खूबसूरत घुमावदार हॉर्सशू बेंड (Horseshoe Bend) के मनमोहक दृश्यों को प्रदर्शित किया गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को हाड़ौती की प्राकृतिक सुंदरता और इको-टूरिज्म की संभावनाओं से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।
माहेश्वरी ने कहा कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन का यह पहला विशेष प्रयास है, जिसके माध्यम से हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में सीधे प्रचारित किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लंदन के इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में हाड़ौती की प्रभावी ब्रांडिंग से कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। इससे आने वाले समय में विदेशी पर्यटकों की आवक बढ़ेगी तथा होटल, रेस्टोरेंट, ट्रैवल एजेंसी, गाइड एवं स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर विकसित होंगे।

