होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास
कोटा। ‘हाड़ोती पर्यटन विशेषांक’ का विमोचन शनिवार को होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विकास पांडे, सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव एवं स्मारिका समन्वयक ऋषभ भार्गव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने बताया कि आगामी पर्यटन सीजन में 6 से 8 सितंबर तक आयोजित होने वाले राजस्थान टेंट डीलर्स महाअधिवेशन तथा 17, 18 एवं 19 सितंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट में इस विशेषांक के माध्यम से हाड़ोती क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राजस्थान टेंट डीलर्स महाअधिवेशन में देशभर से 15,000 से अधिक टेंट एवं अन्य व्यवसायी भाग लेंगे, जबकि राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट में देशभर के हजारों टूर ऑपरेटर, ट्रेवल एजेंट एवं होटल व्यवसायी शामिल होंगे। इन सभी को हाड़ोती पर्यटन विशेषांक की प्रतियां भेंट की जाएंगी।
साथ ही हाड़ोती क्षेत्र के सभी होटलों में इसे उपलब्ध कराया जाएगा तथा पर्यटन सीजन में आने वाले पर्यटकों को भी इसका वितरण किया जाएगा, ताकि उन्हें हाड़ोती के पर्यटन स्थलों, भौगोलिक विशेषताओं, खान-पान एवं सांस्कृतिक विरासत की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सके।
माहेश्वरी ने बताया कि विशेषांक में हाड़ोती क्षेत्र के प्राकृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। इसमें चंबल रिवर फ्रंट, गड़रिया महादेव, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व सहित क्षेत्र के प्रमुख आकर्षणों का उल्लेख किया गया है। साथ ही हाड़ोती के प्रमुख उत्पादों एवं उनकी विशेषताओं की जानकारी भी दी गई है।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विकास पांडे एवं सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान में हाड़ोती पर्यटन को नई गति मिल रही है। चंबल सफारी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नावों की संख्या में भी विस्तार किया गया है।
वहीं मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में सफारी के प्रति पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है तथा भ्रमण करने वाले लगभग 90 प्रतिशत पर्यटकों को टाइगर की साइटिंग एवं गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि चंबल रिवर फ्रंट जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर साप्ताहिक फूड एक्सपो का आयोजन किया जाना चाहिए, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध खाद्य उत्पादकों एवं व्यंजन विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जुलाई से प्रारंभ होने वाले पर्यटन सीजन में हाड़ोती आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही कोटा महोत्सव, कोटा-हाड़ोती ट्रेवल मार्ट एवं दशहरा मेले का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, जिससे देशभर के पर्यटक इन आयोजनों में सहभागिता कर सकें।
स्मारिका समन्वयक ऋषभ भार्गव ने बताया कि विशेषांक में हाड़ोती की वन्यजीव संपदा, चंबल नदी एवं मुकुंदरा सफारी, चंबल रिवर फ्रंट, मगरमच्छ एवं घड़ियाल संरक्षण क्षेत्र तथा मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का विस्तृत परिचय दिया गया है। इसके अतिरिक्त ‘हाड़ोती विरासत यात्रा’ के अंतर्गत गढ़ पैलेस, संग्रहालयों, प्राचीन स्थापत्य कला एवं ऐतिहासिक धरोहरों का समग्र विवरण भी शामिल किया गया है।
विशेषांक में हाड़ोती धार्मिक परिपथ के अंतर्गत प्रमुख मंदिरों, तीर्थस्थलों एवं आस्था केंद्रों की जानकारी के साथ क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक मेले, पर्व एवं सांस्कृतिक उत्सवों का भी उल्लेख किया गया है।
वहीं कोटा के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय मिठाइयों, प्रसिद्ध खान-पान स्थलों तथा कोटा डोरिया साड़ी, कोटा स्टोन, हस्तशिल्प एवं अन्य स्थानीय उत्पादों से संबंधित उपयोग उपलब्ध कराई गई है ।

