Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4749

आयकर कमिश्नर के लिए 50 हजार की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार

कोटा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए इनकम टैक्स कमिश्नर के लिए रिश्वत ले रहे आईटी प्रेक्टिशनर दलाल को गिरफ्तार कर लिया। 50 हजार रुपए की रिश्वत की यह रकम चैक के जरिए परिवादी से ली जा रही थी। इस चैक को आरोपी के कब्जे से बरामद किया है।

यह कार्रवाई महानिदेशक एसीबी आलोक त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कोटा रेंज सुधीर चौधरी के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ठाकुर चंद्रशील कुमार के नेतृत्व में हुई। मामले में सह आरोपी इंकमटैक्स कमिश्नर भूमिगत हो गया।

एएसपी चंद्रशील ठाकुर ने बताया कि पार्श्वनाथ विहार, कुन्हाड़ी, कोटा निवासी गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र कुमार जैन मारवाड़ा है। वह इंकमटैक्स प्रेक्टिशनर्स है। वहीं, रिश्वत के इस केस में एसीबी ने आयकर आयुक्त (अपील) अमरीश बेदी को भी सह आरोपी बनाया है। वह मूल रुप से जयपुर में शास्त्री नगर के रहने वाले है।

इस संबंध में परिवादी ने लाडपुरा निवासी भरतकुमार कुशवाह ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि उनके माताजी के खाते की जमीन विक्रय की थी। जिसकी स्क्रूटनी प्रोसेडिंग इनकमटैक्स विभाग में चल रही थी। जिसकी टैक्स लाइबिलिटी पैनल्टी करीब 57 लाख की निकाली गई थी।

इस संबंध में परिवादी भरतकुमार ने कोटा में आयकर आयुक्त (अपील) अमरीश बेदी के कार्यालय में अपील की। इस अपील में सुनवाई कर फैसला भरत कुमार के पक्ष में करने की एवज में अमरीश बेदी व आईटी प्रेक्टिशनर वीरेंद्र कुमार जैन ने भरतकुमार से दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी। इसमें पहली किश्त में बिना नाम का 50 हजार का चैक मांगा। एसीबी टीम ने सत्यापन के बाद गुरुवार को ट्रेप रचा।

इसके बाद परिवादी ने 50 हजार रुपए की रिश्वत के रुप में एक खाली चैक पर स्वहस्ताक्षरित अमाउंट भरकर बिचौलिए की भूमिका निभा रहे सीए वीरेंद्र कुमार जैन को दिया। इस पर एसीबी की टीम ने दलाल वीरेंद्र जैन को धरदबोचा। पूछताछ में वीरेंद्र जैन ने यह चैक सह आरोपी आयकर आयुक्त अमरीश बेदी के लिए लेना और उन्हें ऑफिस में ले जाकर देने का खुलासा किया।

तब एसीबी टीम गिरफ्तार घूसखोर वीरेंद्र जैन को लेकर आयकर आयुक्त (अपील) अमरीश बेदी के कार्यालय पर पहुंची। तब पता चला कि अमरीश बेदी अवकाश लेकर कहीं चले गए है। ऐसे में वह पकड़े नहीं जा सके। एसीबी की यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक अजीत बगडोलिया, पुलिस निरीक्षक दलबीर सिंह फौजदार, सत्येन्द्र सिंह, भरत सिंह और मनोज कुमार की टीम ने की।

बिना गारंटी 11 करोड़ नए युवाओं को मिलेगा मुद्रा योजना में कर्ज

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को संसद के सयुंक्त सत्र को संबोधित करते हुए एक और अहम ऐलान किया है। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा पेश करते हुए कहा कि ‘प्रधानमंत्री मुद्रा योजना’ के तहत अब तक 19 करोड़ युवाओं को कर्ज दिया जा चुका है। अब सरकार का लक्ष्य योजना का विस्तार करते हुए 30 करोड़ युवाओं तक पहुंचने का है। यानी कि 11 करोड़ नए युवाओं को इस योजना के तहत कर्ज दिया जाएगा। यही नहीं, उद्यमियों के लिए बिना गारंटी 50 लाख रुपए तक के ऋण की योजना भी लाई जाएगी।

तीन श्रेणी में मिलता है लोन
अभी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत तीन योजनाएं हैं – शिशु, किशोर और तरुण संचालित है। इसमें बैंक और वित्तीय संस्थान इन योजनाओं के तहत 50,000 रुपये से 10 लाख रुपये तक के ऋण प्रदान करते हैं। शिशु में 50000, किशाेर में 500000 और तरुण में 10 लाख रुपए की सीमा है।

51 प्रतिशत लोन शिशु के तहत बांटे
चालू वित्त वर्ष में सरकार ने इन योजनाओं के तहत लगभग 600,000 ऋण आवेदन स्वीकृत किए हैं, जिसमें 32,457 करोड़ रुपए की कर्ज राशि बांटी गई है। गारंटी के लिए माइक्रो यूनिट्स (CGFMU) के तहत एक क्रेडिट गारंटी फंड स्थापित किया गया है। मार्च 2018 तक लगभग 40,000 करोड़ रुपए के ऋण क्रेडिट गारंटी योजना के तहत कवर किए गए थे। कवर किए गए ऋणों में से लगभग 51% शिशु योजना के तहत थे। गारंटी योजना के तहत पचास सदस्यीय ऋण देने वाले संस्थानों को पंजीकृत किया गया है।

राजन ने स्कीम की समीक्षा पर दिया था जोर
पिछले साल भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने पाया था कि क्रेडिट जोखिम के लिए MUDRA ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड की अधिक बारीकी से जांच की जानी चाहिए। सिडबी (लघु उद्योग विकास बैंक ऑफ इंडिया) द्वारा चलाई जा रही एमएसएमई (CGTMSE) के लिए क्रेडिट गारंटी योजना एक बढ़ती देयता है। इसे तत्कालता के साथ जांचने की आवश्यकता है।

सोना 4 माह के शिखर पर, दाम 34 हजार रुपए के पार

नई दिल्ली/ कोटा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में आयी तेजी के बल पर दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 280 रुपए चमककर करीब चार महीने के उच्चतम स्तर 34020 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया और इस दौरान चांदी 710 रुपए उछलकर 39060 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं में जबदरस्त तेजी देखी गई है। सोना हाजिर 1.59 प्रतिशत बढ़कर 1381.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। इस दौरान अमेरिका सोना वायदा 2.69 प्रतिशत चढ़कर 1381.70 डॉलर प्रति औंस पर रहा।

विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में अगले महीने वृद्धि करने पर विचार करने के संकेत के बाद डॉलर में गिरावट आई और निवेशकों ने सोना में सुरक्षित निवेश का रूख किया जिसके कारण इसमें जबरदस्त तेजी आई है।

इसके साथ ही खाड़ी में अमेरिका के एक ड्रोन को ईरान द्वारा मार गिराए जाने के बाद कच्चे तेल भी तेजी आई और इसका भी असर कीमती धातुओं पर दिखा है। इस दौरान चांदी 1.21 प्रतिशत उछलकर 15.34 डॉलर प्रति औंस बोली गई।

एक मार्च के बाद के उच्चतम स्तर पर सोना
दिल्ली सर्राफा में सोना एक मार्च 2019 के बाद के उच्चतम स्तर पर रहा। उस दिन सोना 34080 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा था। आज सोना स्टैंडर्ड 280 रुपए चमककर 34020 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। सोना बिटुर भी इतनी की ही तेजी लेकर 33850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा।

हालांकि, इस तेजी से गिन्नी पर कोई असर नहीं हुआ और यह पिछले दिवस के 26800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर पड़ी रही। विदेशी बाजारों से कदमताल करते हुए स्थानीय स्तर पर चांदी 710 रुपए चमककर 39060 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा भी 38 हजार के पार 38045 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे सिक्का लिवाली और बिकवाली भी एक-एक हजार रुपए चमककर क्रमश: 81 हजार रुपए और 82 हजार रुपए प्रति सैकड़ा बोला गया।

कोटा सर्राफा
चांदी 38500 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33800 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39420 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33970.रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39620 रुपये प्रति तोला।

निवेशकों के समर्थन से सेंसेक्स 488 अंक उछला, जेट एयरवेज 93% बढ़ा

नई दिल्ली। छोटी और मझोली कंपनियों में खरीदारी के दम पर भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को बड़ी छलांग लगाकर बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 488 अंकों की तेजी के साथ 39,601 के पार जाकर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 140 अंकों की तेजी के साथ 11,831 अंकों पर जाकर बंद हुआ।

सेंसेक्स में गुरुवार को विमानन कंपनी जेट एयरवेज के शेयरों में सबसे अधिक उछाल देखा गया। जेट के शेयर 93.35 फीसदी के उछाल के साथ 64 रुपए प्रति शेयर की दर से बंद हुए। इसके अलावा अनिल अंबानी की कंपनियों में भी तेज बढ़त देखी गई। अनिल अंबानी की रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर में 34.74 फीसदी, रिलायंस कैपिटल में 27.75 फीसदी, रिलायंस पावर में 26.32 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

मिडकैप-स्मॉलकैप का हाल
गुरुवार को सेंसेक्स में मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों के शेयरों में भारी उछाल देखा गया। इस कारण सेंसेक्स में मिडकैप सेक्टर के शेयर 237 अंकों की तेजी के साथ 14,680 और स्मॉलकैप सेक्टर के शेयर 145 अंकों की तेजी के साथ 14,064 अंकों पर जाकर बंद हुए। सेंसेक्स की तरह निफ्टी में भी मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी दर्ज की गई। निफ्टी-50 मिडकैप 1.79 फीसदी की तेजी के साथ 4838 अंकों पर और स्मॉलकैप 1.41 फीसदी की तेजी के साथ 2987 अंकों पर जाकर बंद हुए।

ये हैं टॉप गेनर
सेंसेक्स में जेट एयरवेज 93.35 फीसदी, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर 34.74 फीसदी, रिलायंस कैपिटल 27.75 फीसदी, रिलायंस पावर 26.32 फीसदी, सुजलॉन 24.18 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे। निफ्टी में टाटा स्टील 5.40 फीसदी, जी एंटरटेनमेंट 5.14 फीसदी, कोटक बैंक 2.75 फीसदी, एनटीपीसी 1.85 फीसदी, टाइटन 1.34 फीसदी की तेजी के साथ टॉप गेनर रहे।

ये हैं टॉप लूजर
सेंसेक्स में यूपीएल 8.51 फीसदी, मैग्मा 6.41 फीसदी, मनपसंद बेवरेजेस 5 फीसदी, इंडियाबुल्स इंटीग्रेटिड सर्विसेज 4.98 फीसद, हेग 4.48 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस 8.49 फीसदी, यस बैंक 4.89 फीसदी, यूपीएल 4.67 फीसदी, अडानी पोर्ट्स 3.32 फीसदी, इंड्सइंड बैंक 2.70 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर रहे।

GST में रजिस्टर्ड व्यापारियों को मिलेगा 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा

0

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को संसद के सयुंक्त सत्र को संबोधित करते हुए जीएसटी में रजिस्टर्ड व्यापारियों को 10 लाख रुपए तक दुर्घटना बीमा देने का ऐलान किया। राष्ट्रपति ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए आगामी नीतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों के लिए राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन का ऐलान किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि अब भारत, GDP की दृष्टि से दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थ-व्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। विकास दर को उच्च स्तर पर बनाए रखने के लिए Reforms की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2024 तक, भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनॉमी बने।

खुदरा व्यापार नीति भी बनेगी
छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उनके लिए नई पेंशन योजना शुरू की है। अब जल्द ही ‘राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड’ का गठन किया जाएगा और खुदरा कारोबार में बढ़ोतरी के लिए ‘राष्ट्रीय खुदरा व्यापार नीति’ भी बनाई जाएगी। GST के तहत रजिस्टर्ड, सभी व्यापारियों को, 10 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा। MSME सेक्टर से जुड़े उद्यमियों को ऋण लेने में दिक्कत न हो, इसके लिए क्रेडिट गारंटी कवरेज का दायरा एक लाख करोड़ रुपए तक बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।

भारत बनेगा ग्लोबल मैन्यूफैक्चरिंग हब
अभिभाषण में कहा गया है कि भारत को ग्लोबल मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाने के लिए तेज़ी से काम हो रहा है। इंडस्ट्री 4.0 को ध्यान में रखते हुए, जल्द ही नई औद्योगिक नीति की घोषणा की जाएगी। ‘Ease of Doing Business’ के तहत राज्यों के साथ मिलकर, नियमों को सरल बनाने की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में कंपनी कानून में भी आवश्यक बदलाव लाए जा रहे हैं।

फर्जी एक्सपोर्ट दिखा IGST क्लेम के नाम पर सरकार को 1 हजार करोड़ की चपत

0

नई दिल्ली।सरकार ने गुरुवार को कहा कि उसने अभी तक 5,106 ‘रिस्की एक्सपोर्टर्स’ की पहचान की है, जिसने फर्जी इनवॉयस के आधार पर जीएसटी (GST) रिफंड क्लेम किए थे। अब ऐसे एक्सपोर्टर्स को रिफंड जारी करने से पहले उनके क्लेम की मैनुअली जांच की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, एक्सपोर्टर्स द्वारा इंटिग्रेटेड जीएसटी (IGST) रिफंड के फर्जी क्लेम्स का आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकता है।

सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (CBIC) ने एक बयान में ईमानदार एक्सपोर्टर्स को भरोसा दिलाया कि उनके रिफंड क्लेम्स की प्रोसेसिंग ऑटोमैटिकली की जाएगी और समय से रिफंड जारी किए जाएंगे।

5106 रिस्की एक्सपोर्टर्स की हुई पहचान
सीबीआईसी ने सोमवार को कस्टम्स और जीएसटी अधिकारियों को कुछ एक्सपोर्टर्स के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के सत्यापन के निर्देश दिए थे, जिन्हें पहले से निर्धारित जोखिम के मानकों के आधार पर ‘रिस्की’ माना जाता है। सीबीआईसी ने कहा, ‘अभी तक कुल 1.42 लाख एक्सपोर्टर्स में 5,106 रिस्की एक्सपोर्टर्स की पहचान की गई है। इस प्रकार कुल एक्सपोर्टर्स की तुलना में रिस्की एक्सपोर्टर्स की संख्या महज 3.5 फीसदी है।’

सरकारी खजाने को नुकसान से बचाने का है लक्ष्य
सीबीआईसी ने गुरुवार को कहा, ‘इन रिस्की एक्सपोर्टर्स को निर्यात की तत्काल मंजूरी दी गई है। हालांकि, अधिकतम 30 दिनों के भीतर आईटीसी के सत्यापन के बाद ही रिफंड जारी किया जाएगा।’ सीबीआईसी ने कहा कि आईजीएसटी रिफंड्स की मैनुअल जांच का उद्देश्य बेईमान निर्यातकों को सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने से रोकना है।

रोज फाइल होते हैं 20 हजार शिपिंग बिल
इसमें कहा गया कि बीते दो दिनों यानी 17 और 18 जून को कुल 925 एक्सपोर्टर्स द्वारा फाइल किए गए सिर्फ 1,436 शिपिंग बिलों पर रोक लगाई गई है। सीबीआईसी ने कहा, ‘रोजाना 9 हजार एक्सपोर्टर्स द्वारा लगभग 20 हजार शिपिंग बिल फाइल किए जाते हैं, इस प्रकार दखल का स्तर बेहद कम बना हुआ है।’

सीबीआईसी ने कहा, ‘सत्यापन की नई कवायद का उद्देश्य सरकारी खजाने को होने वाले नुकसान से बचाना और दोषियों पर कार्रवाई करना है। सीबीआईसी ईमानदार निर्यातकों को भरोसा दिलाता है कि उन्हें समयबद्ध तरीके से ऑटोमैटिकली आईजीएसटी रिफंड मिलता रहेगा।’

अब चैट करते हुए भी Whatsapp पर देख सकेंगे विडियो

नई दिल्ली। पॉप्युलर मेसेजिंग ऐप वॉट्सऐप अपने उन ऐंड्रॉयड यूजर्स के लिए पिक्चर-इन-पिक्चर मोड लेकर आ रहा है, जो बीटा प्रोग्राम का हिस्सा हैं। यह फीचर यूजर्स को वॉट्सऐप चैट्स के बीच स्विच करते हुए भी प्लैटफॉर्म पर रिसीव विडियो साइड में देखने का विकल्प देता है। यह विडियो यूट्यूब, इंस्टाग्राम या फेसबुक जैसे प्लैटफॉर्म्स से हो सकता है और इसे यूजर अब वॉट्सऐप में रहते हुए ही प्ले कर सकते हैं। ऐसा ही फीचर ऐंड्रॉयड ऐप में दिया गया है लेकिन अभी यह पूरी तरह फंक्शनल नहीं है।

सबसे पहले इसे फेसबुक की ओनरशिप वाले ऐप में होने वाले बदलावों और इसे मिलने वाले अपडेट्स पर नजर रखने वाले मीडिया चैनल WABetaInfo की ओर से रिपोर्ट किया गया है। उनकी रिपोर्ट में कहा गया है कि इस फीचर को ऐंड्रॉयड वॉट्सऐप बीटा 2.19.177 में देखा गया है।

अगर आपको नहीं मालूम तो बता दें, पिक्चर-इन-पिक्चर मोड डेस्कटॉप और iOS पर पिछले काफी वक्त से यूजर्स को मिल रहा है। ऐंड्रॉयड पर भी ऐसा फीचर लाया गया है लेकिन ऐप में विडियो प्ले करने के दौरान अभी आप चैट विंडो स्विच नहीं कर सकते।

बीटा अपडेट में इस साल देखने को मिले दो फीचर्स को हाल ही में स्टेबल वर्जन में सभी यूजर्स के रोलआउट किया गया है। ऐंड्रॉयज यूजर्स को स्टेबल वर्जन 2.19.150 में Consecutive Voice Messages और फॉरवर्डिंग इनफॉर्मेशन फीचर्स दिए गए हैं। ये फीचर्स सभी वॉट्सऐप यूजर्स को मिल रहे हैं।

वॉट्सऐप एक और फीचर लाने वाला है, जिससे यूजर्स गलती से किसी और को फोटो भेजने से बचेंगे। v2.19.173 में दिखा यह फीचर ग्रुप्स और कॉन्टैक्ट्स दोनों पर काम करता है और कोई फोटो भेजते वक्त ‘Send’ भेजने से पहले आपको कॉन्टैक्ट या ग्रुप का नाम भी लिखा दिख जाता है।

बता दें, वॉट्सऐप लगातार यूजर्स का एक्सपीरियंस बेहतर बनाने के लिए कई नए फीचर्स पर काम कर रहा है। हाल ही में कंपनी ने अपने आईफोन ऐप में नया ग्रुप कॉलिंग बटन भी दिया है। ऐंड्रॉयड ऐप पर भी इस बटन के जल्द ही आने की उम्मीद है।

फिलहाल, ऐंड्रॉयड यूजर्स ग्रुप ऑडियो या विडियो कॉल के लिए पहले सामने वाले यूजर्स को कॉल करते हैं और इसके बाद दूसरे पार्टिसिपेंट को जोड़ते हैं। अब नए बटन के आने के बाद कॉल शुरू करते वक्त ही ग्रुप कॉल में पार्टिसिपेंट्स जोड़े जा सकेंगे।

48MP कैमरे वाला मोटोरोला One Vision भारत में लॉन्च, जानिए फीचर

नई दिल्ली। मोटोरोला ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन Motorola One Vision लॉन्च कर दिया है। भारत में इस स्मार्टफोन को 19,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है। इस स्मार्टफोन की सेल 27 जून को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। यह स्मार्टफोन 4GB की रैम और 128GB के स्टोरेज के साथ आया है। यह स्मार्टफोन ब्रॉन्ज ग्रेडिएंट और सैफायर ग्रेडिएंट फिनिश के साथ उपलब्ध होगा। मोटोरोला अपने स्मार्टफोन को ब्राजील में पहले ही लॉन्च कर चुकी है।

512GB तक बढ़ा सकते हैं स्टोरेज
मोटोरोला वन विजन में 6.3 इंच का फुल HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजॉलूशन 2520×1080 है। यह स्मार्टफोन सैमसंग के Exynos 9609 प्रोसेसर से पावर्ड है और इसमें Mali-G72 MP3 जीपीयू दिया गया है। मोटोरोला वन विजन में 4GB की रैम और 128GB का इंटरनल स्टोरेज दिया गया है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 512GB तक बढ़ा सकते हैं। मोटोरोला वन विजन स्मार्टफोन गूगल के ऐंड्रॉयड 9.0 Pie ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है।

कंपनी का दावा, 15 मिनट चार्ज करने पर 7 घंटे चलेगा फोन
मोटोरोला वन विजन स्मार्टफोन में 3,500 mAh की बैटरी दी गई है। यह मोटोरोला की टर्बोपावर फास्ट चार्जिंग टेक्नॉलजी को सपॉर्ट करेगी। कंपनी का दावा है कि 15 मिनट चार्ज करने के बाद फोन की बैटरी 7 घंटे चलेगी। फुल चार्ज पर फोन की बैटरी दिन भर चलेगी।

अगर इस स्मार्टफोन में लगे कैमरे की बात करें तो इसके बैक में ड्यूल कैमरा सेटअप है। फोन के पीछे 48 मेगापिक्सल और 5 मेगापिक्सल के कैमरे दिए गए हैं। 48 मेगापिक्सल वाला रियर कैमरा क्वॉड पिक्सल टेक्नॉलजी के साथ आएगा। साथ ही, कैमरे में नाइट मोड भी है, जिसे Night vision नाम दिया गया है। वहीं, सेल्फी के लिए स्मार्टफोन में 25 मेगापिक्सल का इन-स्क्रीन कैमरा दिया गया है। कैमरे में क्वॉड पिक्सल टेक्नॉलजी दी गई है।

सोनाक्षी सिन्हा और बादशाह स्टारर ‘खानदानी शफाखाना’ का फर्स्ट लुक रिलीज

ऐक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाईं। इस साल आई मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ भी बुरी तरफ पिट गई। हालांकि इससे सोनाक्षी का मनोबल नहीं टूटा और अब वह शिल्पी दासगुप्ता की फिल्म ‘खानदानी शफाखाना’ में नजर आएंगी। बुधवार को सोनाक्षी ने अपनी इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज किया और बताया कि दो दिन में इसका ट्रेलर रिलीज होने वाला है।

सोनाक्षी ने ट्वीट किया, ‘मैं जितना बोलूंगी लोगों को उतनी ही शर्म आनी है। फिल्म का ट्रेलर दो दिन में आएगा।”खानदानी शफाखाना’ से रैपर और सिंगर बादशाह अपना बॉलिवुड डेब्यू कर रहे हैं। इस फिल्म में सोनाक्षी और बादशाह के अलावा वरुण शर्मा और अन्नू कपूर भी नजर आएंगे। बात करें फिल्म में सोनाक्षी के किरदार की, तो इसमें वह सेक्स क्लीनिक में काम करने वाली एक लड़की रोल निभा रही हैं।

कहानी एक ऐसी महिला की है, जो अपनी विरासत को बरकरार रखने के लिए अपने छोटे शहर में संघर्ष करती है। वह महिला कैसे अपनी विरासत को बचाने के लिए अपने खानदानी शफाखाने से दूसरों की मदद करती है और उसके वजूद को बचाने के साथ ही किस तरह अपनी मंजिल हासिल करती है, फिल्म इसी के इर्द-गिर्द घूमती है। ‘खानदानी शफाखाना’ के अलावा सोनाक्षी सलमान खान के साथ ‘दबंग 3’ और अक्षय कुमार के साथ ‘मिशन मंगल’ में भी नजर आएंगी।

पीएम किसान पेंशन योजना की रकम से कट जाएंगे 1200 रुपए

नई दिल्ली। पीएम किसान पेंशन योजना के लिए किसानों को अलग से नकद प्रीमियम देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसानों को राहत देने के लिए पीएम सम्मान निधि से पेंशन योजना को लिंंक कर दिया जाएगा, जिससे तय समय पर पेंशन योजना की प्रीमियम स्वत: ही खाते से कट जाएगा। सरकार ने इसके लिए कार्ययोजना शुरू कर दी है।

किसानों के लिए शुरू की जा रही पेंशन योजना को दो माह में लॉन्च करने की तैयारी है। मंत्रालय में इस संबंध में आयोजित बैठक में यह बात सामने आई है कि बैंक आदि किसानों के घर से काफी दूर होते हैं, इस वजह से वे ऐसी योजनाओं के प्रति लापरवाही बरतते हैं, जिसमें गांव से दूर जाना होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय खाता लिंक करने की तैयारी कर रहा है।

3 करोड़ किसानों को मिल चुका है फायदा
कृषि मंत्रालय ने अगस्त तक देशभर के सभी 14 करोड़ छोटे बड़े किसानों को पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल अभी तक 3.11 करोड़ किसानों को भुगतान किया जा चुका है जबकि 80 लाख के करीब किसानों के डाटा की जांच की जा रही है जिन्हें इसी माह भुगतान कर दिया जाएगा। इसके अलावा अगस्त तक सरकार पीएम किसान पेंशन योजना लांच कर सकती है।

औसतन किसानों के खाते से कटेंगे पैसे
इस योजना के लिए किसानों की आयु 18 से 40 के बीच होनी चाहिए। औसतन साल भर में 1200 रुपए किसान का योगदान होगा। पीएम सम्मान निधि से 6000 सालाना से 1200 रुपए प्रीमियम कट जाएगा। इस तरह किसान को 4800 रुपए ही मिलेंगे।

औसत आयु 29 साल के अनुसार 100 रुपए प्रति माह देना होगा। उम्र कम होने पर योगदान कम और ज्यादा होने पर अधिक योगदान देना होगा। इतना ही अंशदान सरकार भी करेगी। 60 साल पूरे होने पर 3000 रुपए सालाना किसान काे पेंशन मिलेगी।