जियो प्लैटफॉर्म्स की शानदार लिस्टिंग, निवेशकों को एक शेयर पर 239 रुपये का फायदा

0
38

नई दिल्ली। Stock Market Update 11:25 AM: जियो आईपीओ की बुधवार को शेयर मार्केट में धमाकेदार लिस्टिंग हुई है। यह अपने अपर प्राइस बैंड 1119 रुपये के मुकाबले बीएसई सेंसेक्स और एनएसई पर करीब 21% प्रीमियम के साथ 1,358 रुपये पर लिस्ट हुआ। ऐसे में निवेशकों को प्रति शेयर 239 रुपये का मुनाफा हुआ है। अब सवाल है कि क्या निवेशकों को इस शेयर में बने रहना चाहिए या मुनाफा कमाकर निकल जाना चाहिए?

लिस्टिंग से पहले जियो आईपीओ का जीएमपी 22.16% था। ऐसे में इसकी लिस्टिंग जीएमपी के मुकाबले कुछ कम यानी 21.36% रही है। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला था। यह 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था। बुकिंग के दौरान इसने कई बड़े-बड़े रेकॉर्ड बनाए थे।

अब तक का सबसे बड़ा इश्यू
करीब 30,200 करोड़ रुपये का यह आईपीओ देश का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू है। इसे निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला। आईपीओ खुलने के महज 100 मिनट में यह पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। वहीं, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा पहले 10 मिनट में ही भर गया था। तीसरे दिन बोली बंद होने तक आईपीओ को कुल 22.2 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।

घरेलू शेयर बाजार धड़ाम

जियो प्लैटफॉर्म्स की शानदार लिस्टिंग के बावजूद घरेलू शेयर बाजार धड़ाम हो गया। सेंसेक्स-निफ्टी कच्चे तेल की कीमतों की आग में झुलस गए। बीएसई का सेंसेक्स 900 अंक से अधिक लुढ़क कर 72650 पर आ गया। जबकि, निफ्टी 229 अंकों के नुकसान के साथ 22520 पर था।

शेयर मार्केट में आज की गिरावट के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग, रिलायंस के शेयरों में बड़ी गिरावट, बांड यील्ड, इजरायल इलेक्शन रिजल्ट और IT शेयरों में भारी गिरावट है। कुछ ही देर में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 459 लाख करोड़ रुपये से घटकर 457 लाख करोड़ रह गया।

बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 459 लाख करोड़ रुपये से घटकर 457 लाख करोड़ रह गया। इससे पहले बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 345 अंकों के नुकसान के साथ 73253 पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने बुधवार के कारोबार की शुरुआत 71 अंक नीचे 22678 से की।

क्यों गिरा बाजार, जानिए पांच सबसे बड़े कारण

  1. IT शेयरों में भारी बिकवाली: शेयर मार्केट में आज की गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह आईटी शेयरों में भारी बिकवाली है। सेंसेक्स टॉप लूजर्स में इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयर हैं। इन्फोसिस 4.59 प्रतिशत गिरकर 1108 रुपये के करीब था। टीसीएस टेक महिंद्रा में करीब 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट थी। टीसीएस अब 2426.65 रुपये और टेक महिंद्रा 1751.20 रुपये पर आ गया। एचसीएल टेक 2.86 प्रतिशत टूटकर 1375.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
  2. बॉन्ड यील्ड बढ़ने से शेयर बाजार पर दबाव: बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी भी शेयर बाजार के लिए नकारात्मक संकेत मानी जाती है। जब बॉन्ड जैसे अपेक्षाकृत सुरक्षित निवेश से बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना बढ़ती है, तो कुछ निवेशक शेयरों से पैसा निकालकर फिक्स्ड इनकम वाले विकल्पों में लगा सकते हैं। इससे शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।
  3. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर धड़ाम: जियो प्लेटफॉर्म की लिस्टिंग के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 2% की गिरावट आई। RIL के शेयर सुबह साढ़े 10 बजे के करीब 1176 रुपये पर आ गए थे। सेंसेक्स में सबसे अधिक वेटेज होने की वजह से इसका बड़ा असर देखने को मिला।
  4. कच्चे तेल के दाम आसमान पर: बाजार कच्चे तेल के दाम पर फिसल रहा है। सऊदी अरब की सबसे बड़ी रिफाइनरी पर मिसाइल हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। बुधवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.55% चढ़कर 115.52 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल WTI भी 101 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया। हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब में रिफाइनरी पर मिसाइल हमले का दावा किया है। इस घटनाक्रम ने ईरान और उसके सहयोगियों से जुड़े क्षेत्रीय संघर्ष के बीच तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को फिर बढ़ा दिया है।
  5. इजरायल के चुनाव से मार्केट में हलचल: ब्लूमबर्ग के मुताबिक इजरायल के चुनावी मुकाबले में विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मामूली बढ़त बनाते नजर आए। चुनाव के बाद नई सरकार के गठन में कई दिन या सप्ताह लग सकते हैं। तब तक नेतन्याहू प्रधानमंत्री बने रहेंगे। चुनाव के नतीजे अमेरिका-ईरान युद्ध की आगे की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं। बाजार की चिंता इस बात को लेकर भी है कि इजरायल में राजनीतिक बदलाव से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में मिलने वाला समर्थन प्रभावित हो सकता है।

मंगलवार को सपाट बंद हुआ था बाजार
भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार खत्म हुआ। बीएसई सेंसेक्स 8 अंक गिरकर 73,598 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 बढ़त के साथ, 12 गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ। दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 3 अंक नीचे 22,749पर बंद हुआ।

सेंसेक्स और निफ्टी के लिए ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • गिफ्ट निफ्टी: बुधवार को गिफ्ट निफ्टी में गिरावट भारतीय शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत का संकेत दे रही है। शुरुआती अपडेट के मुताबिक, गिफ्ट निफ्टी 22,749 के आसपास कारोबार कर रहा था। यह करीब 62 अंक यानी 0.27 प्रतिशत नीचे था। हालांकि, बाजार की दिशा कारोबार के दौरान बदल सकती है। निवेशकों को कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी बाजारों के रुख और चुनिंदा बड़े शेयरों में होने वाली खरीदारी पर नजर रखनी चाहिए।
  • अमेरिकी बाजार: अमेरिकी शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई। सेमीकंडक्टर और चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से खासतौर पर टेक्नोलॉजी शेयरों को मजबूती मिली।
  • डॉऊ जोन्स: बोइंग के शेयरों में करीब 11 प्रतिशत की गिरावट के कारण इंडेक्स लगभग सपाट रहा।एसएंडपी 500: 0.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। जबकि, नैस्डैक कंपोजिट 1.2 प्रतिशत चढ़ा।अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले से पहले निवेशक आर्थिक संकेतों और केंद्रीय बैंक की आगे की नीति पर नजर बनाए हुए हैं।
  • एशियाई बाजार: बुधवार को एशियाई शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया, जापान और ताइवान के प्रमुख इंडेक्स में बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया का Kospiएक समय 5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गया। इसके बाद कोरिया एक्सचेंज ने खरीदारी से जुड़ा साइडकार मैकेनिज्म सक्रिय किया। लेटेस्ट डेटा के मुताबिक, कोस्पी 4.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,917.21 पर पहुंचा था। वहीं, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 64,012 पर कारोबार करता दिखा। जबकि, टॉपिक्स में 0.32 प्रतिशत की बढ़त रही।