नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने अपने इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर सेगमेंट की एंट्री लेवल टियागो हैचबैक का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर दिया है। अब ये फेसलिफ्ट मॉडल की सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स के साथ आता है। कंपनी इस इलेक्ट्रिक हैचबैक पर अपनी दूसरी कारों की तरह लाइफटाइम बैटरी वारंटी दे रही है।
साथ ही, फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करेगी। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत सिर्फ 6.99 लाख रुपए रखी है। वहीं, इस कार को BaaS सर्विस के साथ भी खरीद पाएंगे।
इसके लिए कंपनी ने इसकी कीमत 4.69 लाख रुपए तय की है। यानी ग्राहकों को प्रति किलोमीटर 2.60 रुपए का खर्च आएगा। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला MG कॉमेट EV और सिट्रोन eC3 से होगा।
रेंज
टियागो EV दो बैटरी पैक ऑप्शन के दिए गए हैं, जिसमें 19.2kWh और 24kWh शामिल हैं। छोटे बैटरी वाले वर्जन से 62hp और 110Nm पावर मिलती है, जबकि बड़े बैटरी पैक से 75hp और 114Nm पावर मिलती है। 24kWh वाले वर्जन की दावा की गई MIDC रेंज अब 285km है, जो पहले 293km थी। वहीं 19.2kWh वाले वर्जन की दावा की गई रेंज थोड़ी बढ़कर 223km से 226km हो गई है।
कंपनी के मुताबिक, इसकी रियल-वर्ल्ड C75 रेंज क्रमशः 160 से 170km और 205 से 215km है। टाटा का कहना है कि टियागो EV अब 40% तेजी से चार्ज होती है। ये 18 मिनट में 100km की रेंज जोड़ देती है। यह DC फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है, जिससे 30kW DC फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके दोनों बैटरी को 35 मिनट में 10 से 80% तक चार्ज किया जा सकता है। स्टैंडर्ड तौर पर, टियागो EV में 3.3kW और 7.2kW AC चार्जिंग के ऑप्शन मिलते हैं।
अपडेटेड टियागो EV में चार-लेवल वाली रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और सिटी, स्पोर्ट ड्राइव मोड भी मिलते हैं। टाटा का दावा है कि 24kWh वाला वर्जन 5.7 सेकंड में 0-60kph की स्पीड पकड़ लेता है। टाटा मोटर्स 24kWh वाले वर्जन के हाई-वोल्टेज बैटरी पैक पर पहले रजिस्टर्ड ओनर्स को लाइफटाइम अनलिमिटेड किलोमीटर की वारंटी भी दे रही है। 19.2kWh वाले वर्जन पर पहले की तरह ही 8 साल/1.6 लाख km की बैटरी वारंटी मिलती रहेगी।
एक्सटीरियर
अपडेटेड टियागो EV के एक्सटीरियर की बात करें तो इसमें नया डिजाइन किया गया फ्रंट फेशिया मिलता है, जिसमें स्लीक LED हेडलैंप, आईब्रो जैसी नई LED DRLs और बॉडी कलर की बंद ग्रिल डिजाइन शामिल है। टाटा ने बम्पर को भी नए सिरे से डिजाइन किया है, जिसके किनारों पर नए फॉक्स एयर वेंट्स दिए गए हैं। साथ ही, कंट्रास्टिंग व्हील-आर्च क्लैडिंग के साथ नए 15-इंच के पहिए भी जोड़े हैं।
पीछे की तरफ, इस हैचबैक में अब कनेक्टेड LED टेल-लैंप और एक नया बम्पर मिलता है। इसके बाहरी हिस्से की अन्य खासियतों में डुअल-टोन ब्लैक रूफ, शार्क-फिन एंटीना और डोर के हैंडल पर क्रोम फिनिश शामिल हैं। टाट, टियागो EV को 6 कलर ऑप्शन में खरीद पाएंगे। इसमें देहरादून ड्यू, सोबो सर्ज, पैंगोंग पल्स, माथेरान मॉनसून, प्योर ग्रे और प्रिस्टीन व्हाइट शामिल हैं।
इंटीरियर
इंटीरियर की बात कें तो, टियागो EV में पूरी तरह से नया डिजाइन किया गया डुअल-टोन डैशबोर्ड मिलता है, जिसमें एक फ्री-स्टैंडिंग 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और एक सेमी-डिजिटल TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है जो ब्लूटूथ फंक्शनैलिटी को भी सपोर्ट करता है। कंपनी का कहना है कि उन्होंने टियागो EV के E&E आर्किटेक्चर को काफी अपग्रेड किया है, जिसमें ज्यादा प्रोसेसिंग पावर दी गई है, ताकि यह उन सभी नए फीचर्स को सपोर्ट कर सके जो इसमें दिए गए हैं।
इनमें 40 से ज्यादा फंक्शन वाली कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, नए रियर AC वेंट्स, कूल्ड ग्लवबॉक्स, ऑटो-फोल्ड ORVMs, हाइट-एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, 4 स्पीकर्स और एक नया रोटरी ड्राइव सेलेक्टर शामिल हैं। टियागो EV में नए डोर पैड्स, एक फ्रंट सेंटर आर्मरेस्ट, नई ग्रे फैब्रिक अपहोल्स्ट्री और एक नया डिजाइन किया गया सेंटर कंसोल भी मिलता है, जिसमें ग्लॉस ब्लैक फिनिश वाले दो वायरलेस चार्जिंग पैड्स दिए गए हैं।
सेफ्टी फीचर्स
अपडेटेड टियागो EV में अब स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग्स मिलते हैं, जिन्होंने पहले दिए जाने वाले डुअल-एयरबैग सेटअप की जगह ले ली है। अन्य सेफ्टी फीचर्स में ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ ESP, हिल होल्ड असिस्ट, TPMS, ब्रेकिंग द्वारा टॉर्क वेक्टरिंग और EBD के साथ ABS शामिल हैं। टियागो EV में कई व्यूइंग मोड्स वाला 360-डिग्री कैमरा और एक ब्लाइंड-व्यू मॉनिटर भी मिलता है। ऑटोमैटिक हेडलैंप्स, रेन-सेंसिंग वाइपर्स और फॉलो-मी-होम हेडलैंप्स भी इसमें दिए गए हैं।

