नई दिल्ली। Stock Market Update : अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के फैसले से पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
दोपहर 12 बजे तक, सेंसेक्स 259.58 अंक यानी 0.34 फीसदी की बढ़त के साथ 77,068.06 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी50 65.60 अंक यानी 0.27 फीसदी चढ़कर 24,054.75 पर पहुंच गया।
दुनियाभर के निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की बैठक के नतीजों पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेगा और उन्हें 3.5 से 3.75 फीसदी के दायरे में बरकरार रख सकता है।
बाजार की नजर फेड अधिकारियों की महंगाई और आर्थिक विकास को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर भी रहेगी। हाल के भू-राजनीतिक तनावों के बीच निवेशक अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर संकेत तलाश रहे हैं।
निफ्टी50 में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा नुकसान में रहने वाले शेयरों में शामिल रहे।
वहीं, व्यापक बाजार में खरीदारी का रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.47 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.68 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो मेटल और रियल्टी शेयरों में दबाव देखने को मिला। दूसरी ओर आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा मजबूती दर्ज की गई।

