नई दिल्ली। CUET UG 2026: कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट-अंडरग्रेजुएट (CUET UG 2026) की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है।
एनटीए ने उन उम्मीदवारों के लिए संशोधित एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं, जिनकी परीक्षा हाल ही में स्थगित कर दी गई थी। जिन छात्रों की परीक्षा की तारीखों में बदलाव हुआ है, वे अब सीयूईटी के आधिकारिक पोर्टल cuet.nta.nic.in पर जाकर अपना नया हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं।
क्या है नया शेड्यूल
एनटीए ने 24 मई 2026 को एक नोटिस जारी किया था, जिसके तहत 28 मई 2026 को दोनों शिफ्टों में आयोजित होने वाली सीयूईटी यूजी परीक्षा को अचानक स्थगित कर दिया गया था। बोर्ड ने स्पष्ट किया था कि ईद-उल-अजहा (Bakrid) की त्योहार की तारीख में बदलाव होने के चलते इस परीक्षा को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया था।
अब संशोधित शेड्यूल के अनुसार, इस स्थगित परीक्षा को दो हिस्सों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होगा, जिसके एडमिट कार्ड आधिकारिक तौर पर लाइव कर दिए गए हैं। दूसरा चरण 6 जून या 7 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा।एनटीए के अनुसार, 6 और 7 जून को परीक्षा देने वाले छात्रों के एडमिट कार्ड भी जल्द ही पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
रिकॉर्ड तोड़ रजिस्ट्रेशन
सीयूईटी यूजी 2026 की परीक्षाएं इस महीने की शुरुआत में यानी 11 मई 2026 से देश भर के विभिन्न केंद्रों और विदेशी शहरों में शुरू हुई थीं, जो जून के पहले सप्ताह तक जारी रहेंगी। इस वर्ष इस परीक्षा के लिए कुल 15,68,866 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस परीक्षा में छात्रों को अधिकतम पांच विषयों को चुनने की छूट दी गई थी, जिसके कारण कुल 12,906 अलग-अलग विषय संयोजनों के लिए लगभग 67.5 लाख से अधिक टेस्ट सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
CUET UG 2026 Admit cards Direct Link
नया एडमिट कार्ड ऐसे करें डाउनलोड
- सबसे पहले एनटीए सीयूईटी की आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर एक्टिव लिंक “CUET UG 2026 Rescheduled Exam Admit Card” पर क्लिक करें।
- लॉगिन विंडो खुलने पर अपना एप्लीकेशन नंबर (Application Number) और पासवर्ड या जन्मतिथि दर्ज करें।
- सबमिट बटन पर क्लिक करते ही आपका नया एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट जरूर निकाल लें।

