सेंसेक्स 1200 अंक से अधिक लुढ़का, एक ही दिन में निवेशकों के 5 लाख करोड़ डूबे

0
7

नई दिल्ली। Stock Market Closed: घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को भारी गिरावट के चलते निवेशकों के एक ही दिन में करीब 5 लाख करोड़ रुपये डूब गए। बीएसई सेंसेक्स 1,272.07 (1.48%) अंकों की गिरावट के साथ 84,299.78 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 368.11 (1.41%) अंक फिसलकर 25,810.85 पर बंद हुआ।

सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान ऑटो और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में बड़ी बिकवाली दिखी। एनालिस्ट्स का मानना है कि शेयर बाजार में गिरावट की मुख्य वजह विदेशी निवेशकों की तरफ से की गई जमकर बिकवाली थी। आज FIIs ने शेयर बाजार में जमकर मुनाफावसूली की।

शुक्रवार को बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का मार्केट कैप 479.10 लाख करोड़ रुपये था। सोमवार को मार्केट बंद होने पर यह मार्केट कैप 474.32 लाख करोड़ रुपये रह गया। ऐसे में इसमें 4.78 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। यानी निवेशकों के करीब 5 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

इसके अलावा, आज अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल नीतिगत ब्याज दरों पर भाषण देंगे। मार्केट इन्वेस्टर्स की निगाहें आज देर रात उनके भाषण पर टिकीं हैं। साथ ही इस सप्ताह कई फेड अधिकारियों की टिप्पणियों पर भी मार्केट की नजर बनी रहेगी।

इसी हफ्ते अमेरिका में जॉब ओपनिंग, प्राइवेट भर्तियों की संख्या यानी रोजगार का डेटा और साथ ही साथ मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज पर ISM सर्वे आने वाले हैं। इसके अलावा, मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिम और जापान में येन इंट्रेस्ट रेट में संभावित वृद्धि के खतरे के कारण ग्लोबल मार्केट में भारी हलचल दिखी।

सेक्टोरल इंडेक्स का हाल
सेक्टर वाइज शेयरों का हाल देखा जाए तो सबसे बड़ी गिरावट आज ऑटो शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी ऑटो आज 2.11% लुढ़क गया। इसके बाद निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (1.72%), निफ्टी बैंक (1.59%), निफ्टी प्राइवेट बैंक (1.70%), निफ्टी PSU बैंक (1.42%), निफ्टी रियल्टी (1.68%), निफ्टी फार्मा (1.01%) में भी भारी गिरावट देखने को मिली। आज निफ्टी पर सिर्फ दो सेक्टर हरे निशान में बंद होते दिखाई दिए। निफ्टी मीडिया के शेयर 1.12% और निफ्टी मेटल के शेयर 1.33% चढ़े।

टॉप गेनर्स
निफ्टी 50 के 50 शेयरों में से आज सिर्फ 9 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। JSW Steel का शेयर आज सबसे ज्यादा 2.93% की उछाल दर्ज करने वाला शेयर रहा। इसके अलावा, एनटीपीसी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, BPCL, ग्रासिम इंडस्ट्रीज,एशियन पेंट्स और ONGC के शेयर हरे निशान में बंद हुए। इसी तरह, BSE सेंसेक्स में JSW Steel, NTPC, टाटा स्टील, टाइटन और एशियन पेंट्स सेंसेक्स के केवल पांच घटक थे जो हरे निशान में बंद हुए।

टॉप लूजर्स
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार का अंत मंदड़ियों के पक्ष में रहा। निफ्टी 50 के 50 शेयरों में से 41 लाल निशान में बंद हुए। हीरो मोटोकॉर्प, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), एक्सिस बैंक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) ने 4.03 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की। इसी तरह, BSE में, सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें एक्सिस बैंक, RIL, ICICI बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.15 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ टॉप लूजर शेयर रहे।