मानसून की बेरुखी फसलों पर भारी पड़ी, कपास-सोयाबीन की बुआई पिछड़ी

0
4

नई दिल्ली। इस बार समय से पीछे चल रहे मानसून ने खरीफ फसलों की बुआई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण पश्चिम मानसून के तहत अब तक 43 फीसदी कम बारिश हुई है। इससे देश की दो महत्वपूर्ण नकदी फसलें कपास और सोयाबीन बुआई के शुरुआती दौर में पिछड़ गई हैं।

कृषि मंत्रालय के 19 जून तक के आंकड़ों के मुताबिक, देश में 17.13 लाख हेक्टेयर में कपास की बुवाई हुई है। यह आंकड़ा एक साल पहले के 22.82 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 5.69 लाख हेक्टेयर कम है। बुवाई का यह आंकड़ा बताता है कि कपड़ा उद्योग की इस लाइफलाइन से किसान फिलहाल हाथ खींच रहे हैं।

कपास के रकबे में आई शुरुआती सुस्ती अगर अगले कुछ हफ्तों में नहीं सुधरी, तो कॉटन और यार्न की कीमतों में तेजी आ सकती है, जिसका सीधा असर टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर पड़ेगा।

कपास की ही तरह तिलहन क्षेत्र को भी तगड़ा झटका लगा है। इसकी मुख्य वजह सोयाबीन की बुआई में आई भारी सुस्ती है। पिछले साल की समान अवधि में सोयाबीन का रकबा 2.50 लाख हेक्टेयर था, जो इस बार 1.20 लाख हेक्टेयर की गिरावट के साथ सिर्फ 1.30 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया। सोयाबीन में इस सुस्ती के कारण तिलहन का कुल रकबा भी पिछले साल के 8.11 लाख हेक्टेयर से गिरकर 7.24 लाख हेक्टेयर रह गया। हालांकि, मूंगफली और सूरजमुखी में मामूली बढ़त है, लेकिन वे सोयाबीन के नुकसान की भरपाई करने में नाकाम रहे हैं।

धान और बाजरे का रकबा बढ़ा: धान की बुआई 4.26 लाख हेक्टेयर बढ़कर 12.36 लाख हेक्टेयर पहुंच गई। मोटे अनाजों जैसे बाजरा का रकबा भी 2.14 लाख हेक्टेयर से दोगुना होकर 4.05 लाख हेक्टेयर पहुंच गया। धान और मोटे अनाजों में सरकारी खरीद का भरोसा एवं कम जोखिम किसानों को आकर्षित कर रहा है, जबकि कपास-सोयाबीन में वैश्विक बाजार की अनिश्चितता और कीटों का डर किसानों को डरा रहा है।