Monday, April 27, 2026
Home Blog Page 4633

Kia Seltos एसयूवी से उठा पर्दा, जानिए खूबियां

0

साउथ कोरिया की Kia Motors ने भारत में अपनी पहली कार Seltos SUV से पर्दा उठा दिया है। Kia Seltos ऑटो एक्सपो 2018 में पेश किए एसपी कॉन्सेप्ट का प्राडक्शन वर्जन (बाजार में उतारी जाने वाली) एसयूवी है। भारतीय बाजार में इसकी टक्कर ह्यूंदै क्रेटा, टाटा हैरियर और एमजी हेक्टर जैसी एसयूवी से होगी। आइए आपको किआ की भारत में इस पहली कार के बारे में बताते हैं…

किआ सेल्टॉस के लुक की बात करें, तो यह ऑटो एक्सपो में पेश किए गए कॉन्सेप्ट की तरह ही दिखती है। एसयूवी के फ्रंट में किआ की सिग्नेचर टाइगर नोज ग्रिल दी गई है, जिसके चारों ओर फॉक्स सिल्वर है। एसयूवी में स्लीक एलईडी हेडलैम्प और एलईडी डीआरएल दिए गए हैं, जो इसे सिग्नेचर लुक देते हैं।

खास बात यह है कि किआ सेल्टॉस दो अलग डिजाइन लाइन (टेक लाइन और जीटी लाइन) में आएगी। कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में यह पहली बार है, जब कोई मॉडल ड्यूल डिजाइन ऑप्शन में उपलब्ध होगा। सेल्टॉस के टेक लाइन में ज्यादा प्रीमियम लुक, फीचर्स और कम्फर्ट पर फोकस होगा। जीटी लाइट का फोकस युवाओं पर है और इसमें ज्यादा लेटेस्ट फीचर्स होंगे।

किआ सेल्टॉस कई सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स (इस सेगमेंट में पहली बार) से लैस है। इसमें नेविगेशन के साथ 10.25 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो इस सेगमेंट में पहली बार है। इसके अलावा इसमें 8-स्पीकर साउंड सिस्टम, एयर प्यूरिफायर, रियर सीट वाले पैसेंजर्स के लिए एसी वेंट और 360 डिग्री सराउंड कैमरा जैसे फीचर्स हैं।

ह्यूंदै की हाल में लॉन्च हुई वेन्यू की तरह किआ सेल्टॉस भी कनेक्टेड कार है। इसमें UVO Connect नाम का कनेक्टिविटी सिस्टम है, जो ह्यूंदै के ब्लूलिंक सिस्टम जैसा ही है। यूवीओ कनेक्ट सिस्टम में 5 कैटिगरी (नेविगेशन, सेफ्टी-सिक्यॉरिटी, वीइकल मैनेजमेंट, रिमोट कंट्रोल और कन्वीनियेंस) के तहत 37 फीचर्स दिए गए हैं।

यह कनेक्ट सिस्टम आपको आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वॉयस कमांड, स्टोलेन वीइकल ट्रैकिंग और इम्मोबिलाइजेशन, सेफ्टी अलर्ट, रिमोट इंजन स्टार्ट-स्टॉप और एयर प्यूरिफायर के लिए रिमोट कंट्रोल जैसी सुविधाएं देता है।

इंजन और गियरबॉक्स
सल्टॉस में कुल तीन इंजन ऑप्शन मिलेंगे, जिनमें 1.4-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल, 1.5-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन शामिल हैं। ये तीनों इंजन बीएस6 एमिशन नॉर्म्स के अनुरूप हैं। 1.4-लीटर टर्बोचार्ज्ड इंजन के साथ 7-स्पीड ड्यूल क्लच ट्रांसमिशन मिलेगा।

अन्य दोनों इंजन में 6-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन स्टैंडर्ड दिया गया हैं। इन दोनों इंजन के साथ भी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन उपलब्ध है। सेल्टॉस में तीन ड्राइविंग मोड्स- नॉर्मल, इको और स्पोर्ट्स हैं।

किआ की इस एसयूवी में 6-एयरबैग्स, एबीएस, इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल, वीइकल स्टैबिलिटी मैनेजमेंट, हिल स्टार्ट असिस्ट, फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर्स और ब्लाइंड स्पॉट व्यू मॉनिटर जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।

सेल्टॉस के रियर-व्यू मिरर्स में तीन बटन दिए गए हैं, जिनका उपयोग रोड साइड असिस्टेंस बुलाने या इमर्जेंसी में कॉल सेंटर को मेसेज भेजने के लिए किया जा सकता है।कंपनी ने अभी इसकी कीमत की जानकारी नहीं दी है। माना जा रहा है कि सेल्टॉस 11 लाख से 18 लाख रुपये कीमत की रेंज में आएगी।

प्रस्ताव : चार साल से पुराने टैक्स असेसमेंट री-ओपन नहीं किए जा सकेंगे!

नई दिल्ली। टैक्स फ्रेंडली एनवायरमेंट बनाने में जुटी सरकार अब ऐसा नियम बना सकती है, जिससे चार साल से पुराने टैक्स असेसमेंट री-ओपन नहीं किए जा सकेंगे। एक सरकारी अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नियम में बदलाव गंभीर टैक्स अपराध से जुड़े मामलों में लागू नहीं होगा। मौजूदा नियमों के मुताबिक, अभी छह साल तक के टैक्स असेसमेंट की जांच की जा सकती है।

सरकारी अधिकारी ने बताया कि अभी प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है और 5 जुलाई को बजट पेश होने से पहले इस बारे में फैसला हो जाएगा। सरकारी सूत्र ने बताया, ‘आयकर विभाग को अलग-अलग स्रोतों से क्वॉलिटी इंफॉर्मेशन मिल रही है। इससे व्यवस्था में सुधार आया है।’ उन्होंने कहा कि किसी मामले में असेसमेंट री-ओपन करना है या नहीं, यह तय करने के लिए चार साल का समय पर्याप्त है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली एनडीए सरकार ने पहले कार्यकाल में टैक्स चोरी पर रोकथाम लगाने के लिए सिस्टम को सख्त बनाते हुए कई टैक्स फ्रेंडली उपाय किए थे। उसने डायरेक्ट और इनडायरेक्ट टैक्स से जुड़े मुकदमों की संख्या में कमी लाने के लिए कई कदम उठाए थे। टैक्स सिस्टम को सिंपल बनाना अब भी सरकार के एजेंडे में ऊपर है। असेसमेंट से जुड़ा हालिया प्रस्ताव टैक्सपेयर फ्रेंडली उपायों का हिस्सा है और इन पर फिलहाल काम चल रहा है।

क्या है मौजूदा प्रावधान
मौ
जूदा प्रावधानों के मुताबिक, अगर असेसिंग ऑफिसर को लगता है कि किसी टैक्सपेयर ने एक लाख रुपये से ज्यादा टैक्स चोरी की है तो वह उसके पिछले छह असेसमेंट ईयर की इनकम का असेसमेंट, री-असेसमेंट या री-कंप्यूटेशन कर सकता है। कम रकम की टैक्स चोरी की आशंका होने पर पिछले चार का साल असेसमेंट री-ओपन किया जा सकता है।

टैक्स कानून के मुताबिक अगर विदेशी एसेट्स से जुड़े किसी मामले में टैक्स चोरी होने का पता चलता है तो उसमें पिछले 16 साल तक का असेसमेंट री-ओपन किया जा सकता है। ये सभी प्रोविजन इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 149 से संचालित होते हैं, लेकिन जब मामला छह साल के असेसमेंट का री-ओपन करने के लिए नोटिस जारी करने का होता है तो उसमें कुछ खास शर्तें भी लागू होती हैं। कोई असेसिंग ऑफिसर किसी केस को तभी री-ओपन कर सकता है, जब टैक्सपेयर रिटर्न फाइल करने में नाकाम रहा हो या उसकी तरफ से असेसमेंट के लिए जरूरी सभी डॉक्युमेंट्स या सूचना या महत्वपूर्ण तथ्य ना मुहैया कराए गए हों।

टैक्सपेयर्स का उत्पीड़न न हो, यह पक्का करने के लिए असेसमेंट की री-ओपनिंग के लिए विस्तृत दिशानिर्देश तय किए गए हैं। इन में यह दर्ज करना भी शामिल है कि मामले से संबंधित कार्रवाई से टैक्सपेयर कितना संतुष्ट है। टैक्सपेयर अगर चाहे तो वह असेसमेंट री-ओपन करने की डिपार्टमेंट की कोशिश को अदालत में चुनौती भी दे सकता है।

GST कॉउंसिल की 35वीं बैठक आज, रिफंड एवं ई-चालान पर फैसला संभव

0

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में शुक्रवार पहली बार होने वाली जीएसटी परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इसमें कारोबारियों के लिए जीएसटी रिफंड आसान बनाने और ई-चालान की बेहतर व्यवस्था लागू करने पर फैसला हो सकता है। परिषद राष्ट्रीय मुनफाखोरी-रोधी प्राधिकरण (एनएए) का कार्यकाल भी बढ़ा सकती है।

मामले से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जीएसटी परिषद रिफंड के दावों की जांच के लिए एकल बिंदु व्यवस्था बनाने पर चर्चा करेगी। एकल बिंदु रिफंड प्रणाली से कारोबारियों को जल्दी भुगतान मिल सकेगा। इसके अलावा कंपनियों को ई-चालान (ई-इनवॉयस) उपलब्ध कराने के लिए एकल प्रणाली बनाने पर भी फैसला होगा। इस कदम से निर्यातकों के दावों की पहचान करना आसान होगा, जबकि व्यवस्था में और पारदर्शिता आएगी।

बैठक के एजेंडे में एक अप्रैल, 2020 से जीएसटी-ईवे बिल प्रणाली का एनएचएआई की फास्टैग प्रणाली में एकीकरण करना भी शामिल है। इससे माल की आवाजाही की निगरानी आसान होगी और जीएसटी चोरी को रोका जा सकेगा। जीएसटी परिषद अग्रिम निर्णय अपीलीय प्राधिकरण (एएआर) के राष्ट्रीय पीठ के गठन पर भी चर्चा कर सकती है।

इससे विभिन्न राज्यों में एएआर द्वारा जारी एक जैसे मुद्दों पर विरोधाभासी फैसलों का समाधान किया जा सकेगा। परिषद एनएए का कार्यकाल एक साल बढ़ाकर 30 नवंबर, 2020 तक करने पर विचार करेगी। इसे एक जुलाई, 2017 को जीएसटी को लागू किए जाने के तत्काल बाद दो साल के लिए बनाया गया था।

मिलेगा गलती सुधारने का मौका
रिषद की बैठक में जीएसटी कानून में बदलावों के लिए संशोधन विधेयक के मसौदे पर भी चर्चा होगी। इससे कारोबारियों और कंपनियों को जीएसटी भुगतान में हुई गलतियां सुधारने का मौका मिलेगा। जीएसटी भुगतान में देरी पर ब्याज सिर्फ नकदी वाले हिस्से पर लागू करने की राहत भी कारोबारियों को मिल सकती है।

स्कूल लेक्चरर प्रतियोगी परीक्षा 15 जुलाई से, परीक्षा कार्यक्रम जारी

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा प्राध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा, 2018 का आयोजन 15 जुलाई से किया जाएगा। 25 जुलाई तक आयोजित होने वाली यह परीक्षा राजस्थान के समस्त संभागीय जिला मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। आयोग ने गुरुवार को इस परीक्षा का विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया। आयोग द्वारा स्कूल लेक्चरर के 5 हजार पदों पर भर्ती के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।

आयोग सचिव के के शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई को ग्रुप ए के लिए सुबह 9 से 10.30 बजे जी के का पेपर होगा। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक हिंदी का पेपर होगा। 16 जुलाई को ग्रुप ए का ही संस्कृत विषय का पेपर सुबह 9 से 12 बजे तक होगा। इसी दिन दोपहर में 2 से शाम 5 बजे तक राजस्थानी विषय का पेपर आयोजित होगा।

17 जुलाई को ग्रुप बी के लिए जी के का पेपर सुबह 9 से 10.30 बजे तक आयोजित होगा। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक पॉलिटिकल साइंस का पेपर आयोजित होगा। ग्रुप बी में ही 18 जुलाई को सुबह 9 से 12 बजे तक भूगोल व संगीत के पेपर होंगे। इसी दिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक जीव विज्ञान के पेपर होंगे।

ग्रुप बी में ही 19 जुलाई को सुबह की पारी में 9 से 12 बजे तक अर्थ शास्त्र की परीक्षा होगी। इस दिन दोपहर में 2 से शाम 5 बजे तक पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन व भौतिक के पेपर होंगे। ग्रुप सी के विषयों के लिए 22 जुलाई को जी के का पेपर सुबह 9 से 10.30 बजे होगा। इसी दिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक इतिहास का पेपर होगा। 23 जुलाई को सुबह 9 से 12 बजे तक अंग्रेजी का पेपर होगा।

इस दिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कॉमर्स व कृषि के पेपर होंगे। 24 जुलाई को सुबह 9 से 12 बजे तक केमिस्ट्री का और दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक सोशियोलोजी के पेपर होंगे। 25 जुलाई को सुबह 9 से 12 बजे तक गणित, पंजाबी व ड्राइंग के पेपर होंगे। इसी दिन दाेपहर 2 से शाम 5 बजे तक होम साइंस का पेपर होगा।

फैशन शो के साथ किया मानसून का वेलकम, देखिए वीडियो

कोटा। एआरएन ग्रुप व कुतुर फैशन इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को थेगड़ा स्थित राधिका रिसोर्ट के वाटर पार्क में वेलकम मानसून थीम पर फैशन शो का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न संस्कृति और पोशाक की झलक देखने को मिली।

कुतुर फैशन इंस्टीट्यूट की निदेशक पूजा राजवंशी ने बताया कि मानसून में कैसे स्टाइलिश लुक अपनाया जा सकता है। इसके लिए टिप्स भी दिए गए। इसके साथ ही मानसून मेकअप की भी जानकारी दी । इस अवसर पर फैशन के नये ट्रेंड पर चर्चा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

मोबाइल एप के जरिए हाड़ौती के टूरिज्म को प्रमोट करेगा ARN ग्रुप

कोटा। कोटा समेत हाड़ौती के ट्यूरिज्म को प्रमोट करने के लिए एआरएन ग्रुप ने एक अभिनव पहल की है। ग्रुप की ओर से 1 जुलाई को मोबाइल एप लॉन्च की जायेगी, जिसमें होटल, जिसके फार्म हाउस, वाटर पार्क, मेरिज गार्डन के साथ हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी मिल सकेगी।

एआरएन ग्रुप के प्रबंध निदेशक नीरज त्रिवेदी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि ग्रुप की ओर से शीघ्र ही मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी शुरू की जाएगी। कोटा के पर्यटन स्थलों की तरफ देशी-विदेशी पर्यटकों को हाड़ौती की ओर कैसे मोड़ा जाए, जिसके लिए एआरएन ग्रुप ने नई कार्य योजना तैयार की है।

ग्रुप ने पर्यटकों को रियायती दरों पर सुविधायुक्त होटलें मुहैया करवाने के लिए मोबाइल एप तैयार की है। लोगों द्वारा मोबाइल एप को डाउनलोड कर कम से कम दर पर होटल खोज सकेंगे। होटल की सूची में एयरकंडीशनर एक कमरे का कम से कम किराया 500 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है।

इसके अलावा पर्यटकों को कोटा समेत हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की सूची मुहैया करवाने के साथ उनकी हर संभव मदद की जाएगी। इसके लिए हाड़ौती के प्रमुख होटलों से अनुबंध भी किया गया है। त्रिवेदी ने बताया कि हाड़ौती टूरिज्म डवलपमेंट सोसायटी के साथ मिलकर पर्यटन को बढ़ावा देने के क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नवल सागर, जेतसागर, कोलवी की गुफा, सूर्य मंदिर, गरडिया महादेव, मुकुंदरा टाईगर रिजर्व, चम्बल नदी, क्षार बाग, अभेड़ा महल, मथुराधीश मंदिर, केशवरायपाटन स्थित केशव जी का मंदिर, गागरोन का किला, सेवन वंडर्स पार्क, बूंदी का किला, फतेहसागर झील आदि विभिन्न पर्यटन स्थलों से सीधे पर्यटकों को जोड़ा जाएगा।

इसके साथ ही कोचिंग स्टूडेंट्स के अभिभावकों को कोचिंग क्षेत्र में होटल लेने पर स्टूडेंट्स द्वारा आईकार्ड दिखाने पर उसका अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा। कोचिंग क्षेत्र में स्टूडेंट व अभिभावकों को रियायती दरों पर 500 रुपए में एयरकंडीशनर कमरा मुहैया करवाया जाएगा।

कोटा मंडी : मिलों की लिवाली से चना 75 रुपये प्रति क्विंटल उछला

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में गुरुवार को आवक की कमी से गेहूं 20 रुपये मजबूत रहा। मिलों की लिवाली से चना 75 रुपये प्रति क्विंटल उछल गया । मंडी में सभी जिंसों का मिलाकर करीब 30,000 बोरी का कारोबार हुआ। लहसुन की आवक 8000 कट्टे की हुई।

गेहूं लस्टर 1700 से 1775 गेहूं मिल क्वालिटी 1775 से 1821 एवरेज 1850 से 1900 लोकवान 1905 से 1900 पीडी 1750 से 1900 गेहूं टुकडी 1875 से 1920 मक्का 1900 से 2000 जौ 1500 से 1750 ज्वार1500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगंधा 2400 से 3000 पूसा 1 2500 से 3001 पूसा 4 (1121) 3600 से 4000 धान लाजवाब (1509) 3000 से 3405 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन 3400 से 3821सरसों 3400 से 3701अलसी 4000 से 4501 तिल्ली 9000 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल।

मैथी 4000 से 4250 कलौजी 8500 से 10000 धनिया बादामी 5500 से 6000 ईगल 6000 से 6401 रंगदार नया 6500 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन 1800 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंग 5100 से 6000 उड़द 2000 से 4100 चना 3600 से 4150 चना कांटिया 3900 चना काबुली 3500से 4500 चना पेप्सी 3800 से 4100 चना मौसमी 3000 से 4100 मसूर 3800 से 4350 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 2500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

आयकर कमिश्नर के लिए 50 हजार की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार

कोटा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए इनकम टैक्स कमिश्नर के लिए रिश्वत ले रहे आईटी प्रेक्टिशनर दलाल को गिरफ्तार कर लिया। 50 हजार रुपए की रिश्वत की यह रकम चैक के जरिए परिवादी से ली जा रही थी। इस चैक को आरोपी के कब्जे से बरामद किया है।

यह कार्रवाई महानिदेशक एसीबी आलोक त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कोटा रेंज सुधीर चौधरी के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ठाकुर चंद्रशील कुमार के नेतृत्व में हुई। मामले में सह आरोपी इंकमटैक्स कमिश्नर भूमिगत हो गया।

एएसपी चंद्रशील ठाकुर ने बताया कि पार्श्वनाथ विहार, कुन्हाड़ी, कोटा निवासी गिरफ्तार आरोपी वीरेंद्र कुमार जैन मारवाड़ा है। वह इंकमटैक्स प्रेक्टिशनर्स है। वहीं, रिश्वत के इस केस में एसीबी ने आयकर आयुक्त (अपील) अमरीश बेदी को भी सह आरोपी बनाया है। वह मूल रुप से जयपुर में शास्त्री नगर के रहने वाले है।

इस संबंध में परिवादी ने लाडपुरा निवासी भरतकुमार कुशवाह ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि उनके माताजी के खाते की जमीन विक्रय की थी। जिसकी स्क्रूटनी प्रोसेडिंग इनकमटैक्स विभाग में चल रही थी। जिसकी टैक्स लाइबिलिटी पैनल्टी करीब 57 लाख की निकाली गई थी।

इस संबंध में परिवादी भरतकुमार ने कोटा में आयकर आयुक्त (अपील) अमरीश बेदी के कार्यालय में अपील की। इस अपील में सुनवाई कर फैसला भरत कुमार के पक्ष में करने की एवज में अमरीश बेदी व आईटी प्रेक्टिशनर वीरेंद्र कुमार जैन ने भरतकुमार से दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी। इसमें पहली किश्त में बिना नाम का 50 हजार का चैक मांगा। एसीबी टीम ने सत्यापन के बाद गुरुवार को ट्रेप रचा।

इसके बाद परिवादी ने 50 हजार रुपए की रिश्वत के रुप में एक खाली चैक पर स्वहस्ताक्षरित अमाउंट भरकर बिचौलिए की भूमिका निभा रहे सीए वीरेंद्र कुमार जैन को दिया। इस पर एसीबी की टीम ने दलाल वीरेंद्र जैन को धरदबोचा। पूछताछ में वीरेंद्र जैन ने यह चैक सह आरोपी आयकर आयुक्त अमरीश बेदी के लिए लेना और उन्हें ऑफिस में ले जाकर देने का खुलासा किया।

तब एसीबी टीम गिरफ्तार घूसखोर वीरेंद्र जैन को लेकर आयकर आयुक्त (अपील) अमरीश बेदी के कार्यालय पर पहुंची। तब पता चला कि अमरीश बेदी अवकाश लेकर कहीं चले गए है। ऐसे में वह पकड़े नहीं जा सके। एसीबी की यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक अजीत बगडोलिया, पुलिस निरीक्षक दलबीर सिंह फौजदार, सत्येन्द्र सिंह, भरत सिंह और मनोज कुमार की टीम ने की।

बिना गारंटी 11 करोड़ नए युवाओं को मिलेगा मुद्रा योजना में कर्ज

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार को संसद के सयुंक्त सत्र को संबोधित करते हुए एक और अहम ऐलान किया है। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा पेश करते हुए कहा कि ‘प्रधानमंत्री मुद्रा योजना’ के तहत अब तक 19 करोड़ युवाओं को कर्ज दिया जा चुका है। अब सरकार का लक्ष्य योजना का विस्तार करते हुए 30 करोड़ युवाओं तक पहुंचने का है। यानी कि 11 करोड़ नए युवाओं को इस योजना के तहत कर्ज दिया जाएगा। यही नहीं, उद्यमियों के लिए बिना गारंटी 50 लाख रुपए तक के ऋण की योजना भी लाई जाएगी।

तीन श्रेणी में मिलता है लोन
अभी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत तीन योजनाएं हैं – शिशु, किशोर और तरुण संचालित है। इसमें बैंक और वित्तीय संस्थान इन योजनाओं के तहत 50,000 रुपये से 10 लाख रुपये तक के ऋण प्रदान करते हैं। शिशु में 50000, किशाेर में 500000 और तरुण में 10 लाख रुपए की सीमा है।

51 प्रतिशत लोन शिशु के तहत बांटे
चालू वित्त वर्ष में सरकार ने इन योजनाओं के तहत लगभग 600,000 ऋण आवेदन स्वीकृत किए हैं, जिसमें 32,457 करोड़ रुपए की कर्ज राशि बांटी गई है। गारंटी के लिए माइक्रो यूनिट्स (CGFMU) के तहत एक क्रेडिट गारंटी फंड स्थापित किया गया है। मार्च 2018 तक लगभग 40,000 करोड़ रुपए के ऋण क्रेडिट गारंटी योजना के तहत कवर किए गए थे। कवर किए गए ऋणों में से लगभग 51% शिशु योजना के तहत थे। गारंटी योजना के तहत पचास सदस्यीय ऋण देने वाले संस्थानों को पंजीकृत किया गया है।

राजन ने स्कीम की समीक्षा पर दिया था जोर
पिछले साल भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने पाया था कि क्रेडिट जोखिम के लिए MUDRA ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड की अधिक बारीकी से जांच की जानी चाहिए। सिडबी (लघु उद्योग विकास बैंक ऑफ इंडिया) द्वारा चलाई जा रही एमएसएमई (CGTMSE) के लिए क्रेडिट गारंटी योजना एक बढ़ती देयता है। इसे तत्कालता के साथ जांचने की आवश्यकता है।

सोना 4 माह के शिखर पर, दाम 34 हजार रुपए के पार

नई दिल्ली/ कोटा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमती धातुओं में आयी तेजी के बल पर दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 280 रुपए चमककर करीब चार महीने के उच्चतम स्तर 34020 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया और इस दौरान चांदी 710 रुपए उछलकर 39060 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं में जबदरस्त तेजी देखी गई है। सोना हाजिर 1.59 प्रतिशत बढ़कर 1381.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। इस दौरान अमेरिका सोना वायदा 2.69 प्रतिशत चढ़कर 1381.70 डॉलर प्रति औंस पर रहा।

विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में अगले महीने वृद्धि करने पर विचार करने के संकेत के बाद डॉलर में गिरावट आई और निवेशकों ने सोना में सुरक्षित निवेश का रूख किया जिसके कारण इसमें जबरदस्त तेजी आई है।

इसके साथ ही खाड़ी में अमेरिका के एक ड्रोन को ईरान द्वारा मार गिराए जाने के बाद कच्चे तेल भी तेजी आई और इसका भी असर कीमती धातुओं पर दिखा है। इस दौरान चांदी 1.21 प्रतिशत उछलकर 15.34 डॉलर प्रति औंस बोली गई।

एक मार्च के बाद के उच्चतम स्तर पर सोना
दिल्ली सर्राफा में सोना एक मार्च 2019 के बाद के उच्चतम स्तर पर रहा। उस दिन सोना 34080 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा था। आज सोना स्टैंडर्ड 280 रुपए चमककर 34020 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। सोना बिटुर भी इतनी की ही तेजी लेकर 33850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा।

हालांकि, इस तेजी से गिन्नी पर कोई असर नहीं हुआ और यह पिछले दिवस के 26800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर पड़ी रही। विदेशी बाजारों से कदमताल करते हुए स्थानीय स्तर पर चांदी 710 रुपए चमककर 39060 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी वायदा भी 38 हजार के पार 38045 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इससे सिक्का लिवाली और बिकवाली भी एक-एक हजार रुपए चमककर क्रमश: 81 हजार रुपए और 82 हजार रुपए प्रति सैकड़ा बोला गया।

कोटा सर्राफा
चांदी 38500 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33800 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39420 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33970.रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 39620 रुपये प्रति तोला।