ट्रेनों में अब रात 11 से सुबह 5 बजे तक मोबाइल चार्जिंग बंद, जानिए क्यों

0
12

नई दिल्ली। ट्रेन में सफर के दौरान रात को मोबाइल चार्जिंग करना अब यात्रियों के लिए आसान नहीं होगा। रेलवे ने ट्रेनों में आग और दूसरे हादसों का खतरा कम करने के लिए सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

इसके तहत रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने होंगे। नियमों की पालना हो रही है या नहीं, इसकी जांच के लिए अधिकारी और सुपरवाइजर औचक निरीक्षण भी करेंगे।

रेलवे बोर्ड ने यह कदम ट्रेन में चार्जिंग पर लगे यात्री के पावर बैंक में ब्लास्ट होने की घटना के बाद उठाया है। रेलवे ने सभी क्षेत्रीय रेलों को पहले से जारी निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया गया है।

रेलवे बोर्ड के अनुसार, दक्षिण पूर्व रेलवे में हाल ही में एक घटना हुई, जिसमें तय समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इसी दौरान चार्जिंग पर लगा एक यात्री का पावर बैंक फट गया। घटना ने ट्रेनों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चार्जिंग से जुड़े सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए।

इसके बाद रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को सभी क्षेत्रीय रेलों के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को पत्र जारी किया। पत्र रेलवे बोर्ड के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (जनरल) शोभित गुप्ता की ओर से जारी किया गया। इसमें रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों का प्रभावी तरीके से पालन कराने को कहा गया है।

अधिकारी करेंगे जांच
रेलवे ने केवल निर्देश जारी करने तक ही सीमित रहने के बजाय निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया है। संबंधित अधिकारियों और सुपरवाइजरों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्धारित समय के दौरान कोचों में चार्जिंग पॉइंट बंद रखे जा रहे हैं या नहीं।

इसके अलावा कर्मचारियों को नियमों के बारे में जानकारी देने, परामर्श करने और प्रशिक्षण की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। रेलवे का जोर इस बात पर है कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी नहीं हो और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी समझें।