Tuesday, May 5, 2026
Home Blog Page 22

गेहूं की सरकारी खरीद का जब तक लक्ष्य पूरा न हो, केंद्र बंद न हो: लोकसभा अध्यक्ष

गेहूं खरीद की समीक्षा, मंडियों-क्रय केन्द्रों में खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश

कोटा। कोटा-बूंदी क्षेत्र में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सीएडी सभागार में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई), राजफैड, तिलमसंघ, एनसीसीएफ और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में बिरला ने मंडियों एवं सभी खरीद केन्द्रों में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफसीआई सहित सभी खरीद एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि एमएसपी पर बेचने के लिए गेहूं लेकर मंडी एवं खरीद केन्द्र पर आए किसान को खाली हाथ नहीं लौटना पड़े। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने में किसानों को कोई समस्या नहीं आए, अधिकारी इसका ध्यान रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक जिले का तय लक्ष्य पूरा न हो, कोई भी खरीद केंद्र बंद न किया जाए।

बिरला ने कहा कि आगामी दिनों में गेहूं की खरीद दुगुनी होने की संभावना को देखते हुए गेहूं के उठाव एवं गोदामों में अनलोडिंग की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि एफसीआई के गोदामों के बाहर गाड़ियां दो दिन से अधिक खड़ी नहीं रहे, इसके लिए एफसीआई गोदामों में लेबर बढ़ाई जाए।

उन्होंने राजफैड एवं तिलमसंघ को निर्देश दिए कि एक रेक की क्षमता के गेहूं की खरीद पूरी होने पर एफसीआई अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर क्रय केन्द्रों से गेहूं रेलवे यार्ड तक पहुंचाया जाए ताकि वहां से रेक की व्यवस्था की जा सके।

लॉजिस्टिक और भंडारण व्यवस्था पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बारदाने के अभाव में किसानों के गेहूं की तुलाई नहीं हो, ऐसा नहीं होना चाहिए। कोटा-बूंदी में बारदाने की कोई कमी नहीं हो, अधिकारी यह सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग शीघ्र अपने स्तर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर बारदाना खरीद के लिए वर्क ऑर्डर जारी करे। उन्होंने इस संबंध में शासन सचिव सहकारिता डॉ. समित शर्मा एवं खाद्य सचिव अम्बरीश कुमार से फोन पर बात कर उन्हें निर्देश दिए कि बारदाना की समस्या का समाधान कर गेहूं की खरीद बढ़ाएं।

उन्होंने एफसीआई अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि राजफैड सहित अन्य एजेंसियों को यदि खराब बारदाना उपलब्ध कराया गया है तो उसे वापस लिया जाए। बिरला ने एमडी राजफैड सौरभ स्वामी से बात कर जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं होने तक राजफैड के किसी भी खरीद केन्द्र को बंद नहीं करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी खरीद का लक्ष्य पूरा हो जाए तो भी राजफैड उसे तब तक खुला रखें जब तक पूरे जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा नहीं हो। उन्होंने मंडियों में जिंसों की आवक, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, तुलाई और खरीद प्रक्रिया को सरल व सुचारू बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने खरीद केन्द्रों पर तुलाई कांटों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। साथ ही, मंडियों में तिरपाल, छाया-पानी इत्यादि का इंतजाम करने के निर्देश मंडी सचिवों को दिए।

बैठक में एफसीआई के जीएम विजय चौधरी ने बताया कि कोटा संभाग में गेहूं खरीद का जो लक्ष्य रखा गया है उसके अनुसार खरीद की पूरी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों से गेहूं के उठाव के लिए रेक की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, रोड़ ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भी गेहूं भेजा जा रहा है।

बैठक में संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, कलक्टर पीयूष समारिया, एफसीआई, राजफैड, तिलम संघ, सहकारिता, रसद विभाग आदि के अधिकारी उपस्थित रहे।

यूएस -ईरान सीजफायर बढ़ने की उम्मीद से सेंसेक्स 753 अंक चढ़ कर 79273 पर बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed, April 21 2026: एशियाई बाजारों में बढ़त के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार (21 अप्रैल) को मजबूती के साथ बंद हुए। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 800 अंक से ज्यादा उछला जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 24,600 अंक के करीब पहुंचा।

आखिरकार सेंसेक्स 753.03 अंक यानी 0.96% तेजी के साथ 79,273.33 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 211.75 अंक यानी 0.87% तेजी के साथ 24,576.60 अंक पर पहुंच गया। सेल का शेयर कारोबार के दौरान 15 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर आगे बढ़ने की उम्मीद से बाजार में पॉजिटिव माहौल देखने को मिला। आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक समेत अन्य बैंकिंग शेयरों और एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी से भी बाजार को सपोर्ट मिला।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 78,617.16 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 79,367 अंक के हाई तक गया। अंत में 753.03 अंक या 0.96 फीसदी की बढ़त लेकर 79,273.33 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी मजबूती के साथ 24,374 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 24,600 के पार तक गया। अंत में 211.75 अंक या 0.87 फीसदी की बढ़त के साथ 24,576 . 60 पर बंद हुआ।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में ट्रेंट सबसे ज्यादा 3.55 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। हिन्दुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, इटरनल और टीसीएस प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, भरता इलेक्ट्रॉनिक्स, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा गिरावट में रहे।

ब्रोडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.49 प्रतिशत और 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी रियल्टी ने अन्य सेक्टरों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, निफ्टी फार्मा सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा।

Redmi A7 स्मार्टफोन सीरीज भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स

नई दिल्ली। Xiaomi ने अपनी नई REDMI A7 स्मार्टफोन सीरीज भारत में लॉन्च कर दी है। इस सीरीज में दो नए मॉडल्स REDMI A7 और REDMI A7 Pro शामिल हैं, जो खासतौर पर उन यूजर्स के लिए डिजाइन किए गए हैं जो कम बजट में अच्छी परफॉर्मेंस और लंबी बैटरी लाइफ चाहते हैं। आइए आपको इनके फीचर्स और कीमत के बारे में विस्तार से बताते हैं।

REDMI A7 में 6.88 इंच का बड़ा डिस्प्ले दिया गया है, जबकि REDMI A7 Pro में 6.9 इंच का HD+ डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसका मतलब है कि यूजर्स को स्क्रॉलिंग और वीडियो देखने के दौरान ज्यादा स्मूद और फ्लूइड एक्सपीरियंस मिलेगा। इसके साथ ही, TUV Rheinland सर्टिफिकेशन के साथ आंखों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है।

बैटरी
दोनों स्मार्टफोन 15W चार्जिंग सपोर्ट के साथ आते हैं और बॉक्स में चार्जर भी मिलता है। साथ ही, 7.5W रिवर्स चार्जिंग फीचर की मदद से आप दूसरे डिवाइस भी चार्ज कर सकते हैं। वहीं, स्मार्ट बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम बैटरी को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद करता है। REDMI A7 सीरीज में 64GB स्टोरेज के साथ LPDDR4X RAM दी गई है, जिसे वर्चुअल RAM के साथ बढ़ाया भी जा सकता है। इसके साथ मल्टीटास्किंग और ऐप्स का इस्तेमाल स्मूद रहता है।

फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए नई सीरीज में 13MP का रियर कैमरा और 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो रोज के इस्तेमाल के लिए अच्छा है। इसके अलावा, साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर, IP52 रेटिंग और 3.5mm हेडफोन जैक जैसे फीचर्स इस लाइनअप को और प्रैक्टिकल बनाते हैं।

बता दें, REDMI A7 Pro में Google Gemini और Circle to Search जैसे एडवांस फीचर्स दिए गए हैं, जो यूजर एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाते हैं। इसके साथ ही, डुअल सिम सपोर्ट और 2TB तक एक्सपेंडेबल स्टोरेज का ऑप्शन भी मिलता है।

कीमत
नए REDMI A7 (3GB + 64GB) की कीमत 10,499 रुपये रखी गई है, वहीं REDMI A7 Pro (4GB + 64GB) भारतीय मार्केट में 11,499 रुपये में उपलब्ध होगा। दोनों नए स्मार्टफोन 23 अप्रैल से Mi.com, Amazon, Flipkart और Xiaomi के रिटेल स्टोर्स पर सेल के लिए उपलब्ध होंगे।

मोबाइल पर आया DAC नंबर नहीं बताया तो नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर

नई दिल्ली। LPG गैस सिलेंडर से जुड़े नियमों में लगातार बदलाव हो रहे हैं और अब एक नया सिस्टम तेजी से लागू हो रहा है, जिसे DAC नंबर कहा जा रहा है। अगर आप भी घर पर गैस सिलेंडर मंगवाते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है।

दरअसल, गैस कंपनियों ने डिलीवरी को ज्यादा सुरक्षित और ब्लैक मार्केटिंग को कम करने के लिए DAC यानी Delivery Authentication Code सिस्टम शुरू किया है। हालांकि, कई लोगों को अभी भी DAC नंबर के बारे में पूरी जानकारी नहीं है, जिसके कारण डिलीवरी के समय दिक्कतें आती हैं।

OTP जैसा होता है DAC नंबर
DAC नंबर OTP की तरह ही होता है, जो गैस बुकिंग के बाद आपके मोबाइल पर भेजा जाता है और डिलीवरी के समय इसे दिखाना जरूरी होता है। इस नए नियम का मकसद फर्जी डिलीवरी, गलत बिलिंग और गैस चोरी जैसी समस्याओं को रोकना है। अब बिना इस कोड के डिलीवरी पूरी नहीं मानी जाएगी, जिससे ग्राहकों को ज्यादा सुरक्षा मिलती है।

क्या है DAC नंबर
DAC नंबर का मतलब होता है Delivery Authentication Code। यह एक यूनिक कोड होता है, जो हर बार गैस सिलेंडर बुक करने के बाद ग्राहक को भेजा जाता है। जब आपका सिलेंडर डिलीवरी के लिए आता है, तो डिलीवरी बॉय आपसे यही कोड मांगता है। सही कोड देने के बाद ही सिलेंडर आपको दिया जाता है।

कैसे मिलता है DAC नंबर
जब आप LPG सिलेंडर बुक करते हैं, तो गैस कंपनी की तरफ से आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, ऐप या WhatsApp पर एक DAC कोड भेजा जाता है। यह कोड उसी डिवाइस पर भी भेजा जाता है जिससे आपने बुकिंग की होती है, ताकि किसी तरह की तकनीकी दिक्कत न आए।

ऐसे काम करता है यह नया रूल
जब डिलीवरी बॉय आपके घर आता है, तो वह आपसे DAC नंबर पूछता है। आपको अपने मोबाइल में आए इस कोड को उसे बताना होता है। अगर कोड सही होता है, तभी डिलीवरी पूरी मानी जाती है। अगर आप कोड नहीं देते हैं, तो सिलेंडर की डिलीवरी रोक दी जा सकती है।

DAC नंबर नहीं मिला तो क्या करें
कई बार नेटवर्क या टेक्निकल समस्या की वजह से DAC नंबर समय पर नहीं मिलता। ऐसे में आप घबराएं नहीं। आप डिलीवरी बॉय से कोड दोबारा भेजने के लिए कह सकते हैं। इसके अलावा गैस एजेंसी या ऐप के जरिए भी इसे फिर से प्राप्त किया जा सकता है।

9020mAh बैटरी, 50MP कैमरे वाला शॉकप्रूफ यह फोन 3000 रुपये सस्ता

नई दिल्ली। Vivo T5 Pro First Sale: Vivo ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपना नया पावरफुल स्मार्टफोन Vivo T5 Pro 5G लॉन्च किया है, जो आज पहली बार सेल के लिए उपलब्ध हो गया है। यह स्मार्टफोन पहली सेल में Flipkart और कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर दोपहर 12 बजे से उपलब्ध है।

फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 9020mAh की बैटरी है। इसके साथ ही इसमें 144Hz का स्मूद AMOLED डिस्प्ले और 50MP कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए हैं। अगर आप एक ऐसा फोन खरीदने का प्लान बना रहे हैं, जिसमें बैटरी, परफॉर्मेंस और कैमरा तीनों का अच्छा कॉम्बिनेशन हो, तो Vivo T5 Pro आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन बन सकता है।

कीमत और फर्स्ट सेल ऑफर्स
Vivo T5 Pro को भारत में तीन वेरिएंट में पेश किया गया है। इसके 8GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 29,999 रुपए रखी गई है। वहीं 8GB + 256GB वेरिएंट 33,999 रुपए और 12GB + 256GB वेरिएंट 39,999 रुपए में पेश किया गया है।

इसके साथ कंपनी 3000 रुपए तक का बैंक डिस्काउंट भी दे रही है, जो एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और HDFC बैंक के कार्ड से खरीदने पर मिल रहा है। इस छूट के बाद इसका बेस वैरिएंट 26,999 रुपए ख़रीदा जा सकता है। वहीं पुराने फोन को एक्सचेंज करने पर भी 3000 रुपए की छूट दी जा रही है।

फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
Vivo T5 Pro 5G एक ऑलराउंडर स्मार्टफोन है, जिसमें बैटरी, परफॉर्मेंस और डिस्प्ले तीनों पर खास ध्यान दिया गया है। फोन में बड़ी 9020mAh बैटरी दी गई है। इसके साथ 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है।

परफॉर्मेंस के लिए इसमें Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में अलग-अलग RAM और स्टोरेज ऑप्शन मिलते हैं, जिससे यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से वेरिएंट चुन सकते हैं। डिस्प्ले की बात करें तो इसमें बड़ा 6.83 इंच का 1.5K AMOLED पैनल मिलता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है।

कैमरा सेगमेंट में फोन में 50MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जो OIS सपोर्ट के साथ बेहतर फोटो और वीडियो कैप्चर करता है। इसके साथ सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फ्रंट में 32MP का कैमरा मिलता है, जिससे क्लियर और डिटेल्ड फोटो ली जा सकती हैं। इसके अलावा फोन में IP68 और IP69 रेटिंग दी गई है, जिससे यह पानी और धूल से सुरक्षित रहता है।

Wheat Price: गेहूं के निर्यात कोटे में दोगुनी वृद्धि से बाजार सुधरने की उम्मीद

नई दिल्ली। Wheat Price: प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में गेहूं का भाव घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे आने के कारण किसान काफी चिंतित, परेशान और नाराज हैं। इसे देखते हुए केन्द्र सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए जून के निर्यात कोटे में 25 लाख टन की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लिया है।

इसके साथ गेहूं का कुल निर्यात कोटा बढ़कर 50 लाख टन पर पहुंच जाएगा। मालूम हो कि सरकार 10 लाख टन गेहूं उत्पादों का निर्यात कोटा पहले ही घोषित कर चुकी है। इससे गेहूं का बाजार भाव कुछ सुधरने के आसार हैं।

हालांकि उच्च स्तरीय अंतर मंत्रालयी समिति द्वारा गेहूं के निर्यात कोटे में दोगुनी बढ़ोत्तरी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है लेकिन विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की औपचारिक अधिसूचना अभी लंबित है।

समझा जाता है कि यह अधिसूचना शीघ्र ही जारी की जा सकती है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार उत्पादन की मौजूद स्थिति, स्टॉक की उपलब्धता और कीमतों की प्रवृति का व्यापक आंकलन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में घरेलू बाजार भाव उछलने के बाद सरकार ने गेहूं एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों के व्यापारिक निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था जबकि सरकारी स्तर पर कुछ देशों को इसका शिपमेंट होता रहा।

केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय द्वारा 20 अप्रैल को जारी एक बयान में कहा गया है कि सरकार ने 25 लाख टन गेहूं का अतिरिक्त निर्यात कोटा मंजूर किया है ताकि किसानों को उसके उत्पाद का लाभप्रद मूल्य हासिल हो सके। देश में गेहूं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में गेहूं उत्पादन का अनुमान 1202 लाख मीट्रिक टन लगाया गया है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो देश में गेहूं का पर्याप्त भंडार रहेगा। इसी मजबूत उत्पादन स्थिति को देखते हुए सरकार ने अतिरिक्त निर्यात को मंजूरी दी है।

Export: ईरान के होर्मुज स्ट्रेट बंद करने से बासमती चावल का निर्यात प्रभावित

नई दिल्ली। Basmati Rice Export: ईरान और अमरीका के बीच तनातनी जारी रहने से होर्मुज स्ट्रेट का जलमार्ग बंद हो गया है। कुछ दिन पूर्व इसे खोला गया था जिससे भारतीय निर्यातकों की कुछ उम्मीदें जगी थीं

लेकिन अमरीका की नौसैनिक घेरेबंदी, अमरीकी राष्ट्रपति की धमकी तथा उनके अनाप-शनाप बयान के कारण ईरान ने शीघ्र ही इस जलमार्ग को दोबारा बंद कर दिया।

अमरीका और ईरान के बीच युद्ध विराम की अवधि कल या परसों खत्म हो जाएगी और दोनों तरफ से युद्ध दोबारा शुरू होने के संकेत दिए जा रहे हैं। द्विपक्षीय शांति वार्ता स्थगित हो गई है।

यदि दोबारा लड़ाई आरंभ हुई तो निकट भविष्य में होर्मुज स्ट्रेट के खुले की संभावना क्षीण पड़ जाएगी। इससे पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व तथा खाड़ी क्षेत्र के देशों में भारतीय कृषि एवं खाद्य उत्पादों और खासकर बासमती चावल तथा मसालों का निर्यात काफी हद तक संभावित होने की आशंका है।

मार्च में भी इसके शिपमेंट पर असर पड़ा था। पिछले दिनों ईरान द्वारा दो भारतीय व्यापारिक जहाजों पर गोलीबारी की गई थी जिससे शिपिंग कंपनियां दहशत में हैं। भारत के लिए यह स्थिति अनुकूल नहीं है।

US-Iran War: जब ईरान ने गिराया अमेरिकी जेट तो ट्रंप पड़ गए थे मुश्किल में

वॉशिंगटन। ईरान के साथ 28 फरवरी से 8 अप्रैल तक चले युद्ध में अमेरिका को कई झटकों का सामना करना पड़ा। इसमें खासतौर से उस वक्त अमेरिकी मुश्किल में नजर आए, जब अप्रैल की शुरुआत में ईरान ने उनके लड़ाकू विमानों को निशाना बनाया। ईरान में अमेरिका के सिर्फ जेट ही नहीं गिरे बल्कि उनके पायलट भी वहां फंस गए। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति कथित तौर पर पूरी तरह बौखला गए थे और चीखने-चिल्लाने लगे थे।

अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल (डब्ल्यूएसजे) ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के हवाले से बताया कि 3 अप्रैल को ईरान में F-15 ईगल विमान के गिराए जाने और अमेरिकी पायलटों के लापता होने पर डोनाल्ड ट्रंप बहुत परेशान हो गए। वह चिल्ला रहे थे और जल्दी कुछ करने का जोर डाल रहे थे। इस रवैये को देखते हुए अफसरों ने उनको उस वॉर रूम से बाहर रहने की सलाह दी, जहां ईरान से पायलट निकालने की प्लानिंग हो रही थी। यह रिपोर्ट वाइट हाउस के उस दावे को खारिज करती है, जिसमें कहा गया था संकट में ट्रंप स्थिर बने रहे थे।

जर्नल की रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिकी एफ-15 जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चल रहे जोखिम भरा बचाव अभियान के दौरान ट्रंप को संभालना मुश्किल काम था। इस दौरान उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और वाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स जैसे वरिष्ठ अधिकारियों ने सिचुएशन रूम में फोन के जरिए संपर्क किया। इन बैठकों में डोनाल्ड ट्रंप को शामिल नहीं किया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप को केवल महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में फोन कॉल के माध्यम से सूचित किया जाता रहा। अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप को जानबूझकर कमरे से बाहर रखा। अधिकारियों को लग रहा था कि इस वास्तविक समय में परिचालन संबंधी निर्णय लेने के दौरान ट्रंप की अधीरता मुश्किल का सबब बनेगी। ऐसे उनको वॉर रूम से दूर रखते हुए चीजों की जानकारी दी गई।

ईरान में अमेरिकी विमान के गिराए जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप लगातार चिल्ला रहे थे। उनके रवैये को देखते हुए अफसरों ने उनको वॉर रूम से बाहर रहने की सलाह दी। डोनाल्ड ट्रंप को केवल महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में फोन कॉल के माध्यम से सूचित किया जाता रहा।

इससे पहले वाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा था कि डोनाल्ड ट्रंप ईरान से संघर्ष के दौरान एक स्थिर नेता बने रहे हैं, जिनकी हमारे देश को जरूरत है। हालांकि डब्ल्यूएसजे की रिपोर्ट कहती है कि पायलट को बरामद करने के 24 घंटे से अधिक समय के अभियान में ट्रंप का रवैया स्थिर नहीं था। 4 अप्रैल की शाम को ट्रंप त शांत हुए, जब उन्हें बताया गया कि लापता पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया है।

ईरान और अमेरिका में लंबे समय से तनातनी चल रही है। दोनों में हालिया लड़ाई 28 फरवरी से शुरू हुई है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान में हमले किए थे। इसके बाद ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। 39 दिन की लड़ाई के बाद 8 अप्रैल को दो हफ्ते का सीजफायर हुआ है। फिलहाल दोनों पक्षों में सीजफायर समझौते पर बातचीत चल रही है।

Gold Silver Price: एमसीएक्स पर चांदी की कीमत 2300 रुपये गिरी, सोना भी नरम

नई दिल्‍ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमत में आज मामूली गिरावट आई है। एमसीएक्स पर चांदी की कीमत में 2300 रुपये से ज्यादा गिरावट आई है जबकि सोना 200 रुपये से ज्यादा सस्ता हुआ है। 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,52,545 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी और आज यह 2,50,428 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 2,335 रुपये की गिरावट के साथ 2,50,210 रुपये तक गिर गई।

सुबह 9.15 बजे यह 1,968 रुपये यानी 0.78 फीसदी गिरावट के साथ 2,50,577 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह 5 जून की डिलीवरी वाली चांदी 1,53,943 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुई थी। आज यह 153800 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में 218 रुपये की गिरावट के साथ 1,53,725 रुपये तक आई। सुबह 9.20 बजे यह 150 रुपये यानी 0.10 फीसदी गिरावट के साथ 1,53,793 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत में मामूली गिरावट आई है। 24 कैरेट वाला सोना 10 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,55,280 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह 22 कैरेट सोने में भी 10 रुपये की गिरावट आई है और 1,42,340 रुपये पर है। 18 कैरेट भी 10 रुपये की गिरावट के साथ 1,16,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। चांदी में 100 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है और यह 2,74,900 रुपये पर ट्रेड कर रही है।

Market: ईरान में शांति की उम्मीद में सेंसेक्स 700 अंक उछला, निफ्टी 24500 के पार

नई दिल्ली। Stock Market Opened, April 21 2026: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद में आज शेयर बाजार में तेजी दिख रही है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 700 अंक से ज्यादा तेजी आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 24,500 अंक के ऊपर पहुंच गया।

11.15 बजे सेंसेक्स 706.41 अंक यानी 0.90% तेजी के साथ 79,226.71 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 188.05 अंक यानी 0.77% तेजी के साथ 24,552.90 अंक पर पहुंच गया।

इस बीच सरकारी स्टील कंपनी सेल का शेयर 3 फीसदी तेजी के साथ 15 साल के हाई पर पहुंच गया। इस महीने इसमें 17 फीसदी तेजी आ चुकी है। यह बीएसई पर 177.70 रुपये तक पहुंचा जो जनवरी 2011 के बाद इसका उच्चतम स्तर है। कंपनी का शेयर 13 दिसंबर 2007 को 292.50 रुपये पर पहुंचा था जो इसका ऑल-टाइम हाई था।

एशियाई बाजारों में बढ़त के बीच भारतीय शेयर बाजार मंगलवार (21 अप्रैल) को सकारात्मक रुख के साथ शुरुआत की है। सेंसेक्स 78617 के लेवल पर खुला तो निफ्टी ने 24374 के लेवल से मंगलवार के कारोबार की शुरुआत की।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 78,617.16 अंक पर खुला। जबकि सोमवार को यह 78,520.30 पर बंद हुआ था। सुबह 9:22 बजे यह 423.76 अंक या 0.54 फीसदी की बढ़त लेकर 78,944.06 पर चल रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी मजबूती के साथ 24,374 अंक पर खुला। सुबह 9:22 बजे यह 94.15 अंक या 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,457 पर ट्रेड कर रहा था।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियाई बाजार: जापान का निक्केई 225 0.52 प्रतिशत बढ़ा, जबकि टॉपिक्स मामूली रूप से अधिक था। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 1.58 प्रतिशत और कोस्डैक में 0.90 प्रतिशत की तेजी आई। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च शुरुआत का संकेत दिया।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे
    गिफ्ट निफ्टी 24,414 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 83 अंक का प्रीमियम था। यह भारतीय शेयर मार्केट के बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी के लिए अच्छी शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट का हाल
    अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को मामूली रूप से नीचे बंद हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 4.87 अंक या 0.01 प्रतिशत गिरकर 49,442.56 पर आ गया, जबकि एसएंडपी 500 16.92 अंक या 0.24 प्रतिशत गिरकर 7,109.14 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 64.09 अंक या 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,404.39 पर बंद हुआ।

शेयरों की बात करें तो एप्पल के शेयर की कीमत 1.04 प्रतिशत बढ़ गई और मेटा शेयर की कीमत 2.56 प्रतिशत गिर गई। नेटफ्लिक्स के शेयर 2.55 प्रतिशत गिर गए। टेस्ला भी 2.03 प्रतिशत लुढ़क गया।