राजस्थान के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने दिया कैट के भारतीय व्यापार महोत्सव को समर्थन

0
49

जयपुर में मई के दूसरे सप्ताह में होगा विराट राष्ट्रीय उद्यमिता सम्मेलन

जयपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं दिल्ली के चाँदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने जयपुर में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लोक भवन में कैट के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात कर प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को तेज गति देने हेतु कैट द्वारा आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 के लिए राजस्थान सरकार के सहयोग का आग्रह किया।

यह महोत्सव आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा, जो भारतीय उत्पादों की देश की सबसे बड़ी प्रदर्शनी के रूप में आयोजित किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश पटोदिया, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला, राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रभारी मनोज गोयल तथा राजस्थान प्रदेश सचिव हेमंत प्रभाकर भी शामिल थे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के लिए राजस्थान सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि राजस्थान आज देश के सबसे तेजी से उभरते निवेश, उद्योग और व्यापारिक राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार राजस्थान को देश का सबसे बड़ा निवेश गंतव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योग, व्यापार, पर्यटन, खनिज, कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स तथा निर्यात के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने देशभर के व्यापारियों एवं उद्यमियों से आह्वान किया कि वे राजस्थान में उद्योग एवं व्यापार स्थापित करें, क्योंकि यहां संसाधनों की प्रचुरता, उत्कृष्ट आधारभूत ढांचा, अनुकूल नीतियां और निवेश के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है। राजस्थान सरकार हर निवेशक और व्यापारी को त्वरित अनुमतियां, सरल प्रक्रियाएं और हरसंभव सहयोग देने के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 देश के व्यापार, उद्योग, निर्यात, नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा। राजस्थान इसमें अपनी औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों, हस्तशिल्प, पर्यटन और उद्यमिता मॉडल को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करेगा।

राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने कैट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव जैसे आयोजन देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने वाले प्रभावी मंच हैं। ऐसे आयोजनों से राज्यों को अपनी विशेषताओं, उत्पादों, निवेश संभावनाओं और उद्यमशीलता क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान केवल संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य व्यापार, उद्योग, कृषि, नवाचार और आत्मनिर्भरता का भी मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। देश के युवाओं और व्यापारियों को रोजगार सृजन और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

श्री प्रवीन खंडेलवाल ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को बताया की प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल तथा लोकल तो ग्लोबल विज़न के अंतर्गत कैट राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश के व्यापारियों, उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप समुदाय को भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की आर्थिक शक्ति, स्वदेशी व्यापार, डिजिटल व्यापार, निर्यात संवर्धन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देगा।

खंडेलवाल ने कहा कि राजस्थान के व्यापारियों और उद्योग जगत में अत्यंत उत्साह है तथा राज्य की भागीदारी इस महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने राजस्थान सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण, उद्योग हितैषी नीतियों और व्यापार समर्थक वातावरण की सराहना की।

बैठक में यह भी तय हुआ कि कैट द्वारा मई माह के दूसरे सप्ताह में जयपुर में एक भव्य राष्ट्रीय उद्यमिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री विशेष रूप से भाग लेकर उद्यमियों, व्यापारियों, स्टार्टअप्स और युवा वर्ग को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।