Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4750

मुफ्त होगा इलेक्ट्रिक टू व्हीलर और कार रजिस्ट्रेशन, सरकार ने मांगे सुझाव

0

नई दिल्ली। प्रदूषण नहीं फैलाने वाले वाहनों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इलेक्ट्रिक व्हीकल की रजिस्ट्रेशन फीस को माफ करने का प्रस्ताव तैयार किया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्म मंत्रालय की ओर से बुधवार को इस प्रस्ताव का मसौदा जारी किया। सरकार ने सभी हितधारकों से इस प्रस्ताव पर एक माह के भीतर सुझाव मांगे हैं।

सरकार के इस प्रस्ताव के अनुसार, रजिस्ट्रेशन को माफ करने का फायदा स्कूटर/मोटर साइकिल, तिपहिया और कार खरीदने वालों को मिलेगा। मंत्रालय की ओर से केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन के लिए जारी मसौदा अधिसूचना में कहा गया है कि बैटरी से चलने वाले वाहनों को रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी करने, नवीनीकरण और नया रजिस्ट्रेशन करवाने पर शुल्क से छूट दी जाएगी।

इसलिए लिया फैसला
दरअसल, सरकार 2030 से केवल इलेक्ट्रिक व्हीकल की बिक्री की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए सरकार की ओर से मौजूदा समय में इलेक्ट्रिक वाहनों के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही हैं। इसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने वालों को सब्सिडी देने की योजना भी शामिल है।

अब इलेक्ट्रिक व्हीकल के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल के लिए सरकार ने रजिस्ट्रेशन फीस में छूट देने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव पर सरकार ने सभी हितधारकों से एक माह में सुझाव मांगे हैं। इन सुझावों के आने के बाद ही मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न सेक्शन के तहत केंद्र सरकार इसमें संशोधन करेगी।

डीजल के दाम घटे लेकिन, पेट्रोल की कीमतों में कोई गिरावट नहीं

नई दिल्ली। डीजल के दाम तीन दिन बाद गुरुवार को फिर घटे, लेकिन पेट्रोल के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल के दाम में छह पैसे की कटौती की है। उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में तेजी बनी हुई है।

जानकारों के मुताबिक अगर यह तेजी बनी रही तो आने वाले दिनों में भारत में पेट्रोल और डीजल महंगे हो जाएंगे। नई कटौती के बाद दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में डीजल के दाम घटकर क्रमश: 63.78 रुपये, 65.70 रुपये, 66.87 रुपये और 67.46 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। हालांकि चारों महानगरों में पेट्रोल के भाव पूर्ववत क्रमश: 69.93 रुपये, 72.19 रुपये, 75.63 रुपये और 72.64 रुपये प्रति लीटर बने हुए हैं।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में तेजी
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में गुरुवार को एक फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। अमेरिका में कच्चे तेल का भंडार घटने से कीमतों को सपोर्ट मिला है। वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के अगस्त डिलीवरी अनुबंध का भाव 1.10 फीसदी की तेजी के साथ 62.50 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था, जबकि अमेरिकी लाइट क्रूड डब्ल्यूटीआई न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज पर 1.24 फीसदी की तेजी के साथ 54.64 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था।

लाल निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स 140 अंक फिसला, निफ्टी 11,650 से नीचे

नई दिल्ली। बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों में बने नकारात्मक माहौल के कारण भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को एक बार फिर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 81 अंकों की गिरावट के साथ 39,031 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 25 अंकों की गिरावट के साथ 11,666 अंकों पर खुला। सुबह 9.27 बजे सेंसेक्स 140 अंकों की गिरावट के साथ 38,972 अंकों पर और निफ्टी 41 अंकों की गिरावट के साथ 11,649 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
सेंसेक्स में नवकार कॉरपोरेशन, अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, मैक्स इंडिया लिमिटेड, गुजरात गैस, अपोलो हॉस्पिटल के शेयरों में तेजी का माहौल है। निफ्टी में टाटा स्टील, जी एंटरटेनमेंट, कोटक बैंक, एनटीपीसी, टाइटन के शेयरों में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
सेंसेक्स में जेट एयरवेज, जैन इरिगेशन सिस्ट्म्स लिमिटेड, एसआरईआई इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड, आईआरबी, जेपी एसोसिएट के शेयरों में मंदी का माहौल है। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, यस बैंक, यूपीएल, अडानी पोर्ट्स, इंड्सइंड बैंक में मंदी का माहौल है।

Samsung Galaxy M40 की सेल आज, जानिए कीमत और ऑफर्स

नई दिल्ली। भारत में सैमसंग की एम-सीरीज के लेटेस्ट स्मार्टफोन गैलेक्सी M40 को खरीदने का मौका एक बार फिर मिलने जा रहा है। बीते दिनों भारत में लॉन्च होने के बाद इस स्मार्टफोन की अगली सेल आज होगी। सैमसंग गैलेक्सी M40 के रियर पैनल पर ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है और सेल्फी के लिए इसमें होल-पंच कटआउट देखने को मिलता है। होल-पंच के चलते डिवाइस फुल स्क्रीन एक्सपीरियंस देता है और इसमें इनफिनिटी-ओ डिस्प्ले दिया गया है। मार्केट में यह स्मार्टफोन रियलमी 3 प्रो, रेडमी नोट 7 प्रो और सैमसंग के ही गैलेक्सी A50 को टक्कर देगा।

कीमत और लॉन्च ऑफर्स
सैमसंग गैलेक्सी M40 की भारत में कीमत 19,990 रुपये रखी गई है और यह डिवाइस 6 जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज के साथ आता है। आज सैमसंग गैलेक्सी M40 की सेल दोपहर 12 बजे शुरू होगी और ऑनलाइन शॉपिंग साइट ऐमजॉन के अलावा सैमसंग ऑनलाइन स्टोर से भी इस फोन को खरीदा जा सकेगा। भारत में पिछले सप्ताह लॉन्च यह स्मार्टफोन मिडनाइट ब्लू और सीवाटर ब्लू ग्रेडिऐंट कलर ऑप्शंस में मिल रहा है।

लॉन्च ऑफर्स की बात करें तो सैमसंग गैलेक्सी M40 खरीदने पर कस्टमर्स को रिलायंस जियो के 198 रुपये और 299 रुपये वाले प्रीपेड प्लान्स पर डबल डेटा बेनिफिट्स मिलेंगे। वोडाफोन आइडिया यूजर्स को यह फोन खरीदने पर 255 रुपये के रीचार्ज के बदले 3,750 रुपये तक का कैशबैक मिलेगा और 18 महीनों के लिए 0.5 जीबी डेटा भी एक्सट्रा दिया जाएगा। एयरटेल भी यह फोन खरीदने वाले यूजर्स को 249 रुपये के रीचार्ज पर 100 प्रतिशत एक्स्ट्रा डेटा मिलेगा।

सैमसंग गैलेक्सी M40 के स्पेसिफिकेशंस
स्मार्टफोन में 6.3 इंच का फुल एचडी+ इनफिनिटी-O डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉलूशन 2340×1080 पिक्सल्स है। फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 675 प्रोसेसर के अलावा 6GB रैम के साथ 128GB इंटरनल स्टोरेज दिया गया है।

लेटेस्ट ऐंड्रॉयड 9.0 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ सैमसंग वन यूआई स्मार्टफोन में दिया गया है। साथ ही इसमें ‘स्क्रीन साउंड टेक्नॉलजी’ दी गई है, जिसकी मदद से बिना किसी इयरपीस के यूजर्स स्क्रीन के किसी भी हिस्से को कान के पास रखकर बात कर सकते हैं।

कैमरा की बात करें तो फोन में 32+5+8 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 8 मेगापिक्सल का वाइड ऐंगल लेंस, 5 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर और 32 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। फोन में सेल्फी के लिए 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।

कैमरा में लो-लाइट फटॉग्रफी के लिए कई मोड और एआई सपॉर्ट मिलता है। लाइव फोकस, स्लोमो और हाइपरलैप्स जैसे फीचर्स भी कैमरा में मिलते हैं। फोन के रियर पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। डिवाइस में 3,500mAh बैटरी 15W फास्ट चार्जर के साथ यूजर्स को मिलती है।

91 हजार करोड़ के कर्ज घोटाले में दो शीर्ष अधिकारी गिरफ्तार

नई दिल्ली। आर्थिक संकट में डूब चुकी गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी आईएलएंडएफएस में वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कंपनी के दो शीर्ष अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। यह इस मामले में पहली गिरफ्तारी है।

ईडी अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में आईएलएंडएफएस के पूर्व संयुक्त निदेशक अरुण के. साहा और आईएलएंडएफएस ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क के प्रबंध निदेशक के. रामचंद शामिल हैं। इन दोनों को बुधवार देर शाम मनी लान्ड्रिंग कानून (पीएमएलए) के तहत मुंबई से हिरासत में लिया गया। दोनों को बृहस्पतिवार को मुंबई में विशेष पीएमएलए अदालत के सामने पेश किया जाएगा।

बता दें कि आईएलएंडएफएस करीब 91 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में फंसी हुई है। इसके लिए कंपनी के अधिकारियों की मिलीभगत से बिना किसी जांच के बांटे गए अरबों रुपये के कर्ज को जिम्मेदार माना गया था, जो बाद में एनपीए (डूबे हुए कर्ज) में बदल गए।

ईडी ने पिछले साल दिसंबर में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की तरफ से दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर फरवरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। छह महीने में ईडी ने दो बार कंपनी के विभिन्न शीर्ष अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर सबूत जुटाए थे।

पिछले महीने भी ईडी ने मुंबई में आईएलएंडएफएस के चार निदेशकों के बांद्रा, खार, नरीमन प्वाइंट और गोरेगांव स्थित कार्यालय और घरों की तलाशी ली थी। बाद में एजेंसी ने छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज मिलने की बात कही थी। इससे पहले, केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में फरवरी में छापेमारी कर सबूत जुटाए थे।

इस मामले में गंभीर धोखाधड़ी अपराध कार्यालय (एसएफआईओ), भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) भी जांच कर रहे हैं। एसएफआईओ ने अपने आरोप पत्र में 30 व्यक्तियों व इकाइयों को इस धोखाधड़ी में शामिल बताया था।

पिछले साल सितंबर में सामने आया संकट
बुनियादी ढांचा क्षेत्र के लिए कर्ज बांटने वाले आईएलएंडएफएस समूह के आर्थिक संकट का पिछले साल सितंबर तक किसी को भी आभास नहीं था। सितंबर, 2018 से समूह की सहायक कंपनियों ने विभिन्न वित्तीय संस्थानों से उठाए सस्ते ऋण की किस्तें चुकाना बंद कर दिया।

इसके बाद हुई जांच में कंपनी पर करीब 91000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया होने और उसका दिया अधिकतर कर्ज एनपीए हो जाने की बात सामने आई। इस संकट की वजह से सरकार को आईएलएंडएफएस समूह के निदेशक मंडल को भंग कर नए बोर्ड की नियुक्ति करनी पड़ी थी।

यह केस बना था जांच का कारण
एन्सो इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के निदेशक आशीष बेगवानी ने पिछले साल आईएलएंडएफएस रेल लिमिटेड के अधिकारियों के घोटाले के कारण खुद को 70 करोड़ रुपये का नुकसान होने का मुकदमा दिल्ली पुलिस की ईओडब्ल्यू के पास दर्ज कराया था।

आशीष ने 2010 में रेल लिमिटेड में 170 करोड़ रुपये का निवेश कर 15 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। हालांकि आशीष से भी पहले 2017 की शुरुआत में ही एक व्हिसलब्लोअर की तरफ से कंपनी की अनियमितताओं का मुद्दा उठाए जाने की बात भी जांच में सामने आई थी। हालांकि इस शिकायत को कंपनी प्रबंधन ने दबा दिया था।

अधिकारियों ने शौक पूरे करने को बांटे कर्ज
एसआईएफओ की जांच में सामने आया था कि कंपनी के पूर्व शीर्ष अधिकारियों ने अपने निजी शौक पूरे करने के लिए फर्जीवाड़े को बढ़ावा दिया। इन अधिकारियों ने विदेश यात्रा, निजी जेट में सफर, हेलीकॉप्टर में घूमने और विदेशी सामानों से घर को सजाने के बदले नियम विरुद्ध कर्ज बांटे थे, जो बाद में वापस नहीं मिले।

पंच होल डिस्प्ले के साथ Motorola One Vision आज भारत में होगा लॉन्च

नई दिल्ली। Motorola ने इस साल Moto G7 और Moto One को भारत में लॉन्च किया है। कंपनी Motorola One Vision को आज भारत में लॉन्च करने वाली है। इस स्मार्टफोन के कुछ फीचर्स पहले से ही लीक हो चुके हैं। हाल ही में इस स्मार्टफोन ने BIS स्टैंडर सर्टिफिकेशन को भारत में पास किया है।

Motorola One Vision को इस साल लॉन्च होने वाले ज्यादातर स्मार्टफोन की तरह ही पंच होल डिस्प्ले के साथ लॉन्च किया जा सकता है। साथ ही, इस स्मार्टफोन में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा दिया जा सकता है। Motorola One Vision का सीधा मुकाबला हाल ही में लॉन्च हुए Samsung Galaxy M40 से होगा।

Motorola One Vision के फीचर्स
स्मार्टफोन के फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.3 इंच का फुल एचडी प्लस पैनल दिया जा सकता है जिसका आसपेक्ट रेश्यो 21:9 दिया जा सकता है। फोन के डिस्प्ले में पंच होल कैमरा दिया जा सकता है। फोन में सैमसंग का Exynos 9609 एसओसची चिपसेट प्रोसेसर दिया जा सकता है। फोन 4GB+64GB स्टोरेज ऑप्शन के साथ आ सकता है। फोन की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए बढ़ाई जा सकती है।

फोन के कैमरे फीचर्स की बात करें तो इसके बैक में ड्यूल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसका प्राइमरी रियर कैमरा 48 मेगापिक्सल f/1.7 अपर्चर के साथ दिया जा सकता है, जबकि 5 मेगापिक्सल का एक सेकेंडरी कैमरा दिया जा सकता है। इसका अपर्चर f/2.2 दिया जा सकता है। फोन के सेल्फी कैमरे की बात करें तो इसमें 20 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया जा कैमरा दिया जा सकता है।

फोन स्टॉक एंड्रॉ़इड के लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम एंड्रॉइड 9 पाई पर काम कर सकता है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 3,500mAh की बैटरी दी जा सकती है। साथ ही इसमें Moto G7 की तरह ही टर्बो फास्ट चार्जिंग दिया जा सकता है। इस स्मार्टफोन को Rs 25,000 की कीमत में भारत में लॉन्च किया जा सकता है।

Asus 6Z भारत में लॉन्च, जानिए इसके फीचर्स और स्पेसिफिकेशन

नई दिल्ली। Asus 6Z यानी ZenFone 6 को आज भारत में लॉन्च कर दिया गया है। देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट के दौरान इस स्मार्टफोन को लॉन्च किया गया। Asus 6Z की खास बात ये है कि इसमें फ्लिप कैमरा दिया गया है, जिससे इसके रियर कैमरे को ही सेल्फी कैमरे के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसके साथ ही इसमें फ्लैगशिप स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर भी दिया गया है। बता दें कि, दिल्ली हाईकोर्ट के एक फैसले के बाद कंपनी ने Asus Zenfone 6 का नाम बदल कर Asus 6z कर दिया है।

भारत में इस स्मार्टफोन के 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 31,999 रुपए है। इसके साथ ही 6 जीबी रैम 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 34,999 रुपए है। स्मार्टफोन का 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट 39,999 रुपए में मिलेगा।

Asus 6Z के स्पेसिफिकेशन्स

  • डुअल-सिम वाले इस स्मार्टफोन में 6.4-इंच फुल-HD+ (1080×2340 पिक्सल) IPS डिस्प्ले दिया गया है। -Asus 6Z Android Pie बेस्ड Zen UI 6 पर चलता है।
  • इस स्मार्टफोन में Adreno 640 GPU और 8GB तक रैम के साथ ऑक्टा-कोर क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर दिया जा रहा है।
  • डुअल कैमरा सेटअप है। 48 मेगापिक्सल प्राइमरी सेंसर, डुअल LED फ्लैश और 13 मेगापिक्सल सेकेंडरी अल्ट्रा-वाइड एंगल कैमरा मौजूद है।
  • स्मार्टफोन में क्विक चार्ज 4.0 सपोर्ट के साथ 5,000mAh की बैटरी दी है।
  • डुअल स्पीकर्स के साथ ही ग्राहक को 3.5mm ऑडियो जैक भी दिया जा रहा है।
  • इस स्मार्टफोन की स्टोरेज 256GB (UFS 2.1) की है, जिसे कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकता है।
  • कनेक्टिविटी के लिए इसमें USB Type-C, NFC, Wi-Fi 802.11ac (Wi-Fi 5), ब्लूटूथ 5.0 और GPS का सपोर्ट ग्राहकों को मिल रहा है।

महाकाल मंदिर में अब आम भक्त भी कर सकेंगे गर्भगृह में दर्शन

उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में बुधवार को वर्ष 2019-20 के बजट को मंजूरी दे दी गई है। अब इसे अनुमोदन के लिए संभागायुक्त को भेजा जाएगा। बजट बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी मंदिर प्रबंध समिति ने लिए हैं। रविवार को छोड़ शेष दिनों में अब आम भक्तों को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक गर्भगृह में अनिवार्य रूप से प्रवेश दिया जाएगा। वहीं भस्मारती की तर्ज पर संध्या व शयन आरती को भी भव्य बनाने का फैसला लिया गया है। सभी निर्णय जल्द ही अमल में आएंगे।

ज्योतिर्लिंग में करीब 6 माह बाद प्रबंध समिति की प्रतिक्षित बैठक हुई। कलेक्टर शशांक मिश्र ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2019-20 का बजट पास कर दिया गया। पहली बार मंदिर समिति ने 52.84 करोड़ रुपए का भारी भरकम बजट तैयार किया है। वित्तीय वर्ष के लिए व्यय का 72.55 करोड़ रुपए प्रस्ताव किया है। यानि बजट 19.70 करोड़ रुपए घाटे का है। अफसरों का कहना है कि इस वर्ष मंदिर में भक्तों की सुविधाओं के लिए कई काम किए जाने हैं। इसलिए बजट घाटे का है।

गर्भगृह से दर्शन का समय तय
मंदिर समिति ने पहली बार आम भक्तों को गर्भगृह से दर्शन कराने के लिए रविवार को छोड़ शेष दिनों में 5 घंटे तय कर दिए हैं। अफसरों का कहना है कि फिलहाल 10 दिन बतौर प्रयोग व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके बाद रिव्यू किया जाएगा। खामियों को दूर कर आम भक्तों के गर्भगृह से दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बता दें, फिलहाल मंदिर में कभी-भी गर्भगृह में प्रवेश बंद कर दिया जाता है। ऐसे में आम भक्तों को बाहर से ही दर्शन करना होते हैं। जबकि वीआईपी भक्त इस अवधि में भी भीतर चले जाते हैं।

मंदिर समिति ही बनाएगी लड्डू प्रसाद
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि महाकाल का लड्डू प्रसाद मंदिर समिति ही बनाएगी। इस कार्य को ठेके पर नहीं दिया जाएगा। बताया जाता है कि हाल ही में प्रसाद निर्माण के लिए ठेके की बात भी सामने आई थी। इसे अफसरों ने सिरे से नकार दिया है।

भस्मारती की तर्ज पर दो अन्य आरतियां
भस्मारती की तर्ज पर संध्या व शयन आरती को भव्य बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया। हालांकि इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इसके लिए समिति गठित की गई हैं। सूत्रों के अनुसार भस्मारती की तर्ज पर इन दोनों आरतियों में भी अनुमति के बाद ही प्रवेश देने पर चर्चा की गई। हालांकि इस प्रस्ताव पर पूर्व में भी विरोध उठ चुका है। दरअसल दोनों आरतियों में भी अगर अनुमति की बाध्यता कर दी तो श्रद्धालु परेशान होंगे।

पूजन के लिए ऑनलाइन अनुमति
भक्त अब महाकाल का पूजन करने के लिए पूर्व अनुमति भी ले सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन लिंक खोली जाएगी। इस पर पूजन का दिन और समय निर्धारित कर दिया जाएगा। इससे भक्त असुविधा से बचेंगे।

अब राजस्थान में महिलाओं को भी मिलेगा बेरोजगारी भत्ता

कोटा । राजस्थान में रहने वाली अन्य राज्यों की महिलाओं के लिए खुश खबर है। राज्य सरकार उन्हें भी बेरोजगारी भत्ता देगी। शर्त यह है कि महिला स्नातक होनी चाहिए और पति की आय दो लाख से कम होनी चाहिए। ऐसी महिलाओं को सरकार 3500 रुपए भत्ता देगी। हाल ही में राज्य सरकार के श्रम तथा नियोजन विभाग की ओर से जारी की नई गाइड लाइन में इसे शामिल किया गया है।

1 लाख 60 हजार को मिलेगा भत्ता
गाइड लाइन के मुताबिक सरकार एक साल में प्रदेश में 1 लाख 60 हजार बेरोजगारों को भत्ता देगी। इसमें अधिक आयु वालों को वरियता दी जाएगी। इसमें एक आशार्थी को दो साल तक ही बेरोजगारी भत्ता देय होगा। पुरुष को 3 हजार रुपए भत्ता देय होगा।

अक्षत योजना का नाम बदला
राज्य में नई सरकार आते ही पूर्व से संचालित ‘अक्षत योजना के नाम में परिवर्तन कर दिया है। अब सरकार स्नातक बेरोजगार आशार्थियों को बेरोजगारी भत्ता ‘मुख्यमंत्री युवा सम्बल योजना के नाम से जारी करेगी। नई गाइन के मुताबिक राज्य से इतर अन्य राज्य में विधि द्वारा स्थापित किसी विवि द्वारा प्रदत्त स्नातक डिग्रीधारी महिला का विवाह राजस्थान राज्य के मूल निवासी से होने पर पात्र होगी। प्रार्थी राजकीय व निजी क्षेत्र में सेवारत नहीं हो और प्रार्थी के पास स्वरोजगार भी नहीं हो, उन्हें पात्र माना जाएगा। इस योजना को 1 फरवरी 2019 से लागू माना जाएगा।

ये भी करवाना होगा
राज्य में नई कांग्रेस सरकार बनने के छह माह बाद बेरोगारी भत्ते के लिए नई गाइड लाइन जारी की है। प्रदेशभर के बेरोजगार भत्ते के लिए आस लगाए बैठे हैं। नए बेरोजगार जिन्होंने 15 दिसम्बर के बाद भत्ते के लिए आवेदन किया था। उनके आवेदन दोबारा से लौटाए जा रहे हैं। उन्हें ऑनलाइन आठ बिन्दुओं का नया प्रपत्र जारी किया है। उसमें स्वयं का घोषित आवेदन पत्र लगाना होगा और अन्य बिन्दुओं की पालना भरकर दोबारा से आवेदन करना होगा।

यह दस्तावेज जरूरी

  • अन्य प्रदेश की स्नातक महिलाओं को आवेदन के साथ राजस्थान मूल का निवासी प्रमाण पत्र लगाना होगा।
  • विवाह प्रमाण पत्र
  • पति की दो लाख से कम आय का प्रमाण पत्र
  • पासपोर्ट फोटो, नोटरी के साथ दो उत्तरदायी के हस्ताक्षर करवाने होंगे।
  • अधिकतम आयु सीमा सामान्य आशार्थियों के लिए 30 वर्ष व अनुसूचित जाति/जनजातिमहिला व विशेष नि:शक्तजन आशार्थी के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष होगी।
  • -आवेदन से पहले स्थानीय रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकृत होना आवश्यक है।
  • तहसीलदार के हस्ताक्षर कर नोटरी पब्लिक के साथ आवेदन ई-मित्र के माध्यम से ।

नई गाइड लाइन जारी
बेरोजगारी भत्ते को लेकर सरकार की ओर से नई गाइड लाइन जारी की गई है। इसमें योजना का नाम बदल दिया है। नई गाइड लाइन में प्रदेश में रहने वाली अन्य राज्यों की स्नातक महिलाओं को भी बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। इसके लिए पात्रता रखी गई है। इसके अलावा नए आवेदनकर्ताओं को दोबारा से उसमें स्वयं का घोषित आवेदन पत्र लगाना होगा। उसके बाद ही भत्ते के लिए पात्र माना जाएगा।
विवेक भारद्वाज, जिला क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी, कोटा

दुनिया में मोबाइल पर इंटरनेट चलाने में हम सबसे आगे, जानिए कैसे

नई दिल्ली।मोबाइल पर इंटरनेट का इस्तेमाल करने में भारत दुनिया में सबसे आगे है। 2018 के अंत तक हर महीने एक फोन में 9.8 जीबी डेटा यूज होने लगा था। यही नहीं, देश में कुल मोबाइल डेटा की खपत 4.6 अरब जीबी है, जो 2024 तक बढ़कर 16 अरब जीबी हो जाएगी। यह जानकारी एरिक्सन मोबिलिटी रिपोर्ट जून 2019 से सामने आई है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि 2024 तक इंडियन रीजन (इंडिया, नेपाल, भूटान) में स्मार्टफोन ग्राहकों की तादाद 11 फीसदी की रफ्तार से बढ़कर 1.1 अरब पर पहुंच जाएगी। सिर्फ मोबाइल ब्रॉडबैंड इस्तेमाल करनेवाले 61 करोड़ से बढ़कर 2024 में सवा अरब हो जाएंगे। अभी ही आधे से ज्यादा लोग मोबाइल ब्रॉडबैंड का इस्तेमाल करने लगे हैं।

तेज इंटरनेट की वजह से भा रहा विडियो
सबसे बड़ी क्रांति तो विडियो में हो रही है। तेज इंटरनेट की वजह से लोगों को फोन पर लाइव विडियो देखना ज्यादा पसंद आ रहा है और माना जा रहा कि 5जी आने के बाद तो इसमें जबरदस्त उछाल आ जाएगा। 2018 में अगर एक यूजर 9.8 जीबी हर महीने खर्च कर रहा है, तो 2024 तक इसमें इतनी तेजी आएगी कि लोग 18 जीबी डेटा हर महीने उड़ा देंगे। इसमें भी 74% खर्च विडियो पर होगा।

2022 से मिलने लगेगा 5जी
रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 5जी सब्सक्रिप्शन की शुरुआत 2022 से हो सकती है। 2024 तक 6 फीसदी इंडियन यूजर्स 5जी से जुड़ चुके होंगे। हालांकि 5जी आने के बाद भी 2024 तक देश में सबसे ज्यादा 82% लोग 4जी ही इस्तेमाल कर रहे होंगे।

अमेरिका, यूरोप निकल जाएंगे आगे
रिपोर्ट में बताया गया है कि मोबाइल डेटा खर्च करने में हम अभी भले आगे हों, लेकिन 2024 तक अमेरिका और यूरोप हमें पीछे छोड़ देंगे। अमेरिका में 2024 तक 63% लोग 5जी पर होंगे और वहां एक यूजर हर महीने 39 जीबी डेटा खर्च करेगा। पश्चिमी यूरोपवाले 32 जीबी डेटा हर महीने खर्च करेंगे।

…तो बदल देंगे ऑपरेटर
रिपोर्ट के मुताबिक, 32% इंडियन यूजर्स ने कहा है कि अगर उनका ऑपरेटर उन्हें 5जी देने में देरी करेगा तो वह ऑपरेटर ही बदल देंगे।