Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 4876

तेजी के साथ खुला बाजार, सेंसेक्स 153 अंक उछला

नई दिल्ली। बैंकिंग और ऑटो समेत प्रमुख सेक्टरों में कई दिनों से बनी लिवाली जारी है। इसके चलते गुरुवार को भी भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 150 अंकों की तेजी के साथ 39,436 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 25 अंकों की तेजी के साथ 11,813 अंकों पर खुला।

सुबह 9.34 बजे सेंसेक्स 153 अंकों की तेजी के साथ 39,439 अंक और निफ्टी 33 अंकों की तेजी के साथ 11,820 अंकों पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स में सुबह के कारोबार सत्र में बैंकिंग सेक्टर 75 अंकों, ऑटो सेक्टर 135 अंक, प्राइवेट बैंक 47 अंक, ऑयल एंड गैस सेक्टर 74 अंक की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं।

मेटल, पावर, रियल्टी, टेक, टेलीकॉम, यूटीलिटी, पीएसयू, सीपीएसई सेक्टर के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे है। निफ्टी-50 में मिडकैप-स्मॉलकैप शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। एफएमसीजी, आईटी, मेटल, पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
सेंसेक्स में स्पाइसजेट, पीसी ज्वैलर्स, एमएफएसएल, दीपक फर्टिलाइजर्स और जय कार्पोरेशन लिमिटेड में तेजी का माहौल है। निफ्टी में इंड्सइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, ओएनजीसी और अडानी पोर्ट्स में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
सेंसेक्स में जेट एयरवेज, टाटा स्टील, आरकॉम, लेमन ट्री और क्रिसिल में मंदी का माहौल है। निफ्टी में विप्रो, सिप्ला, गेल, टाटा मोटर्स और इंफोसिस में मंदी का माहौल है।

अपना Voter ID कार्ड ऐसे करें ऑनलाइन डॉउनलोड, जानिए तरीका

नई दिल्ली। वोटर आईडी कार्ड एक ऐसा डॉक्युमेंट है जो न सिर्फ चुनाव के समय आपकोअपने संवैधानिक तथा लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान की अनुमति देता है, बल्कि यह आपकी नागरिकता का पहचान पत्र भी है। भारत में फिलहाल डुप्लीकेट वोटर आईकार्ड को ऑनलाइन डाउनलोड करने की सुविधा नहीं है, लेकिन आप अपने वोटर आईकार्ड से जुड़ी सभी डीटेल्स जरूर डाउनलोड कर सकते हैं।

आज हम आपको बता रहे हैं कि कैसे आप अपना ‘डुप्लीकेट वोटर आईकार्ड’ (मतदाता सूचना) प्रिंट कर सकते हैं:- सबसे पहले Electoralsearch.in वेबसाइट पर जाएं। यहां आपको 2 टैब मिलेंगी, जिसमें एक टैब में आप अपनी वोटर आईडी की डिटेल्स सिर्फ नाम तथा कुछ जरूरी जानकारियां डालकर सर्च कर पाएंगे ।

वहीं दूसरी टैब में आपको अपने वोटर आईडी कार्ड का EPIC No. यानी मतदाता पहचान पत्र क्रमांक डालना होगा। हम यहां पर आपको दोनों तरीकों से मतदाता सूचना डाउनलोड करने का तरीका बता रहे हैं।

पहला तरीका

  1. यदि आपके पास वोटर आईडी नंबर नहीं है तो ‘विवरण द्वारा खोज’ टैब पर क्लिक करें।
  2. .यहां पर आपको निम्न जानकारियां देनी होंगी:
  3. नाम/Name – अपना पूरा नाम यहां लिखें
  4. पिता/पति का नाम (Father’s/Husband’s Name)- अपने पिता/पति का नाम टाइप करें।
  5. लिंग / Gender- अपने जेंडर का चुनाव करें।
  6. उम्र / Age या जन्म तिथि / DoB- इनमें से किसी एक की जानकारी दें।
  7. राज्य / State- अपने राज्य का चयन करें।
  8. जिला / District- अपने जिले का चयन करें।
  9. विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र / Assembly Constituency- अपने विधानसभा क्षेत्र का चयन करें।
  10. कोड/ Code- बॉक्स में दिए गए 5 अंकों के कोड को सही- सही दर्ज करें।
  11. इसके बाद नीचे दिखाई दे रही तस्वीर जैसी जानकारी आपके सामने होगी।
  12. यहां पर दिखाए गए कुल परिणामों में से अपना चुनाव करके ‘View Details’ पर क्लिक करें।
  13. आपकी सारी डिटेल्स नई टैब में खुलकर आपके सामने आ जाएंगी। नीचे दिए गए ‘मतदाता सूचना प्रिंट करें’ के ऑप्शन पर क्लिक करने पर ये डिटेल्स पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड हो जाएंगी।

दूसरा तरीका

  1. यदि आपके पास अपनी मतदाता पहचान-पत्र क्रमांक संख्या (EPIC Number) है तो http://electoralsearch.in पर जाकर दूसरी टैब का चुनाव करें।
  2. यहां पर आपको अपनी मतदाता पहचान-पत्र क्रमांक संख्या, राज्य तथा बॉक्स में दिख रहा Captcha Code डालना होगा।
  3. ये डिटेल्स भरने के बाद ‘खोजें/ सर्च’ पर क्लिक करें।
  4. अब आपके सामने पूरा रिकॉर्ड आ जाएगा। इसके बाद ‘View Details’ पर क्लिक करें।
  5. आपकी सारी डिटेल्स नई टैब में खुलकर आपके सामने आ जाएंगी। नीचे दिए गए ‘मतदाता सूचना प्रिंट करें’ के ऑप्शन पर क्लिक करने पर ये डिटेल्स पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड हो जाएंगी।

लोकसभा चुनाव: 95 सीटों पर आज वोटिंग, हेमा समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को देश की 95 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस चरण में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह सहित कई बड़े नेता चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

दूसरे चरण के मतदान के लिए 19 मार्च को जारी की गई अधिसूचना के अनुसार 13 राज्यों की 97 सीटों पर मतदान होना था, लेकिन हाल में आयोग द्वारा पूर्वी त्रिपुरा और तमिलनाडु की वेल्लोर सीट पर मतदान स्थगित किए जाने के कारण गुरुवार को 12 राज्यों की 95 सीटों पर ही मतदान होगा।

आपको बता दें कि लोकसभा की 543 सीटों के लिए सात चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 11 अप्रैल को हुए चुनाव में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान हो चुका है। मतगणना 23 मई को होगी। दूसरे चरण में तमिलनाडु की सभी 39 में से 38 लोकसभा सीटों के साथ राज्य की 18 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होगा।

इसके अलावा बिहार की 40 में से पांच, जम्मू कश्मीर की छह में से दो, उत्तर प्रदेश की 80 में से आठ, कर्नाटक की 28 में से 14, महाराष्ट्र की 48 में से 10 और पश्चिम बंगाल की 42 में से तीन सीटों के लिए चुनाव होगा। इस चरण में असम और ओडिशा की पांच-पांच सीटों पर भी मतदान होगा।

हेमा मालिनी, अब्दुल्ला की सीटों पर भी चुनाव
हालांकि तमिलनाडु की मदुरै सीट पर सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक मतदान होगा। दूसरे चरण में चुनाव वाली 95 सीटों पर 15.8 करोड़ मतदाता कुल 1635 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

दूसरे चरण के चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा, DMK नेता दयानिधि मारन, ए. राजा, कनिमोई, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर, बीजेपी की हेमा मालिनी, नैशनल कॉफ्रेंस के फारुक अब्दुल्ला और बीएसपी के दानिश अली शामिल हैं।

TTE असली है या नकली अब आप पहचान सकेंगे, जानिए कैसे

0

कोटा। TTE असली है या नकली अब आप पहचान सकेंगे। इसके लिए बस आपको TTE का QR code स्केन करना होगा। ट्रेनों में नकली टीटीई द्वारा यात्रियों की धमकाकर रुपए वसूलने की शिकायतों के बाद अब रेलवे ने टीटीई को QR कोड जारी करना शुरू कर दिया है। प्रायोगिक ताैर पर इसे मुंबई के ठाणे के रेलवे स्टेशन के 18 टीटीई को ये दिए हैं।

रेलवे में कई स्थानों पर ट्रेन के यात्रियों से नकली टीटीई यात्रियों से वसूली करते थे। इस तरह के कुछ नकली टीटीई पकड़े थे। मामलों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे ने टीटीई के QR कोड तैयार करने का काम शुरू किया। इस QR कोड को स्कैन करके रेल यात्री आसानी से पता कर सकेंगे कि TTE असली है या नकली।

शुरुआत में कुछ रेलवे में इसे शुरू किया जा चुका है। सबसे पहले मुंबई के ठाणे के टीटीई को ये QR कोड दिए हैं। रेलवे इसे शीघ्र ही दूसरे जोन में भी जारी करेगा। रेल अधिकारियों का कहना है कि ये प्रयोग सफल रहने पर फील्ड में ड्यूटी करने वाले अन्य रेलवे कर्मियों को भी क्यूआर कोड जारी किए जाएंगे।

कोटा को बेस्ट कैप्ट स्टेशन की शील्ड
पश्चिम मध्य रेलवे के बेस्ट कैप्ट स्टेशन की शील्ड कोटा को दी जाएगी। शील्ड मुख्यालय जबलपुर में आयोजित समारोह में दिया जाएगा। मेडिकल की शील्ड कोटा व भोपाल को संयुक्त रूप से दी जाएगी। स्टोर की शील्ड के लिए कोटा व भोपाल रेल मंडल को चुना गया है। बैस्ट कैप्ट रैंक के लिए कोटा-वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक ट्रेन को शील्ड दी जाएगी।

रनिंग रूम के बेहतर रखरखाव के लिए कोटा रेल मंडल के गंगापुरसिटी रनिंग रूम को चुना गया है। एनर्जी कन्जर्वेशन के लिए कोटा के साथ ही जबलपुर मंडल को संयुक्त शील्ड दी जाएगी। शील्ड 6 माह कोटा व 6 माह जबलपुर में रहेगी। बिल रिकवरी के मामले में कोटा व भोपाल को शील्ड मिलेगी। बारां रेलवे स्टेशन को भी अपनी श्रेणी के स्टेशनों में बेहतर माना गया है। सिक्योरिटी की शील्ड कोटा व जबलपुर को संयुक्त रूप से दी जाएगी।

रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर लाइसेंस होगा सस्पेंड

कोटा। शहर में अब रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर चालक का लाइसेंस सस्पेंड होगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। इस अभियान के तहत बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक यातायात ने प्रादेशिक परिवहन विभाग कोटा को ऐसे 345 वाहनचालकों के लाइसेंस निलम्बन के लिए पत्र लिखा है।

ट्रैफिक उपाधीक्षक नारायणलाल विश्नोई ने बताया कि शहर में नवम्बर 2018 से मार्च 2019 तक गलत साइड वाहन चलाते पकड़े गए 345 वाहन चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए आरटीओ कोटा को पत्र लिखा था।

विश्नोई ने बताया कि जिला यातायात सलाहकार समिति की बैठक में गलत दिशा (रोंग साइड) में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात तय हुई थी। उसकी पालना के लिए गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लाइसेंस निरस्त की कार्रवाई जारी रहेगी।

भगवान महावीर का किया संगीतमय पूजन, धूमधाम से निकली शोभायात्रा

कोटा। सकल दिगम्बर जैन समाज समिति कोटा की ओर से गुरूवार को भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा पर आयोजित किया गया। शहर भर के विभिन्न जैन मंदिरों से प्रभात फेरियां निकाली गईं। इसके बाद जयपुर गोल्डन स्थित महावीर पार्क से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

जो आर्य समाज रोड, रामपुरा, लिंक रोड, अग्रसेन बाजार, पुरानी सब्जीमंडी, मोहन टाकीज रोड गुमानपुरा से मल्टीपरपज स्कूल पहुंची। शोभायात्रा में भगवान महावीर स्वामी के साथ आर्यिका संघ के जयकारे, बग्घियों में सवार पुणयर्जक, स्वागत कर्म में लिप्त लोगों की अनन्त निर्जरा, जैन महिलाओं द्वारा अकल्पनीय परेड की भव्य प्रस्तुति, मधुर स्वर लहरियां बिखेरते बैण्ड, नाचते गाते लोग और अहिंसा के जयकारों से गुंजायमान होते आसमान ने शोभायात्रा को आकर्षक बना दिया था।

बैण्ड के द्वारा ‘‘तुझसे लागी लगन, ले लो अपनी शरण…पूजते रहते तुझे सांझ सवेरे, नैनों में प्यास जागी दर्शन को तेरे…गुरू मां आई हमारे द्वार, बधाई हो बधाई…जैसे गीतों से धर्म की प्रभावना की। जुलूस में संस्कृति के रंग बिखेरते हुए 6 विशेष बैण्ड चल रहे थे। इसके साथ ही बग्गियों में पुण्यार्जक सवार थे। वहीं, हाथी, 11 पंचरेंगे ध्वज लिए घुड़सवार और सजी धजी झांकियां शोभायात्रा को आकर्षक बना रही थीं।

गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी, गणिनी आर्यिका विशुद्धमति माताजी तथा आर्यिका सौम्यनन्दनी माताजी ससंघ शोभायात्रा में त्याग और वैराग्य की छटा बिखेर रहे थी। भक्तजनों के द्वारा जयकारों से आसमान गुंजायमान किया जा रहा था। वहीं बैण्ड की धुन पर नाचते गाते महिला पुरूष चल रहे थे।

समारोह में भगवान महावीर स्वामी की संगीतमय पूजा अर्चना, शांतिधारा, अभिषेक के कार्यक्रम किए गए। आचार्य निर्मल सागर महाराज, आचार्य विराग सागर महाराज, आचार्य वसुनन्दी महाराज को अघ्र्य चढाए गए। जय महावीर गुणधीर, सन्मतिदायक हो…भजन की मधुर संगीत पर विभिन्न महिला मंडलों की ओर से जल, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, दीप, धूप, फल, अघ्र्य भेंट किए गए। वहीं गर्भ कयाणक, जन्म कल्याणक, तप कल्याणक, ज्ञान कल्याणक, मोक्ष कल्याणक की प्रस्तुति भी दी गई।

विशिष्ठ कार्याें के लिए सम्मान
विशिष्ठ कार्याें के लिए प्रेम बजाज, बाबूलाल जैन रैबारपुरा, महावीर जैन तलवासा, ज्ञानमाला जैन काला, राजेश सेठिया तथा विजेन्द्र सिंह चौधरी को श्रीफल, माला, शाॅल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। महोत्सव में स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल मुख्य अतिथि थे तथा सांसद ओम बिरला ने अध्यक्षता की। विधायक संदीप शर्मा, महापौर महेश विजय, उप महापौर सुनीता व्यास विशिष्ठ अतिथि रहे।

354 यूनिट रक्त का संग्रह
समारोह के दौरान जैन सोशल ग्रुप मेन की ओर से प्राकृतिक चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। जिसमें 354 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। श्री दिगम्बर जैन औषधालय समिति रामपुरा के द्वारा आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

कल्याण मंदिर भक्तामर विधान’’ का विमोचन
संयम दीक्षा महोत्सव की महेश सेठी द्वारा सम्पादित पत्रिका ‘‘विशुद्धमति अभिवन्दना…’’ तथा विभाश्री माताजी द्वारा रचित ‘‘कल्याण मंदिर भक्तामर विधान’’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर अमृतधारा, छाछ, आईसक्रीम, श्रीखंड, कचौड़ी आदि की स्टाॅल लगाई गई। समारोह के दौरान लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान की शपथ भी की गई। जैनोपयोगी भवन में वेलफेयर सेंटर के निर्माण के लिए धारीवाल ने एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

संथारा को लेकर कोर्ट का निर्णय ही ठीक था : धारीवाल
मंत्री शांति कुमार धारीवाल ने कहा कि तीन संघों के माध्यम से शहर में धर्म की गंगा बह रही है। ओसवाल, पोरवाल और सकल दिगम्बर जैन समाज के कार्यक्रम अलग अलग होते हैं। सभी महावीर के अनुयायी हैं, एक जगह इकठ्ठे होकर मनाना चाहिए।

इससे तो संथारा को लेकर कोर्ट का निर्णय ही ठीक था, जो सभी एक साथ सड़कों पर उतरे थे। सांसद ओम बिरला ने कहा कि पूरी दुनिया को भगवान महावीर के विचारों को मानना पड़ेगा। सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह ऐसे सिद्धांत हैं, जिनसे दुनिया में स्थायी शांति प्राप्त हो सकती है।

बारिश का कहर, भामाशाह अनाज मंडी में लाखों बोरी अनाज भीगा

कोटा। मंगलवार को अचानक मौसम ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया। किसानों के खून-पसीने की कमाई पलभर में बारिश की भेंट चढ़ गई। अकेले कोटा की भामाशाहमंडी में ही एक लाख बोरी से अधिक अनाज भीग गया। इसमें करीब आठ हजार बोरी गेहूं भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकारी कांटे पर भीग गया।

भीगने के कारण अधिकारियों ने गेहूं खरीदने से हाथ खड़े कर दिए। किसानों को करीब तीस करोड़ का नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसल को भी नुकसान हुआ है। भीगने से गेहूं, सरसों, चने, धनिये में सबसे अधिक नुकसान है।

कोटा जिले के रामगंजमंडी, सांगोद, मोईकला, इटावा, मोड़क सुल्तानपुर, मंडाना, अयाना, रावतभाटा क्षेत्र में तेज बारिश हुई। सांगोद में तड़के चार बजे पौन घंटे तेज बारिश से गौण मंडी परिसर में करीब ढाई हजार बोरी जिन्स भीग गई। खेतों में कटी पड़ी फसल भी खराब हो गई।

खड़ी गेहूं की फसल आड़ी पड़ गई। इटावा मंडी में किसानों व व्यापारियों की करीब पांच हजार बोरी जिन्स भीग गई। सुल्तानपुर में बारिश ने करीब ढाई हजार बोरी जिन्स को भिगो दिया। रामगंजमंडी कृषि मंडी में भी बारिश से हजारों बोरी जिन्स खराब हुआ है। अयाना खरीद केन्द्र पर भी गेहूं भीग गया।

ओले गिरे, फसलों को नुकसान
बूंदी शहर सहित गांवों में मंगलवार तड़के कई जगह बरसात हुई। वहीं बड़ा नयागांव क्षेत्र में दोपहर तीन बजे पन्द्रह मिनट तक बेर के आकार के ओले गिरे, इससे फसलों को भारी नुकसान हुआ। बारां मंडी में जिन्स भीगने से नुकसान हुआ है।

32MP सेल्फी कैमरे वाला Honor 20i लॉन्च, जानिए कीमत, फीचर

नई दिल्ली। Huawei के सब-ब्रैंड Honor ने अपना नया स्मार्टफोन Honor 20i लॉन्च कर दिया है। इस स्मार्टफोन में 32 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। इस स्मार्टफोन को चीन में एक इवेंट में लॉन्च किया गया है। फोन में हाई स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो और ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप जैसे आकर्षक फीचर दिए गए हैं।

फोन में 6.21 इंच का IPS LCD पैनल है। फोन में U शेप का नॉच है, जिसमें फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन में स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 90 फीसदी से ज्यादा है। फोन में कई फेस ब्यूटीफिकेशन फीचर्स दिए गए हैं।

फोन के रियर में है ट्रिपल कैमरा सेटअप
Honor 20i स्मार्टफोन के बैक में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) पावर्ड ट्रिपल कैमरा सेटअप है। फोन के बैक में 24 मेगापिक्सल, 8 मेगापिक्सल और 2 मेगापिक्सल के कैमरे दिए गए हैं। ट्रिपल कैमरा एंटी-शेक, सुपर स्लो-मोशन विडियो शूटिंग, प्रोफेशनल मोड, पोट्रैट मोड जैसे फीचर हैं।

फोन में Kirin 710 SoC प्रोसेसर है। फोन में 6GB तक की रैम और 256GB तक इंटरनल स्टोरेज है। स्टोरेज बढ़ाने के लिए फोन में माइक्रोएसडी कार्ड भी दिया गया है। Honor 20i में 3,400 mAh की बैटरी है। हालांकि, इसमें फास्ट चार्जिंग सपॉर्ट नहीं है।

तीन कलर वेरियंट में मिलेगा स्मार्टफोन
Honor 20i में रियर-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर है। फोन में फेस अनलॉक भी है। Honor का दावा है कि बेहतर सिक्यॉरिटी के लिए हैंडसेट एक इनबिल्ट चिप में फेस डेटा को स्टोर करता है। फोन में ड्यूल 4G VoLTE, Wi-Fi 802.11, ब्लूटूथ 4.2, GPS, माइक्रो USB 2.0, GPS और हेडफोन जैक जैसे कनेक्टिविटी फीचर दिए गए हैं। यह स्मार्टफोन ग्रेडिएंट ब्लू, ग्रेडिएंट रेड और ब्लैक कलर ऑप्शन में मिलेगा।

इतनी होगी इस स्मार्टफोन की कीमत
6GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 1,599 युआन (करीब 16,590 रुपये) है। वहीं, 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 1,599 युआन (करीब 16,590 रुपये) है।

जबकि 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 1,899 युआन (करीब 19,700 रुपये) है। 6GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत (करीब 22,800 रुपये) है। चीन में Honor 20i स्मार्टफोन की प्री-सेल 18 अप्रैल से शुरू होगी।