Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4761

चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स 289 अंक फिसला, निफ्टी 11,850 से नीचे

नई दिल्ली। वैश्विक संकेतों से निवेशकों में छाई चौतरफा बिकवाली के कारण भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 289 अंकों की गिरावट के साथ 39,452 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 90 अंकों की गिरावट के साथ 11,850 अंकों के स्तर से गिरकर 11,823 अंकों पर बंद हुआ। सेंसेक्स में बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा 462 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

भारत की ओर से 29 अमेरिकी उत्पादों पर इंपोर्ट टैरिफ लगाने के संकेतों से निवेशकों में घबराहट का माहौल दिखा। इस कारण निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। इसका असर यह दिखा कि अधिकांस सेक्टोरियल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट बैंकिंग सेक्टर में दिखी। बैंकिंग सेक्टर के शेयर 462 अंकों की गिरावट के साथ 34,352 अंकों पर बंद हुए। इसके अलावा ऑटो सेक्टर में 191, हेल्थकेयर सेक्टर में 108, कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में 167 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।

ये रहा निफ्टी का हाल
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी सेंसेक्स जैसा हाल रहा। निफ्टी में सभी सेक्टोरियल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी में सबसे ज्यादा 2.24 फीसदी की गिरावट मीडिया सेक्टर के शेयरों में दर्ज की गई। इसके अलावा रियल्टी सेक्टर में 2.10 फीसदी, प्राइवेट बैंक 1.36 फीसदी, एफएमसीजी सेक्टर 1.28 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए।

मई में थोक मुद्रास्फीति दो साल के निचले स्तर 2.45 % पर पहुंची

नई दिल्ली। थोक मूल्य पर आधारित महंगाई मई में पिछले 22 महीने के निचले स्तर पर गिरकर 2.45 प्रतिशत पर रही। थोक महंगाई में गिरावट की प्रमुख वजह खाद्य सामग्री, ईंधन और बिजली की दरों का कम होना है। थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आधिकारिक आंकड़े शुक्रवार को जारी किए गए।

आंकड़े बताते हैं कि जुलाई 2017 से लगभग 22 महीने बाद थोक मुद्रास्फीति का यह सबसे निचला स्तर है। जुलाई 2017 में इसकी दर मात्र 1.88 प्रतिशत थी। अप्रैल 2019 में यह 3.07 प्रतिशत रही, जबकि मई 2018 में यह 4.78 प्रतिशत थी।

खाद्य वस्तुओं में थोक मुद्रास्फीति का स्तर 6.99 प्रतिशत रहा, जबकि अप्रैल में यह 7.37 प्रतिशत था। हालांकि महीने के दौरान प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई और इसकी मुद्रास्फीति की दर 15.89 प्रतिशत रही।

सब्जियों की थोक मुद्रास्फीति इस दौरान नरम पड़कर 33.15 प्रतिशत रही जबकि अप्रैल में यह 40.65 प्रतिशत थी। आलू की थोक मुद्रास्फीति मई में घटकर शून्य से 23.36 प्रतिशत नीचे रही जबकि अप्रैल में यह शून्य से 17.15 प्रतिशत नीचे थी।

ईंधन एवं बिजली क्षेत्र में मुद्रास्फीति की दर घटकर 0.98 प्रतिशत रही जो पिछले महीने 3.84 प्रतिशत थी। विनिर्मित वस्तुओं की कीमतों में भी कमी देखी गई है। मई में इसकी मुद्रास्फीति दर 1.28 प्रतिशत रही जो अप्रैल में 1.72 प्रतिशत थी।

मार्च की थोक मुद्रास्फीति के संशोधित आंकड़े भी जारी किए गए हैं। मार्च की संशोधित मुद्रास्फीति 3.10 प्रतिशत रही जबकि अनुमानित अस्थायी आंकड़ों में यह 3.18 प्रतिशत थी। इस हफ्ते की शुरुआत में खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े भी जारी किए गए थे।

मई में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित खुदरा मुद्रास्फीति सात महीने के उच्च स्तर यानी 3.05 प्रतिशत पर रही थी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) अपनी मौद्रिक नीति को तय करने में खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर भी गौर करता है।

6 जून को जारी मौद्रिक समीक्षा में केंद्रीय बैंक ने नीतिगत ब्याज दर या रीपो रेट को घटाकर 5.75 प्रतिशत कर दिया था जो पहले छह प्रतिशत थी। रिजर्व बैंक ने 2019-20 की पहली छमाही में मुद्रास्फीति 3 से 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है।

JEE Advanced Result 2019 घोषित, कार्तिकेय गुप्ता बने टॉपर

नई दिल्ली। जेईई एडवांस्ड के परिणाम की घोषणा कर दी गई है। आईआईटी रूड़की ने जेईई एडवांस्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी सूचना दे दी है। साथ ही लिंक भी जारी किया है। JEE Advanced Result 2019 में कार्तिकेय गुप्ता टॉपर बने हैं। इस बार जेईई एडवांस्ड पेपर-1 और पेपर-2 दोनों मिलाकर कुल 1,61,319 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 38,705 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें से 5356 छात्राएं हैं।

कार्तिकेय गुप्ता महाराष्ट्र के बल्लारपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने 372 में से 346 अंक हासिल किए हैं। जेईई एडवांस्ड में टॉपर बने कार्तिकेय गुप्ता को ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JEE) मेन में 18वीं रैंक मिली थी। वहीं छात्राओं में तेलंगाना की शबनम सहाय ने टॉप किया है। 372 में से 308 अंक पाकर शबनम ने जनरल मेरिट लिस्ट में 10वीं रैंक हासिल की है।

अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पोर्टल के अलावा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर टेक्स्ट मैसेज के जरिये भी परिणाम बताए जाएंगे। हालांकि किसी भी अभ्यर्थी को अलग से पोस्ट द्वारा कोई रैंक-कार्ड नहीं भेजा जाएगा। बता दें कि इस बार जेईई एडवांस्ड का आयोजन 27 मई 2019 को दो पालियों में किया गया था। आईआईटीज ने ज्वाइंट एडमिशन बोर्ड 2019 के मार्गदर्शन में परीक्षा आयोजित की थी। करीब 1.73 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। जबकि देश के विभिन्न आईआईटीज में सीटों की संख्या करीब 11279 है।

जोनल टॉपर्स

जोन   टॉपर   रैंक
आईआईटी बॉम्बे गुप्ता कार्तिकेय चंद्रेश 01
आईआईटी दिल्लीहिमांशु गौरव सिंह 02
आईआईटी गुवाहाटी   प्रदीप्ता पराग बोरा 28
आईआईटी कानपुरध्रुव अरोड़ा24
आईआईटी खड़गपुर  गुडीपति अनिकेत29
आईआईटी हैदराबाद  गिल्लेल्ला आकाश रेड्डी04
आईआईटी रूड़कीजयेश सिंगला17

कैटेगरी टॉपर्स

कैटेगरीनामरैंकशहर
जेनरलकार्तिकेय गुप्ता01बल्लारपुर
जेनरलहिमांशु गौरव सिंह02इलाहाबाद
जेनरलअर्चित बूबना03नई दिल्ली
जेनरल-ईडब्ल्यूएसचंद्रशेखर एसएस हेथहाव्या01माधापुर
ओबीसी एनसीएलहिमांशु गौरव सिंह01इलाहाबाद
एससीसंबित बेहरा01भुवनेश्वर
एसटीपीयूष राज01जयपुर
जनरल-पीडब्ल्यूडीसुमित जैन01सतना
जेनरल-ईडब्ल्यूएस-पीडब्ल्यूडीदसारी राजेश01गांधीनगर
ओबीसी-एनसीएल-पीडब्ल्यूडीवेदांत दीपक01नागपुर
एससी-पीडब्ल्यूडीआर्यन कुमार01कानपुर
एसटी-पीडब्ल्यूडीधनंजय सपावत01कोटा

ऐसे डाउनलोड कर सकेंगे अपना परिणाम

  • परिणाम जारी होने के बाद जेईई एडवांस्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  • होम पेज पर आपको रिजल्ट की लिंक मिलेगी।
  • यहां क्लिक करते ही नया पेज खुलेगा। इस पेज पर मांगी गई जानकारी दर्ज करें।
  • सबमिट करते ही आपका परिणाम आपके सामने होगा।
  • इसे डाउनलोड कर एक प्रिंट आगे की प्रक्रिया के लिए सुरक्षित रख लें।

40 लाख तक टर्नओवर वाले व्यापारियों को नहीं मिलेगी पेंशन, जानिए क्यों

नई दिल्ली। केंद्र में दूसरी बार सत्ता संभालने के बाद मोदी सरकार ने अपना चुनावी वादा पूरा करते हुए पहली कैबिनेट बैठक में छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के लिए पेंशन स्कीम की घोषणा की थी। इसके स्कीम के तहत 60 साल की उम्र पार कर चुके व्यापारियों, दुकानदारों को हर महीने 3000 रुपए की पेंशन दी जाएगी। लेकिन इस स्कीम का फायदा ज्यादा व्यापारियों को मिलता नहीं दिख रहा है। इसकी राह में कई सरकारी नियम आड़े आ रहे हैं।

सरकार के अनुसार, 1.5 करोड़ रुपए तक का सालाना टर्नओवर वाले जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों-दुकानदारों को ही इसका लाभ मिलेगा, जबकि सरकार ने 40 लाख तक के जीएसटी टर्नओवर वालों को जीएसटी रजिस्ट्रेशन से छूट दे रखी है। इस पेंशन स्कीम का लाभ लेने के लिए व्यापारियों और दुकानदारों को अपना जीएसटी नंबर भी देना होगा।

ऐसे में जब 40 लाख तक के टर्नओवर व्यापारियों को जीएसटी रजिस्ट्रेशन से छूट प्राप्त है तो उन्हें पेंशन स्कीम का फायदा कैसे मिलेगा। आपको बता दें कि 10 जनवरी को आयोजित बैठक में जीएसटी काउंसिल ने रजिस्ट्रेशन से छूट की सीमा को बढ़ाकर 20 लाख से 40 लाख रुपए कर दिया था। यह फैसला 1 अप्रैल से लागू हो गया है।

1.5 करोड़ तक सालाना जीएसटी टर्नओवर वालों को मिलेगा लाभ
सरकार के अनुसार, इस योजना का लाभ उन सभी छोटे दुकानदारों और सेल्फ एंप्लॉयड पर्सन्स को मिलेगा जिनका सालाना जीएसटी टर्नओवर 1.5 करोड़ रुपए से कम और आयु 18-40 साल के बीच है।

यह योजना पूरी तरह से स्व घोषित पद्धति पर आधारित है और इसका लाभ लेने के लिए आधार नंबर और बैंक खाता के अलावा अन्य किसी कागजात की जरूरत नहीं है। इस योजना के तहत छोटे कारोबारी देशभर में फैले 3.25 कॉमन सर्विस सेंटर पर खुद पंजीकरण करा सकते हैं। सरकार ने दावा किया है कि इस स्कीम से देश के करीब 3 करोड़ छोटे व्यापारियों-दुकानदारों को लाभ मिलेगा।

ऐसे मिलेगा पेंशन स्कीम का फायदा
बयान के अनुसार, इस योजना में जितना योगदान कारोबारी करेंगे, उतना ही केंद्र सरकार करेगा। उदाहरण के लिए यदि कोई व्यापारी 29 साल की उम्र में 100 रुपए प्रति माह का योगदान करता है तो केंद्र सरकार भी उसके पेंशन खाते में हर महीने 100 रुपए का अंशदान देगी। आपको बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने छोटे कारोबारियों को बुढ़ापे में उनके सम्मान और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाए रखने के लिए पेंशन स्कीम की आवश्यकता पर बल दिया था।

व्यापारियों ने की नियमों में बदलाव की मांग
पेंशन स्कीम को लेकर धीरे-धीरे नियम सामने आ रहे हैं। इनमें कई नियम ऐसे में जिनसे बड़ी संख्या में व्यापारियों-दुकानदारों को इस पेंशन स्कीम का लाभ नहीं मिलेगा। जीएसटी रजिस्ट्रेशन नंबर देने का नियम भी ऐसा ही नियम है। व्यापारी संगठनों का कहना है कि देश में बड़ी संख्या में ऐसे छोटे व्यापारी-दुकानदार हैं जिनका सालाना कारोबार 40 लाख रुपए से कम है। इस कारण उन्होंने जीएसटी में रजिस्ट्रेशन भी नहीं कराया है। व्यापारी संगठनों का कहना है कि जब छोटे व्यापारियों-दुकानदारों के पास जीएसटी रजिस्ट्रेशन नंबर ही नहीं है तो वे पेंशन के लिए आवेदन कैसे करेंगे।

पेंशन स्कीम का फायदा तुरंत दिया जाए
व्यापारी संगठनों का कहना है कि सरकार की स्कीम के अनुसार, इस स्कीम का फायदा 18 से 40 साल की उम्र के व्यापारियों को 60 साल की उम्र पार करने के बाद मिलेगा। ऐसे में यदि कोई व्यापारी 40 साल की उम्र में इस स्कीम में शामिल होता है तो उसे कम से कम 20 साल बाद पेंशन मिलेगी। व्यापारिक संगठनों के अनुसार, महंगाई को देखते हुए 20 साल बाद 3000 रुपए की वैल्यू आज के 300 रुपए के बराबर होगी। ऐसे में इस स्कीम का व्यापारियों को कोई फायदा नहीं होगा। व्यापारी संगठनों ने पेंशन स्कीम का फायदा तुरंत देने की मांग की है।

40 साल की उम्र पार कर चुके व्यापारियों को भी मिले लाभ
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) पेंशन स्कीम में उम्र सीमा पर सवाल उठा चुका है। कैट का कहना है कि इस पेंशन स्कीम में 40 साल की उम्र पार कर चुके छोटे व्यापारियों-दुकानदारों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जबकि ऐसे व्यापारियों-दुकानदारों की संख्या 4 करोड़ है। इसमें 3 करोड़ से ज्यादा व्यापारी ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 साल के पार है। ऐसे में सभी व्यापारियों को इस पेंशन स्कीम में शामिल किया जाए।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट, दिल्ली में पेट्रोल 17 पैसे सस्ता

नई दिल्ली। कच्चे तेल में बढ़ोतरी के बावजूद भारतीय तेल बाजार में इसका उल्टा असर देखने को मिल रहा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन पेट्रोल डीजल की कीमतों में गिरावट की है। पेट्रोल की कीमतों में 17 से 18 पैसे की कमी की गई है वहीं डीजल की कीमतों में 16 से 17 पैसे की गिरावट की गई है।

राजधानी दिल्ली में 17 पैसे की गिरावट के साथ पेट्रोल 70.18 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है जबकि डीजल 16 पैसे की कमी के चलते 64.17 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में 17 पैसे की कमी के चलते पेट्रोल 72.44 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है जबकि 16 पैसे की कमी के चलते डीजल 66.09 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

मुंबई में पेट्रोल 16 पैसे की कमी के चलते 75.88 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि 17 पैसे की कमी के चलते डीजल 67.28 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में 18 पैसे की कमी के चलते पेट्रोल 72.90 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि 17 पैसे की कमी के चलते डीजल 67.88 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 0.15 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ डबल्यूटीआई क्रूड 52.36 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। वहीं, 0.47 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ ब्रेंट क्रूड 61.60 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

लाल निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स में 68 अंकों की गिरावट

नई दिल्ली। एशियाई बाजारों में छाई मंदी के कारण भारतीय बाजारों में लिवाली का माहौल बना हुआ है। इसी कारण कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर लाल निशान में खुले।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 22 अंकों की गिरावट के साथ 39,719 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 16 अंकों की गिरावट के साथ 11,897 अंकों पर खुला।

सुबह 9.25 बजे सेंसेक्स 68 अंकों की गिरावट के साथ 39,672 अंकों पर और निफ्टी 21 अंकों की गिरावट के साथ 11,892 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स में जेट एयरवेज 11.58 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में पीसी ज्वैलर्स, आईआईएफएल, इंडियाबुल्स इंटीग्रेटिड सर्विसेज, वॉकहार्डट लिमिटेड, इक्विटास होल्डिंग्स लिमिटेड में तेजी का माहौल है। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, जी एंटरटेनमेंट, बीपीसीएल, ग्रॉसिम, कोटक बैंक में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में जेट एयरवेज, जेपी एसोसिएट, ग्रूह फाइनेंस, मनपसंद बेवरेजेस, इंडियाबुल्स रियल एस्टेट में मंदी का माहौल है। यस बैंक, इंड्सइंड बैंक, यूपीएल, आईओसी, मारुति के शेयरों में मंदी का माहौल है।

Motorola वन ऐक्शन के फीचर्स लीक, जानिए खूबियां

नई दिल्ली। स्मार्टफोन मेकर मोटोरोला का लेटेस्ट स्मार्टफोन लॉन्च से पहले हाल ही में गीकबेंच पर दिखा था। अब इसके लगभग सभी स्पेसिफिकेशंस ऑनलाइन लीक हो गए हैं। एक नई रिपोर्ट से पता चला है कि मोटोरोला वन ऐक्शन स्मार्टफोन मोटोरोला वन विजन का टोन्ड-डाउन (कुछ कम फीचर्स वाला, सस्ता) वर्जन हो सकता है। मोटोरोला वन ऐक्शन में वन विजन स्मार्टफोन जैसा ही पंच-होल डिस्प्ले देखने को मिल सकता है।

लीक्ड स्पेसिफिकेशंस में कहा गया है कि मोटोरोला वन ऐक्शन में 6.3 इंच का एलसीडी डिस्प्ले 1080×2520 पिक्सल्स रेजॉलूशन के साथ मिल सकता है। लीक्स की मानें तो डिवाइस में सैमसंग Exynos 9609 प्रोसेसर Mali G72 GPU के साथ दिया जाएगा। फोन में वन विजन की तरह ही 3,500mAh की बैटरी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा मोटोरोला वन ऐक्शन के रियर पैनल पर तीन कैमरा सेंसर होंगे, जबकि वन विजन में ऐसा नहीं था।

बैक कैमरा सेटअप में प्राइमरी सेंसर 12.6 मेगापिक्सल का हो सकता है। फिलहाल बाकी दो सेंसर्स के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, फ्रंट में लेनोवो की ओनरशिप वाली कंपनी 12.6 मेगापिक्सल का ही सेल्फी कैमरा दे सकती है। मोटोरोला वन ऐक्शन को 3 जीबी और 4 जीबी रैम वेरियंट्स में लॉन्च किया जा सकता है। इसमें 32 जीबी, 64 जीबी और 128 जीबी स्टोरेज ऑप्शंस मिल सकते हैं। 91Mobiles की रिपोर्ट के मुताबिक, डिवाइस एनएफसी कनेक्टिविटी के साथ आ सकता है।

साथ ही, मोटोरोला इस स्मार्टफोन को ब्लू और गोल्ड कलर में लॉन्च कर सकता है। फिलहाल, यह जानकारी सामने नहीं आई है कि कंपनी यह डिवाइस कब लाने वाली है। इस फोन के अलावा कंपनी मोटोरोला वन प्रो डिवाइस पर भी काम कर रही है। इसके अलग, मोटोरोला भारत में अपना वन विजन डिवाइस 20 जून को लॉन्च करने के लिए तैयार है। यह डिवाइस ब्राजील में पहले ही लॉन्च हो चुका है।

NEET 2019 का काउंसलिंग शेड्यूल जारी, यहाँ जानिए पूरी डिटेल

नई दिल्ली। नैशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के लिए काउंसिलिंग की तारीखें शुरू हो गई हैं। पहले चरण की काउंसलिंग के लिए पंजीकरण 19 जून को शुरू होगा और 24 जून को शाम के 5 बजे समाप्त होगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की मेडिकल काउंसलिंग कमिटी (एमसीसी) ने काउंसलिंग के लिए शेड्यूल जारी किया है। काउंसलिंग के लिए पंजीकरण एमसीसी की वेबसाइट mcc.nic.in पर कराया जा सकता है।

पहली काउंसलिंग के लिए छात्रों को 25 जून को सुबह के 10 बजे से शाम के 5 बजे के बीच अपनी सीट लॉक करनी होगी। इस बीच सीट लॉक नहीं कर पाए तो किसी और को सीट आवंटित कर दी जाएगी। सीट अलॉटमेंट की पहली सूची 26 जून को जारी होगा। छात्रों को अपने दस्तावेजों के साथ 28 जून से 3 जुलाई, 2019 तक सेंटर पर आना होगा।

पहली काउंसलिंग के बाद अगर सीट बची रह जाती है तो दूसरी काउंसलिंग का आयोजन 6 से 9 जुलाई, 2019 तक किया जाएगा। इसके लिए सीट लॉक करने की आखिरी तारीख 9 जुलाई है और सीट आवंटन की प्रक्रिया 10 और 11 जुलाई, 2019 तक चलेगी।

मेडिकल काउंसलिंग कमिटी (एमसीसी) कुछ सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग का आयोजन करेगी। इनमें ऑल इंडिया कोटा के तहत 15 सीट फीसदी सीटों के अलावा एएफएमसी, ईएसआई, दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू), बीएचयू, एएमयू और डीम्ड यूनिवर्सिटियों समेत केंद्रीय संस्थानों की सीटें शामिल हैं। ऑल इंडिया कोटा, काउंसलिंग की स्कीम और बार-बार पूछे जाने वाले सवालों के लिए छात्रों को एमसीसी की वेबसाइट mcc.nic.in को देखते रहना चाहिए।

प्रभास की ‘साहो’ का टीजर यूट्यूब पर एक करोड़ से ज्यादा बार देखा

ऐक्टर प्रभास की फिल्म ‘साहो’ का ऑफिशल टीजर गुरुवार को रिलीज किया गया। इस शानदार टीजर को दर्शकों का भी धमाकेदार रिसपॉन्स मिल रहा है। फिल्म की पहली झलक ही लोगों को कितनी पसंद आ रही है इसका सबूत इसी से देखने को मिल जाता है कि कुछ ही घंटों में टीजर को 1 करोड़ा से ज्यादा बार देख लिया गया है।

‘साहो’ के टीजर को चार भाषाओं में रिलीज किया गया है। इसमें से सिर्फ हिन्दी टीजर को ही 10 घंटे में यूट्यूब पर 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इसी समय सीमा में फिल्म के तमिल टीजर को 78 लाख, तेलुगू टीजर को 62 लाख और मल्यालम टीजर को 5 लाख से ज्यादा बार देखा गया।

300 करोड़ के बजट के साथ बनाई गई इस ऐक्शन थ्रिलर फिल्म के टीजर में मूवी में डाले गए शानदार वीएफएक्स इफेक्ट्स, धांसू ऐक्शन सीन्स और माइंड ब्लोइंग म्यूजिक की झलक दर्शकों को देखने को मिली है। 2017 में शुरू हुई फिल्म की शूटिंग इस साल खत्म हुई है।

अब यह फिल्म अपने फाइनल लुक की ओर बढ़ रही है और 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। इस मूवी में प्रभास के साथ ही श्रद्धा कपूर लीड रोल निभाती दिखेंगी। उनके अलावा जैकी श्रॉफ, नील नितिन मुकेश, एवलिन शर्मा, मुर्ली शर्मा जैसे सितारे भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखेंगे।

अपने अंदर के मानव को जगाकर सेवा में जुटें रोटेरियन

कोटा। रोटरी क्लब हेल्थ और हेप्पीनेस बढाने के लिए अपने प्रयास लगातार बढा रहा है। हमें शिक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शानी होगी। यह बात रोटरी क्लब के प्रान्तपाल केप्टन नीरज सोगानी ने अपनी अधिकारिक यात्रा पर कोटा पहुंचने पर रोटरी बिनानी सभागार में आयोजित समारोह में कही।

रोटरी क्लब के गवर्नर ऑफिशियल विजिट पर जयपुर से रोटरी प्रान्त 3054 के प्रान्तपाल कैप्टन नीरज सोगानी एवं बिंदु सोगानी की अध्यक्षता एवं सहायक प्रान्तपाल सुनीता कचैलिया के सानिध्य में बिनानी सभागार में सम्पन्न हुई।

इससे पहले क्लब अध्यक्ष प्रज्ञा मेहता, प्रान्तपाल कैप्टन नीरज सोगानी, सचिव दर्पण जैन, सहायक प्रान्तपाल सुनीता कचैलिया ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कैप्टन सोगानी ने कहा कि क्लब से महिलाओं को जोड़कर उनकी भागीदारी को बढाना होगा। रोटेरियन अपने अंदर के मानव को जगाकर सेवा क्षैत्र में जुट जाएं और किसी भी क्षैत्र को खाली नहीं रहने दें।

आज देश में आर्थिक भेद के कारण दो तरह के समाजों का निर्माण हो रहा है। जिसे केवल सेवा के द्वारा ही पाटा जा सकता है। रोटरी हमें करूणा एवं पारदर्शिता के साथ सेवा करना सिखाता है। उन्होंने रोटरी क्लब कोटा द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यो को सराहा और कोटा क्लब को बेस्ट क्लब कहा।

क्लब अध्यक्ष प्रज्ञा मेहता ने बताया कि रोटरी क्लब कोटा एवं ऐलन के सहयोग से शिविका स्कूल, विशिष्ट योग्यजन विद्यालय के बच्चों को लाने ले जाने के लिए टाटा मैजिक भेंट की गई। जिसकी चाबी प्रान्तपाल सोगानी से ऐलेन के रजनीश सोगानी एवं अमित गुप्ता की उपस्थिति में विद्यालय की प्राचार्या संगीता को प्रदान की गई। क्लब फाउन्डेशन के डायरेक्टर बीएल गुप्ता ने बताया कि क्लब द्वारा रोटरी फाउण्डेशन के 4.50 लाख रूपए की राशि भी सदस्यों के सहयोग से भेंट की गई।

क्लब सचिव दर्पण जैन ने बताया की क्लब द्वारा प्रान्तपाल की उपस्थिति में राजकीय माध्यमिक विद्यालय पूनम काॅलोनी एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय सोगरिया को छात्रों को बैठने के लिए 20 सेट ड्यूल बेंचे प्रदान की गई हैं। क्लब की वेबसाईट भी लांच की गई जिसके माध्यम से क्लब की सभी गतिविधियो अब सरलता से उपलब्ध होंगी।

वोकेशनल डायरेक्टर सीके जैन ने बताया कि प्रान्तपाल केप्टन सोगानी ने क्लब द्वारा चलाए जा रहे महिला स्व्रोजगार केन्द्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने नीतू मेहता से इसकी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा वाॅम्बे योजना स्थित शिविका स्कूल परिसर में 25 जून से तीसरे महिला स्वरोजगार केन्द्र को आरम्भ किया जाएगा। जिसमें सिलाई और कम्प्यूटर समेत अन्य प्रशिक्षण दिए जाएंगे।

गोपाल सपरा ने बताया कि क्लब की ओर शाॅल साफा माला एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर प्रान्तपाल सोगानी जी का स्वागत किया गया। विजिट के चेयरमैन अजय मित्तल एवं सलाहकार पंकज भण्डारी ने बताया कि सबसे पहले गर्वनर सोगानी द्वारा अध्यक्ष, सचिव एवं निदेशक मण्डल के साथ मिटिंग कर सभी से क्लब गतिविधयों पर चर्चा की।

संजय गोयल ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन विनायक गोयल एवं शिखा बाफना ने किया। कार्यक्रम के आयोजन को-चेयरमैन मदन अग्रवाल, त्रिलोकचंद जैन, संदीप अग्रवाल, मुदित कसाडिया, किंशुक जैन, डाॅ. एसके सिंघल के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर प्रान्त के पूर्व प्रान्तपाल प्रद्युम्न कुमार पटनी, आगामी प्रान्तपाल राजेश अग्रवाल, क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं 250 सदस्य उपस्थित थे।