Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 4877

32MP सेल्फी कैमरे के साथ सैमसंग गैलेक्सी A70 भारत में लॉन्च

नई दिल्ली। साउथ कोरिया की कंपनी सैमसंग ने आज भारत में अपना नया फोन Samsung Galaxy A70 लॉन्च कर दिया है। गैलेक्सी A70 ए सीरीज का छठवां स्मार्टफोन है। भारत में इसकी कीमत 28,990 रुपये रखी गई है। इसकी प्री-बुकिंग 20-30 अप्रैल के बीच की जा सकेगी।

वाइट,ब्लू और ब्लैक कलर में आने वाले गैलेक्सी A70 की बिक्री 1 मई से शुरू होगी। फोन को फ्लिपकार्ट, सैमसंग ई-शॉप, सैमसंग ओपरा हाउस और प्रमुख रिटेल स्टोर्स से खरीदा जा सकेगा। फोन में इनफिनिटी यू डिस्प्ले, ऑन स्क्रीन फिंगरप्रिंट सेंसर और ट्रिपल रियर कैमरे जैसी कई खूबियां दी गई हैं।

लॉन्च ऑफर के तहत कंपनी इसपर एक जबरदस्त ऑफर भी दे रही है, जिसके तहत गैलेक्सी A70 की प्री-बुकिंग करने वाले ग्राहकों को सैमसंग यू फ्लेक्स वायरलेस इन-ईयर हेडफोन महज 999 रुपये में मिलेगा, जिसकी ऑरिजनल कीमत 3,799 रुपये है।

Samsung Galaxy A70 के स्पेसिफिकेशन्स
फोन में 6.7 इंच का फुल HD+ सुपर ऐमोलेड इनफिनिटी यू डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉलूशन 1080×2400 पिक्सल और ऑस्पेक्ट रेशियो 20:9 है। फोन में ऑक्टा-कोर क्वॉलकम स्नैपड्रैगन 675 प्रोसेसर के साथ 6GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है। माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए फोन की मेमरी 512GB तक बढ़ाई जा सकती है।

फोन के रियर में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है जो वर्टिकली अलाइन्ड हैं। स्मार्टफोन में f/1.7 के साथ 32 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, f/2.2 अपर्चर के साथ 8 मेगापिक्सल का वाइड सेकंडरी सेंसर और 5 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर है जिसका अपर्चर f/2.2 है। सेल्फी के लिए फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी दिया गया है, जिसका अपर्चर f/2.0 है।

ऐंड्रॉयड 9 पाई बेस्ड वन यूआई पर चलने वाले इस फोन में 4500mAh की बैटरी दी गई है जो 25W सुपर फास्ट चार्जिंग सपॉर्ट करती है। इसके अलावा Samsung Galaxy A70 में 3D ग्लास्टिक डिजाइन, वॉटर ड्रॉप नॉच और बॉटम में बारीक चिन दी गई है। फ्लैश सेंसर्स के निचले हिस्से में दिया गया है। वॉल्यूम और पॉवर बटन स्मार्टफोन के दायीं तरफ मौजूद हैं।

नोटबंदी के बाद 50 लाख ने गंवाई जॉब: रिपोर्ट

बेंगलुरु। देश में बढ़ रही बेरोजगारी से जुड़ी एक रिपोर्ट सार्वजनिक हुई है। जिसके मुताबिक, पिछले दो सालों में करीब 50 लाख लोगों ने अपनी नौकरियां खो दी हैं। यह दावा द स्टेट ऑफ वर्किंग इंडिया (SWI) 2019 की रिपोर्ट में किया गया है। इसे मंगलवार को बेंगलुरु की अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी ने जारी किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2016 से 2018 के बीच करीब 50 लाख बेरोजगार हुए। कहा गया है कि बेरोजगारी बढ़ने की शुरुआत नवंबर 2016 में हुई नोटबंदी के साथ हुई। हालांकि, रिपोर्ट में आगे यह भी लिखा है कि नौकरी कम होने और नोटबंदी के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं हो पाया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, बेरोजगारी के शिकार उच्च शिक्षा ग्रहण कर चुके लोग और कम पढ़े लिखे लोग दोनों हैं। भारत की लेबर मार्केट पर जारी इस रिपोर्ट का आधार कन्ज्यूमर पिरामिड सर्वे रहा। यह सर्वे सेंटर फॉर मॉनिटरिंग द इंडियन इकॉनमी (CMIE-CPDX) करवाता है।

CMIE मुंबई की एक बिजनस इनफॉर्मेशन कंपनी होने के साथ-साथ स्वतंत्र रूप से काम करनेवाला थिंक टैंक भी है। उनके द्वारा ऐसा सर्वे हर चार महीने में किया जाता है, जिसमें 1.6 लाख परिवारों और 5.22 लाख लोगों को शामिल किया जाता है।

क्यों बनाया इसे आधार
रिपोर्ट के लिए कन्ज्यूमर पिरामिड सर्वे को आधार बनाने के सवाल पर अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के सहायक प्रोफेसर अमित भोसले ने कहा, ‘हमारे पास पीरियॉडिक लेबर फोर्स सर्वे के आधिकारिक आंकड़े नहीं थे इसलिए ऐसा करना पड़ा।’

2011 से बढ़ रही थी बेरोजगारी
रिपोर्ट के मुताबिक, बेरोजगारी 2011 के बाद से ही तेजी से बढ़ रही है। लेकिन 2016 के बाद से उच्च शिक्षा धारकों के साथ कम पढ़े लिखे लोगों की नौकरियां छिनी और उन्हें मिलनेवाले काम के अवसर कम हुए।

रिपोर्ट में शहरी महिलाओं में बढ़ती बेरोजगारी के भी आंकड़े हैं। इसके मुताबिक, ग्रेजुएट महिलाओं में से 10 प्रतिशत काम कर रही हैं, वहीं 34 प्रतिशत बेरोजगार हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 20 से 24 साल के शहरी युवाओं में बेरोजगारी काफी है। माना गया है कि कामगार लोगों में इस उम्र के लोगों का प्रतिशत 13.5 होता है, लेकिन उनमें से 60 प्रतिशत फिलहाल बगैर काम के हैं।

‘भारत’ का तीसरा पोस्टर रिलीज, मिलिए कटरीना के किरदार ‘मैडम सर’ से

‘भारत’ का तीसरा पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। इस नए पोस्टर में सलमान खान के किरदार के नए लुक के साथ ही कटरीना कैफ के किरदार का भी परिचय दिया गया है। दबंग खान ने बड़े ही खास अंदाज में अपनी लीडिंग लेडी का परिचर फैन्स के साथ करवाया।

पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘और फिर हमारी जिंदगी में आईं मैडम सर।’ सलमान ने जो कैप्शन दिया है उससे लग रहा है कि कटरीना उनकी सीनियर के रोल में दिखाई देंगी। वाइट शर्ट और ग्रीन पैंट पहनी कटरीना काफी स्मार्ट और कॉन्फिडेंस से भरी हुई लग रही हैं, जो उनके किरदार की हिंट देता भी दिखता है।

वैसे तीसरे पोस्टर में सलमान का लुक भी काफी इम्प्रेसिव है। इसमें वह माइन में काम करने वाले कर्मचारी के अवतार में नजर आ रहे हैं। उनके माथे के एक ओर खून टपकता दिख रहा है जो इस ओर इशारा है कि सलमान के किरदार को किसी हादसे का सामना करना पड़ेगा। उनके चेहरे पर टेंशन के भाव भी देखे जा सकते हैं।

इससे पहले रिलीज किए गए दो पोस्टर्स में सलमान के बूढ़े और सर्कस में काम करने वाले व्यक्ति के लुक को दिखाया गया था। दूसरे पोस्टर में पहली बार लोगों को दिशा पाटनी के किरदार की झलक भी देखने को मिली थी।

बता दें कि, फिल्म ‘भारत’ दक्षिण कोरिया की एक फिल्म की हिन्दी रीमेक है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ट्रेलर आने के बाद फिल्म को 5 जून को ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।

कोर्ट के आदेश पर प्लेस्टोर से हटाया TikTok ऐप, गूगल ने भारत में किया ब्लॉक

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मद्रास हाई कोर्ट के पॉप्युलर विडियो मेकिंग ऐप TikTok पर बैन लगाने के आदेश पर रोक से इनकार के बाद गूगल और ऐपल ने अपने-अपने प्लेटफॉर्म से इसे हटा लिया है। मद्रास हाई कोर्ट के आदेश के बाद सरकार ने गूगल और ऐपल को अपने-अपने प्लेटफॉर्म से TikTok को हटाने को कहा था।

बता दें कि तीन अप्रैल को अपने आदेश में मद्रास हाई कोर्ट ने TikTok के जरिए अश्लील सामग्री की पहुंच पर चिंता जताते हुए सरकार को इसपर बैन लगाने का कहा था। इससे पहले टिकटॉक ने मद्रास हाई कोर्ट के बैन से जुड़े आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील भी की थी, जिसे खारिज कर दिया गया।

मद्रास हाई कोर्ट की ओर से फैसला सुनाते हुए कहा गया था कि यह ऐप बच्चों पर बुरा असर डालते हुए पॉर्नोग्राफी को बढ़ावा दे रहा है और यूजर्स को यौन हिंसक बना रहा है। अश्लील कंटेट ऐप पर शेयर करने का आरोप लगाते हुए इस ऐप के खिलाफ एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसके बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया।

मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स ऐंड इंफॉर्मेशन टेक्नॉलजी का ऑर्डर इस ऐप के और डाउनलोड्स को रोकने में मदद करेगा। हालांकि, जिन लोगों ने पहले ही TikTok ऐप को डाउनलोड कर रखा है, वह अपने स्मार्टफोन पर इसका इस्तेमाल कर पाएंगे।

सूचना व प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘हाई कोर्ट ने सरकार से TikTok ऐप्लीकेशन के डाउनलोड्स को रोकने के लिए कहा है। मिनिस्ट्री, Google और Apple को अपने ऐप स्टोर से ऐप को डिलीट करने को कहकर इसे सुनिश्चित कर रहा है। सरकार की ओर से ऐपल और गूगल को पत्र लिखकर इस ऐप को हटाने को कहा गया है।’

गूगल ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए इस ऐप को प्लेस्टोर से हटा दिया और ऐपल ऐप स्टोर से भी इस ऐप को हटा लिया गया है। गूगल ने एक बयान में कहा कि वह स्थानीय कानूनों का पालन करता है और ऐप पर कोई कॉमेंट नहीं करना चाहता।

जब ‘महेश भट्ट ने फेंकी थी कंगना रनौत पर चप्पल, जानिए फिर क्या हुआ

कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली के भट्ट फैमिली पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। कंगना की जगह इन दिनों रंगोली सोशल मीडिया के जरिए लगातार आलिया भट्ट, सोनी राजदान और महेश भट्ट की आलोचना कर रही हैं। हाल ही में आलिया और सोनी की नागरिकता पर सवाल उठाने के बाद अब उन्होंने दावा किया है कि महेश भट्ट ने फिल्म ‘वो लम्हे’ की स्क्रीनिंग के दौरान कंगना रनौत की बेइज्जती की थी और उन पर चप्पल फेंकी थी।

दरअसल, सोनी राजदान ने कंगना द्वारा आलिया को निशाने पर लिए जाने को लेकर प्रतिक्रिया दी थी कि ‘महेश भट्ट ने कंगना को ब्रेक दिया था और वह उन्हीं की पत्नी और बेटी पर बार-बार हमला कर रही हैं। अब दुर्व्यवहार और नफरत के बारे में बोलने के लिए बचा ही क्या है…’। इसके बाद उन्होंने ऐक्ट्रेस के इरादों पर सवाल उठाया था।

इस पर रंगोली चंदेल ने जवाब देते हुए ट्वीट किया और दावा किया कि कंगना ने जब महेश भट्ट की एक फिल्म करने से इनकार कर दिया था तो उन्होंने कैसे ऐक्ट्रेस को जलील किया था। ‘डियर सोनी जी, कंगना को ब्रेक महेश जी ने नहीं बल्कि अनुराग बसु ने दिया था। महेश भट्ट अपने भाई के प्रॉडक्शन हाउस के लिए क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में काम करते हैं। यह बात ध्यान रखें कि महेश जी उस प्रॉडक्शन हाउस के मालिक नहीं हैं।’

रंगोली ने आगे लिखा, ‘फिल्म वो लम्हे के बाद जब कंगना ने उनकी लिखी मूवी धोखा में एक सूइसाइड बॉम्बर का किरदार निभाने से इनकार कर दिया तो उन्होंने न सिर्फ ऐक्ट्रेस पर चिल्लाया बल्कि बाद में जब वह वो लम्हे के प्रिव्यू के लिए थिअटर पहुंची तो वहां पर उन्होंने कंगना पर चप्पल फेंक दी। उन्होंने कंगना को फिल्म तक देखने नहीं थी। इस घटना के बाद ऐक्ट्रेस रातभर फूट-फूटकर रोई थीं। उस समय वह बस 19 साल की थीं।’

रंगोली के इन दावों पर फिलहाल सोनी राजदान या महेश भट्ट की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं फैन्स भी इन दावों को लेकर सोशल मीडिया पर दो धड़ों में बंटे दिखे। किसी ने कंगना के प्रति सपॉर्ट शो किया तो किसी ने इसे कंगना का अटेंशन पाने का ऐसा तरीका करार दिया जिसके लिए वह रंगोली का इस्तेमाल कर रही हैं।

आपका Form 16 बदल गया, अब इम्प्लॉयर्स को देनी होंगी ज्यादा डिटेल

नई दिल्ली। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने मंगलवार को इम्प्लॉयर द्वारा इम्प्लॉइज को दिए जाने वाले फॉर्म 16 (Form 16) के फॉर्मेट को रिवाइज कर दिया है। अब इसमें हाउस प्रॉपर्टी और अन्य इम्प्लॉयर्स से होने वाली इनकम सहित कई डिटेल जोड़ दी गई हैं। इससे सरकार के लिए टैक्स चोरी रोकना ज्यादा आसान हो जाएगा।

इसमें विभिन्न टैक्स सेविंग स्कीम्स के अंतर्गत होने वाले डिडक्शन, टैक्स सेविंग इंस्ट्रुमेंट्स में इन्वेस्टमेंट्स, इम्प्लॉई को मिलने वाले विभिन्न अलाउंस के साथ ही दूसरे स्रोतों से होने वाली इनकम से संबंधित सभी डिटेल्स का अलग-अलग उल्लेख करना होगा।

ITR फाइलिंग में होता है इसका इस्तेमाल
फॉर्म 16 (Form 16) एक इम्प्लॉयर्स द्वारा जारी किया जाने वाला सर्टिफिकेट है, जिसमें इम्प्लॉइज की टीडीएस (TDS) डिटेल्स दी जाती हैं। इसे आम तौर पर जून के मध्य में जारी किया जाता है और इसे आईटीआर (ITR) फाइल करते समय इस्तेमाल किया जाता है।

रिवाइज्ड फॉर्म हुआ नोटिफाई
रिवाइज्ड फॉर्म को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा नोटिफाई कर दिया गया है और यह 12 मई, 2019 से लागू हो जाएगा। इसका मतलब है कि वित्त वर्ष 2018-19 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) रिवाइज्ड फॉर्म 16 (Form 16) के आधार पर फाइल करना होगा। अन्य बातों के साथ ही रिवाइज्ड फॉर्म 16 (Form 16) में सेविंग अकाउंट में किए गए जमा पर मिलने वाले ब्याज के संबंध में किए जाने डिडक्शन और रिबेट व सरचार्ज जो भी लागू हो, की डिटेल भी देनी होगी।

PNB Fraud: भगोड़े मेहुल चोकसी की कंपनी को बेचेगा बैंक

मुंबई। भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी की बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड जूलरी रिटेल कंपनी गीतांजलि जेम्स लिक्विडेशन की तरफ बढ़ रही है क्योंकि उसे कर्ज देने वाले ज्यादातर बैंकों ने समाधान प्रक्रिया पूरा करने की 180 दिनों की समयसीमा को बढ़ाने से मना कर दिया है। गीतांजलि जेम्स को कर्ज देने वाले बैंकों की समिति ने 28 मार्च को हुई मीटिंग में 54.14 प्रतिशत वोटिंग के साथ समाधान प्रक्रिया की अवधि बढ़ाने से मना कर दिया।

कंपनी के रिजॉल्यूशन प्रफेशनल विजय कुमार गर्ग ने स्टॉक एक्सचेंजों को मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘सीओसी ने लोन रिजॉल्यूशन के लिए समयसीमा बढ़ाने से मना कर दिया है, इसलिए अब कंपनी को लेक्विडेट (बेचा) किया जाएगा।’ गीतांजलि जेम्स के लिए 180 दिनों की कॉरपोरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस की समयसीमा 6 अप्रैल को खत्म हो गई थी।

अक्टूबर 2018 में नैशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (एनसीएलटी) की मुंबई ब्रांच ने कंपनी के खिलाफ आईसीआईसीआई बैंक की याचिका स्वीकार की थी। 890 करोड़ के कर्ज पर गीतांजलि के डिफॉल्ट करने के बाद बैंक ने ट्राइब्यूनल में याचिका दायर की थी।

चोकसी और उसके भांजे नीरव मोदी के कथित तौर पर पीएनबी के साथ 2 अरब डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में सरकारी एजेंसियों की जांच शुरू होने के बाद इस मामले में यह पहली इनसॉल्वेंसी पिटीशन थी।

गीतांजलि पर बैंकों का 12,558 करोड़ रुपये बकाया है। अभी सीओसी में आईसीआईसीआई बैंक के पास 7.9 पर्सेंट वोटिंग शेयर, जबकि कंपनी को 5,518 करोड़ का कर्ज देने वाले पीएनबी के पास 43.94 पर्सेंट वोटिंग शेयर है।

अब OnePlus 6T 4000 रुपये तक सस्ता, जानिए नई कीमत

नई दिल्ली। कंपनी का धांसू फोन OnePlus 6T सेल खत्म होने के बावजूद अभी भी 4000 रुपये तक सस्ता मिल रहा है। ऐसे में ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि हो सकता है, कंपनी ने शायद इसकी कीमत में हमेशा के लिए ही कटौती कर दी हो।

बता दें कि 13 अप्रैल तक चलने वाली इस फेस्ट सेल में OnePlus 6T के 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरियंट पर फ्लैट 3,000 रुपये का डिस्काउंट मिल रहा था, जिसके बाद इसकी कीमत 34,999 रुपये हो गई थी। वहीं, OnePlus 6T के 8GB रैम और 128GB इंटरनल वेरियंट पर 4,000 रुपये का फ्लैट डिस्काउंट दिया जा रहा था, जिसके बाद यह 37,999 रुपये में उपलब्ध था।

इसके साथ ही फोन का 8GB रैम और 256GB इंटरनल वेरियंट 4,000 रुपये के डिस्काउंट के साथ 41,999 रुपये में मिल रहा था। सेल खत्म होने के बावजूद अभी भी इस फोन के तीनों वेरियंट डिस्काउंट वाली कीमतों पर ही मिल रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कंपनी ने OnePlus 7 के लॉन्च से पहले OnePlus 6T की कीमत में कटौती करने का फैसला किया है।

जल्द आने वाला है OnePlus 7
OnePlus ने मई 2018 में OnePlus 6 स्मार्टफोन की घोषणा की थी। खबरें आ रही हैं कि कंपनी अपने नए स्मार्टफोन OnePlus 7 को अगले महीने या जून की शुरुआत में लॉन्च कर सकती है। OnePlus 7 के स्पेसिफिकेशंस को लेकर कई लीक रिपोर्ट्स आई हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि OnePlus 7 में स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर हो सकता है।

इसके अलावा, OnePlus 7 कंपनी का पहला स्मार्टफोन होगा, जिसके रियर में ट्रिपल कैमरा सेटअप हो सकता है। सेल्फी के लिए वनप्लस के नए स्मार्टफोन में पॉप-अप सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है। OnePlus 7 स्मार्टफोन ब्लैक येलो, ब्लैक पर्पल और श्यान ग्रे इन तीन ग्रेडिएंट कलर ऑप्शन में आ सकता है।

OnePlus 6T के फीचर
OnePlus 6T में वॉटरड्रॉप नॉच के साथ 6.41 इंच का ऑप्टिक AMOLED डिस्प्ले है। इस स्मार्टफोन की स्क्रीन गोरिल्ला ग्लास 6 से प्रोटेक्टेड है। इस स्मार्टफोन में स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर है। फोन के रियर में 16 मेगापिक्सल और 20 मेगापिक्सल के कैमरे दिए गए हैं। फोन में 3,700 mAh की बैटरी है, जो कि 20W फास्ट चार्जिंग को सपॉर्ट करती है।

सभी साक्ष्य राममंदिर के पक्ष में, राम मंदिर बन कर रहेगा: रामस्वरूपाचार्य

कोटा। गोदावरी धाम पर हनुमान जयंती महोत्सव के तहत भव्य कार्यक्रमों की श्रंखला में हनुमत चरित्र पर व्याख्यान में मंगलवार को चित्रकूटधाम कामदगिरी पीठाधीश्वर रामस्वरूपाचार्य महाराज ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए भू स्वामित्व के सभी साक्ष्य हिदू समाज की ओर से सुप्रीम कोर्ट में रख दिए गए है। कुछ समय और इंतजार कर लेंगे, लेकिन मंदिर वहीं पर भव्य बनेगा। हम न्यायालय का सम्मान करते हैं।

अयोध्या में निर्मोही अखाड़ा के संरक्षक राम स्वरूपाचार्य ने कहा कि सभी साक्ष्य राममंदिर के पक्ष में है। राममंदिर बन कर रहेगा। उन्होंने कहा कि चम्बल नदी में प्रदूषण से गंभीर बीमारियों का खतरा है ,सरकार को चम्बल समेत गंगा,यमुना सभी नदियों में गिरने वाले गंदे नालों को सख्ती से रोकना होगा। ये नदियां संस्कृति की वाहक हैं। उन्होंने गोदावरीधाम से चम्बल की दुर्दशा का अवलोकन भी किया।

रामस्वरूपाचार्य ने प्रवचन में सुंदरकांड पर कहा कि जब वयोवृद्ध जामवंत की बातों को युवा हनुमान जी ने सुना तो सुदरकांड का उदय हुआ। इसी प्रकार समाज में भी बुजुर्गों का आदर होगा तो समाज सुन्दर होगा। नौजवानों का जोश और बुजुर्गो का होश ही सुदरकांड है। जोश और होश के समन्वय से ही देश का उत्थान होगा। आतंकवाद पर उन्होंने कहा कि सैनिक का बलिदान, सती की तपस्या और संतो के आशीर्वाद से आतंकवाद खत्म होगा।

कवि सम्मेलन आज
वानर सेना के संरक्षक गजेंद्र भार्गव ने बताया कि बुधवार को शाम 7 बजे गोदावरी धाम पर एक शाम शहीदों के नाम कवि सम्मेलन होगा। जिसमें कारगिल युद्ध के नायक दिगेंद्र कुमार मुख्य अतिथि होंगे। गाजियाबाद के अमित शर्मा, कोटा के नरेश निर्भीक, मुराद नगर के इंद्रप्रसाद अकेला, लखनऊ के दुर्गेश दुबे, चेन्नई की रचना तिवारी कवि सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

महावीर जयंती पर जन्म कल्याणक महोत्सव आज से, निकलेगी शोभायात्रा

कोटा। सकल दिगम्बर जैन समाज समिति कोटा की ओर से बुधवार को भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा पर आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष विमल जैन नान्ता ने बताया कि शहर भर के विभिन्न जैन मंदिरों से प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। जिनके द्वारा महावीर स्वामी की प्रभावना होगी।

इसके बाद जयपुर गोल्डन स्थित महावीर पार्क से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो आर्य समाज रोड, रामपुरा, लिंक रोड, अग्रसेन बाजार, पुरानी सब्जीमंडी, मोहन टाकीज रोड गुमानपुरा से मल्टीपरपज स्कूल पहुंचेगी। प्रकाश बज ने बताया कि शोभायात्रा में सबसे आगे जैन ध्वजा होगी। इनके पीछे डीजे, 6 बैंड, 11 घुड़सवार, हाथी तथा श्री जी का रथ चलेंगे। बग्घियों में सवार होकर पुण्यार्जक चलेंगे। पाठशाला के विद्यार्थी और परेड करती महिलाएं और पुरुष नाचते गाते हुए भाग लेंगे।

महिला और पुरूष अपने अपने सोशल ग्रुप और महिला मंडलों के अनुसार तय वेशभूषा में रहेंगे। गणिनी आर्यिका विशुद्धमति माताजी और गणिनी आर्यिका विभा श्री माताजी तथा आर्यिका सौम्यनन्दनी माताजी भी ससंघ शामिल होंगे। कार्याध्यक्ष जेके जैन ने बताया कि समारोह में प्रातः 9 बजे से भगवान महावीर स्वामी की संगीतमय पूजा अर्चना, शांतिधारा, अभिषेक के कार्यक्रम होंगे। आचार्य निर्मल सागर महाराज, आचार्य विराग सागर महाराज, आचार्य वसुनन्दी महाराज को अघ्र्य चढाए जाएंगे।

विशिष्ठ कार्याें के लिए प्रेम बजाज, बाबूलाल जैन रैबारपुरा, महावीर जैन तलवासा, ज्ञानमाला जैन काला, राजेश सेठिया तथा जैन समाज के बाहर से विजेन्द्र सिंह चैधरी का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद गणिनी आर्यिका विशुद्धमति माताजी और गणिनी आर्यिका विभा श्री माताजी तथा आर्यिका सौम्यनन्दनी माताजी के प्रवचन होंगे।

प्रकाश ठौरा ने बताया कि शिविर में प्रतिवर्ष की भांति जरूरतमन्दों को कृत्रिम पैर, बैसाखी, कैलिपर्स, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर वितरण के लिए 175 लोगों के द्वारा पंजीयन कराए गए हैं। जिन्हें श्रद्धा भवन झालावाड़ रोड पर उपकरण भेंट किए जाएंगे।

विनोद टोरड़ी ने बताया कि महोत्सव में स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल मुख्य अतिथि होंगे तथा कोटा बूंदी सांसद ओम बिरला अध्यक्षता करेंगे । विधायक संदीप शर्मा, मदन दिलावर, कल्पना देवी, महापौर महेश विजय, उप महापौर सुनीता व्यास विशिष्ठ अतिथि होंगे।