Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4632

RBI ने माना आर्थिक सुस्ती की आहट मिल रही

नई दिल्ली। वाहन, रियल एस्टेट, रिटेल और एफएमसीजी सहित कई क्षेत्रों में दर्ज की जा रही आर्थिक सुस्ती पर अब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी मुहर लगा दी। आरबीआई ने कहा कि आर्थिक सुस्ती के दिख रहे कई संकेतों के कारण रेपो दर में सामान्य से अधिक कटौती करने का फैसला किया गया। आरबीआई ने इस महीने के शुरू में मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की हुई बैठक का ब्योरा बुधवार को जारी किया।

इसमें कहा गया है कि अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए आरबीआई ने रेपो दर में 0.35 फीसदी कटौती करने का फैसला किया। रेपो रेट वह दर होता है, जिस पर आरबीआई वाणिज्यिक बैंकों को छोटी अवधि के लिए कर्ज देता है।

आरबीआई गवर्नर ने दिए आर्थिक सुस्ती के कई सबूत
बैठक के ब्योरे के मुताबिक आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रेपो दर में 0.25 फीसदी से अधिक कटौती का तर्क देते हुए कहा कि मई और जून के कई संकेतक बता रहे हैं कि सेवा क्षेत्र में सुस्ती चल रही है। ग्रामीण मांग के दो अहम संकेतक मोटरसाइिकल और ट्रैक्टर की बिक्री में गिरावट है।

शहरी मांग के संकेतकों में यात्री वाहनों की बिक्री जून में घट गई, जबकि लगातार तीन महीने की गिरावट के बाद घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। निर्माण गतिविधियों के संकेतकों के रूप में सीमेंट उत्पादन और स्टील खपत में गिरावट दर्ज की है।

एचआर विशेषज्ञों के मुताबिक नौकरी मिलने में होगी कठिनाई
सीआईईएल एचआर सर्विसेज के सीईओ आदित्य नारायण मिश्र ने कहा कि कारोबारी सुस्ती से रोजगार बाजार में बेचैनी पैदा हो सकती है। इस दौरान जिनकी नौकरी छूटेगी, उन्हें तुरंत पसंद की नौकरी मिलने में कठिनाई हो सकती है। अप्रैल-जुलाई 2020 में बाजार में आने वाले फ्रेशर्स के लिए नौकरी के नए अवसर कम रह सकते हैं।

शेयर निवेशकों का नुकसान रोकने को सेबी ने उठाया कदम

नई दिल्ली। शेयरों की चाल कई बार समझ से परे होती है। इनके कारण इन शेयरों में निवेश करने वाले आम लोगों को भारी नुकसान होता है। रहस्यमयी उतार-चढ़ाव के लिए जिम्मेदार लोगों को कई बार पकड़ पाना भी काफी मुश्किल होता है। अब सेबी ने शेयरों की चाल में स्थिरता लाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।

बुधवार को सेबी के बोर्ड की हुई बैठक में इनसाइडर ट्रेडिंग की पुख्ता सूचना देने वालों को एक करोड़ रुपये तक का इनाम देने का फैसला हुआ। बोर्ड ने इसके लिए प्रोहिबिशन ऑफ इनसाइडर ट्रेडिंग (पीआईटी) नियमावली को मंजूरी दे दी।

सेबी ने कहा कि इनसाइडर ट्रेडिंग की सूचना देने वाले मुखबिरों की गोपनीयता सुरक्षित रखी जाएगी। पूरी जानकारी साझा करने के लिए उन्हें हॉटलाइन सुविधा भी दी जाएगी। जांच में सहयोग के लिए उन्हें छोटी-मोटी गलतियों के लिए माफी भी दी जा सकेगी। सेबी ने हालांकि स्पष्ट किया कि मुखबिरों में व्यक्तियों और कंपनियों को ही इनाम मिलेगा। ऑडिटर को इससे अलग रखा गया है, क्योंकि ऐसी सूचना देने के लिए वे पहले से ही बाध्य हैं।

क्या है इनसाइडर ट्रेडिंग
कुछ लोगों को कंपनी के कामकाज की ऐसी जानकारी होती है, जो बाजार में साधारण निवेशकों को उपलब्ध नहीं होती है। इनकी सूचना सार्वजनिक होने से शेयरों के भाव में बड़ा बदला आ सकता है। जिन लोगों को कंपनी की गोपनीय जानकारी होती है, उन्हें इनसाइडर कहा जाता है। यदि ये लोग सूचनाओं के बाजार में आने से पहले उसका लाभ उठाने के लिए खुद या किसी अन्य पक्ष के जरिये शेयरों में ट्रेड करते हैं, तो उन मामलों को इनसाइडर ट्रेडिंग कहते हैं। कई बार इसके कारण साधारण निवेशकों को बड़ा नुकसान होता है।

Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro 29 अगस्त को होंगे लॉन्च

नई दिल्ली।स्मार्टफोन मेकर कंपनी रेडमी ने चाइनीज माइक्रोब्लॉगिंग साइट Weibo पर कन्फर्म कर दिया है कि Redmi Note 8 और Redmi Note 8 Pro स्मार्टफोन 29 अगस्त को लॉन्च होंगे। पोस्ट में यह भी कन्फर्म कर दिया गया है कि डिवाइस के रियर पैनल पर 64 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर दिया जाएगा और सामने आई फोटो से क्वॉड कैमरा सेटअप के अलावा डिवाइस का टॉरक्वॉइज ग्रेडिएंट कलर भी सामने आया है।

इसके अलावा यह भी कन्फर्म हो चुका है कि Redmi Note 8 डिवाइस में MediaTek का नया गेमेंट सेंट्रिक प्रोसेसर मिलेगा। चिपसेट मेकर मीडियाटेक ने Weibo पर पोस्ट किया है कि Redmi Note 8 सीरीज में इसका नया Helio G90/G90T प्रोसेसर मिलेगा। कैमरा की बात करें तो वर्टिकल कैमरा मॉड्यूल को फोन के रियर पैनल पर बीच में दिया गया है और इसपर तीन कैमरा सेंसर दिख रहे हैं।

इसके अलावा मॉड्यूल के दाईं ओर एलईडी फ्लैश दिख रहा है, जिसके साथ ही चौथा कैमरा सेंसर दिया गया है। इसके अलावा डिवाइस में रियर पैनल पर कैमरा मॉड्यूल के साथ अटैच्ड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है, जैसा Poco F1 में देखने को मिला था। ऐसे में साफ है कि Redmi Note 8 सीरीज में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं होगा।

Redmi TV के साथ होगा लॉन्च
शाओमी के सीईओ और को-फाउंडर लेई जुन ने इससे पहले इशारा किया था कि Redmi Note 8 भी Redmi TV के साथ 29 अगस्त को चीन में लॉन्च किया जाएगा। एक यूजर ने उनसे पूछा था कि क्या रेडमी टीवी के साथ ही Redmi Note 8 भी लॉन्च किया जाएगा और इसके जवाब में उन्होंने ‘थम्ब्स अप’ इमोजी बनाया था। इसके अलावा एक Weibo पोस्ट में शाओमी के वीपी और रेडमी के जनरल मैनेजर लू वीबिंग ने Redmi Note 8 के बारे में बात करते बुओ कहा था कि नया डिवाइस ज्यादा मजबूत होगा और बेहतर कैमरा, लंबी बैटरी लाइफ के अलावा हाई स्क्रीन रेशियो भी देखने को मिलेगा।

Realme XT को टक्कर देगा कैमरा
नए डिवाइस के कैमरा की बात करें तो 64 मेगापिक्सल कैमरा को लेकर बीते दिनों शाओमी ने कन्फर्म करते हुए कहा था कि क्वॉड कैमरा सेटअप के साथ आने वाले इस फोन में 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा जो 20MB की साइज वाली तस्वीरें क्लिक करेगा। दावा किया जा रहा है कि इस फोन से ली गई तस्वीरें 8K टीवी से भी बेहतर होंगी। शाओमी इस फोन में सैमसंग के ISOCELL Bright GW1 सेंसर का इस्तेमाल करने वाला है। हालांकि कैमरा सेंसर्स के बारे में कंपनी की ओर से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि Redmi Note 8 सितंबर में 64MP कैमरा के साथ ही लॉन्च होने वाले Realme XT को टक्कर देगा।

चंद्रयान-2 ने भेजी चंद्रमा की पहली तस्वीर, देखिये

0

नई दिल्ली।चंद्रमा की यात्रा पर रवाना हुए चंद्रयान-2 ने चांद की पहली तस्वीर भेजी है। चंद्रयान के विक्रम लैंडर ने चांद की सतह से 2,650 किलोमीटर की ऊंचाई से यह तस्वीर ली है। इसरो ने खुद इस तस्वीर को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। चंद्रयान-2 ने 21 अगस्त को चंद्रमा की यह तस्वीर ली थी। इस तस्वीर में Mare Orientale basin और अपोलो क्रेटर्स को भी देखा जा सकता है।

इससे पहले इसरो ने 4 अगस्त को चंद्रयान-2 की ओर से भेजी गईं पृथ्वी की तस्वीरें शेयर की थीं। लैंडर-विक्रम 6 सितंबर को चांद पर पहुंचेगा और उसके बाद प्रज्ञान यथावत प्रयोग शुरू करेगा। अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत चौथा देश है, जिसने चंद्रमा पर अपना मिशन भेजा है।

अब बस 18 हजार किलोमीटर का सफर बाकी
इससे पहले बुधवार को चंद्रयान-2 चांद की कक्षा में प्रवेश कर गया। मिशन से उसकी दूरी महज 18 हजार किलोमीटर रह गई है। अब उसे 20 अगस्त से 1 सितंबर के बीच चंद्रमा की चार और कक्षाओं को पार करना होगा।

इस तरह चार कक्षाओं को पार करेगा चंद्रयान
इसरो प्रमुख के सिवन ने बताया कि चंद्रयान-2 बुधवार को से चांद की चार कक्षाओं को पार करना शुरू करेगा। बुधवार दोपहर 1 बजे वह पहली कक्षा लांघेगा। इसके बाद 28 अगस्त, 30 अगस्त तथा फिर 1 सितंबर को चौथी कक्षा पार करेगा। तब चांद से उसकी दूरी 18 हजार किलोमीटर से घटकर बस 100 किलोमीटर रह जाएगी।

Kia Seltos SUV भारत में लॉन्च, कीमत 9.69 लाख से शुरू

0

नई दिल्ली।Kia Seltos SUV आज (गुरुवार) भारत में लॉन्च हो गई। इसकी शुरुआती कीमत 9.69 लाख रुपये है। Seltos दो डिजाइन ऑप्शन में बाजार में उतारी गई है। यह साउथ कोरिया की कंपनी Kia Motors की भारत में पहली कार है। मार्केट में इसकी टक्कर एमजी हेक्टर, टाटा हैरियर और ह्यूंदै क्रेटा जैसी एसयूवी से होगी। सेल्टॉस 7 कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।

सेल्टॉस दो डिजाइन लाइन (टेक लाइन और जीटी लाइन) में आई है। कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में यह पहली बार है, जब कोई मॉडल दो डिजाइन ऑप्शन में उपलब्ध होगा। टेक लाइन ज्यादा प्रीमियम और फैमिली-ओरिएंटेड स्टाइलिंग पैकेज के साथ आई है। जीटी लाइन की स्टाइलिंग स्पोर्टी है, जिससे कंपनी ने युवाओं को टारगेट किया है। टेक लाइन में 5 वेरियंट और जीटी लाइन में 3 वेरियंट के ऑप्शन हैं।

एसयूवी का लुक काफी हद तक ऑटो एक्सपो में पेश किए गए Kia SP कॉन्सेप्ट की तरह है। एसयूवी के फ्रंट में किआ की सिग्नेचर टाइगर नोज ग्रिल दी गई है, जिसके चारों ओर फॉक्स सिल्वर है। इसमें स्लीक एलईडी हेडलैम्प, एलईडी डीआरएल और एलईडी टेल लैम्प्स दिए गए हैं। सेल्टॉस में 17-इंच के अलॉय वील्ज, फ्लोटिंग रूफ, सनरूफ और रूफ रेल्स हैं।

इंटीरियर
कैबिन की बात करें, तो यह 5-सीटर एसयूवी अंदर से प्रीमियम लगती है। इसमें कम बटन के साथ क्लीन दिखने वाला डैशबोर्ड दिया गया है। कैबिन में आपको 10.25 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और 8-इंच का हेड्स-अप डिस्प्ले मिलेगा। इसके अलावा इसमें शानदार सीट्स और स्पोर्टी स्टीयरिंग वील दी गई है। एसयूवी में आपको 8-स्पीकर साउंड सिस्टम, स्मार्ट एयर प्यूरिफायर और रियर सीट वाले पैसेंजर्स के लिए एसी वेंट जैसी सुविधाएं हैं।

कनेक्टेड कार
किआ सेल्टॉस कनेक्टेड कार है। इसमें UVO Connect नाम का कनेक्टिविटी सिस्टम है। यूवीओ कनेक्ट सिस्टम में 5 कैटिगरी (नेविगेशन, सेफ्टी-सिक्यॉरिटी, वीइकल मैनेजमेंट, रिमोट कंट्रोल और कन्वीनियेंस) के तहत 37 फीचर्स दिए गए हैं। यह कनेक्ट सिस्टम आपको आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वॉयस कमांड, स्टोलेन वीइकल ट्रैकिंग और इम्मोबिलाइजेशन, सेफ्टी अलर्ट, रिमोट इंजन स्टार्ट-स्टॉप और एयर प्यूरिफायर के लिए रिमोट कंट्रोल जैसी सुविधाएं देता है।

सेफ्टी
सेफ्टी के लिए इस एसयूवी में 6-एयरबैग्स, एबीएस, 360 डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल, वीइकल स्टैबिलिटी मैनेजमेंट, हिल स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल, फ्रंट व रियर पार्किंग सेंसर्स, ब्लाइंड स्पॉट व्यू मॉनिटर, सभी चारों वील्ज में डिस्क ब्रेक और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। सेल्टॉस के रियर-व्यू मिरर में तीन बटन हैं, जिनका उपयोग रोड साइड असिस्टेंस बुलाने या इमर्जेंसी में कॉल सेंटर को मेसेज भेजने के लिए किया जा सकता है।

इंजन, माइलेज और स्पीड
किआ सेल्टॉस में इंजन के तीन विकल्प हैं। जिनमें 1.4-लीटर पेट्रोल टर्बोचार्ज्ड, 1.5-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन शामिल हैं। ये तीनों इंजन बीएस6 एमिशन नॉर्म्स के अनुरूप हैं।

1.4-लीटर इंजन
सेल्टॉस में दिया गया 1.4-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन 138hp का पावर और 242Nm टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैन्युअल और 7-स्पीड ड्यूल क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के ऑप्शन हैं। मैन्युअल ट्रांसमिशन के साथ इसका माइलेज 16.1 किलोमीटर और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ 16.5 किलोमीटर प्रति लीटर है। यह इंजन 9.7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगा। यह इंजन सिर्फ जीटी लाइन में मिलेगा।

1.5-लीटर पेट्रोल
1.5-लीटर पेट्रोल इंजन 113hp का पावर और 144Nm टॉर्क जनरेट करता है। इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैन्युअल और सीवीटी गियरबॉक्स के ऑप्शन हैं। इसका माइलेज मैन्युअल गियरबॉक्स में 16.5 किलोमीटर और सीवीटी गियरबॉक्स के साथ 16.8 किलोमीटर प्रति लीटर है। यह इंजन 11.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगा।

1.5-लीटर डीजल
सेल्टॉस का 1.5-लीटर डीजल इंजन 113hp का पावर और 250Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 6-स्पीड मैन्युअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के ऑप्शन मिलेंगे। मैन्युअल ट्रांसमिशन के साथ इसका माइलेज 21 किलोमीटर प्रति लीटर और ऑटोमैटिक ट्रांसिमशन के साथ 18 किलोमीटर प्रति लीटर है। यह इंजन 11.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेगा।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला का नागरिक अभिनन्दन समारोह आज

कोटा। कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स एसोसिएशन की ओर से लोकसभा अध्यक्ष एवं सांसद ओम बिरला का नागरिक अभिनन्दन समारोह 27 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे सेठ भामाशाह कृषि उपज मंडी प्रांगण पर किया जाएगा। जिसमें शहर की धार्मिक, सामाजिक, औद्योगिक, व्यापारिक, शैक्षणिक, मजदूर एवं किसान संगठन समेत 100 से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे ।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने गुरुवार को बताया कि समारोह में शहर के सभी जाति, मत, पंथ, सम्प्रदाय और धर्म के 10 हजार से अधिक प्रबुद्धजनों की उपस्थिति रहेगी। वहीं कोटा बूंदी लोकसभा क्षैत्र के सभी राजनैतिक पार्टिंयों से संबद्ध विधायकों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संयोजक पूर्व विधायक हीरालाल नागर को बनाया गया है। वहीं सारी व्यवस्थाएं सहकारी उपभोक्ता भण्डार के चैयरमेन हरिकृष्ण बिरला के मार्गदर्शन में की जा रही हैं।

महामंत्री महेन्द्र जैन ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के स्वागत के लिए शहर में 121 स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। वहीं 10 हजार लोगों के बैठने के लिए पाण्डाल तैयार कराया जा रहा है। जिसमें विभिन्न संस्थाओं को लेकर अलग अलग ब्लाॅक तैयार कराए गए हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व सेठ भामाशाह मंडी में तैयार की गई ओम वाटिका में पौधरोपण किया जाएगा। जिसे ‘लंग्स ऑफ़ भामाशाह मंडी’ के रुप में विकसित किया जा रहा है।

इसके बाद बिरला को बग्घी में सवार कर सभा स्थल पर लाया जाएगा। उनके साथ बैण्ड बाजे की धुन पर नाचते गाते पुरुष होंगे तथा कलश धारण किए हुए महिलाएं चलेंगी। पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने बताया कि बिरला का भामाशाह मंडी के प्रति विशेष स्नेह रहा है। धनिया और लहसुन से लेकर अन्य उपज में आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयासरत रहे। वे व्यापार वृद्धि और किसान समृद्धि का मंत्र लेकर चलते रहे हैं।

इंदौर किराना बाजार: त्योहारी मांग घटने से शक्कर के भाव गिरे

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में बृहस्पतिवार को त्योहारी मांग घटने से शक्कर के भाव 20 रुपये प्रति क्विंटल की कमी लिए रहे। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक सियागंज किराना बाजार में बृहस्पतिवार को नौ गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर-गोला शक्कर 3420 से 3450 रुपये प्रति क्विंटल। खोपरा गोला 163 से 179 रुपये प्रति किलोग्राम। खोपरा बूरा 2275 से 3500 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी हल्दी खड़ी सांगली 130 से 132, निजामाबाद 90 से 100, पिसी 140 से 155 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना साबूदाना 6000 से 7600, पैकिंग में 8000 से 8300 रुपये प्रति क्विंटल। आटा-मैदा गेहूं आटा 1200 से 1210, मैदा 1260 से 1270, रवा 1270 से 1280, चना बेसन 2950 से 2975 तथा बटला बेसन 2750 से 2775 रुपये प्रति क्विंटल।

इंदौर बाजार: पाम तेल और कपास्या तेल के भाव में तेजी

इंदौर। स्थानीय खाद्य तेल बाजार में बृहस्पतिवार को सोयाबीन रिफाइंड तेल के भाव में तीन रुपये प्रति 10 किलोग्राम की तेजी दर्ज की गई। पाम तेल पांच रुपये और कपास्या तेल के भाव दो रुपये प्रति 10 किलोग्राम की तेजी लिए रहे।

तिलहन सरसों 3650 से 3700 रायडा 3450 से 3500 सोयाबीन 3600 से 3650 रुपये प्रति क्विंटल। तेल मूंगफली तेल इंदौर 1110 से 1120, सोयाबीन रिफाइंड इंदौर 752 से 755, सोयाबीन साल्वेंट 715 से 720, पाम तेल 655 से 660 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

पशु आहार कपास्या खली इंदौर 2025, देवास 2025, उज्जैन 2025, खंडवा 2005, बुरहानपुर 2005, अकोला 3200 रुपये प्रति 60 किलोग्राम बोरी। कपास्या तेल कपास्या तेल इंदौर 745 से 750, महाराष्ट्र 745 से 748 रुपये तथा गुजरात 755 से 758 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

इंदौर अनाज मंडी: ग्राहकी के अभाव में चना कांटा, मूंग, तुअर में गिरावट

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में बृहस्पतिवार को ग्राहकी के अभाव में चना कांटा 50 रुपये, मसूर 25 रुपये, मूंग 100 रुपये और तुअर (अरहर) के भाव में 100 रुपये प्रति क्विंटल की कमी हुई। मूंग दाल 100 रुपये और मूंग मोगर के भाव में 100 रुपये प्रति क्विंटल कम हुए। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक संयोगितागंज अनाज मंडी में बृहस्पतिवार को तीन हजार बोरी गेहूं की आवक हुई।

दलहन चना (कांटा) 4225 से 4250 चना (देसी) 4125 से 4150, डबल डॉलर 4800 से 5200, मसूर 4100 से 4125, हल्की 3750 से 3800, मूंग 5800 से 6000, हल्की 5200 से 5500, तुअर निमाड़ी (अरहर) 5100 से 5400, महाराष्ट्र तुअर (अरहर) 5850 से 5900, उड़द 5100 से 5200, हल्की 3800 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल।

दाल तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 6950 से 7150, तुअर दाल फूल 7350 से 7550, तुअर दाल बोल्ड 7750 से 7950, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400 चना दाल 5500 से 5700, आयातित चना दाल 5500 से 5200 मसूर दाल 5350 से 5450 मूंग दाल 7400 से 7600, मूंग मोगर 8000 से 8200 उड़द दाल 7000 से 7200, उड़द मोगर 7000 से 7200 रुपये प्रति क्विंटल।

अनाज गेहूं हल्का 1870 से 1900, गेहूं 147- 1950 से 2200, गेहूं लोकवन 1950 से 2250, गेहूं चंद्रौसी 3200 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल। ज्वार हल्की 2000 से 2100, ज्वार संकर 2150 से 2200, ज्वार देसी 2500 से 2800, मक्का पीली 2150 से 2200, मक्का गजर 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।

सटोरिया गतिविधियों से धनिया वायदा कीमतों में गिरावट

नयी दिल्ली। सटोरिया गतिविधियों, सुस्त घरेलू और निर्यात मांग में कमी के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को कम किया जिससे यहां वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को धनिया की कीमत 96 रुपये की गिरावट के साथ 5,900 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई।

एनसीडीईएक्स में धनिया के सितंबर डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 96 रुपये अथवा 1.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,900 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई जिसमें 27,190 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

इसी प्रकार धनिया के अक्टूबर डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 78 रुपये अथवा 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,042 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई जिसमें 5,920 लॉट के लिए कारोबार हुआ।