Thursday, April 30, 2026
Home Blog Page 15

पिप्पलेश्वर महादेव का सहस्रघट महाभिषेक एवं आरुषी की भजन संध्या आज

कोटा। भगवान श्री पिप्पलेश्वर महादेव मंदिर में अष्टम प्राण प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं पाटोत्सव-2026 का शुभारंभ सोमवार को भक्ति, सेवा और सामाजिक सरोकारों के अद्भुत संगम के साथ हुआ।

मंदिर अध्यक्ष भारत भूषण ने बताया कि मंदिर समिति एवं दिवाथर्व विकास फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत प्रातः 9 बजे रक्तदान शिविर से हुई।रक्तदान शिविर की सफलता में पिप्पलेश्वर सेवा समिति, दिवाथर्व विकास फाउंडेशन एवं जल संसद के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष भारत भूषण अरोड़ा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौत्तम एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम बनता है।”

महामंत्री जागेश्वर पाल गौड़ ने जानकारी दी कि 21 अप्रैल 2026 (वैशाख शुक्ल चतुर्थी) को प्रातः 8 बजे से सहस्रघट महाभिषेक का आयोजन किया जाएगा। यह दुर्लभ एवं पुण्यदायी अनुष्ठान 1008 जलधाराओं के साथ भगवान भूतनाथ के अभिषेक के रूप में संपन्न होगा, जिसके दिव्य दर्शन वर्ष में केवल एक बार ही संभव होते हैं।

इसी दिन रात्रि 8 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें नई दिल्ली की सुप्रसिद्ध भजन गायिका आरुषी गंभीर अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगी। महोत्सव के समापन दिवस 22 अप्रैल (वैशाख शुक्ल पंचमी) को सायं 4 बजे होगा।

ALLEN JEE Main Result: एलन के कबीर छिल्लर को ऑल इंडिया रैंक-1

जेईई-मेन में टॉप-10 में 4 आल इंडिया रैंक-1, 5, 6, 8 एलन क्लासरूम से

कोटा। ALLEN JEE Main Result:नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जेईई-मेन 2026 की ऑल इंडिया रैंक व सेशन-2 का परिणाम जारी कर दिया गया। परिणामों में एक बार फिर एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट ने श्रेष्ठता साबित की है।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के सीईओ नितिन कुकरेजा ने बताया कि अभी तक देखे गए परिणामों में एलन क्लासरूम स्टूडेंट कबीर छिल्लर ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। इसके साथ ही टॉप-10 में 4 स्थानों पर एलन क्लासरूम स्टूडेंट रहे हैं।

इनमें अर्णव गौतम रैंक-5, शुभम कुमार रैंक-6 और ऋषि प्रेमनाथ ने आल इंडिया रैंक-8 प्राप्त की है। टॉप-20 में 9 स्टूडेंट्स एलन क्लासरूम से तथा टॉप-100 में 39 स्टूडेंट्स एलन क्लासरूम से शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि रिजल्ट्स की ऑथेंटिसिटी एवं पारदर्शिता को बरकरार रखते हुए एलन ने अपने रिजल्ट्स को देश की बड़ी ऑडिट फर्म ई-वाई इंडिया से वैलिडेट करवाया है। पिछले दो वर्षों के रिजल्ट्स में आईआईटी में प्रवेश लेने वाला हर चौथा स्टूडेंट एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट से है।

जेईई मेन व एडवांस्ड में एलन क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जेईई मेन व एडवांस्ड के रिजल्ट्स में पिछले दो वर्षों से लगातार एलन से आल इंडिया रैंक-1 के साथ टॉप-100 और ओवरआल बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स क्वालीफाई कर रहे हैं।

जेईई-मेन 2026 में अब तक के सर्वाधिक 15 लाख 38 हजार 468 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी। दोनों सेशन में मिलाकर 26 स्टूडेंट्स को 100 पर्सेन्टाइल घोषित किया गया। रिजल्ट में स्टेट वाइज टॉपर्स के साथ-साथ कैटेगिरी टॉपर्स की सूची भी जारी की गई है।

फैकल्टीज की गाइडेंस फॉलो करना ही सक्सेस मंत्र
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट कोटा के क्लासरूम स्टूडेंट कबीर छिल्लर ने जेईई मेन सेशन-1 में परफेक्ट स्कोर 300 में से 300 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। सेशन-2 की परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परिवार मूलतः दिल्ली-एनसीआर गुरूग्राम से है। पिछले दो वर्षों से एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के रेगुलर क्लासरुम स्टूडेंट कबीर की यह उपलब्धि लगातार मेहनत, सटीक रणनीति और सेल्फ एनालिसिस का परिणाम है।

कबीर के पिता मोहित छिल्लर आईआईटीयन हैं और वर्तमान में दिल्ली एनसीआर में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि मां प्रियंका छिल्लर प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। कबीर इससे पहले 10वीं कक्षा 98 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण कर चुके हैं। कबीर ने बताया कि मेरी सक्सेस का मुख्य कारण फैकल्टीज का गाइडेंस मानता हूं, साथ ही मैंंने अपने पढ़ाई करने के तरीके को भी अलग बनाया है।

क्योंकि मैं सेल्फ स्टडीज में अटेंशन स्पान और क्वालिटी देखता हूं। हर टेस्ट के बाद खुद का एनालिसिस किया और जहां कमी थी, उसी पर सबसे ज्यादा फोकस किया। मैं एग्जाम से पहले स्टडी स्ट्रेटेजी को फाइन ट्यून करता हूं। नियमित मॉक टेस्ट देने के साथ-साथ हर पेपर का डीपली एनालिसिस किया, जिससे मेरी एक्यूरेसी और टाइम मैनेजमेंट दोनों बेहतर होते चले गए। कॉन्सेप्ट क्लियर होना सबसे जरूरी है।

रटने की बजाय हर टॉपिक को समझना और उसे एप्लाई करना ही मेरी सबसे बड़ी ताकत रही। पढ़ाई को छोटे-छोटे टारगेट्स में बांटा, शॉर्ट नोट्स बनाए और नियमित रिवीजन को अपनी आदत बनाया। गलतियों को दोहराने से बचने के लिए मैं हर टेस्ट के बाद कमजोरियों पर फोकस करता था।

JEE Main Result: कबीर छिल्लर ने 300 में से 300 अंक लाकर AIR-1 हासिल की

नई दिल्ली। JEE Main Result 2026: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने बहुप्रतीक्षित जेईई मेन सेशन-2 2026 परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। जेईई मेन के रिजल्ट में इस बार भी कोटा का दबदबा देखने को मिला। कोटा के छात्र कबीर छिल्लर ने 300 में 300 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त की।

टॉप 10 में कोटा में पढ़ने वाले 4 छात्रों ने जगह बनाई, जिसमें पांचवां, छठा और आठवां स्थान भी शामिल है। जो भी अभ्यर्थी अप्रैल 2026 सत्र की परीक्षाओं में शामिल हुए थे, वे अब आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

26 छात्रों ने हासिल किया 100 पर्सेंटाइल
इस साल के नतीजे जितने रोमांचक हैं, उतने ही चौंकाने वाले भी। पूरे देश से कुल 26 प्रतिभाशाली छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल का ‘परफेक्ट स्कोर’ हासिल कर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। हालांकि इन नतीजों का एक पहलू यह भी रहा कि 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाले सभी 26 उम्मीदवार पुरुष छात्र हैं, इस बार टॉपर्स की इस विशिष्ट सूची में कोई भी छात्रा जगह नहीं बना पाई है। इन सबके बीच, कबीर छिल्लर का शत-प्रतिशत अंक लाना उनकी असाधारण मेहनत और एकाग्रता की कहानी बयां करता है।

जेईई मेन टॉपर लिस्ट में दक्षिण भारत का बोलबाला
कुल 26 कैंडिडेट्स को 100 NTA स्कोर मिला है, जिसमें से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से सबसे ज्यादा 5-5 कैंडिडेट्स को 100 स्कोर मिला है। राजस्थान से 4, दिल्ली से 3, महाराष्ट्र और हरियाणा से 2-2 कैंडिडेट्स को टॉप स्कोर मिला है। तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, चंडीगढ़ और ओडिशा से 1-1 कैंडिडेट को टॉप स्कोर मिला है। परफेक्ट स्कोर पाने वालों में 24 जनरल कैटेगरी से है। एक कैंडिडेट जनरल ईडब्ल्यूएस और एक कैंडिडेट ओबीसी NCL से है। जेईई टॉपर्स लिस्ट में दक्षिण के राज्यों के छात्रों की संख्या ज्यादा रही है।

JEE पहले सेशन के टॉपर्स
पहले सेशन में 12 और दूसरे सेशन में 14 कैंडिडेट्स को 100 एनटीए स्कोर मिला है। पहले सेशन में 100 एनटीए स्कोर पाने वालों में दिल्ली के श्रेयस मिश्रा, राजस्थान के कबीर छिल्लर, चिरंजीब कार, अर्णव गौतम हैं। आंध्र प्रदेश से नरेंद्रबाबू गरी महिथ और पासला मोहिथ टॉपर हैं। बिहार से शुभम कुमार, ओडिशा से भावेश पात्रा, हरियाणा से अनय जैन, महाराष्ट्र से माधव विरादिया, गुजरात से पुरोहित निमय और तेलंगाना से विवान शरद महेश्वरी टॉपर हैं।

परिणाम देखने के लिए छात्रों को अपने लॉगिन विवरण की आवश्यता पड़ेगी। उम्मीदवार परिणाम पोर्टल पर अपना सही आवेदन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

JEE Main 2026 Session 2 Result Direct Link

जेईई मेन 2026 सेशन 2 का रिजल्ट कैसे देखें

  1. पोर्टल पर जाने के लिए NTA की ऑफिशियल वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
  2. JEE Main 2026 सेशन 2 का रिजल्ट देखने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
  3. जरूरी जगहों पर अपना यूनिक एप्लीकेशन नंबर और जन्म की तारीख डालें।
  4. अपने लॉगिन सेशन को वेरिफाई करने के लिए सिक्योरिटी पिन बिल्कुल वैसा ही डालें जैसा दिखाया गया है।
  5. अपना स्कोरकार्ड और ऑल इंडिया रैंक ऑनलाइन देखने के लिए डिटेल्स सबमिट करें।
  6. अपनी आगे की काउंसलिंग और एडमिशन प्रोसेस के लिए रिजल्ट डाउनलोड करें और प्रिंट निकाल लें।

Kota Mandi: वायदा तेज रहने से कोटा मंडी में धनिया का भाव 200 रुपये उछला

कोटा। Kota Mandi Price Today: एनसीडीईक्स पर वायदा तेज रहने से भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को धनिया का भाव 200 रुपये उछल गया। मिलर्स की लिवाली से सरसों 50 रुपये, गेहूं एवं चना 25 रुपये तेज बिका। लहसुन बेस्ट बोक्स 300 ऊंचा बिका।

एनसीडीईक्स पर धनिया का अप्रैल वायदा 318 रुपये तेज होकर 13232 रुपये, मई वायदा 92 रुपये सुधर कर 13330 रुपये और जून वायदा 104 रुपये बढ़कर 13500 रुपये पर बंद हुआ।

मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब डेढ़ लाख कट्टे और लहसुन की 10000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल लस्टर 2270 से 2325, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2370 से 2500, बेस्ट टुकड़ी 2500 से 2680, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1700, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 2100 से 2350 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3801, धान (1509) 3400 से 4450, धान (1847) 3200 से 4401, धान (1718-1885) 4000 से 4650, धान (पूसा-1) 3000 से 4300, धान (1401-1886) 4100 से 4550, धान दागी 1500 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4500 से 5600, सोयाबीन बीज क्वालिटी 5600 से 5700, सरसों 6200 से 6801, अलसी 6800 से 7600, तिल्ली 7000 से 8500, रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 7600, चना देशी 4800 से 5350, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5351, चना डंकी पुराना 4000 से 4600, चना काबुली 5500 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 2500 से 14000, मैथी नयी 5800 से 6250, धनिया बादामी 11000 से 12000, धनिया ईगल 12000 से 12800, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।

बैंककर्मियों ने ध्वजारोहण कर मनाया एआईबीईए का स्थापना दिवस

कोटा। एआईबीईए के स्थापना दिवस के उपलक्ष में सभी बैंककर्मी नेता आज प्रातः 9.30 बजे बैंक ऑफ इण्डिया एरोड्राम सर्किल शाखा पर एकत्रित हुए। एकत्रित होने के उपरांत राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन कोटा यूनिट के चेयरमैन अशोक कुमार ढल ने एआईबीईए का झंडारोहण कर सभी बैंक कर्मियों को संबोधित किया।

इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन कोटा यूनिट के उप सचिव हेमराज सिंह गौड़ ने अपने सभी साथियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में जिस तरह से देश में बैंकों की स्थिति चल रही है, उसको देखते हुए हम सबको मिलकर बेहतर ग्राहक सेवा दे कर बैंक व्यवसाय वृद्धि में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एआईबीईए देश में बैंक कर्मियों की सबसे बड़ी यूनियन है, जो बैंक कर्मियों के हितों में सरकार व बैंक प्रबंधन वर्ग के साथ वार्ता करके निर्णय लेती है. सरकार के साथ होने वाले 5 वर्ष में द्विपक्षीय समझौते में भी एआईबीईए की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

वर्तमान में AIBEA की 80 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बैंगलोर में तीन दिवसीय सम्मेलन चल रहा है, जिसमें देश के प्रत्येक कोने से बैंक कर्मी नेता अपनी भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही कई राजनीतिक दल के विधायक, सांसद भी इस ए आई बी ई ए के सम्मेलन में प्रतिदिन शामिल होकर बैंक कर्मियों को संबोधित कर रहे हैं।

इस अवसर पर अन्य बैंक कर्मी नेता रामकेश मीणा, रिक्तिका राजावत, नीलिमा पोरवाल, विश्राम मीणा, सुरभि भाटिया, राजेन्द्र कुमार मीणा, शुभम् गौतम ने भी सभी साथियों को संबोधित किया।

प्रयागराज स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते इन गाड़ियों का मार्ग परिवर्तन

कोटा। प्रयागराज मंडल के प्रयागराज स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण रेल प्रशासन द्वारा कोटा मंडल से गुजरने वाली कुछ यात्री गाड़ियों को 29 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग वाया प्रयागराज छिवकी जंक्शन से संचालित किया जाएगा।

इन गाड़ियों को प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर 2 मिनट का अस्थायी ठहराव भी प्रदान किया जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 29 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग से चलने वाली गाड़ियों का विवरण निम्नानुसार है —

  1. गाड़ी संख्या 12307 हावड़ा–जोधपुर एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया पं. दीन दयाल उपाध्याय जं.–प्रयागराज छिवकी (ठहराव–12:00/12:02)–मानिकपुर–वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी–आगरा केंट होकर गुजरेगी।
  2. गाड़ी संख्या 22308 बीकानेर–हावड़ा एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया आगरा केंट–वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी–मानिकपुर–प्रयागराज छिवकी (ठहराव–16:11/16:13)–पं. दीन दयाल उपाध्याय जं. होकर गुजरेगी।
  3. गाड़ी संख्या 12987 सियालदाह–अजमेर एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया पं. दीन दयाल उपाध्याय जं.–प्रयागराज छिवकी (ठहराव–11:30/11:32)–मानिकपुर–वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी–आगरा केंट होकर गुजरेगी।
  4. गाड़ी संख्या 09447 अहमदाबाद–पटना क्लोन स्पेशल अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया आगरा केंट–वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी–मानिकपुर–प्रयागराज छिवकी (ठहराव–18:20/18:22)–पं. दीन दयाल उपाध्याय जं. होकर गुजरेगी।

गरबा एक्सप्रेस का भवानीमंडी एवं हमसफर एक्सप्रेस का बारां में ठहराव

26 अप्रैल से यात्रियों को मिलेगी सीधी लंबी दूरी की रेल सुविधा

कोटा। रेल प्रशासन द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत भवानी मंडी एवं बारां स्टेशनों पर एक्सप्रेस गाड़ियों को नया ठहराव प्रदान किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इन गाड़ियों का ठहराव प्रदान किया गया है –

  1. गाड़ी सं. 12937 गांधीधाम–हावड़ा गरबा एक्सप्रेस को भवानी मंडी स्टेशन पर 26.04.2026 से अग्रिम आदेश तक 07.38/07.40 बजे (आगमन/प्रस्थान) ठहराव दिया गया है।
  2. गाड़ी सं. 12938 हावड़ा–गांधीधाम गरबा एक्सप्रेस को भवानी मंडी स्टेशन पर 29.04.2026 से अग्रिम आदेश तक 00.28/00.30 बजे (आगमन/प्रस्थान) ठहराव दिया गया है।
  3. गाड़ी सं. 20481 जोधपुर–तिरुचिरापल्ली हमसफर एक्सप्रेस को बारां स्टेशन पर 30.04.2026 से अग्रिम आदेश तक 02.08/02.10 बजे (आगमन/प्रस्थान) ठहराव दिया गया है।
  4. गाड़ी सं. 20482 तिरुचिरापल्ली–जोधपुर हमसफर एक्सप्रेस को बारां स्टेशन पर 26.04.2026 से अग्रिम आदेश तक 19.53/19.55 बजे (आगमन/प्रस्थान) ठहराव दिया गया है।

इन नए ठहरावों से भवानी मंडी एवं बारां क्षेत्र के यात्रियों को दूरस्थ गंतव्यों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

गेहूं की सरकारी खरीद में अव्यवस्था से खफा ऊर्जा मंत्री ने FCI अफसरों को लगाई फटकार

कोटा। क्षेत्र में गेहूं की सरकारी खरीद प्रक्रिया में आ रही बाधाओं और अव्यवस्थाओं को लेकर ऊर्जा मंत्री ने बैठक कर कड़ा रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में मंत्री ने एफसीआई के जीएम राजेश चौधरी से फोन पर बात की।

उन्होंने बैठक में एफसीआई अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि अधिकारी अपनी मनमानी छोड़कर सरकार के नियमों के अनुरूप काम करें।

मंत्री नागर ने सवाल उठाया कि जब सरकार ने ‘काले दाने’ वाले गेहूं की खरीद में नियमों में ढील दे दी है, तो रोजाना 1 लाख क्विंटल गेहूं खुली बोली (ओपन मार्केट) में क्यों बिक रहा है? उन्होंने कहा कि यह गेहूं रिजेक्टेड नहीं है, फिर भी किसान को कम दामों पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो सीधे तौर पर प्रशासनिक कमजोरी है।

खरीद केंद्रों पर बारदाने की भारी कमी है। जो बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा है, वह कटा-फटा और दीमक लगा हुआ है। मंत्री नागर ने इस पर सख्त नाराजगी जताते हुए तुरंत नया बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

​कोटडी जीएसएस गोदाम (लक्ष्मीपुरा) जिसकी क्षमता 5000 मीट्रिक टन है, उसका उपयोग सांगोद और आसपास के केंद्रों के लिए करने का सुझाव दिया गया। साथ ही, एफसीआई के गोदामों पर वाहनों की लंबी कतारों और माल न उठने के कारण टोकन इश्यू न होने पर जवाबदेही तय करने को कहा।

​तुलाई केंद्रों पर पर्याप्त मजदूर न होने और गाड़ियों के समय पर अनलोड न होने से खरीद पूर्ण क्षमता से नहीं हो पा रही है। मंत्री नागर ने एक्स्ट्रा लेबर लगाने और गाड़ियों का टर्न-अराउंड टाइम घटाने के निर्देश दिए।

​इस वर्ष सरसों और चने की पैदावार कम होने के कारण गेहूं की आवक 3 गुना अधिक रहने का अनुमान है। मंत्री नागर ने कहा कि एफसीआई अपनी तैयारी उसी स्तर की रखे और रोजाना एक रैक लगाने की व्यवस्था करे।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में संबंधित तहसील के स्थानीय किसानों और लोगों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। किसी भी किसान को तकनीकी कारणों से परेशान न होना पड़े। संभाग में रोटेशन के आधार पर साप्ताहिक रैक लगाने को कहा गया ताकि माल का उठाव तुरंत हो सके और केंद्रों पर जाम की स्थिति न बने।

ऊर्जा मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता को परेशान करने वाले अधिकारी बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सरकार किसानों को राहत देने के लिए नियमों में छूट दे रही है, और इसका लाभ अंतिम छोर के किसान तक पहुंचना अनिवार्य है। बैठक में एडीएम, प्रधान जयवीर सिंह उप प्रधान ओम नागर अडूसा और राजफेड व एफसीआई के अधिकारी मौजूद रहे।

कोटा जिले में 107.56 करोड़ रुपये का फसल बीमा क्लेम वितरित

बिरला और नागर के प्रयासों से सांगोद क्षेत्र के किसानों को मिला सबसे अधिक लाभ

कोटा/​सांगोद। जिले में खरीफ 2025 के दौरान हुई अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम राशि जारी कर दी गई है। इसमें विशेष रूप से सांगोद तहसील के किसानों को जिले में सर्वाधिक 25.01 करोड़ रुपए का बीमा क्लेम भुगतान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि बीमा क्लेम राशि के लिए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर लगातार प्रयासरत थे।

कार्यालय संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद, कोटा के अनुसार, पूरे जिले के प्रभावित किसानों के बैंक खातों में कुल 107 करोड़ 56 लाख 94 हजार 054 रुपये की भारी-भरकम राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है।

कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, खरीफ 2025 सीजन में जिले के कृषकों द्वारा सोयाबीन, धान, उड़द एवं मक्का जैसी फसलों का बीमा कराया गया था। उल्लेखनीय है कि इस सीजन में किसानों ने प्रीमियम के तौर पर 8.74 करोड़ रुपये जमा किए थे।

जबकि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा 28.39 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया। इस प्रकार कुल 37.13 करोड़ रुपये की प्रीमियम राशि के मुकाबले सरकार ने किसानों को तीन गुना से भी अधिक का क्लेम वितरित कर बड़ी राहत प्रदान की है।

​अतिवृष्टि के कारण फसलों में हुए भारी खराबे के बाद प्रशासन द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर तहसीलवार भुगतान सुनिश्चित किया गया है। सांगोद के बाद पीपल्दा तहसील में 22.80 करोड़ रुपए और कनवास में 20.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके अलावा चेचट में 13.21 करोड़, दीगोद में 9.86 करोड़, रामगंजमंडी में 9 करोड़ तथा लाडपुरा तहसील में 7.54 करोड़ रुपए किसानों के खातों में जमा किए गए हैं।

क्षेत्र के किसानों के खातों में बीमा क्लेम की राशि पहुंचने पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इस बड़ी राहत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार सदैव किसानों के हितों के प्रति समर्पित है।

मंत्री नागर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कृषि मंत्री का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। जिनके सतत प्रयासों और मार्गदर्शन से कोटा जिले, विशेषकर सांगोद क्षेत्र के किसानों को उनके हक की क्लेम राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार अन्नदाता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

भारतीय जहाजों का होर्मुज से निकलना हुआ मुश्किल, दो जहाजों पर हमला

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का निकला अब बहुत मुश्किल हो गया है। होर्मुज से निकलने की कोशिश कर रहे दो भारतीय जहाजों पर ईरान की ओर से गोलीबारी हुई।

इस कारण वे होर्मुज पार नहीं कर पाए और वापस फारस की खाड़ी में लौट गए। पोर्ट शिपिंग मंत्रालय के डायरेक्टर मनदीप सिंह रंधावा ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रंधावा ने कहा कि पिछले 48 घंटे में भारत के दो जहाजों पर ईरान की ओर से गोलीबारी हुई। यह गोलीबारी उस समय हुई जब वे होर्मुज पार कर रहे थे। बाद में दोनों जहाजों को वापस फारस की खाड़ी में लौटना पड़ा।

उन्होंने बताया कि इस हमले में चालक दल के किसी भी सदस्य को कोई चोट नहीं आई है। रंधावा ने कहा कि सरकार इस मामले पर नजर रखे हुए है। मंत्रालय की ओर से बताया गया कि 2563 से ज्यादा भारतीय नाविकों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें से 25 को पिछले 24 घंटे में निकाला गया है।

एक जहाज ने पार किया होर्मुज

  • ईरान की ओर से गोलीबारी की घटना के बीच कच्चे तेल से भरे भारतीय टैंकर ‘देश गरिमा’ ने होर्मुज स्‍ट्रेट को सुरक्षित पार कर लिया।
  • इस जहाज के 22 अप्रैल को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
  • इस जहाज पर 31 भारतीय नाविक सवार थे। भारतीय नौवहन निगम (एससीआई) का टैंकर मार्च की शुरुआत से जलडमरूमध्य को पार करने वाला 10वां भारतीय ध्वज वाला जहाज है।

इन दो भारतीयों टैंकर पर हुई थी फायरिंग
इससे पहले तेल टैंकर समनार हेराड और बल्क कैरियर जग अर्नव ने जलडमरूमध्य से गुजरते समय गोलीबारी की सूचना दी और फारस की खाड़ी में वापस लौट आए। इस गोलीबारी की घटना में चालक दल के किसी सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है। समुद्री जहाजों की गतिविधियों पर नजर रखने वाले पोर्टल ‘मरीनट्रैफिक’ के मुताबिक, तेल टैंकर देश वैभव और देश विभोर ने भी इस महत्वपूर्ण जलमार्ग के पास अपना मार्ग बदल लिया, जिससे फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले जहाजों की संख्या 14 हो गई है। भारत के विदेश सचिव ने घटना पर ‘गहरी चिंता’ व्यक्त करने के लिए नई दिल्ली में ईरान के राजदूत को तलब किया और वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित किया