Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4671

स्तनपान नवजात को ही नहीं, स्त्रियों को भी कई बीमारियों से बचाता है

कोटा। आईएमए वुमंस विंग, आईएपी तथा बीएनपी के संयुक्त तत्वावधान में श्रीजी अस्पताल में विश्व स्तनपान दिवस मनाया गया। आईएमए वुमंस विंग की अध्यक्ष डॉ अंशु सरदाना ने बताया कि कार्यशाला को संबोधित करते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ अनुराधा अग्रवाल ने नवजात शिशु को स्तनपान कराने का महत्व बताते हुए कहा कि बच्चे को दिया गया मां का पहला दूध किसी अमृत से कम नहीं है।

आज से विश्व स्तनपान दिवस सप्ताह की शुरूआत हो चुकी है। विश्व स्तनपान दिवस का मकसद महिलाओं को इसके प्रति जागरूक करना है। स्तनपान सिर्फ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए ही जरूरी नहीं बल्कि ये महिलाओं को भी कई गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर और ऑस्टियोपोरोसिस से दूर रखता है।

डॉ मीनू बिरला ने माताओं को स्तनपान में आने वाली समस्याओं को लेकर सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और कामकाज में महिलाएं इतनी व्यस्त रहती है कि उन्हें अपने बच्चे को स्तनपान करवाने का समय ही नहीं मिलता। स्तनपान संबंधी जानकारी और इसके फायदे समझाने के लिए ये सप्ताह मनाया जाता है।

यह सप्ताह केवल घरों में ही नहीं बल्कि कार्यालयों में भी इस प्रकार का माहौल बनाने पर बल देता है जिससे कि स्तनपान कराने वाली महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। इस अवसर पर आईएपी हाड़ौती की अध्यक्ष डॉ. नीता जिंदल, आईएमए वुमंस विंग की सचिव डॉ. सुधा पंकज, डॉ. अर्चना मीना, डॉ. दीप्ति सुखीजा, डॉ. स्वाति नामदेव, डॉ.राजेश शर्मा, डॉ. कल्पना मखीजा, डॉ.राजश्री भाटी, डॉ. माधुरी पीरी समेत कईं लोग उपस्थित रहे।

माया से होता है मित्रता का नाश : आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा। महावीर नगर विस्तार योजना दिगम्बर जैन मंदिर में आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ने प्रवचन करते हुए कहा कि शरीर की शुद्धि पानी, अग्नि, मिट्टी आदि से होती है। जहां धर्म है, वहां शुद्धि है। उन्होंने कहा कि मन का सरल होना जरूरी है। क्योंकि माया से मित्रता का नाश होता है। जैन धर्म में तप को मोक्ष का मार्ग बताया गया है।

उन्होंने कहा कि अगर कर्मो की निर्जरा होगी तो आत्म शुद्धि होगी। तप के माध्यम से मन, वचन, काया आदि तीन योग को एकाग्र किया जाता है। संपूर्ण कर्मो का क्षय हो जाना मोक्ष है। मोक्ष के ज्ञान, दर्शन चरित्र और तप ये चार द्वार है। नव तत्वों में जीव, अजीव तो हैं ही। उनके बाद जो सात तत्व हैं, वे साधना की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। उनमें मुख्यत दो हैं- बंध और मोक्ष। बंध का अपना परिवार है और मोक्ष का अपना परिवार है।

उन्होंने कहा कि पुण्य, पाप और आश्रव बंध का परिवार है। संवर और निर्जरा मोक्ष का परिवार है। जितनी दैवी संपदा हमारे पास बढ़ेगी, हम मोक्ष की तरफ आगे बढ़ जाएंगे और जितनी आसुरी संपदा हमारे पास बढ़ेगी, हम मोक्ष की ओर, बंधन की ओर आगे बढ़ जाएंगे। विनय के तीन साध्य है। नमन और झुकना एक जैसा नहीं है। इसलिए विनम्र बनो, कोमल बनो। मन में किसी के प्रति कोई भी छल-कपट नहीं होना चाहिए।

कोटा में तीज माता पूजन के साथ श्रावणी तीज मेला शुरू

कोटा। श्रावणी तीज मेला महोत्सव समिति की ओर से शनिवार को पारंपरिक रूप से तीज माता का पूजन किया गया। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन क्षैत्र में हाट रोड अजय आहुजा पार्क के पास 13 दिवसीय 52वें श्रावणी तीज मेले का शुभारंभ हो गया।

धन्नालाल चेतराम एंड पार्टी के एक दर्जन कलाकारों के द्वारा राजस्थानी वेशभूषा में अलगोजे की विशेष प्रस्तुतियां दी गईं। सावन गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ नरेंद्र एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत चरी नृत्य ने हर किसी का मन मोह लिया। पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा श्रीराम मंदिर से प्रारंभ होकर बजरिया, रानी जी की धर्मशाला के सामने से गुजरते हुए थाना भीम मंडी के सामने नर्बदेश्वर महादेव मंदिर पर आरती के पश्चात विश्राम के लिए भरावा सदन पर पहुंची।

फूलों की पालकी में सवार तीज माता घुड़सवारों के साथ चल रही थीं। हाड़ौती के विशिष्ट परिधान में सुसज्जित महिलाएं तीज माता की पालकी को लेकर चलीं। महिलाओं द्वारा तीज माता की 1100 दीपकों से महाआरती की गई। इस दौरान जगह जगह आतिशबाजी के द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में विभिन्न झांकियां मनमोहक लग रही थीं तो भजन मण्डलियां भी भजनों से रस घोल रही थीं।

शोभायात्रा में तीज माता के अलावा भगवान शिव पार्वती और हनुमान जी भी बग्घी में सवार होकर चल रहे थे। बैण्ड बाजों के साथ श्रद्धालु जयकारों से आसमान गुंजा रहे थे। मेले में राजस्थान राज्य के अलावा विभिन्न प्रांतों से व्यापारी पहुंच चुके हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिनी झूले, चकरी, मिकी माउस वालों ने अपना स्थान ले लिया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीसीसी महासचिव पंकज मेहता थे। अध्यक्षता पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी ने की। कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि सेंट्रल रेलवे एंप्लाइज यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव रहे। तीज माता का पूजन पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी, सुनीता भरावा, अलका दुलारी कर्म योगी, नीलम शर्मा, श्रुति भरावा द्वारा किया गया। इससे पहले तीज मेले का भव्य उद्घाटन किया गया। वहीं सामाजिक क्षैत्र में विशिष्ठ कार्य करने वाले 25 लोगों का सम्मान भी किया गया।

ये होंगे कार्यक्रम
मेला अध्यक्ष बसंत भरावा तथा संयोजक श्याम भरावा ने बताया कि मेले के शुभारंभ के साथ ही 13 दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। मेले में 4 अगस्त को सिने संध्या कार्यक्रम, 5 अगस्त को खाटू श्याम बाबा का जागरण, 6 अगस्त को राजस्थानी कवि सम्मेलन, 7 अगस्त को राजस्थानी लोक कलाकारों के गीत व नृत्य का रंगारंग आयोजन होगा। वहीं 13 दिवसीय मेले का समापन 15 अगस्त को भव्य आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रांतों से आने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इंदौर किराना बाजार: त्योहारी मांग से शक्कर में तेजी

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में शनिवार को त्योहारी मांग से शक्कर के भाव में 40 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक सियागंज किराना बाजार में शनिवार को सात गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर-गोला शक्कर 3350 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल खोपरा गोला 168 से 183 रुपये प्रति किलोग्राम। खोपरा बूरा 2100 से 3400 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी हल्दी खड़ी सांगली 130 से 132, निजामाबाद 90 से 100, पिसी 140 से 155 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना साबूदाना 6000 से 7600, पैकिंग में 8000 से 8300 रुपये प्रति क्विंटल। आटा-मैदा गेहूं आटा 1200 से 1210, मैदा 1260 से 1270, रवा 1270 से 1280, चना बेसन 2950 से 2975 तथा बटला बेसन 2750 से 2775 रुपये प्रति क्विंटल।

पोस्ता दाना के भाव रिकॉर्ड स्तर पर, जावरा में 1.10 लाख रुपये क्विंटल बिका

नीमच। बंपर आवक के बावजूद मध्य प्रदेश में पोस्तादाना का भाव शनिवार को अचानक आसमान छू गया। जावरा की पोस्तादाना मंडी में पोस्तादाना का भाव शनिवार को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया और यह 1.10 लाख रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। वहीं, देश की सबसे बड़ी पोस्तादाना मंडी नीमच में शनिवार को पोस्तादाना का भाव 97,000 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

पोस्तादाना यानी अफीम का बीज। इसे खसखस भी कहते हैं और कई व्यंजनों में खाने को स्वादिष्ट बनाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। प्रदेश में अफीम की पैदावार करने वाले किसानों एवं कारोबारियों का कहना है कि हमारा पूरा जीवन निकल गया, लेकिन पोस्तदाना कभी इस भाव में नहीं बिका। उनका कहना है कि एक सप्ताह पहले तक इन दोनों मंडियों में पोस्तादाना 55,000 रुपये से 60,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिक रहा था।

पोस्तादाना के बड़े कारोबारी दीपक अग्रवाल ने बताया, ‘‘तुर्की और चीन से पोस्तादाना का आयात बंद होने के कारण इसके भाव में भारी तेज़ी देखी जा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नीमच में आज पोस्तदाना का भाव 97,000 रुपए प्रति क्विंटल रहा जबकि जावरा में यह एक लाख 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल को पार कर गया।’’

अग्रवाल ने बताया कि देश की सबसे बड़ी पोस्तादाना मंडी नीमच मानी जाती है। नीमच एवं जावरा दोनों मध्य प्रदेश के मालवा इलाके में आते हैं। मालवा में नीमच के बाद जावरा भी पोस्तादाने की बड़ी मंडी है। उन्होंने कहा कि शनिवार को नीमच मंडी में करीब 1,000 बोरी पोस्तादाना की बंपर आवक हुई।

इसी बीच, नीमच मंडी निरीक्षक दिनेश कुमार जैन ने बताया, ‘‘पोस्तादाना में लगातार उछाल जारी है और आज नीमच मंडी में इसका भाव 97,000 रुपए प्रति क्विंटल पहुँच गया।’’ पोस्तादाना का उत्पादन मध्य प्रदेश और राजस्थान के मालवा और मेवाड़ के जिलों में होता है। इन दोनों राज्यों में करीब 60,000 अफीम किसान हैं। अफीम की खेती के बाद आखरी में बचे सूखे डोडे में से पोस्तादाना निकलता है। इसे भारत के अधिकांश राज्यों में खाने के काम में लिया जाता है।

नीमच मंडी में पोस्तादाना बेचने आये बामनिया गांव के किसान भरत पाटीदार ने बताया, ‘‘मैं जब से अफीम की खेती कर रहा हूं, तब से अब तक बीते 50 साल में पोस्तादाना का यह भाव हमने नहीं देखा।’’ यही बात जावद के अफीम किसान जमनालाल पाटीदार ने कही। उन्होंने कहा कि इससे अफीम किसानों की ख़ुशी का ठिकाना नहीं है।

इंदौर अनाज मंडी : चना, तुअर और उड़द में गिरावट

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में शनिवार को चना 25 रुपये, तुअर (अरहर) 50 रुपये और उड़द के भाव में 100 रुपये प्रति क्विंटल की कमी हुई। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक संयोगितागंज अनाज मंडी में शनिवार को तीन हजार बोरी गेहूं की आवक हुई।

दलहन चना (कांटा) 4225 से 4250, चना (देसी) 4100 से 4150, डबल डॉलर 4800 से 5200, मसूर 4100 से 4150, हल्की 3750 से 3800, मूंग 5600 से 5700, हल्की 5000 से 5200, तुअर निमाड़ी (अरहर) 5000 से 5200, महाराष्ट्र तुअर (अरहर) 5700 से 5800, उड़द 4900 से 5000, हल्की 3600 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

दाल तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 6900 से 7100, तुअर दाल फूल 7300 से 7500, तुअर दाल बोल्ड 7700 से 7900, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400 चना दाल 5550 से 5750, आयातित चना दाल 5500 से 5200 मसूर दाल 5300 से 5400 मूंग दाल 7500 से 7700, मूंग मोगर 8100 से 8300 उड़द दाल 7000 से 7200, उड़द मोगर 7000 से 7200 रुपये प्रति क्विंटल।

अनाज गेहूं हल्का 1870 से 1900, गेहूं 147- 1950 से 2200, गेहूं लोकवन 1950 से 2250, गेहूं चंद्रौसी 3200 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल। ज्वार हल्की 2000 से 2100, ज्वार संकर 2150 से 2200, ज्वार देसी 2500 से 2800, मक्का पीली 2150 से 2200, मक्का गजर 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।

इंदौर बाजार : सोयाबीन रिफाइंड तेल में तेजी, कपास्या खली नरम

इंदौर। स्थानीय खाद्य तेल बाजार में शनिवार को सोयाबीन रिफाइंड दो रुपये और पाम तेल के भाव में दो रुपये प्रति 10 किलोग्राम की तेजी हुई। सोयाबीन 50 रुपये प्रति क्विंटल बढ़कर बिका। पशुआहार कपास्या खली में 50 रुपये प्रति 60 किलोग्राम नरमी रही।

तिलहन सरसों 3500 से 3550 रायडा 3400 से 3450 सोयाबीन 3500 से 3550 रुपये प्रति क्विंटल। तेल मूंगफली तेल इंदौर 1110 से 1130, सोयाबीन रिफाइंड इंदौर 736 से 738, सोयाबीन साल्वेंट 700 से 705, पाम तेल 625 से 630 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

पशु आहार कपास्या खली इंदौर 2100, देवास 2100, उज्जैन 2100, खंडवा 2080, बुरहानपुर 2080, अकोला 3350 रुपये प्रति 60 किलोग्राम बोरी। कपास्या तेल कपास्या तेल इंदौर 750 से 755, महाराष्ट्र 745 से 750, तथा गुजरात 755 से 760 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘खानदानी शफाखाना’ की कमजोर ओपनिंग

मुंबई। सोनाक्षी सिन्हा के लीड रोल वाली फिल्म ‘खानदानी शफाखाना’ का पहले दिन का कलेक्शन बॉक्स आफिस पर काफी कम रहा है। इस कॉमिडी ड्रामा फिल्म समाज में वर्जित माने जाने वाले सेक्स के टॉपिक पर बनाई गई है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह एक ऐसी फिल्म है जो पूरे परिवार के साथ देखी जा सकती है।

बॉक्सऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को अपने ओपनिंग डे पर फिल्म ने केवल 75 लाख रुपये का बिजनस किया है। हालांकि ट्रेड ऐनालिस्ट का मानना है कि वीकेंड पर इस फिल्म की कमाई में कुछ तेजी आ सकती है लेकिन द लॉयन किंग और फास्ट ऐंड फ्यूरियस जैसी हॉलिवुड फिल्मों की मौजूदगी इसके बिजनस को प्रभावित कर सकती है।

इस फिल्म से मशहूर रैपर बादशाह ने बॉलिवुड में अपना ऐक्टिंग डेब्यू किया है। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा के अलावा वरुण शर्मा, अन्नू कपूर, प्रियांश जोरा और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार मौजूद हैं। ‘खानदानी शफाखाना’ का डायरेक्शन शिल्पी दासगुप्ता ने किया है।

सोना तेजी का रिकॉर्ड बनाने के बाद 190 रुपए सस्ता, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में गत दिवस 36,360 रुपए प्रति दस ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर रहने वाला सोना शनिवार को ग्राहकी कमजोर पड़ने से 190 रुपए टूटकर 36,170 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया जबकि चांदी की औद्योगिक मांग आने से यह 42,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर शुक्रवार को सोने में रही गिरावट का असर भी आज स्थानीय बाजार पर देखने को मिला। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, वहां सोना हाजिर 4.86 डॉलर टूटकर 1,440.65 डॉलर प्रति औंस रह गया। हालांकि दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 20.10 डॉलर की बढ़त में 1,452.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

चांदी हाजिर 0.14 डॉलर की गिरावट में 16.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि मुनाफावसूली के कारण सोने में सप्ताहांत पर गिरावट देखी गई। कुल मिलाकर पीली धातु का परिदृश्य बेहतर बना हुआ है। अमेरिकी और चीन के बीच व्यापार युद्ध गहराने से आने वाले सप्ताह में सोने में तेजी की उम्मीद है।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 190 रुपए लुढ़ककर 36,170 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। सोना बिटुर 180 रुपए की गिरावट में 36,000 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 100 रुपए टूटकर 27,500 रुपए पर रही।

चांदी की औद्योगिक मांग निकलने से चांदी हाजिर 200 रुपए चढ़कर 42,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा 310 रुपए की बढ़त में 41,365 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपए की मजबूती के साथ क्रमश: 85 हजार और 86 हजार रुपए प्रति सैकड़ा बिके।

कोटा सर्राफा
चांदी 40200 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 34950 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 40760 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 35120 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 40960 रुपये प्रति तोला।

Tata Nexon का नया वेरियंट लॉन्च, एसयूवी की टचस्क्रीन भी बदली

0

नई दिल्ली।Tata Motors ने अपनी पॉप्युलर सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी Nexon का एक नया वेरियंट XT+ लॉन्च किया है। Tata Nexon XT+ पेट्रोल और डीजल, दोनों इंजन में उपलब्ध है। इसकी कीमत क्रमश: 8.02 लाख और 8.87 लाख रुपये है। नए वेरियंट की लॉन्चिंग के अलावा कंपनी ने पहले आने वाले नेक्सॉन के XT वेरियंट को बंद कर दिया। इसके अलावा एसयूवी की टचस्क्रीन भी बदल दी गई है।

टाटा नेक्सॉन एक्सटी प्लस में एलईडी डेटाइम रनिंग लाइट्स के साथ प्रोजेक्टर हेडलैम्प्स, एलईडी टेललाइट्स, रूफ रेल्स और पावर फोल्डिंग आउट साइड रियर व्यू मिरर्स (ORVM) दिए गए हैं। इंटीरियर की बात करें, तो इसमें आपको ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और 8-स्पीकर्स के साथ हार्मन-कार्डन कनेक्टनेक्स्ट इन्फोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। इसके अलावा स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो और फोन कंट्रोल, रियर एसी वेंट्स और हाइट अजस्टेबल ड्राइवर सीट जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।

सेफ्टी फीचर्स की बात करें, तो नेक्सॉन एक्सटी प्लस में ड्यूल फ्रंट एयरबैग्स, ईबीडी के साथ एबीएस, फ्रंट सीटबेल्ट रिमाइंडर, रियर पार्किंग सेंसर्स और ISOFIX चाइल्ड सेफ्टी सीट ऐंकर्स मिलेंगे।

नए वेरियंट की लॉन्चिंग के अलावा टाटा मोटर्स ने नेक्सॉन में दिए गए टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम को भी अपडेट किया है। अब इसमें 7.0-इंच का टचस्कीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो पहले 6.5-इंच का था। नया इन्फोटेनमेंट सिस्टम XZ, XZ+ और XZA+ वेरियंट में उपलब्ध है।

पावर :नेक्सॉन एसयूवी में 1.2-लीटर, 3-सिलिंडर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन है। यह 108 bhp का पावर और 170 Nm टॉर्क जनरेट करता है। डीजल इंजन 1.5-लीटर का है, जो 108 bhp का पावर और 260 Nm टॉर्क जनरेट करता है। दोनों इंजन के साथ 6-स्पीड मैन्युअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन उपलब्ध है।