Stock Market: सेंसेक्स 555 अंक बढ़कर 77000 और निफ्टी 24000 के पार

0
10

नई दिल्ली। Stock Market Update: घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को अच्छी शुरुआत की है। दोपहर 1:00 बजे तक निफ्टी50 158.40 अंक यानी 0.66 फीसदी की बढ़त के साथ 24,017.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, सेंसेक्स 555.72 अंक यानी 0.73 फीसदी चढ़कर 77,034.39 के स्तर पर पहुंच गया।

निफ्टी-50 में Eternal, हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) और नेस्ले इंडिया सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे। इन शेयरों में खरीदारी ने बाजार की तेजी को मजबूती दी। व्यापक बाजार (Broader Market) में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप सूचकांक 0.22 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 0.23 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 129.93 अंक (0.17%) की बढ़त के साथ 76,608.60 पर कारोबार करता दिखा। वहीं, निफ्टी 46.40 अंक (0.19%) चढ़कर 23,912.15 के स्तर पर पहुंच गया। ग्लोबल बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों के बावजूद घरेलू बाजार में खरीदारी का माहौल देखने को मिला।

शेयर बाजार के खुलने में टाइटन करीब 1.94%, M&M 1.92%, इटरनल 1.81%, सन फार्मा 1.25%, इंफोसिस 0.84% ​​और कोटक महिंद्रा बैंक 0.78% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा अडानी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, TCS, मारुति, रिलायंस, ITC, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, SBI और BEL भी हरे निशान में थे।

वहीं, बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा 1.53% की गिरावट रही। इसके अलावा टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, एचसीएलटेक, ट्रेंट, लार्सन एंड टूब्रो, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और भारती एयरटेल जैसे शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

सेक्टरों का हाल
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑटो में 0.63%, निफ्टी आईटी में 0.58%, स्मॉलकैप 100 में 0.52%, FMCG में 0.42% और मिडकैप 100 में 0.33% की बढ़त रही। वहीं, निफ्टी बैंक हल्की कमजोरी के साथ 0.01% नीचे कारोबार करता दिखा।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • गिफ्ट निफ्टी ने दिए कमजोर शुरुआत के संकेत
    बुधवार सुबह गिफ्ट निफ्टी 39 अंक की गिरावट के साथ 23,978 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्के दबाव के साथ हो सकती है। वैश्विक बाजारों से मिले मिश्रित संकेत भी निवेशकों के सतर्क रुख की वजह बने हुए हैं।
  • एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
    एशियाई शेयर बाजारों में बुधवार को अलग-अलग तस्वीर देखने को मिली। जापान का निक्केई 225 करीब 0.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.31 प्रतिशत तक फिसल गया। ऐसे माहौल में निवेशक बड़े निवेश से पहले वैश्विक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
  • 40 साल के निचले स्तर पर पहुंचा जापानी येन
    जापान की मुद्रा येन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले करीब 40 वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। बाजार में इस बात की भी चर्चा है कि जापान का केंद्रीय बैंक मुद्रा को संभालने के लिए हस्तक्षेप कर सकता है। इसके अलावा निवेशकों की नजर अब अमेरिकी रोजगार आंकड़ों (US Jobs Data) पर है, क्योंकि इन्हीं के आधार पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की अगली मौद्रिक नीति को लेकर संकेत मिल सकते हैं।
  • अमेरिकी बाजारों में रही तेजी
    मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार सकारात्मक बढ़त के साथ बंद हुए। डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.26 प्रतिशत और S&P 500 में 0.79 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं, टेक शेयरों के दम पर नैस्डैक कंपोजिट 1.52 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
  • कच्चे तेल में तेजी
    अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में बढ़त देखने को मिली। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने अमेरिकी दूत से मुलाकात करने से इनकार कर दिया है, जिससे वॉशिंगटन और तेहरान के बीच बने अस्थायी शांति समझौते पर अनिश्चितता बढ़ गई है। इसके बाद ब्रेंट क्रूड का जुलाई वायदा 0.42 प्रतिशत बढ़कर 73.26 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।