Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 115

Narasimha Bhagwan: मथुराधीश मंदिर पर कल होंगे नृसिंह भगवान के जन्म के दर्शन

कोटा। Narasimha Bhagwan: शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री बड़े मथुराधीश मंदिर, पाटनपोल में आगामी 30 अप्रैल को भगवान नृसिंह का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार, इस अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और दर्शनों का आयोजन होगा। जिसमें प्रभु के अद्भुत अवतार की लीलाओं का गुणगान किया जाएगा।

मंदिर के व्यवस्थापक चेतन शेठ ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव की शुरुआत प्रातः काल से ही हो जाएगी। मंगला दर्शन के पश्चात प्रभु को चंदन, आंवला और फुलेल से अभ्यंग कराया जाएगा। ज्येष्ठ मास की गर्मी को देखते हुए प्रभु को शीतलता प्रदान करने के विशेष जतन किए जाएंगे। संध्या आरती के बाद मंदिर के चौक में शीतल जल का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही, राजभोग दर्शन से लेकर संध्या आरती तक जल का थाल सजाया जाएगा। जिसमें प्रभु जलविहार के लिए पधारेंगे।

सूर्यास्त के समय होंगे जन्म के दर्शन
भगवान नृसिंह का प्राकट्य न दिन में हुआ था और न रात में, बल्कि गोधूलि वेला (संध्या काल) में हुआ था। इसी भाव को आत्मसात करते हुए मंदिर में संध्या आरती के पश्चात नृसिंह जन्म के विशेष दर्शन होंगे। इस दौरान ठाकुर जी के सम्मुख शालिग्राम जी को पंचामृत स्नान कराया जाएगा। चूंकि नृसिंह भगवान को उग्र अवतार माना जाता है, अतः उनके क्रोध के शमन और उन्हें शीतलता प्रदान करने के भाव से शयन दर्शन के समय विशेष ‘शीतल सामग्री’ का भोग धराया जाएगा।

पुष्टिमार्ग में चार अवतारों की महत्ता
प्रथम पीठ के युवराज मिलन कुमार बाबा ने नृसिंह जयंती के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पुष्टिमार्ग में मुख्य रूप से चार अवतारों को विशेष मान्यता दी गई है, श्री राम, श्री कृष्ण, नृसिंह भगवान और वामन अवतार। उन्होंने बताया कि ये चारों अवतार प्रभु ने अपने उन भक्तों पर कृपा करने के लिए लिए थे। जो पूर्णतः नि:साधन थे और केवल प्रभु के भरोसे थे। इन अवतारों के माध्यम से की गई लीलाओं को ‘पुष्टिलीला’ माना जाता है। जो भक्त और भगवान के अनन्य प्रेम का प्रतीक हैं।

एनपीए में कमी बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत होने के संकेत: राजेश बिरला

कोटा नागरिक सहकारी बैंक की बोर्ड एवं ऋण बैठक में 35 बिंदुओं पर मंथन

कोटा। कोटा नागरिक सहकारी बैंक के संचालक मण्डल एवं ऋण समिति की बैठक मंगलवार को रावतभाटा रोड स्थित प्रधान कार्यालय में राजेश कृष्ण बिरला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि एकमुश्त ऋण समाधान योजना–2025 (संशोधित) के तहत सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं।

योजना के अंतर्गत 30 सदस्यों को 66 लाख रुपये की ऋण माफी प्रदान की गई है, जिससे लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिला है। इसके अतिरिक्त 9 नए सदस्यों को सदस्यता प्रदान की गई तथा 9 सदस्यों को 33 लाख रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए।

बैठक में मार्च 2026 तक बैंक की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि बैंक की कुल जमाएं 845.36 करोड़ रुपये तथा ऋण वितरण 381.65 करोड़ रुपये से अधिक रहा। बैंक ने 382.18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। अध्यक्ष बिरला के अनुसार बैंक का नेट एनपीए घटकर 1.98 प्रतिशत रह गया है, जो वित्तीय सुधार का संकेत है।

प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने बताया कि बैठक में सीआरआर एवं एसएलआर की अनुपालना, ओटीएस योजना, जमाओं की समीक्षा, एनपीए वसूली, बैंक ग्राहक सेवा,बैंक के तलपट व आय-व्यय की समीक्षा, एनपीए ऋण, ओटीएस योजना, सुरक्षा व्यवस्था, इंटर-ब्रांच एवं बैंक रीकन्सिलिएशन, प्रतिभूति निवेश सहित कुल 35 बिंदुओं के एजेंडे पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

पर्यावरण सरोकार की पहल
गर्मी के प्रभाव को देखते हुए बैंक परिसर में पक्षियों के लिए 11 परिंडे लगाए गए। अध्यक्ष बिरला ने इसे सामाजिक उत्तरदायित्व की सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां निरंतर जारी रखी जाएंगी।

बैठक में उपाध्यक्ष हेमराज सिंह हाडा, बोर्ड संचालक महेन्द्र कुमार शर्मा, सुरेश चंद्र काबरा, ओमप्रकाश मेहरा, शैलेन्द्र ऋषि, महावीर सुवालका, अशोक मीणा, नंदलाल प्रजापति, तनिशा बादल, सहवरित संचालक, नवनीत जाजू, अरुण भार्गव सहित बोम अध्यक्ष ओम माहेश्वरी, जगदीश जिंदल, महेश अजमेरा, सदस्य सुरेन्द्र गोयल विचित्र एवं राजेन्द्र कुमार जैन उपस्थित रहे।

बिजाई कम होने एवं उत्पादन कम रहने से मेथी तोड़ेगी 2016 का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं गुजरात में मेथी की बिजाई गत वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत घटकर 1.15 लाख हेक्टेयर की रह गई है। हालांकि पूर्व में अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में वृद्धि होगी। लेकिन वर्तमान में मंडियों में हो रही आवक को देखते हुए व्यापारिक अनुमान है कि फसल में पोल है। जिस कारण से आवक आशानुरूप नहीं हो रही है।

कमजोर आवक एवं बकाया स्टॉक भी कम रह जाने के कारण बाजार में व्यापारिक मनोवृत्ति तेजी की बन गई है। जिस कारण से चालू माह के दौरान मेथी के भाव 4/5 रुपए प्रति किलो तक बढ़ गए है। वर्तमान में मध्य प्रदेश की मंडियों में एवरेज क्वालिटी मेथी का भाव बढ़कर 6300/6700 रुपए प्रति क्विंटल के स्तर पर पहुंच गया है। हाल-फिलहाल कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। मिडिल ईस्ट देशों में हालात सामान्य हो जाने के पश्चात निर्यात मांग में वृद्धि होगी और कीमतों में भी अच्छी तेजी देखी जा सकती है।

जावरा के प्रसिद्ध एक विश्वसनीय प्रतिष्ठान मै० सेंचुरी स्पाईस प्रा० लि० के डायरेक्टर पंकज लुककड़ का कहना है कि चालू सीजन के दौरान मेथी के भाव 2016 का स्तर पार कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में शार्टेक्स मेथी का भाव 92/93 रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था, जबकि वर्तमान में भाव 69/70 रुपए का चल रहा है।

उनका कहना है कि गत वर्षों में अप्रैल माह के दौरान मंडियों में नई मेथी की आवक जोरों पर होती थी, लेकिन इस वर्ष आवक गत वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत हो रही है। हालांकि गत दिनों फिस्स द्वारा मेथी उत्पादन का अनुमान 15 लाख क्विंटल माना गया था लेकिन मंडियों में आवक को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि उत्पादन 12/13 लाख क्विंटल तक ही सिमट जाएगा।

जानकारों का कहना है कि सालाना एवं निर्यात को मिलाकर मेथी की कुल आवश्यकता 18/20 लाख क्विंटल की रही है। लेकिन चालू सीजन के दौरान 12/13 लाख क्विंटल नई पैदावार एवं 2/3 लाख क्विंटल बकाया स्टॉक को मिलाकर कुल उपलब्धता 14/16 लाख क्विंटल की रहेगी। जिस कारण से आगामी दिनों में कीमतों में तेजी संभव है।

मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-जनवरी- 2026 यानी कि 10 माह के दौरान मेथी का निर्यात 40633 टन का हुआ है और निर्यात से प्राप्त आय 304.97 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जनवरी- 2025 में 35907 टन का निर्यात किया गया था और निर्यात से प्राप्त आय 298.4 करोड़ की रही।

Kota Mandi: मिलर्स की लिवाली से कोटा मंडी में सोयाबीन, सरसों 50 रुपये तेज बिकी

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में मंगलवार को मिलर्स की लिवाली से सोयाबीन और सरसों 50 रुपये तेज रही। लहसुन बेस्ट क्वालिटी का माल 500 रुपये ऊंचा बिका। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब दो लाख कट्टे और लहसुन की 10000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल लस्टर 2400 से 2450, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2450 से 2550, बेस्ट टुकड़ी 2550 से 2650, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1850, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 2100 से 2350 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3801, धान (1509) 3800 से 4200, धान (1847) 3200 से 4201, धान (1718-1885) 4300 से 4600, धान (पूसा-1) 3000 से 4200, धान (1401-1886) 4100 से 4350, धान दागी 1500 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4500 से 6020, सोयाबीन बीज क्वालिटी 5800 से 6100, सरसों 6200 से 6801, अलसी 7200 से 7800, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7400, उड़द 4500 से 7600, चना देशी 4800 से 5250, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5251, चना डंकी पुराना 4000 से 4600, चना काबुली 5500 से 6700 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 2500 से 14000, बेस्ट बोक्स डबल बम 14000 से 17000, मैथी नयी 5800 से 6600, धनिया बादामी 11000 से 11700, धनिया ईगल 11800 से 12500, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।

32MP AI सेल्फी कैमरा वाला Realme का यह फोन 7000 रुपये सस्ता हुआ

नई दिल्ली। Realme GT 7T Price New Price : अगर आप 30,000 रुपए से कम के बजट में एक अच्छा स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए काम की है। Realme का पावरफुल स्मार्टफोन Realme GT 7T इस समय Flipkart पर लॉन्च प्राइस से सीधे 7,000 सस्ता मिल रहा है।

यह एक अच्छी डील इसलिए भी है क्योंकि आजकल ज्यादातर फोन महंगे हो रहे हैं। इसमें बड़ी 7000mAh बैटरी, स्मूद 120Hz डिस्प्ले और पावरफुल प्रोसेसर दिया गया है, जो इसे गेमिंग और हैवी यूज के लिए बेस्ट बनाता है। अगर आपको एक्स्ट्रा छूट चाहिए तो बैंक और एक्सचेंज छूट के बारे में जान लें:

Realme GT 7T पर ऑफर्स
Realme GT 7T अब Flipkart पर 27,999 रुपये में बेचा जा रहा है। बता दें फोन को 34,999 रुपये में लॉन्च किया गया था लेकिन अब यह 7,000 रुपये की सीधी छूट के बाद 27,999 रुपये का मिल रहा है। अगर आप बैंक ऑफर या एक्सचेंज का फायदा उठाते हैं, तो यह और भी सस्ता मिल सकता है, जिससे डील और आकर्षक बन जाती है।

इसके साथ ही फोन पर 1500 रुपए का कैशबैक है जो फ्लिपकार्ट एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर मिलेगा। एक्सचेंज ऑफर में इस फोन पर 15,000 रुपए तक की सीधी छूट मिल सकती है, जिससे इसकी कीमत काफी कम हो जाती है। अगर आपका पुराना फोन अच्छी कंडीशन में है, तो आप इसे एक्सचेंज करके इस डील का पूरा फायदा उठा सकते हैं।

Realme GT 7T के फीचर्स
Realme GT 7T में 6.8 इंच का बड़ा AMOLED डिस्प्ले मिलता है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट दिया गया है। डिस्प्ले में Dolby Vision सपोर्ट भी मिलता है, जिससे वीडियो देखने का अनुभव और बेहतर हो जाता है। इस फोन में MediaTek Dimensity 8400 Max प्रोसेसर दिया गया है, जो मिड-रेंज में काफी पावरफुल चिपसेट माना जाता है। अगर आप गेमिंग करते हैं (BGMI, COD, Genshin Impact), तो यह फोन बिना ज्यादा लैग के चलेगा।

Realme GT 7T में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें 50MP प्राइमरी कैमरा (Sony IMX896, OIS), 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा, सेल्फी के लिए इसमें 32MP फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह फोन 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है और AI फीचर्स के साथ फोटो क्वालिटी को बेहतर बनाता है। इस फोन की सबसे बड़ी ताकत इसकी 7000mAh की बैटरी है। कंपनी का दावा है कि फोन 30 मिनट में फुल चार्ज हो सकता है। साथ ही इसमें IP69 रेटिंग भी मिलती है, यानी यह पानी और धूल से काफी हद तक सुरक्षित है।

Refinery fire case: एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी मई में फिर दौड़ेगी

जयपुर/ कोटा। HPCL Rajasthan Refinery: हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की संयुक्त कंपनी एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में 20 अप्रैल को लगी आग के मामले में कंपनी ने राहत भरी खबर दी है। कम्पनी की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि जांच में हुई पुष्टि के अनुसार आग हीट एक्सचेंजर स्टैक तक सीमित रही।

केवल 6 एक्सचेंजर व सहायक उपकरण प्रभावित हुए। संभावित कारण वैक्यूम रेजिड्यू एक्सचेंजर की इनलेट लाइन पर प्रेशर गेज से रिसाव होना है। पुनर्स्थापन कार्य तेजी से चल रहा है। अगले 3-4 सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद है।

कम्पनी ने दावा किया है कि सीडीयू मई के दूसरे पखवाड़े में पुनः चालू होगा। अन्य इकाइयां कमीशनिंग के अंतिम चरण में है। एलपीजी, एमएस, एचएसडी व नैफ्था का ट्रायल प्रोडक्शन मई माह में शुरू होगा। एचपीसीएल ने सुरक्षा मानकों व आपात प्रतिक्रिया के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई है।

रेलवे का डिजिटल कवच: आपकी टिकट, डेटा एवं सफर अब और सुरक्षित

कोटा मंडल के 1890 सरकारी कंप्यूटरों पर लगेगा अत्याधुनिक साइबर सुरक्षा सॉफ्टवेयर

कोटा। अब जब आप रेलवे काउंटर से टिकट खरीदें, ऑनलाइन आरक्षण कराएं या ट्रेन की जानकारी लें तो यह जानकर आपको संतोष होगा कि आपका डेटा और आपकी बुकिंग एक मज़बूत साइबर सुरक्षा कवच के भीतर सुरक्षित है।

भारतीय रेलवे की आईटी शाखा क्रिस द्वारा स्थापित इंडियन रेलवे सिक्योरिटी ऑपरेशंस सेंटर (आईआरएसओसी) के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के समस्त 1890 रेलनेट कनेक्शन वाले कार्यालयीन कंप्यूटरों पर अत्याधुनिक साइबर सुरक्षा एजेंट सॉफ्टवेयर स्थापित किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की साइबर सुरक्षा पहल पूरे भारतीय रेलवे में एक साथ लागू की जा रही है, जिसमें कोटा मंडल पूरी तरह सम्मिलित है। यह सुरक्षा तंत्र चौबीस घंटे, सातों दिन सक्रिय रहेगा। इसके लागू हो जाने के बाद कोटा मंडल की समस्त डिजिटल सेवाएँ यात्री टिकट आरक्षण, माल-भाड़ा प्रबंधन, कर्मचारी वेतन और परिचालन सूचनाएँ पूर्णतः साइबर सुरक्षित हो जाएंगी।

आम यात्री को क्या फायदा
जब रेलवे का कंप्यूटर नेटवर्क साइबर हमले से सुरक्षित रहेगा, तो इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ेगा। टिकट बुकिंग प्रणाली में कोई बाधा नहीं आएगी, आरक्षण चार्ट समय पर तैयार होंगे, ट्रेनों की आवाजाही की सूचनाएँ सही और समय पर मिलेंगी तथा यात्रियों का व्यक्तिगत डेटा सुरक्षित रहेगा। कुल मिलाकर रेलवे की सेवाएँ अधिक विश्वसनीय और निर्बाध बनेंगी।

यह परियोजना निजी कंपनी द्वारा बहु-वर्षीय अनुबंध के तहत क्रियान्वित की जा रही है। इस तंत्र में सुरक्षा सूचना एवं घटना प्रबंधन, स्वचालित सुरक्षा प्रतिक्रिया, एंडपॉइंट सुरक्षा तथा नेटवर्क सुरक्षा जैसी अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियाँ शामिल हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तत्काल पता लगाकर स्वचालित सुरक्षात्मक कार्रवाई की जाएगी। समूचे भारतीय रेलवे में एक लाख नब्बे हजार से अधिक डिवाइसों की एकीकृत निगरानी इस प्रणाली के अंतर्गत होगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कोटा मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे कार्यालयीन कंप्यूटरों पर केवल स्वीकृत एवं आधिकारिक सॉफ्टवेयर का ही उपयोग करें तथा किसी भी अज्ञात स्रोत से प्राप्त लिंक या संलग्नक न खोलें।

साथ ही कर्मचारियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया है कि यदि व्हाट्सऐप, ईमेल या किसी अनाधिकृत लिंक के माध्यम से कोई सॉफ्टवेयर इन्स्टॉल करने को कहा जाए, तो तत्काल मंडल के आईटी विभाग से सत्यापन कराएं। आधिकारिक सॉफ्टवेयर इन्स्टॉलेशन सदैव विभागीय आदेश एवं आईटी विभाग के माध्यम से ही होगी।

राजस्थान के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने दिया कैट के भारतीय व्यापार महोत्सव को समर्थन

जयपुर में मई के दूसरे सप्ताह में होगा विराट राष्ट्रीय उद्यमिता सम्मेलन

जयपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं दिल्ली के चाँदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने जयपुर में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लोक भवन में कैट के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात कर प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को तेज गति देने हेतु कैट द्वारा आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 के लिए राजस्थान सरकार के सहयोग का आग्रह किया।

यह महोत्सव आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा, जो भारतीय उत्पादों की देश की सबसे बड़ी प्रदर्शनी के रूप में आयोजित किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश पटोदिया, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला, राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रभारी मनोज गोयल तथा राजस्थान प्रदेश सचिव हेमंत प्रभाकर भी शामिल थे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के लिए राजस्थान सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि राजस्थान आज देश के सबसे तेजी से उभरते निवेश, उद्योग और व्यापारिक राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार राजस्थान को देश का सबसे बड़ा निवेश गंतव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग, व्यापार, पर्यटन, खनिज, कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स तथा निर्यात के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने देशभर के व्यापारियों एवं उद्यमियों से आह्वान किया कि वे राजस्थान में उद्योग एवं व्यापार स्थापित करें, क्योंकि यहां संसाधनों की प्रचुरता, उत्कृष्ट आधारभूत ढांचा, अनुकूल नीतियां और निवेश के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है। राजस्थान सरकार हर निवेशक और व्यापारी को त्वरित अनुमतियां, सरल प्रक्रियाएं और हरसंभव सहयोग देने के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 देश के व्यापार, उद्योग, निर्यात, नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा। राजस्थान इसमें अपनी औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों, हस्तशिल्प, पर्यटन और उद्यमिता मॉडल को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करेगा।

राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने कैट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव जैसे आयोजन देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने वाले प्रभावी मंच हैं। ऐसे आयोजनों से राज्यों को अपनी विशेषताओं, उत्पादों, निवेश संभावनाओं और उद्यमशीलता क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान केवल संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य व्यापार, उद्योग, कृषि, नवाचार और आत्मनिर्भरता का भी मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। देश के युवाओं और व्यापारियों को रोजगार सृजन और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

श्री प्रवीन खंडेलवाल ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को बताया की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल तथा लोकल तो ग्लोबल विज़न के अंतर्गत कैट राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश के व्यापारियों, उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप समुदाय को भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की आर्थिक शक्ति, स्वदेशी व्यापार, डिजिटल व्यापार, निर्यात संवर्धन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देगा।

खंडेलवाल ने कहा कि राजस्थान के व्यापारियों और उद्योग जगत में अत्यंत उत्साह है तथा राज्य की भागीदारी इस महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने राजस्थान सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण, उद्योग हितैषी नीतियों और व्यापार समर्थक वातावरण की सराहना की।

बैठक में यह भी तय हुआ कि कैट द्वारा मई माह के दूसरे सप्ताह में जयपुर में एक भव्य राष्ट्रीय उद्यमिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री विशेष रूप से भाग लेकर उद्यमियों, व्यापारियों, स्टार्टअप्स और युवा वर्ग को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।

मिनी की 204hp एवं 240km स्पीड वाली कन्वर्टिबल कार भारत में लॉन्च, जानें कीमत

नई दिल्ली। Mini Convertible JCW Pack की भारत में एंट्री हो गई है। यह 2.0 लीटर के टर्बो पेट्रोल इंजन से लैस है, जो 204hp की पावर और 300Nm का टॉर्क ऑफर करता है। इसकी टॉप स्पीड 240 किमी प्रति घंटे है। इसकी कीमत 61.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

यह का एक फुली बिल्ट-अप इंपोर्ट है और देश भर में सभी मिनी इंडिया डीलरशिप पर बुकिंग के लिए उपलब्ध है। इसकी डिलीवरी तुरंत शुरू हो जाएगी। अगर आप इसे खरीदना चाहते हैं, तो देर न करें क्योंकि यह केवल लिमिटेड नंबर्स में ही उपलब्ध होगी। इसमें आपको 2.0 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 204hp की पावर और 300Nm का टॉर्क ऑफर करता है। कंपनी अपनी इस कन्वर्टिबल कार को अनलिमिटेड किलोमीटर वॉरंटी के साथ ऑफर कर रही है।

एक्सटीरियर लुक
JCW पैक कन्वर्टिबल को बिना स्टैंडर्ड कार में कोई बदलाव किए एक स्पोर्टी लुक देता है। एक्सटीरियर में JCW-स्पेसिफिक चेंज में इंप्रूव्ड फ्रंट ग्रिल, नए बंपर, साइड स्कर्ट और डोर एंट्री सिल्स के साथ-साथ पियानो ब्लैक एक्सटीरियर ट्रिम और वील आर्च क्लैडिंग शामिल हैं। यह दो कलर ऑप्शन- लेजेंड ग्रे और मिडनाइट ब्लैक में आती है। कार के रियर में आपको वर्टिकली प्लेस्ड ओवल LED टेल लैंप देखने को मिलेंगे। इसके इलेक्ट्रिकली पावर्ड सॉफ्ट टॉप को 30 किमी प्रति घंटे तक की स्पीड पर 18 सेकंड में पूरी तरह से नीचे किया जा सकता है और 15 सेकंड में फिर से बंद किया जा सकता है। इसे 40 सेंटीमीटर तक थोड़ा सा खुला भी रखा जा सकता है। रूफ डाउन होने पर बूट स्पेस 160 लीटर और ओपन होने पर 215 लीटर का हो जाता है।

इंटीरियर
केबिन में जेसीडब्ल्यू स्पोर्ट्स सीट्स, हैं जो वेसिन और कॉर्ड के कॉम्बिनेशन में ट्रिम की गई हैं। साथ ही जेसीडब्ल्यू-स्पेसिफिक ब्लैक अपहोल्स्ट्री, डैशबोर्ड ट्रिम और पैडल शिफ्टर्स के साथ स्टीयरिंग वील भी है। डैशबोर्ड का स्पेशल अट्रैक्शन एक गोल OLED डिस्प्ले है। यह इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट फंक्शन्स को एक ही स्क्रीन में ऑफर करता है। एक टॉगल बार आइलैंड स्टार्ट/स्टॉप, गियर सेलेक्टर, पार्किंग ब्रेक, ड्राइविंग मोड्स और वॉल्यूम कंट्रोल तक क्विक ऐक्सेस देता है। यहीं नीचे स्टोरेज एरिया में वायरलेस चार्जिंग का भी फीचर है।

यह कार मिनी ऑपरेटिंग सिस्टम 9 पर चलती है, जिसका इंटरफेस स्मार्टफोन-स्टाइल ऐप लॉजिक पर बेस्ड है। इसका इंटेलिजेंट पर्सनल असिस्टेंट ‘Hey Mini’ वेक वर्ड पर रिस्पॉन्स देता है। इसमें आपको डिजिटल की प्लस, हेड-अप डिस्प्ले, हरमन कार्डन सराउंड साउंड, ऐपल कारप्ले, ऐंड्रॉयड ऑटो, रिमोट सर्विसेज और रिमोट सॉफ्टवेयर अपग्रेड शामिल हैं।

पावरफुल इंजन
इसमें कंपनी 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन ऑफर कर रही है, जो 204 हॉर्सपावर और 300 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। यह बूस्ट मोड फंक्शन के साथ 7-स्पीड ड्यूल-क्लच स्टेपट्रॉनिक स्पोर्ट ट्रांसमिशन से पेयर्ड है। यह कार 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार 6.9 सेकंड में पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 240 किमी प्रति घंटे है।

सेफ्टी के लिए इसमें फ्रंट और साइड कर्टन एयरबैग, रोलओवर प्रोटेक्शन, एबीएस, डायनैमिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ब्रेक असिस्ट, कॉर्नरिंग ब्रेक कंट्रोल और रियर व्यू कैमरा शामिल हैं। कार के साथ दो साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी, दो साल की 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस और तीन साल या 40,000 किमी से शुरू होने वाला सर्विस प्लान मिलता है, जिसे दस साल या एक लाख किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है।

भारत आने वाले रूसी तेल के टैंकर थम गए; अप्रैल में 20% लुढ़का आयात, जानिए क्यों

नई दिल्ली। Russian Oil Imports stopped: ईरान युद्ध को दो महीने पूरे हो गए हैं। इस बीच भारत समेत दुनिया के कई देश ऊर्जा संकट से गुजरे हैं। इस संकट के दौरान भारत को रूसी तेल का भी साथ मिला। लेकिन अब स्थिति फिर से बदलती दिखाई दे रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव और सप्लाई संकट जारी रहने के बावजूद भारत का रूस से कच्चे तेल का आयात अप्रैल में घट गया है।

मार्च में जहां भारतीय रिफाइनरियों ने रिकॉर्ड रूसी तेल खरीदा था, वहीं अप्रैल में इसमें करीब 20% की गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल में भारत ने रूस से औसतन 15.7 लाख बैरल प्रतिदिन (bpd) कच्चा तेल आयात किया। मार्च में यह आंकड़ा लगभग 20 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंच गया था।

मार्च में क्यों बढ़ी थी खरीद: मार्च में अमेरिका-ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य संकट के कारण मध्य पूर्व से सप्लाई बाधित हुई थी। ऐसे में भारतीय कंपनियों ने रूस से उपलब्ध फ्लोटिंग कार्गो यानी समुद्र में मौजूद तैयार तेल खेपों की खरीद बढ़ा दी थी। इसके अलावा, अमेरिकी प्रतिबंधों में अस्थायी राहत मिलने से भी खरीद आसान हुई थी।

अप्रैल में क्यों आई गिरावट?

  • केप्लर (Kpler) के मुताबिक अप्रैल में आयात घटने के पीछे ये 3 प्रमुख वजहें रहीं:
  • रूस के एक बड़े निर्यात टर्मिनल पर यूक्रेनी हमले से लोडिंग प्रभावित हुई।
  • मार्च में उपलब्ध फ्लोटिंग कार्गो खत्म हो गए।
  • कुछ रिफाइनरियों में मेंटेनेंस शटडाउन रहा।

भारत के लिए रूसी तेल कितना जरूरी?
रूस से सस्ता तेल मिलने के कारण भारत अपनी ऊर्जा लागत नियंत्रित रख पा रहा है। इससे पेट्रोल-डीजल कीमतों और महंगाई पर दबाव कम करने में मदद मिलती है। अगर होर्मुज संकट लंबा चलता है और मध्य पूर्व से सप्लाई बाधित रहती है, तो भारत फिर से रूसी तेल खरीद बढ़ा सकता है। हालांकि रूस पर प्रतिबंध, युद्ध और लॉजिस्टिक्स समस्याएं भविष्य में बड़ा जोखिम बनी रहेंगी।