Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 4875

कमजोर मांग से सोना 405 और चांदी 104 रुपये सस्ती, जानिए आज के दाम

नयी दिल्ली/ कोटा स्थानीय जौहरियों की मांग घटने से बृहस्पतिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 405 रुपये टूटकर 32,385 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की मांग घटने से चांदी भी 104 रुपये टूटकर 38,246 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव रह गई।

कारोबारियों ने कहा कि घरेलू मांग कमजोर पड़ने से सोने में गिरावट आई। इसके अलावा सकारात्मक वैश्विक आर्थिक परिदृश्य से भी सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग घटी है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1,276.10 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी 15.10 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी। महावीर जयंती के मौके पर बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार बंद था।

दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोना 99.9 प्रतिशत शुद्धता 405 रुपये टूटकर 32,385 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं सोना 99.5 प्रतिशत शुद्धता 395 रुपये के नुकसान से 32,225 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी का भाव 100 रुपये टूटकर 26,300 रुपये प्रति इकाई पर आ गया।

इसी तरह चांदी हाजिर 104 रुपये के नुकसान से 38,246 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक डिलिवरी वाली चांदी का भाव 187 रुपये घटकर 37,135 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। चांदी सिक्का लिवाल 80,000 रुपये प्रति सैकड़ा, बिकवाल 81,000 रुपये प्रति सैकड़ा के स्तर पर कायम रहा।

कोटा सर्राफा
चांदी 38300 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32650 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38080 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 32810 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38270 रुपये प्रति तोला।

गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लुढ़के

मुंबई। शेयर बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई के 31 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 135.36 अंकों (0.34%) की गिरावट के साथ 39,140.28 पर बंद हुआ। वहीं, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 34.35 अंकों (0.29%) की गिरावट के साथ 11,752.80 पर बंद हुआ।

दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 39,487.45 का उच्च स्तर, जबकि 39,083.16 का निचला स्तर छुआ। वहीं, निफ्टी ने 11,856.15 का उच्च स्तर और 11,738.50 का निचला स्तर छुआ। बीएसई पर आठ कंपनियों के शेयर हरे निशान पर तो 23 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीं, एनएसई पर 19 कंपनियों के शेयरों में लिवाली और 31 कंपनियों के शेयरों में बिकवाली देखी गई।

इन शेयरों में रही तेजी
बीएसई पर रिलांयस के शेयर में सर्वाधिक 2.79 फीसदी, टाटा मोटर्स में 2.32 फीसदी, टाटा मोटर्स डीवीआर में 2.20 फीसदी एशियन पेंट में 0.77 फीसदी और टीसीएस के शेयर में 0.61 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। वहीं, एनएसई पर रिलायंस के शेयर में सर्वाधिक 3.15 फीसदी, जेएसडब्ल्यू स्टील में 2.88 फीसदी, टाटा मोटर्स में 2.30 फीसदी, बीपीसीएल में 1.52 फीसदी और विप्रो के शेयर में 1.30 फीसदी की तेजी देखी गई।

इन शेयरों में रही गिरावट
बीएसई पर यस बैंक के शेयर में सर्वाधिक 4.18 फीसदी, वेदांता लिमिटेड में 3.51 फीसदी, इंडसइंड बैंक में 2.86 फीसदी, टाटा स्टील में 1.77 फीसदी और एलऐंडटी के शेयर में 1.57 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। NSE पर इंडियाबुल हाउजिंग फाइनैंस के शेयर में सर्वाधिक 4.44 फीसदी, यस बैंक में 4.09 फीसदी, हिंडाल्को में 3.70 फीसदी, वेदांता लिमिटेड में 3.54 फीसदी और इंडसइंड बैंक के शेयर में 3.17 फीसदी की गिरावट देखी गई।

सहमति से भी मरीज से सेक्स नहीं कर सकेंगे डॉक्टर्स, MCI की नई गाइडलाइन

नागपुर। देशभर के विभिन्न संस्थानों में तैनात डॉक्टर अब मरीजों की सहमति से भी शारीरिक संबंध नहीं बना सकते। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) की तरफ से तैयार नई गाइडलाइन में इस बारे में स्पष्ट निर्देश जारी किया गया है।

एमसीआई की तरफ से जारी नई गाइडलाइन में कई रोचक बातें हैं। इसमें साफ कहा गया है कि सहमति के बावजूद डॉक्टर किसी मरीज के साथ संबंध नहीं बना सकते। यही नहीं इसमें यह भी कहा गया है कि अगर मरीज इसके लिए अपनी तरफ से पहल करे तब भी डॉक्टर के लिए इस तरह के रिश्ते को स्वीकार करना उचित नहीं है।

एमसीआई आचार समिति के एक अधिकारी ने हमारे सहयोगी टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, पिछले दिनों दिल्ली हाई कोर्ट यौन दुर्व्यवहार को लेकर एमसीआई के निर्देशों के बारे में पूछा था। इसके बाद हम इसे लेकर नई गाइडलाइन तैयार करने को बाध्य हुए हैं।

अमेरिका में भारतीय मूल के एक डॉक्टर के मामले को खुद संज्ञान में लेते हुए हाई कोर्ट ने एमसीआई से इस बारे में रुख स्पष्ट करने के लिए कहा था। दरअसल, डॉक्टर एमसीआई से सम्बद्ध थे। समिति के सदस्य ने बताया कि इस केस के बाद हाई कोर्ट ने इस बारे में स्पष्ट और सख्त कदम उठाने के लिए कहा था।

इस पहल से बदलाव आएगा’
भारतीय मनोचिकित्सक सोसायटी के सदस्य और नागपुर के डॉक्टर सुधीर भावे कहते हैं, ‘एमसीआई द्वारा इस गाइडलाइन को अपनाने से काफी फर्क पड़ेगा। हमें इस बात की खुशी है। साथ ही हमारा प्रयास है कि हम इसे एक कदम और आगे ले जाते हुए मेडिकल कॉलेजों में स्टूडेंट्स के सामने भी इन बातों को रखें।’

‘सांड की आंख’ के सेट पर जल गया भूमि पेडनेकर का चेहरा

अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इन दिनों फिल्म ‘सांड की आंख’ की शूटिंग कर रही हैं। हाल ही में फिल्म की शूटिंग के दौरान प्रास्थेटिक के कारण भूमि का चेहरा जल गया। चेहरे पर कुछ गंभीर छाले पड़ गए, भूमि की पी आर टीम ने एक तस्वीर भेजी है, जिसमें उनके चेहरे पर मेकअप से जलने के दाग दिखाई दे रहे हैं। किसी भी ऐक्टर के लिए उनका चेहरा बहुत महत्वपूर्ण होता है।

चेहरे में इस तरह के दाग बनने के बाद भूमि ने विशेषज्ञ डॉ. की सलाह ली और शूटिंग जारी रखी, फिल्म के निर्देशक तुषार हीरानंदानी और फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप को असुविधा न हो, इसलिए भूमि ने फिल्म की शूटिंग को आड़े नहीं आने दिया। फिल्म में काम कर रहे क्रू मेंबर ने बताया, ‘भूमि फिल्म में चंद्रो तोमर का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी बहन प्रकाशी ( तापसी पन्नू ) के साथ दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला शार्पशूटर हैं।

भूमि को हर दिन अपनी भूमिका के लिए 3 घंटे का मेकअप करना होता है और उत्तर प्रदेश की तेज गर्मी में 8 घंटे से अधिक समय तक शूटिंग करती है। गर्मी और धूल के बीच शूटिंग करते हुए भूमि की त्वचा अंदर ही अंदर जलने लगी, भूमि ने इस बारे में बिल्कुल भी बात नहीं की थी और शूटिंग जारी रखी, क्योंकि वह जानती थीं कि वह एक टाइट शेड्यूल पर हैं और फिल्म को रैप करने की जरूरत है।’

भूमि ने पहले सोशल मीडिया पर अपनी त्वचा के जलने की एक तस्वीर अपलोड की थी, लेकिन बाद में इसे हटा दिया। भूमि की टीम ने बताया, ‘फिल्म का मेकअप बहुत ही चुनौतीपूर्ण है, लेटेक्स और चिपकने जैसे रसायनों का मिश्रण अभिनेताओं पर हर रोज इस्तेमाल किया जाता है, क्योंकि उन्हें स्क्रीन पर दो बूढ़ी महिलाओं की तरह दिखने की जरूरत है। हम अत्यधिक तापमान में भी शूटिंग कर रहे हैं जिसके कारण भूमि की त्वचा जलने लगी। यह एक छोटे से दाने के रूप में शुरू हुआ था, लेकिन बाद में यह जलन पूरे चेहरे पर फैल गई।’

भूमि ने बताया कि उन्होंने इसके बारे में अपने त्वचा विशेषज्ञ से सलाह ली है। वह कहती हैं, ‘केवल एक चीज जो मैं कर सकती हूं, वह है मेरी त्वचा और चेहरे को ठंडा करने के लिए एलोवेरा का इस्तेमाल। मैं इसके लिए किसी भी तरह के मेडिकेटेड स्किन केयर प्रॉडक्ट का इस्तेमाल नहीं कर सकती, क्योंकि मैं अपने चेहरे के साथ कुछ और नहीं करना चाहती। एक कलाकार के रूप में, इस फिल्म की रचनात्मकता से मैं पूरी तरह से संतुष्ट हूं और मैं अपने त्वचा के जलने की घटना को एक ऐसे प्रॉजेक्ट के लिए गर्व मानती हूं, जिसे मैंने अपना सबकुछ दिया है।’

लंदन कोर्ट का माल्या को एक और झटका, नहीं निकाल पाएंगे बैंक से पैसा

नई दिल्ली। भारतीय बैंकों का करीब 9 हजार करोड़ रुपए लेकर फरार होने के बाद लंदन में रह रहे शराब कारोबारी विजय माल्या को ब्रिटिश हाईकोर्ट ने एक और झटका दिया है। हाईकोर्ट ने बुधवार को माल्या के लंदन स्थित बैंक अकाउंट से 2,60,000 पाउंड (235 करोड़ रुपए) निकालने संबंधी राहत देने से इनकार कर दिया है।

विजया माल्या के यह 235 करोड़ रुपए आईसीआईसीआई बैंक की लंदन शाखा में जमा हैं। माल्या के खिलाफ ब्रिटेन की अदालतों में चल रहे मामले में इस बैंक अकाउंट से रुपए निकालने का मामला भी शामिल है। माल्या ने हाईकोर्ट से अपने रोजमर्रा के खर्चे के लिए इन रुपयों का इस्तेमाल करने की इजाजत देने को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

लेकिन हाईकोर्ट के जज मास्टर डेविड कुक ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और अन्य बैंकों को माल्या के इन 235 करोड़ रुपए तक पहुंच का अंतरिम आदेश दिया है। हालांकि, हाईकोर्ट ने माल्या के खिलाफ चल रहे धन गड़बड़ी के मामलों का निपटारा होने तक बैंकों पर यह धन नहीं निकालने का प्रतिबंध लगा दिया है।

ब्रिटेन दे चुका है माल्या के भारत प्रत्यर्पण का आदेश
बीते फरवरी में ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने विजय माल्या के भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया था। इसके बाद माल्या ने प्रत्यर्पण आदेश पर रोक के लिए लंदन की कोर्ट में अर्जी लगाई थी। लेकिन की कोर्ट ने माल्या की प्रत्यर्पण की अर्जी खारिज कर दी है। अब माल्या के पास लंदन की उच्च कोर्ट में अपील का विकल्प बचा है।

रूह अफजा शर्बत बाजार से गायब, जानिए क्या है वजह

नई दिल्ली। सॉफ्ट ड्रिंक, आइसक्रीम समेत कई नए ऑप्शन आने के बाद भी गुजिश्ता कई सालों से एक ब्रांड भारत में लोकप्रिय बना हुआ है। यह ब्रांड है हमदर्द का रूह-अफजा शर्बत। आजकल बाजार से रूह-अफजा शर्बत गायब है। कंपनी ने कच्चे माल की कमी बताकर कुछ ही वक्त में सप्लाई बढ़ाने की बात कही है तो शर्बते-आजम कहने जाने वाले रूह-अफजा के बाजार से गायब होने से इसके शौकीन परेशान हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा है कि ऐसे कैसे गर्मी कटेगी।

दिल्ली-एनसीआर में किराने की दुकानों में रूह-अफजा नहीं मिल रहा है। रिटेलर बता रहे हैं कि इस साल की शुरुआत में ही सप्लाई बंद हो गई, लेकिन तब सर्दियां चल रही थीं इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया।

अब गर्मी आने पर मांग बढ़ने पर भी सप्लाई नहीं होने पर लगता है कि कंपनी में कुछ गड़बड़ है, जिसकी वजह से सप्लाई नहीं हो रही है। दिल्ली-एनसीआर के अलावा यूपी के दूसरे शहरों और दक्षिण में हैदराबाद में भी रूह-अफजा नहीं मिलने की शिकायत आ रही हैं। जहां रूह-अफजा मिल रहा है, वो जुलाई का स्टॉक है। यानी इस साल रूह-अफजा की सप्लाई नहीं हुई।

क्या है वजह
सभी जानना चाहते हैं कि इतना लोकप्रिय शर्बत होने और ऑन-सीजन होने के बावजूद रूह-अफजा की सप्लाई क्यों नहीं हो रही है। इस बारे में सोशल मीडिया में रहे कमेंट की माने तो रूह-अफजा बनाने वाली कंपनी हमदर्द के पार्टनर्स के बीच संपत्ति विवाद के चलते इस शर्बत का उत्पादन बंद हो गया है।

रूह-अफजा के बाजार से गायब होने की वजह चाहें जो हो, लेकिन इस शर्बत के चाहने वाले बहुत परेशान हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘बताइये रूह अफज़ा ही नहीं है किसी भी दुकान, मेगा स्टोर में। ऐसे कैसे कटेगी गर्मियां।’

हालांकि रूह-अफजा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मालिकों के बीच किसी संपत्ति विवाद से इनकार किया है। उनका कहना है कि कच्चे माल की कमी के चलते रूह-अफजा का उत्पादन बंद करना पड़ा था, हालांकि अगले 1-2 सप्ताह में स्थिति सामान्य हो जाएगी।

ट्रिपल रियर कैमरे के साथ OnePlus 7 का पहला ऑफिशल टीजर शेयर

नई दिल्ली। स्मार्टफोन बनाने वाली चीन की कंपनी OnePlus के सीईओ Pete lau ने ट्विटर पर कंपनी के अगले फ्लैगशिप फोन का ऑफिशल टीजर शेयर किया है। टीजर में बताया गया है कि OnePlus का अगला स्मार्टफोन ‘फास्ट ऐंड स्मूथ’ (Fast and Smooth) होगा। हालांकि, टीजर में फोन के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं हुआ है।

केवल इसमें फोन के एक हिस्से को दिखाया गया है। टीजर में दिखाया गया स्मार्टफोन OnePlus 7 Pro हो सकता है, क्योंकि इसकी स्क्रीन कर्व्ड है। टीजर में फोन के एक हिस्से को दिखाया गया है, जो कि अपने एज (किनारों) से 7 नंबर बनाते हैं।

फ्लैगशिप फोन के 3 वेरियंट लॉन्च कर सकती है कंपनी
टीजर में Fast and Smooth पर जोर दिया गया है। इसमें डबल O को तीन डॉट से रिप्लेस किया गया है। OnePlus अपने अगले फ्लैगशिप फोन के 3 वेरियंट लॉन्च कर सकता है। पहले आई लीक रिपोर्ट्स में कहा गया है कि OnePlus 7 में फ्लैट डिस्प्ले होगा, जबकि OnePlus 7 Pro मॉडल बड़े कर्व्ड डिस्प्ले के साथ आएगा।

इसके साथ ही 5G वेरियंट भी लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, OnePlus ने अभी तक अपने नए स्मार्टफोन के फीचर को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है। टिप्स्टर ईशान अग्रवाल ने अपने एक ट्वीट में खुलासा किया है कि OnePlus 7 Pro में क्वॉड HD+ डिस्प्ले होगा। फोन का पैनल सुपर एमोलेड होगा और इसमें 90Hz का रिफ्रेश रेट होगा।

ज्यादातर फोन में 60Hz का रिफ्रेश रेट होता है। ज्यादा रिफ्रेश रेट का मतलब है कि एनिमेशंस और ओवरऑल इंट्रैक्शन स्मूथ होगा। लीक रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि OnePlus 7 Pro में ट्रिपल रियर कैमरे होंगे। फोन में स्टीरियो स्पीकर्स, USB 3.1 के लिए सपॉर्ट और Wrap Charge 3.0 के साथ 4,000 mAh की बैटरी होगी। खबरें आ रही हैं कि वनप्लस 14 मई को अपने नए स्मार्टफोन लॉन्च कर सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक लॉन्चिंग डेट कंफर्म नहीं की हैं।

Whatsapp में ऐनिमेटेड स्टिकर्स फीचर, मजेदार होगी अब चैटिंग

नई दिल्ली।इंस्टैंट मेसेजिंग ऐप Whatsapp अपने यूजर्स के चैट एक्सपीरियंस को बेहतर और मजेदार बनाने के लिए लगातार नए-नए फीचर रोलआउट करता रहता है। इसी कड़ी में वॉट्सऐप अब अपने यूजर्स के लिए ऐनिमेटेड स्टिकर्स जारी करने की तैयारी कर रहा है। गौरतलब है कि वॉट्सऐप ने पिछले साल अक्टूबर में स्टिकर्स फीचर को लॉन्च किया था।

WABetaInfo की एक रिपोर्ट के मुताबिक वॉट्सऐप का यह फीचर अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन इसकी टेस्टिंग ऐंड्रॉयड, आईओएस और वेब के लिए की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक इन ऐनिमेटेड स्टिकर्स को मौजूदा स्टिकर्स पैक में जोड़ा जाएगा।

WABetaInfo ने बताया, ‘हम कह सकते हैं कि यह फीचर काफी अच्छे तरीके से काम करेगा। ऐनिमेटेड स्टिकर्स सपॉर्ट थर्ड पार्टी स्टिकर्स के लिए भी रहेगा और इसके रिलीज होने में अब ज्यादा वक्त नहीं है।’

WABetaInfo ने अपनी साइट पर इन स्टिकर्स के कुछ सैंपल को शेयर किया है। इन्हें देखने के बाद कहा जा सकता है कि इन ऐनिमेटेड स्टिकर्स के आने के बाद यूजर्स के चैटिंग का मजा दोगुना हो जाएगा।

अगर आप रिसीव किए ऐनिमेटेड स्टिकर को सेंड करेंगे तो यह ऐनिमेटेड फॉर्म में ही जाएगा। बताया जा रहा है कि वॉट्सऐप अपने ऐनिमेटेड स्टिकर्स के लिए आईओएस ऐप पर भी सपॉर्ट उपलब्ध कराएगा।

वॉटस्ऐप पर इस वक्त 13 प्री-इंस्टॉल्ड स्टिकर्स सेट ऑफर करता है। ऐंड्रॉयड यूजर्स अगर चाहें ‘Get More Stickers’ ऑप्शन पर टैप करके गूगल प्ले स्टोर से और स्टिकर डाउनलोड कर सकते हैं।

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन : कलंक ने पहले ही दिन बनाया रेकॉर्ड

वरुण धवन और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म ‘कलंक’ कल 17 अप्रैल को रिलीज़ हो गई और ऐसा लगता है कि फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। साल 2019 की अब तक की बेस्ट ओपनिंग फिल्म ‘कलंक’ ने पहले ही दिन 21-22 करोड़ की कमाई कर डाली है। यह वरुण और आलिया की अब तक की सबसे शानदार ओपनिंग वाली फिल्म साबित हो चुकी है, जिसने ‘जुड़वां 2’ और ‘गली बॉय’ को भी पीछे छोड़ दिया है।

boxofficeindia.com की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को फैमिली, फीमेल और यूथ ऑडियंस का काफी अच्छा सपॉर्ट मिला है। फिल्म को महावीर जयंती की छुट्टी का भी फायदा मिलता दिख रहा है। आनेवाले कुछ दिनों में यह साफ हो जाएगा कि फिल्म को लोगों ने वाकई पसंद किया है या नहीं।

कहानी 1940 के दशक की है, जो हुसैनाबाद पर बेस्ड है, जहां रूप (आलिया भट्ट) की दुनिया उस वक्त अचानक बदल जाती है, जब वह अपनी बहनों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अखबारनवीस देव चौधरी (आदित्य रॉय कपूर) से शादी करने को राजी हो जाती है।

दूसरी तरफ लोहार के रूप में काम करनेवाला दिलफेंक जफर (वरुण धवन) रूप से नजदीकियां बढ़ाकर प्यार की दुनिया रच देता है। फिल्म में आलिया और वरुण के अलावा, आदित्य रॉय, सोनाक्षी सिन्हा, माधुरी दीक्षित, संजय दत्त और कुणाल खेमू जैसे कलाकार हैं।

जस्टडायल के 10 करोड़ से ज्यादा यूजर्स का डेटा लीक

बेंगलुरु।एक इंडिपेंडेंट सिक्यॉरिटी रिसर्चर ने अपने Facebook पोस्ट मे कहा कि लोकल सर्च सर्विस JustDial बीते बुधवार को डेटा ब्रीच का शिकार होना पड़ा है। इस डेटा ब्रीच से जस्टडायल के 10 करोड़ के ज्यादा यूजर्स के नाम, ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और अड्रेस सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो गए हैं।

इस डेटा ब्रीच के बारे में खुलासा करने वाले राजशेखर राजहरिया ने बताया कि इस लीक में जिन यूजर्स का डेटा लीक हुआ है उनमें 70 प्रतिशत वे यूजर्स हैं जिन्होंने जस्टडायल के कस्टमर केयर नंबर 88888 88888 पर कॉल किया था।

राजशेखर ने कहा, ‘ अगर किसी यूजर ने जस्टडायल के ऐप या वेबसाइट का इस्तेमाल ना करते हुए अगर एक बार भी इसके कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया है तो संभावना है कि उनका डेटा भी लीक हो चुका है।’

बताया जा रहा है कि यह डेटा ब्रीच जस्टडायल की वेबसाइट के पुराने वर्जन के जरिए हुई है जिसे साल 2015 के बाद से एक बार भी चेक नहीं किया गया था और इन 4 सालों में चार ऐप्लिकेशन प्रोग्राम इंटरफेस को अनप्रटेक्टेड ही रखा गया था।

इसके साथ ही राजशेखर ने बताया कि जस्टडायल ने उनसे इस मामले को लेकर संपर्क भी किया है लेकिन अभी तक इस समस्या को पूरी तरह से ठीक नहीं किया जा सका है और यूजर्स के डेटा को अभी भी ऐक्सेस किया जा सकता है।

डेटा लीक के मामले पर ज्यादा जानकारी के लिए जस्टडायल से ई-मेल भी किया गया है, लेकिन अभी तक कंपनी की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। कुछ महीनों पहले जस्टडायल ने अपनी वेबसाइट के नए वर्जन में कुछ बदलाव किए थे जिससे इस वेबसाइट के यूजर्स के डेटा लीक नहीं हुए है।

बता दें कि जस्टडायल मुंबई की एक ऑनलाइन डाइरेक्टरी सर्विस है जो बिल पेमेंट, रिचार्ज, ग्रॉसरी/फूड डिलिवरी के साथ ही रेस्तरां, कैब और मूवी टिकट बुकिंग की सर्विस उपलब्ध कराती है।